शशि थरूर ने कहा, 'सब कुछ छिपा देना लोकतंत्र के लिए अच्छा नहीं'
लाइव कवरेज
सुरभि गुप्ता, चंदन कुमार जजवाड़े
ख़ामेनेई की 'क्षेत्रीय युद्ध' की चेतावनी पर क्या बोले ट्रंप?
इमेज स्रोत, The White House
इमेज कैप्शन, मार-ए-लागो में पत्रकारों से बातचीत करते राष्ट्रपति ट्रंप
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई की 'क्षेत्रीय युद्ध' की चेतावनी पर प्रतिक्रिया दी है.
मार-ए-लागो में प्रेस से बातचीत में ट्रंप से ख़ामेनेई के उस बयान पर जवाब मांगा गया था, जिसमें उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर अमेरिका ने ईरान पर हमला किया तो इससे 'क्षेत्रीय युद्ध' छिड़ सकता है.
इस पर ट्रंप ने जवाब दिया, "बिल्कुल, वह यही कहेंगे. लेकिन हमारे पास दुनिया के सबसे बड़े, सबसे शक्तिशाली जहाज़ वहां हैं."
उन्होंने कहा, "उम्मीद है कि बहुत जल्द, कुछ ही दिनों में हम कोई डील कर लेंगे. अगर हम डील नहीं करते हैं, तो हमें पता चल जाएगा कि वह सही हैं या नहीं."
वीडियो: चाबहार बंदरगाह पर क्या अमेरिका के कारण और निवेश नहीं कर रहा है भारत?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, पिछले साल के बजट में भारत ने चाबहार बंदरगाह के लिए चार सौ करोड़ रुपए का प्रावधान किया था
केंद्रीय बजट 2026 में ईरान में चाबहार बंदरगाह के लिए कोई रक़म जारी नहीं की गई है. पिछले साल के बजट में भारत ने चाबहार बंदरगाह के लिए चार सौ करोड़ रुपए का प्रावधान किया था.
ईरान पर अमेरिकी प्रतिबंध, क्षेत्रीय अस्थिरता और बदलती भू-राजनीति के कारण चाबहार की रफ़्तार पहले भी धीमी रही है.
लेकिन अब भारत के चाबहार के लिए फंड आवंटित ना करने से इसके ठप पड़ जाने की आशंका भी पैदा हो गई है.
इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.
पोस्ट YouTube समाप्त
दो साल के लिए बंद होने जा रहा है अमेरिका का कैनेडी सेंटर, ट्रंप ने बताई ये वजह, मैडलिन हैल्पर्ट, बीबीसी न्यूज़
इमेज स्रोत, Dimitrios Kambouris/Getty Images
इमेज कैप्शन, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में इसकी जानकारी दी
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की है कि वॉशिंगटन डीसी में स्थित कैनेडी सेंटर जुलाई से दो साल के लिए बंद रहेगा.
ट्रंप ने इसका कारण सेंटर का रेनोवेशन बताया है, जो इस साल जुलाई से शुरू होगा.
रविवार को ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में, ट्रंप ने कहा कि यह सेंटर इस साल 4 जुलाई को "हमारे देश की 250वीं वर्षगांठ के सम्मान में" बंद हो जाएगा.
यह कदम तब उठाया गया है जब हाल ही में इस मशहूर संस्थान का नाम बदलकर ट्रंप कैनेडी सेंटर किए जाने के बाद कई कलाकारों ने वहां परफ़ॉर्मेंस कैंसिल कर दी थी.
इमेज स्रोत, Mandel NGAN / AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, द डोनाल्ड जे ट्रंप एंड जॉन एफ़ कैनेडी मेमोरियल सेंटर फ़ॉर द परफ़ॉर्मिंग आर्ट्स
पद संभालने के तुरंत बाद, राष्ट्रपति ने सेंटर के कई बोर्ड सदस्यों को निकाल दिया था और उनकी जगह अपने सहयोगियों को नियुक्त किया, जिन्होंने बाद में ट्रंप को बोर्ड का चेयरमैन बनाने के लिए वोट दिया.
पिछले साल दिसंबर में नए बोर्ड ने इस संस्थान का नाम बदलकर 'द डोनाल्ड जे ट्रंप एंड जॉन एफ़ कैनेडी मेमोरियल सेंटर फ़ॉर द परफ़ॉर्मिंग आर्ट्स' कर दिया था.
