ग़ज़ा में शांति पर तुर्की में होगी बैठक, पाकिस्तान समेत कई देशों को भेजा गया निमंत्रण

तुर्की के विदेश मंत्री हकन फिदान ने बताया कि तुर्की सोमवार को मुस्लिम देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक की मेज़बानी करेगा, जिसमें ग़ज़ा के लिए अमेरिका की शांति योजना पर चर्चा की जाएगी.

सारांश

लाइव कवरेज

चंदन कुमार जजवाड़े और इफ़्तेख़ार अली

  1. ज़ेलेंस्की का दावा: यूक्रेनी पावर प्लांट पर रूसी हमले में दो लोगों की मौत

    ज़ेलेंस्की

    इमेज स्रोत, @ZelenskyyUa

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा है कि स्लोवियंस्क थर्मल पावर प्लांट पर रूसी हमलों में दो लोगों की मौत हो गई है कई लोग घायल हो गए हैं.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, “यह स्पष्ट तौर पर आतंक है. आम लोग इस तरह युद्ध नहीं करते. दुनिया को इस रूसी हमले का उचित जवाब देना चाहिए."

    बीते दिनों अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ मुलाक़ात की संभावना जताई थी. उन्होंने कहा था कि यूक्रेन वॉर ख़त्म करने की दिशा में बातचीत हो सकती है.

    हालांकि बाद में ये मुलाक़ात रद्द कर दी गई थी. यूक्रेन का आरोप है कि पुतिन-ट्रंप वार्ता टलने के बाद से रूसी हमलों में और तेज़ी आ गई है.

  2. किसानों की कर्ज़ माफ़ी पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने ये कहा

    देवेंद्र

    इमेज स्रोत, ANI

    महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किसानों की कर्ज़ माफ़ी पर राज्य सरकार की योजना के बारे में जानकारी दी है.

    उन्होंने बताया, "हमने एक कमेटी बनाई है जो यह रिपोर्ट तैयार करेगी कि कर्ज़ माफ़ी कैसे की जाए और इसके लिए क्या नियम होंगे, यह तय करके कमेटी अप्रैल के पहले सप्ताह में हमें रिपोर्ट देगी. उसके बाद तीन महीने में यानी 30 जून से पहले हम लोग उस रिपोर्ट के आधार पर किसानों का कर्ज़ माफ़ करेंगे."

    महाराष्ट्र में किसानों का कर्ज़ कई साल से एक अहम राजनीतिक मुद्दा रहा है. इसपर सियासी दल कई तरह के वादे और दावे करते रहे हैं.

    फ़िलहाल महाराष्ट्र सरकार ने जिस कमेटी की घोषणा की है वो यह तय करेगी कि किसानों की कर्ज़ माफ़ी के लिए क्या प्रावधान होंगे और इससे राज्य के किसानों को कितनी राहत मिल सकती है.

  3. महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप: भारत की जीत पर पाकिस्तान की पूर्व क्रिकेटर सना मीर ने ये कहा

    सना मीर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    महिला वर्ल्ड कप के दूसरे सेमीफाइनल मुक़ाबले में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को मात देकर फाइनल में जगह बना ली है. अब 2 नवंबर को फाइनल में भारत का मुक़ाबला दक्षिण अफ़्रीका से होगा.

    भारत की इस जीत पर पाकिस्तान की महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान और अब कमेंटेटर सना मीर ने प्रतिक्रिया दी है.

    सना मीर ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, “ऑस्ट्रेलिया के दबदबे वाले जीत के सिलसिले को आख़िरकार भारत ने शानदार जीत के साथ तोड़ दिया. साल 2025 में महिला क्रिकेट को एक नया चैंपियन मिलेगा.”

    गुरुवार को खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया की ओर से मिले 339 रन के लक्ष्य को भारतीय टीम ने 48.3 ओवर में पांच विकेट गंवाकर हासिल कर लिया. भारत की जीत की हीरो जेमिमा रहीं. जिन्होंने 127 रन की नाबाद पारी खेली.

    भारत की ओर से कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 89 रन की पारी खेली.

    पाकिस्तान की पूर्व कप्तान और अब कमेंटेटर सना मीर ने महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप में पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच मुक़ाबले के दौरान पाकिस्तानी टीम की एक खिलाड़ी का परिचय कराते हुए 'पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर' को 'आज़ाद कश्मीर' कह दिया था.

    इसके बाद भारतीय मीडिया और सोशल मीडिया पर उनकी आलोचना शुरू हो गई था.

  4. नमस्कार!

    बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

    महिला वर्ल्ड कप: जेमिमा की करिश्माई पारी से फाइनल में भारत, ऑस्ट्रेलिया को पांच विकेट से हराया

    मुंबई: कई घंटों तक बच्चों को बंधक बनाने वाले किडनैपर की मौत, अब तक क्या-क्या पता चला?

    भोपाल: सीनियर पुलिस अधिकारी पर चोरी का आरोप, सीसीटीवी में कैद हुई घटना