अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता अंशुल सिंह को दीजिए इजाज़त.
कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.
बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि यह 'बड़ा हमला' ख़ास हथियारों से किया गया और इसके निशाने पर सैन्य गतिविधियों से जुड़े ठिकाने थे.
सुमंत सिंह और अंशुल सिंह
अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता अंशुल सिंह को दीजिए इजाज़त.
कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.
बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

इमेज स्रोत, Getty Images
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा है कि रूस के बड़े हवाई हमले में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और 30 से ज़्यादा लोग घायल हुए हैं. यह हमला रात में हुआ.
उन्होंने बताया, "देश के कई इलाक़ो को निशाना बनाया गया. यह हमला आम लोगों को डराने और यूक्रेन की ज़रूरी सुविधाओं को तबाह करने की एक सोची-समझी रणनीति का हिस्सा था. एक मिसाइल सीधे रिहायशी इमारत से टकराई."
यूक्रेन की वायु सेना का कहना है कि रूस ने कुल 619 ड्रोन और मिसाइलें दागीं.
रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि यह 'बड़ा हमला' ख़ास हथियारों से किया गया और इसके निशाने पर सैन्य गतिविधियों से जुड़े ठिकाने थे.
इससे इतर, रूस का कहना है कि यूक्रेनी ड्रोन हमले में समारा इलाक़े में चार लोगों की मौत हुई है. यूक्रेन ने दावा किया है कि उसने वहां एक तेल रिफ़ाइनरी को निशाना बनाया.

इमेज स्रोत, X/NARENDRA MODI
मशहूर अभिनेता मोहनलाल को प्रतिष्ठित दादासाहेब फाल्के पुरस्कार 2023 से सम्मानित किया जाएगा. भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने यह जानकारी साझा की है.
यह अवॉर्ड उन्हें 23 सितंबर 2025 को 71वें राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कार समारोह में दिया जाएगा.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मोहनलाल के साथ तस्वीर पोस्ट करते हुए एक्स पर लिखा, "मोहनलाल जी उत्कृष्टता और बहुमुखी प्रतिभा के प्रतीक हैं. कई दशकों के काम के साथ वे मलयालम सिनेमा और थिएटर के बड़े सितारे हैं और केरल की संस्कृति से गहरा जुड़ाव रखते हैं."
"उन्होंने तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और हिंदी फिल्मों में भी बेहतरीन अभिनय किया है. फिल्मों और थिएटर में उनकी कला सचमुच प्रेरणादायक है."
मोहनलाल को पद्म श्री (2001) और पद्म भूषण (2019) से भी सम्मानित किया गया है.

इमेज स्रोत, Getty Images
कर्नाटक सरकार ने अवैध रूप से वोटरों के नाम हटाने की शिकायत की जांच के लिए स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) बनाई है. यह जांच सिर्फ़ आलंद विधानसभा क्षेत्र तक सीमित नहीं रहेगी बल्कि पूरे राज्य में होगी.
सरकार के आदेश में एडीजीपी बीके सिंह को एसआईटी का प्रमुख बनाया गया है. बीके सिंह इससे पहले गौरी लंकेश हत्या मामला और प्रज्वल रेवन्ना बलात्कार मामले को देख चुके हैं.
टीम को पूरे राज्य में वोटर हटाने के सभी मामलों की जांच करने को कहा गया है. आदेश में यह भी कहा गया है कि एसआईटी को इंडियन सिविल सिक्योरिटी कोड की धारा 2(यू) के तहत पुलिस स्टेशन का दर्जा दिया गया है.
यह आदेश तब आया है जब कुछ दिन पहले लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बताया था कि चुनाव आयोग ने सीआईडी के पत्रों का जवाब नहीं दिया है.
आलंद के चुनाव रिटर्निंग ऑफ़िसर की ओर से पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाने के बाद सीआईडी ने डेस्टिनेशन आईपी एड्रेस और डेस्टिनेशन पोर्ट्स मांगे थे.
एसआईटी में सीआईडी के आईपीएस अधिकारी सईदुलु अदावत और शुभावित को भी शामिल किया गया है.

इमेज स्रोत, Getty Images
ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ तीसरे वनडे में भारतीय महिला टीम की बल्लेबाज़ स्मृति मंधाना ने भारत के लिए सबसे तेज़ शतक बनाया है.
मंधाना ने सिर्फ़ 50 गेंदों में शतक पूरा किया और आउट होने से पहले 63 गेंदों में 125 रनों की पारी खेली.
महिला वनडे क्रिकेट में सबसे तेज़ शतक लगाने के मामले में मंधाना दूसरे नंबर पर हैं. उनसे आगे ऑस्ट्रेलिया की मेग लैनिंग हैं, जिन्होंने 2012 में 45 गेंदों में शतक लगाया था.
टॉस जीतकर बल्लेबाज़ी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की टीम ने 412/10 का बड़ा स्कोर खड़ा किया. ऑस्ट्रेलिया के लिए बेथ मूनी ने सबसे ज़्यादा 138 रनों का योगदान दिया.
जवाब में भारत ने 243 रन पर पांच विकेट गंवा दिए हैं.
ऑस्ट्रेलिया की महिला क्रिकेट टीम तीन मैचों की वनडे सिरीज़ के लिए भारत के दौरे पर है. दो मैचों के बाद सिरीज़ 1-1 की बराबरी पर है. सिरीज़ का तीसरा और निर्णायक मुक़ाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जा रहा है.

इमेज स्रोत, ANI
अमेरिका के एच1-बी वीज़ा से जुड़े नए फ़ैसले पर भारत सरकार ने प्रतिक्रिया दी है.
भारतीय विदेश मंत्रालय का कहना है कि इस फै़सले का पूरा असर समझने की कोशिश की जा रही है. भारतीय उद्योग जगत ने भी शुरुआती रिपोर्ट दी है जिसमें एच1-बी वीज़ा से जुड़ी कुछ बातें साफ की गई हैं.
विदेश मंत्रालय ने बयान में कहा, "भारत और अमेरिका दोनों देशों की इंडस्ट्री का हित इनोवेशन और क्रिएटिविटी में है और आगे का रास्ता तय करने के लिए आपसी परामर्श की उम्मीद है."
"कुशल लोगों का आना-जाना और आपसी सहयोग ने भारत और अमेरिका दोनों देशों में तकनीक, इनोवेशन, आर्थिक बढ़त, प्रतिस्पर्धा और विकास में अहम योगदान दिया है. नीति निर्माता फ़ैसले की समीक्षा आपसी हितों को देखते हुए करेंगे, जिसमें दोनों देशों के मज़बूत रिश्ते भी शामिल हैं."
विदेश मंत्रालय का कहना है कि 'यह क़दम परिवारों के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकता है. सरकार को उम्मीद है कि अमेरिका के अधिकारी इन मुश्किलों का सही हल निकालेंगे.'

इमेज स्रोत, Reuters
यूरोप के कुछ एयरपोर्ट साइबर अटैक का शिकार हुए हैं. इसके कारण इलेक्ट्रॉनिक चेक-इन और बैगेज सिस्टम प्रभावित हुआ है.
जिन एयरपोर्ट पर साइबर हमला हुआ उनमें हीथ्रो, ब्रसेल्स और बर्लिन हवाई अड्डे शामिल हैं.
हीथ्रो हवाई अड्डे ने संभावित देरी की चेतावनी दी है और बताया कि यह समस्या कॉलिन्स एयरोस्पेस द्वारा कई एयरलाइनों को दिए गए सॉफ्टवेयर से जुड़ी है.
कॉलिन्स एयरोस्पेस की पैरेंट कंपनी आरटीएक्स ने कहा है कि उसे 'चुनिंदा हवाई अड्डों' पर अपने सिस्टम में 'साइबर से जुड़ी गड़बड़ी' की जानकारी है और वह इस समस्या को जल्द से जल्द ठीक करने के लिए काम कर रही है.
एयर इंडिया ने एडवाइज़री जारी करते हुए एक्स पर लिखा, "हीथ्रो एयरपोर्ट पर थर्ड-पार्टी पैसेंजर सिस्टम में आई गड़बड़ी से चेक-इन प्रक्रिया में देरी हो सकती है. हमारी टीम लंदन में यात्रियों को होने वाली असुविधा को कम करने के लिए काम कर रही है."
"आज लंदन से उड़ान भरने वाले यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे एयरपोर्ट पहुंचने से पहले वेब चेक-इन पूरा कर लें, ताकि उनकी यात्रा आसान और बिना रुकावट के हो सके."
ब्रसेल्स एयरपोर्ट ने बताया कि शुक्रवार रात हुए साइबर हमले के कारण यात्रियों की चेक-इन और बोर्डिंग की प्रक्रिया मैन्युअल रूप से की जा रही है. वहीं, बर्लिन के ब्रैंडनबर्ग एयरपोर्ट ने भी असुविधा होने की बात कही है.

इमेज स्रोत, Getty Images
पुर्तगाल का कहना है कि वह रविवार को फ़लस्तीन को मान्यता देगा. इसके बाद पुर्तगाल हाल ही में ग़ज़ा को लेकर नीति बदलने की तैयारी कर रहे कुछ पश्चिमी देशों की लिस्ट में शामिल हो जाएगा.
इन पश्चिमी देशों का तर्क है कि ग़ज़ा में युद्ध रुकने के कोई संकेत नहीं दिख रहे हैं.
पुर्तगाल के विदेश मंत्रालय ने यह घोषणा अगले सप्ताह न्यूयॉर्क में होने वाली संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) से पहले की है.
फ़्रांस, ब्रिटेन, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया भी इसी तरह की घोषणाओं की तैयारी कर रहे हैं.
इसराइल ने इस क़दम की निंदा की है. प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा कि यह "आतंक को इनाम देने जैसा" है.

इमेज स्रोत, Getty Images
गुड्स एंड सर्विसेस टैक्स (जीएसटी) की नई दरों की घोषणा के बाद रेल मंत्रालय ने रेल नीर की क़ीमतों में कटौती की है.
रेल मंत्रालय ने एक्स पर लिखा, "जीएसटी कम किए जाने का सीधा लाभ उपभोक्ताओं को पहुंचाने के उद्देश्य से रेल नीर का अधिकतम बिक्री मूल्य एक लीटर के लिए 15 रुपए से कम करके 14 रुपए और आधा लीटर के लिए 10 रुपए से कम करके 9 रुपए करने का निर्णय लिया गया है."
इस महीने की शुरुआत में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने गुड्स एंड सर्विसेस टैक्स यानी जीएसटी दरों में बदलाव की घोषणा की थी. नई दरें 22 सितंबर से लागू होंगी.
अब 12 फ़ीसदी और 28 फ़ीसदी के स्लैब को ख़त्म कर 5 फ़ीसदी और 18 फ़ीसदी कर दिया गया है.

इमेज स्रोत, Getty Images
एस्टोनिया ने शुक्रवार को अपनी हवाई सीमा के उल्लंघन के बाद नेटो के सदस्य देशों से सलाह की मांग की है.
एस्टोनियाई सरकार के अनुसार, तीन रूसी मिग-31 लड़ाकू विमान 'बिना अनुमति' फिनलैंड की खाड़ी के ऊपर एस्टोनियाई हवाई क्षेत्र में घुसे और वहां कुल 12 मिनट तक रहे.
नेटो के पूर्वी मोर्चे को मज़बूत करने के मिशन के तहत इटली, फिनलैंड और स्वीडन ने अपने लड़ाकू विमान तैनात किए.
नेटो के एक प्रवक्ता ने कहा कि यह 'रूस के लापरवाह व्यवहार का एक और उदाहरण है और यह दिखाता है कि नेटो जवाब देने में सक्षम है.'
रूस ने एस्टोनिया की हवाई सीमा का उल्लंघन करने से इनकार किया है. लेकिन हाल के दिनों में तनाव बढ़ा है, क्योंकि पोलैंड और रोमानिया- जैसे नेटो सदस्य देश भी यह कह चुके हैं कि रूसी ड्रोन उनके हवाई क्षेत्र में घुसे थे.

इमेज स्रोत, ANI
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को ‘आत्मनिर्भरता’ पर ज़ोर देते हुए कहा कि भारत का असल दुश्मन अन्य देशों पर निर्भरता है और देश को ‘चिप से लेकर शिप’ तक सब कुछ ख़ुद बनाना चाहिए.
पीएम मोदी गुजरात के भावनगर के जवाहर मैदान में आयोजित 'समुद्र से समृद्धि' कार्यक्रम में बोल रहे थे, जहां उन्होंने कुल 34,200 करोड़ रुपए की लागत वाली विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया.
उन्होंने कहा, "वास्तव में, भारत का दुनिया में कोई बड़ा दुश्मन नहीं है. भारत का एकमात्र दुश्मन है दूसरों पर निर्भरता. हमें इस निर्भरता को हराना होगा. हमें समझना होगा कि जितना अधिक हम दूसरों पर निर्भर रहेंगे, असफल होने की आशंका उतनी ही अधिक होगी."
प्रधानमंत्री ने कहा, "चिप से लेकर शिप तक, हमें सब कुछ ख़ुद बनाना होगा. शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए, दुनिया की सबसे अधिक जनसंख्या वाला देश आत्मनिर्भर बनना ही चाहिए."
उन्होंने कहा, "भारत की हर समस्या की एक ही दवा है- आत्मनिर्भरता."
पीएम मोदी ने कहा कि उनकी सरकार ने भारत के समुद्री क्षेत्र को मज़बूत करने के लिए एक ऐतिहासिक फैसला लिया है- बड़े जहाज़ों को अब इंफ्रास्ट्रक्चर (बुनियादी ढांचा) के रूप में मान्यता दी गई है.

इमेज स्रोत, Getty Images
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ तीसरे एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच में पिंक जर्सी पहनकर मैदान पर उतरी.
इस क़दम का मक़सद स्तन (ब्रेस्ट) कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाना और महिलाओं को इस बीमारी के बारे में सतर्क करना था. यह जानकारी बीसीसीआई ने दी है.
पिंक रंग को ब्रेस्ट कैंसर जागरूकता का प्रतीक माना जाता है. अक्तूबर का महीना दुनिया भर में ‘ब्रैस्ट कैंसर अवेयरनेस मंथ’ के रूप में मनाया जाता है.
ऑस्ट्रेलिया की महिला क्रिकेट टीम तीन मैचों की वनडे सिरीज़ के लिए भारत के दौरे पर है. दो मैचों के बाद सिरीज़ 1-1 की बराबरी पर है. सिरीज़ का तीसरा और निर्णायक मुक़ाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जा रहा है.

इमेज स्रोत, Getty Images
अमेरिका की ओर से एच-1बी वीज़ा की फ़ीस एक लाख डॉलर यानी लगभग 88 लाख रुपये करने के बाद कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है.
कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, "मैं दोहराता हूं, भारत के प्रधानमंत्री कमज़ोर हैं."
वहीं, लोकसभा में कांग्रेस के उप नेता गौरव गोगोई का कहना है कि प्रधानमंत्री मोदी की रणनीतिक चुप्पी और दिखावे की प्रवृत्ति भारत और उसके नागरिकों के राष्ट्रीय हित के लिए एक बोझ बन गई है.
उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "एच-1बी वीज़ा को लेकर हाल ही में लिए गए फ़ैसले से अमेरिकी सरकार ने भारत के सबसे होनहार और प्रतिभाशाली लोगों के भविष्य पर चोट की है."
"मुझे आज भी वह समय याद है जब अमेरिका में एक IFS महिला राजनयिक का अपमान हुआ था, तब पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने साहसिक कदम उठाया था."
बीजेपी का कहना है कि ट्रंप प्रशासन का यह फ़ैसला भारत से ज़्यादा अमेरिकी अर्थव्यवस्था को नुक़सान पहुंचाएगा.
बीजेपी नेता बूरा नरसैया गौड़ ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "ट्रंप और उनका यह क़दम अमेरिकी अर्थव्यवस्था को भारतीय अर्थव्यवस्था से ज़्यादा तबाह कर देगा."
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उस आदेश पर दस्तख़्त कर दिया है, जिसमें एच-1बी वीज़ा की आवेदन फ़ीस बढ़ाकर सालाना एक लाख डॉलर यानी लगभग 88 लाख रुपये कर दी गई है.

इमेज स्रोत, Getty Images
शनिवार से एशिया कप टूर्नामेंट में सुपर-4 मुक़ाबले शुरू हो रहे हैं. इसके तहत रविवार को भारत और पाकिस्तान का मैच होगा. मैच से पहले भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस की.
सूर्यकुमार यादव से पूछा गया कि क्या रविवार को होने वाला मैच सालों से चले आ रहे मुक़ाबलों (राइवलरी) जैसा होगा?
जवाब में सूर्यकुमार ने कहा, "मुझे नहीं पता आप किस तरह की राइवलरी की बात कर रहे हैं. जब मैं मैदान में जाता हूँ तो स्टेडियम पूरा भरा होता है. तब मैं अपने साथियों और सबको कहता हूँ, "चलो दोस्तों, अब मनोरंजन का समय है." इतने लोग मैच देखने आए हैं, तो सबका मनोरंजन करना है. चलो अच्छा क्रिकेट खेलते हैं. मेरी नज़र में, हम इसके बारे में ज़्यादा नहीं सोचते."
सूर्यकुमार ने आगे कहा, "जैसे देश हर मैच में हमेशा समर्थन करता है, वैसे ही इस मैच में भी करेगा. रविवार है तो मुझे लगता है ज़्यादा लोग बैठकर मैच देखेंगे. तो आराम से बैठिए, खेल का आनंद लीजिए. जब हम मैदान में उतरेंगे, तो पूरी कोशिश करेंगे. हम उसी जोश और ऊर्जा के साथ खेलेंगे."
14 सितंबर को लीग स्टेज में भारत और पाकिस्तान के बीच मुक़ाबला खेला गया था. इस मैच में भारत ने पाकिस्तान को सात विकेट से हराया था.

इमेज स्रोत, ANI
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को एक बार फिर 'वोट चोरी' से जुड़ा बयान दिया है. साथ ही उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर आरोप लगाया कि कर्नाटक सीआईडी को वह जानकारी नहीं दे रहे हैं.
राहुल गांधी ने कहा, "प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हमने जो कुछ भी दिखाया वो ब्लैक एंड व्हाइट सबूत हैं. कर्नाटक में सीआईडी की एक जांच चल रही है. सीआईडी ने ख़ास तौर पर उन फ़ोन नंबरों की जानकारी मांगी है जिनका इस्तेमाल 'वोट चोरी' के लिए किया गया था."
राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त पर आरोप लगाते हुए कहा, "ज्ञानेश कुमार सीईसी (मुख्य चुनाव आयुक्त) हैं और वे वह जानकारी नहीं दे रहे हैं, जो कर्नाटक सीआईडी मांग रही है. सीईसी के ख़िलाफ़ इससे बड़ा आरोप कुछ भी नहीं हो सकता. पुलिस जानकारी मांग रही है और भारत के चुनाव आयुक्त नहीं दे रहे हैं."
उन्होंने एक बार फिर 'वोट चोरी' को लेकर दावा करते हुए कहा, "हमने महादेवपुरा और नालंद में करके दिखाया है. अब हम इसे ऐसे दिखाने जा रहे हैं जिसके बाद भारत में किसी के भी मन में कोई शंका नहीं रहेगी कि नरेंद्र मोदी जी ने 'वोट चोरी' की है."
कांग्रेस नेता ने कहा, "मैंने पहले भी कहा है, हम एक ऐसा 'हाइड्रोजन बम' रिवील करने जा रहे हैं जो स्थिति को पूरी तरह से बदल देगा, क्योंकि हम जो कह रहे हैं हमारे पास उसके पक्के सबूत हैं. हमारे पास ब्लैक एंड व्हाइट सबूत हैं."
राहुल गांधी बीते कुछ महीने से 'वोट चोरी' के आरोप लगा रहे हैं. उनके इन आरोपों पर चुनाव आयोग ने स्पष्टीकरण भी दिया था.
संबंधित कहानियां:
नमस्कार!
अब तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता अंशुल सिंह आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

इमेज स्रोत, ANI
सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस बीआर गवई ने शनिवार को कहा कि जो जज प्रशासनिक पृष्ठभूमि से आते हैं, वह सरकार के ख़िलाफ़ आदेश देने से कतराते हैं.
सीजेआई गवई ने यह बात केंद्रीय प्रशासनिक न्यायाधिकरण 2025 के 10वें अखिल भारतीय सम्मेलन में कही है.
जस्टिस गवई ने कहा, "कई सदस्य प्रशासनिक सेवाओं से आते हैं जबकि कुछ न्यायपालिका से जुड़े होते हैं. यह विविधता एक मज़बूती मानी जाती है क्योंकि इसमें न्यायिक समझ और प्रशासनिक अनुभव दोनों शामिल होते हैं."
"लेकिन एक जज के तौर पर मैंने नोटिस किया है कि जो जज प्रशासनिक पृष्ठभूमि से आते हैं, वे यह नहीं भूलते कि वे प्रशासन से आए हैं. वे ऐसे आदेश देने से कतराते हैं जो सरकार के ख़िलाफ़ हों. मुझे लगता है उन्हें इस पर विचार करना चाहिए."
इस बीच जस्टिस गवई ने मुस्कुराते हुए यह भी कहा, "आजकल तो यह भी पता नहीं होता कि आप क्या कह रहे होते हैं और सोशल मीडिया पर क्या निकलकर आता है."
दरअसल, बीते दिनों सीजेआई बीआर गवई और जस्टिस के. विनोद चंद्रण की बेंच ने मध्य प्रदेश में स्थित खजुराहो के एक मंदिर में भगवान विष्णु की खंडित मूर्ति की मरम्मत और रख-रखाव से जुड़ी अर्ज़ी ख़ारिज कर दी थी.
बेंच ने कहा था कि यह अदालत नहीं बल्कि भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के अधीन आता है. बेंच ने इसे 'पब्लिसिटी के लिए दायर याचिका' बताते हुए याचिकाकर्ता से कहा था कि 'वह भगवान विष्णु के बड़े भक्त हैं तो फिर उन्हीं से प्रार्थना करें और थोड़ा ध्यान लगाएं.'
सीजेआई की इस टिप्पणी के बाद तीखी प्रतिक्रिया सामने आ रही थी. हालांकि, बाद में एक मामले की सुनवाई के दौरान सीजेआई ने कहा, "सोशल मीडिया पर तो आजकल कुछ भी चल सकता है. मैं सभी धर्मों में विश्वास रखता हूं और सभी धर्मों का सम्मान करता हूं."

इमेज स्रोत, ANI
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के स्कूलों को मिल रही बम की धमकियों को लेकर सरकार पर निशाना साधा है.
अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर लिखा, "दिल्ली के स्कूलों को बार-बार बम की धमकियां मिल रही हैं. हर तरफ़ अफ़रा-तफ़री हो जाती है, स्कूलों की छुट्टी होती है, बच्चों और अभिभावकों में डर फैलता है. लेकिन एक साल से न कोई पकड़ा गया, न कोई कार्रवाई हुई."
उन्होंने कहा, "चार इंजन वाली बीजेपी सरकार राजधानी की सुरक्षा तक नहीं संभाल पा रही है. माता-पिता रोज़ डर में जी रहे हैं."
केजरीवाल ने सवाल किया कि 'आख़िर ये सब कब ख़त्म होगा?'
समाचार एजेंसी पीटीआई ने अधिकारियों के हवाले से बताया कि दिल्ली के कई स्कूलों को शनिवार सुबह बम की धमकी मिली.
अधिकारियों ने न्यूज़ एजेंसी को बताया कि जिन स्कूलों को धमकियां मिलने की सूचना मिली है, उनमें द्वारका स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), कृष्णा मॉडल पब्लिक स्कूल और सर्वोदय विद्यालय शामिल हैं.
अधिकारियों के मुताबिक़, बम निरोधक दस्ते और पुलिस की टीम मौक़े पर पहुंचीं और एहतियातन छात्रों और कर्मचारियों को स्कूल परिसर से बाहर निकाला गया.
इससे पहले भी दिल्ली के स्कूलों को बम की धमकियां मिल चुकी हैं.

इमेज स्रोत, ANI
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट को लेकर बताया कि मुंबई से ठाणे के बीच समुद्र के नीचे टनल के निर्माण में बड़ी सफलता मिली है.
उन्होंने कहा, "मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना में आज एक माइलस्टोन अचीव हुआ है. मुंबई से ठाणे के बीच समुद्र के नीचे से एक टनल का निर्माण किया जा रहा है. इसमें 4.8 किलोमीटर का एक महत्वपूर्ण सेक्शन है, उसमें बड़ी सफलता मिली है."
रेल मंत्री ने कहा, "मुंबई-अहमदाबाद प्रोजेक्ट में 320 किलोमीटर का ब्रिज पोर्शन का काम पूरा हो चुका है. सारे स्टेशनों में बहुत अच्छा काम चल रहा है. नदियों पर बहुत तेज़ी से पुल बन रहे हैं."
उन्होंने कहा, "साबरमती में टर्मिनल क़रीब-क़रीब पूरा बन चुका है और महाराष्ट्र में प्रोजेक्ट में जो देरी हुई है, उसे मेकअप करने में लग रहे हैं."
अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इस प्रोजेक्ट के बनने से मुंबई से अहमदाबाद की यात्रा आरामदायक हो जाएगी और यह यात्रा महज़ 2 घंटे सात मिनट में पूरी होगी.
मुंबई से अहमदाबाद के बीच बुलेट ट्रेन चलाने को लेकर काम चल रहा है. इस परियोजना के ज़रिए अहमदाबाद से मुंबई के बीच सूरत, वडोदरा, ठाणे, वापी जैसे कई शहरों को जोड़ा जाएगा.

इमेज स्रोत, Zubeen Garg official page
असम के मुख्यमंत्री हिंमत बिस्वा सरमा ने बताया है कि सिंगर ज़ुबिन गर्ग के शव का पोस्टमार्टम हो चुका है. अब सिंगापुर प्रशासन उनके शव को भारतीय अधिकारियों को सौंप देगा.
ज़ुबिन गर्ग का निधन, शुक्रवार को सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग के दौरान एक दुर्घटना में हुआ था.
इससे पहले हिंमत बिस्वा सरमा ने बताया था कि दोपहर दो बजे तक पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने की उम्मीद है.
ज़ुबिन, असम के जाने-माने सिंगर थे. वह शनिवार (20 सितंबर) को नॉर्थ ईस्ट फेस्टिवल में परफ़ॉर्म करने वाले थे. 'पूर्वोत्तर के रॉकस्टार' नाम से मशहूर ज़ुबिन गर्ग तीन दशकों से भी ज़्यादा सक्रिय रहे.
वह असमिया और बॉलीवुड की सबसे प्रभावशाली आवाज़ों में से एक थे.
ज़ुबिन को साल 2006 में बॉलीवुड फ़िल्म गैंगस्टर के 'या अली' गाने से प्रसिद्धी मिली थी.