टी-20 वर्ल्ड कप में भारत के ख़िलाफ़ मैच नहीं खेलने के फ़ैसले पर पाकिस्तानी टीम के कप्तान क्या बोले
इमेज स्रोत, Arif ALI / AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा ने कहा कि उनकी सरकार जैसा कहेगी, टीम वैसा ही करेगी
पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के कप्तान सलमान आगा ने कहा है कि टी-20 वर्ल्ड कप में भारत के ख़िलाफ़ मैच नहीं खेलने का फ़ैसला पाकिस्तानी क्रिकेटरों का नहीं है.
पाकिस्तान ने घोषणा की है कि उसकी क्रिकेट टीम टी-20 वर्ल्ड कप में 15 फ़रवरी को भारत के ख़िलाफ़ होने वाले मैच का बहिष्कार करेगी.
भारत और श्रीलंका में 7 फ़रवरी से आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप शुरू होने जा रहा है.
पाकिस्तान सरकार ने एक्स पर लिखा है, "इस्लामी गणराज्य पाकिस्तान की सरकार ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम को आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लेने की मंज़ूरी दे दी है. हालांकि, पाकिस्तान क्रिकेट टीम 15 फ़रवरी 2026 को भारत के ख़िलाफ़ निर्धारित मैच में मैदान पर नहीं उतरेगी."
लाहौर में एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान सलमान अली आगा से भारत के ख़िलाफ़ मैच नहीं खेलने के फ़ैसले पर सवाल किया गया.
इस पर उन्होंने कहा, "वो हमारा डिसीज़न नहीं है, उसमें हम कुछ कर नहीं सकते. जो हमारी सरकार, हमारे चेयरमैन जो हमें बोलेंगे, हमें वही करना है. वो जैसा कहेंगे, हम करेंगे."
नई एपस्टीन फ़ाइलें जारी होने के बाद ब्रिटेन के इस नेता ने दिया इस्तीफ़ा, जेमी व्हाइटहेड, बीबीसी न्यूज़
इमेज स्रोत, PA Media
इमेज कैप्शन, मैंडेलसन को एपस्टीन से उनके संबंधों के कारण पिछले साल अमेरिका में ब्रितानी राजदूत के पद से हटा दिया गया था.
दोषी यौन अपराधी जेफ़री एपस्टीन से जुड़ी नई फ़ाइलें जारी होने के बाद ब्रिटेन के लेबर पार्टी के नेता पीटर मैंडेलसन ने पार्टी से इस्तीफ़ा दे दिया है. अपने ख़त में उन्होंने लिखा कि वह पार्टी को 'और शर्मिंदा' नहीं करना चाहते.
अमेरिका के जस्टिस डिपार्टमेंट की ओर से हाल ही में जारी की गई नई एपस्टीन फ़ाइलों के बाद दोषी यौन अपराधी जेफ़री एपस्टीन से संबंधों को लेकर उन पर और जांच हो रही है.
पूर्व कैबिनेट मंत्री मैंडेलसन को एपस्टीन से उनके संबंधों के कारण पिछले साल अमेरिका के राजदूत के पद से हटा दिया गया था.
दस्तावेजों के मुताबिक़ एपस्टीन ने साल 2003 और 2004 में मेंडेलसन को 25 हज़ार डॉलर के तीन अलग-अलग ट्रांजैक्शन में 75 हज़ार डॉलर का पेमेंट किया था.
लेबर पार्टी के जनरल सेक्रेटरी को लिखे अपने ख़त में, मैंडेलसन ने कहा कि इस हफ़्ते उन्हें जेफ़री एपस्टीन से फ़िर से जोड़ा गया है और उन्हें इस बात का अफ़सोस है.
उन्होंने लिखा, "मुझे पर लगे आरोप जो झूठ हैं कि उन्होंने (जेफ़री एपस्टीन ने) 20 साल पहले मुझे पेमेंट किया था, और जिसका मेरे पास कोई रिकॉर्ड या याद नहीं है, उसकी मुझे जांच करने की ज़रूरत है."
"ऐसा करते समय मैं लेबर पार्टी को और ज़्यादा शर्मिंदगी नहीं पहुंचाना चाहता और इसलिए मैं पार्टी की सदस्यता से इस्तीफ़ा दे रहा हूं. मैं इस मौक़े पर उन महिलाओं और लड़कियों से फिर से माफ़ी मांगना चाहता हूं जिनकी आवाज़ बहुत पहले सुनी जानी चाहिए थीं."
"मैंने अपनी ज़िंदगी लेबर पार्टी के मूल्यों और सफलता के लिए समर्पित की है और यह फ़ैसला लेते हुए, मेरा मानना है कि मैं पार्टी के सबसे अच्छे हित में काम कर रहा हूं."
इससे पहले मैंडेलसन ने कहा था कि उन्हें नहीं पता कि जारी किए गए नए दस्तावेज़ असली हैं या नहीं.
नमस्कार!
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगी.