एप्सटीन फ़ाइल्स में 'मेलानिया' के निर्देशक ब्रेट रैटनर की तस्वीर आई सामने

अमेरिका की फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप पर बनी नई डॉक्यूमेंट्री के निर्देशक की तस्वीरें अमेरिकी न्याय विभाग ने शुक्रवार को जारी की हैं.

सारांश

लाइव कवरेज

सुरभि गुप्ता और इफ़्तेख़ार अली

  1. बीबीसी हिन्दी के आज के लाइव पन्ने को यही रोकने का समय आ गया है. अब मुझे यानी बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली को इजाज़त दीजिए.

    कल सुबह में हम फिर से एक नए लाइव पन्ने के साथ हाज़िर होंगे और आप तक देश दुनिया की तमाम बड़ी ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिन्दी के पेज पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए हुए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. एप्सटीन फ़ाइल्स में 'मेलानिया' के निर्देशक ब्रेट रैटनर की तस्वीर आई सामने

    निर्देशक ब्रेट रैटनर

    इमेज स्रोत, US Department of Justice

    इमेज कैप्शन, निर्देशक ब्रेट रैटनर (सबसे दाएं)

    अमेरिका की फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप पर बनी नई डॉक्यूमेंट्री के निर्देशक की तस्वीरें अमेरिकी न्याय विभाग ने शुक्रवार को जारी की हैं.

    इन तस्वीरों में निर्देशक ब्रेट रैटनर एक युवा महिला को गले लगाए हुए नज़र आ रहे हैं. ब्रेट रैटनर 'रश आवर' फ़िल्म सिरीज़ और 'एक्स-मेन: द लास्ट स्टैंड' के निर्देशक रह चुके हैं.

    जारी की गई तस्वीरों में ब्रेट रैटनर एक सोफ़े पर बैठे दिखाई देते हैं. उनके साथ यौन अपराधी जेफ़री एपस्टीन और दो महिलाएं भी नज़र आ रही हैं, जिनकी पहचान छुपा दी गई है.

    यह साफ़ नहीं है कि ये तस्वीरें कब ली गई थीं. हालांकि, ये उसी जगह की लगती हैं, जहां की कुछ तस्वीरें दिसंबर में जारी की गई थीं.

    बीबीसी ने इस मामले पर प्रतिक्रिया के लिए ब्रेट रैटनर के प्रतिनिधि से संपर्क किया है.

    हाल ही में जारी की गई तस्वीरें उन लाखों फ़ाइलों का हिस्सा हैं, जो यौन अपराधी जेफ़री एपस्टीन से जुड़ी हुई हैं.

    यह वही व्यक्ति है, जिसकी 2019 में हिरासत में मौत हो गई थी.

  3. बलूचिस्तान में घातक बंदूक और बम हमले में अब तक 193 लोगों की मौत

    बलूचिस्तान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में बंदूक और बम हमलों में 31 नागरिक और 17 सुरक्षाकर्मी मारे गए हैं. बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, प्रांत के मुख्यमंत्री सरफ़राज़ बगती ने यह जानकारी दी.

    मुख्यमंत्री सरफ़राज़ बगती के मुताबिक़, इन हमलों के जवाब में सुरक्षा बलों की कार्रवाइयों में कम से कम 145 हमलावर मारे गए. इन झड़पों में कुल 193 लोग मारे गए.

    इससे पहले, अलगाववादी समूह बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने हमले की ज़िम्मेदारी लेते हुए कहा था कि इसमें कई सैनिक मारे गए हैं.

    पाकिस्तानी सरकार ने भारत पर बीएलए का समर्थन करने का आरोप लगाया है, लेकिन भारत ने ऐसे आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए ख़ारिज किया है.

    बीएलए का आरोप है कि पाकिस्तान की संघीय सरकार देश के सबसे बड़े प्रांत बलूचिस्तान के विशाल खनिज संसाधनों का दोहन कर रही है, लेकिन स्थानीय लोगों को उनसे कोई लाभ नहीं मिल रहा है.

    बलूचिस्तान पाकिस्तान के कुल भूभाग का लगभग 44 फ़ीसदी हिस्सा है. यह प्रांत ईरान और अफ़ग़ानिस्तान के साथ सीमा साझा करता है.

    पाकिस्तान की 24 करोड़ से ज़्यादा आबादी में से लगभग पांच फ़ीसदी लोग इसी प्रांत में रहते हैं.

    प्राकृतिक संसाधनों के मामले में भी बलूचिस्तान सबसे समृद्ध प्रांत है, जिसमें गैस और खनिज संसाधनों का विशाल भंडार है.

    इस प्रांत का नाम बलूच लोगों से लिया गया है, जो इस प्रांत का सबसे बड़ा जातीय समूह है.

  4. राहुल गांधी ने 'मोहम्मद दीपक' से कहा- 'हम तुम्हारे साथ हैं भाई, डरो मत'

    राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    उत्तराखंड के पौड़ी ज़िले में एक मुस्लिम दुकानदार के समर्थन में आए 'मोहम्मद दीपक' को लेकर कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा है, "हम तुम्हारे साथ हैं भाई, डरो मत."

    उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के दीपक 'भारत के हीरो' हैं.

    कांग्रेस सांसद ने कहा, "दीपक संविधान और इंसानियत के लिए लड़ रहे हैं. उस संविधान के लिए जिसे बीजेपी और संघ परिवार रोज़ रौंदने की साज़िश कर रहे हैं."

    उत्तराखंड की बीजेपी सरकार पर उन्होंने आरोप लगाया कि वह खुलेआम उन असामाजिक ताक़तों का साथ दे रही है जो 'आम नागरिकों को डराने और परेशान करने' में लगी हैं.

    राहुल गांधी ने कहा, "हमें और दीपकों की ज़रूरत है, जो झुकें नहीं, जो डरें नहीं, और जो पूरी ताक़त से संविधान के साथ खड़े रहें."

    क्या है मामला?

    सोशल मीडिया पर 'मोहम्मद दीपक' के नाम से चर्चित युवक का असली नाम दीपक कुमार कश्यप है. वे उत्तराखंड के कोटद्वार के रहने वाले हैं और पेशे से जिम ट्रेनर हैं.

    एक वीडियो में दीपक कश्यप एक बुज़ुर्ग मुस्लिम दुकानदार के समर्थन में अपनी बात रखते हुए दिख रहे हैं.

    गणतंत्र दिवस के दिन कथित तौर पर बजरंग दल के कुछ कार्यकर्ता कोटद्वार की उस दुकान पर पहुँचे थे, जिसका नाम "बाबा स्कूल ड्रेस एंड मैचिंग सेंटर" है.

    उस दिन के घटनाक्रम के बारे में दीपक ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी को बताया कि बजरंग दल के सात-आठ लोग 75 वर्षीय मुस्लिम दुकानदार की दुकान पर पहुँचे और उन पर दुकान के नाम से 'बाबा' शब्द हटाने का दबाव बनाने लगे.

    ये भी पढ़ें:

  5. अंडर-19 वर्ल्ड कप: भारत ने पाकिस्तान को 58 रनों से हराया, सेमीफ़ाइनल में पहुंचा

    आयुष म्हात्रे

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारतीय टीम के कप्तान आयुष म्हात्रे ने तीन विकेट लिए हैं

    आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के 'सुपर सिक्स' मुक़ाबले में भारत ने पाकिस्तान को 58 रनों से हरा दिया है.

    हालांकि मैच के नतीजे आने से पहले ही भारत ने सेमीफ़ाइनल के लिए क्वालिफ़ाई कर लिया.

    पाकिस्तान 253 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 33.3 ओवर में इसे हासिल नहीं कर सका.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, पाकिस्तान को सेमीफ़ाइनल में पहुंचने के लिए इस लक्ष्य को 33.3 ओवर में ही हासिल करना था.

    भारत और पाकिस्तान के बीच जिम्बाब्वे के बुलावायो में खेले गए मैच में भारत ने 253 रनों का लक्ष्य रखा, जिसका पीछा करते हुए पाकिस्तान टीम 46.2 ओवर में 194 रनों पर ऑल आउट हो गई.

    भारत की ओर से कप्तान आयुष म्हात्रे और खिलान पटेल ने तीन-तीन विकेट लिए.

    वहीं पाकिस्तान की ओर से उसमान ख़ान ने सबसे ज़्यादा 92 गेंदों पर 66 रन बनाए.

    भारत अब 4 फ़रवरी को अफ़ग़ानिस्तान के साथ सेमीफ़ाइनल खेलेगा.

  6. अंडर-19 वर्ल्ड कप: सेमीफ़ाइनल में भारत, पाकिस्तान टूर्नामेंट से बाहर

    भारत बनाम पाकिस्तान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारत ने सेमीफ़ाइनल के लिए क्वालिफ़ाई कर लिया है. पाकिस्तान 253 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 33.3 ओवर में इसे हासिल नहीं कर सका.

    दरअसल भारत और पाकिस्तान के बीच जिम्बाब्वे के बुलावायो में खेले जा रहे मैच में भारत ने 253 रनों का लक्ष्य रखा है.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, पाकिस्तान को सेमीफ़ाइनल में पहुंचने के लिए इस लक्ष्य को 33.3 ओवर में ही हासिल करना था.

    लेकिन 33.3 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर 4 विकेट पर 167 रन था.

    बेहतर नेट रन रेट के चलते भारत ने अंतिम नतीजे से पहले ही आख़िरी चार में अपनी जगह पक्की कर ली. फिलहाल मैच जारी है.

  7. इस देश में खदान धंसने से 200 से ज़्यादा लोगों की मौत

    खदान

    इमेज स्रोत, Hassan Lali/BBC

    इमेज कैप्शन, सूत्रों के अनुसार, वर्तमान में विद्रोहियों के नियंत्रण में मौजूद इस खदान का रखरखाव ठीक से नहीं किया गया

    अफ़्रीकी देश डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ़ कांगो में एक खदान धंसने से 200 से ज़्यादा लोगों की मौत हो गई है. यह जानकारी विद्रोही प्रशासन ने दी है.

    नॉर्थ किवू क्षेत्र के विद्रोही गवर्नर के प्रवक्ता लुमुम्बा काम्बेरे मुयिसा ने पत्रकारों को बताया कि रुबाया शहर में स्थित यह खदान भारी बारिश के कारण बुधवार को धंस गई. उस समय मृतकों की सटीक संख्या स्पष्ट नहीं हो पाई थी.

    जिस समय में यह हादसा हुआ उस वक़्त खदान में महिलाएं और बच्चे भी काम कर रहे थे.

    यहां कोल्टन की खुदाई की जा रही थी, जो स्मार्टफ़ोन और कंप्यूटर जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के निर्माण में इस्तेमाल होने वाला एक अहम खनिज है.

    खदान के एक पूर्व सुपरवाइज़र ने बीबीसी को बताया कि इस साइट का ठीक से रखरखाव नहीं किया गया था, जिससे हादसों की आशंका बढ़ गई.

    उन्होंने यह भी कहा कि रखरखाव की कमी के चलते हादसे के बाद राहत और बचाव कार्यों में भी काफ़ी मुश्किलें आती हैं.

  8. ग़ज़ा में इसराइली हमलों से 32 लोगों की मौत पर पाकिस्तान और सऊदी अरब की तीखी प्रतिक्रिया

    पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री मोहम्मद इसहाक़ डार

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री मोहम्मद इसहाक़ डार

    पाकिस्तान और सऊदी अरब समेत आठ मुस्लिम देशों ने रविवार को ग़ज़ा में युद्धविराम का उल्लंघन करने को लेकर इसराइल की कड़ी निंदा की है.

    इन देशों का कहना है कि ऐसे क़दम उस समय स्थिरता बहाल करने के प्रयासों को कमज़ोर कर रहे हैं, जब क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय साझेदार मिलकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की शांति योजना के दूसरे चरण को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं.

    इन आठ देशों ने पिछले साल ट्रंप प्रशासन के साथ मिलकर ग़ज़ा में इसराइल के सैन्य कार्रवाई को ख़त्म करने की योजना पर काम किया था. इन देशों में पाकिस्तान, मिस्र, इंडोनेशिया, जॉर्डन, क़तर, सऊदी अरब, तुर्की और संयुक्त अरब अमीरात शामिल हैं.

    संयुक्त बयान में इन आठ देशों के विदेश मंत्रियों ने इसराइल की ओर से युद्धविराम के बार-बार उल्लंघन की कड़ी निंदा की और कहा कि इन हमलों में एक हज़ार से ज़्यादा फ़लस्तीनी मारे गए या घायल हुए हैं.

    विदेश मंत्रियों ने कहा कि युद्धविराम का बार-बार उल्लंघन राजनीतिक प्रक्रिया के लिए सीधा ख़तरा है.

    बयान में सभी पक्षों से अपील की गई कि वे इस संवेदनशील दौर में अपनी ज़िम्मेदारियों का पूरी तरह पालन करें और अधिकतम संयम बरतें, ताकि युद्धविराम को बनाए रखा जा सके.

    ग़ज़ा में शनिवार को इसराइल की ओर से किए गए हवाई हमलों में कम से कम 32 लोगों की मौत हुई है. ग़ज़ा के स्थानीय प्रशासन ने इसकी जानकारी दी है.

  9. भारत ने बांग्लादेश के लिए बजट में दी जाने वाली राशि घटाई, जानिए सबसे बड़ा लाभार्थी कौन

    वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज बजट 2026 पेश किया

    केंद्रीय बजट 2026-27 में भूटान को विकास सहायता के रूप में सबसे ज़्यादा 2,288 करोड़ रुपये दिए गए हैं.

    इसके बाद नेपाल को 800 करोड़ रुपये और मालदीव और मॉरीशस को 550-550 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं.

    विदेश मंत्रालय (एमईए) को कुल 22,118 करोड़ रुपये का बजट मिला है.

    अगले वित्त वर्ष के लिए बांग्लादेश को 60 करोड़ रुपये दिए गए हैं. 2025-26 में बांग्लादेश के लिए 120 करोड़ रुपये का प्रावधान था. यह कटौती ऐसे समय में की गई है कि जब बांग्लादेश और भारत के रिश्तों में कड़वाहट देखी गई है.

    अफ़ग़ानिस्तान के लोगों के साथ भारत के विशेष संबंधों को जारी रखते हुए, उसे 2026-27 में 150 करोड़ रुपये की सहायता दी गई है. 2025-26 में यह राशि 100 करोड़ रुपये थी.

    श्रीलंका के लिए 400 करोड़ और म्यांमार के लिए 300 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है.

  10. कोलकाता: गोदाम अग्निकांड में मृतकों की संख्या पर पुलिस ने दी जानकारी, इल्मा हसन, बीबीसी संवाददाता

    कोलकाता गोदाम आग

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, गोदाम में लगी भीषण आग के घटनास्थल पर मौजूद पुलिस और फोरेंसिक टीम

    कोलकाता के आनंदपुर इलाके़ में गोदामों में लगी आग के मामले में पुलिस ने कहा है कि अब तक मिले अवशेषों के आधार पर मृतकों की संख्या 27 तक हो सकती है.

    हालांकि अधिकारियों का कहना है कि मृतकों की अंतिम पुष्टि डीएनए जांच पूरी होने के बाद ही की जा सकेगी.

    बारुईपुर के पुलिस अधीक्षक सुवेंद्र कुमार ने बीबीसी हिन्दी को बताया, "रेस्क्यू ऑपरेशन अब ख़त्म हो चुका है. 27 बॉडी पार्ट्स को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है. इस मामले में तीन लोग पुलिस रिमांड पर हैं. दमकल विभाग ने अपनी जांच पूरी कर ली है और वे हमें एक विस्तृत रिपोर्ट सौंपेंगे."

    यह आग 26 जनवरी की सुबह क़रीब तीन बजे लगी थी. शुरुआती जांच में सामने आया है कि आग सबसे पहले एक डेकोरेटर कंपनी के गोदाम में लगी और फिर उससे सटे उस गोदाम तक फैल गई, जिसे फास्ट-फूड चेन वॉव मोमो इस्तेमाल कर रही थी.

    दोनों ही गोदामों में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री रखी हुई थी, जिसकी वजह से आग तेज़ी से फैल गई. उस वक़्त कई मजदूर गोदामों के भीतर मौजूद थे, जिनमें से कई बाहर नहीं निकल पाए.

    वॉव मोमो ने कहा है कि उनके गोदाम में तीन लोग मौजूद थे.

    पुलिस ने इस मामले में पुष्पांजलि डेकोरेटर्स के मालिक गंगाधर दास को गिरफ़्तार किया है. इसके अलावा वॉव मोमो से जुड़े मैनेजर राजा चक्रवर्ती और डिप्टी मैनेजर मनोरंजन शीट को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि तीनों अभियुक्त फिलहाल रिमांड पर हैं और जांच जारी है.

    दमकल विभाग से जुड़े सूत्रों ने बताया है कि जिस डेकोरेटर गोदाम में आग लगी, वहां फायर सेफ़्टी के ज़रूरी मानकों का पालन नहीं किया गया था.

    पुलिस ने बताया कि फ़ायर सेफ़्टी से जुड़ी खामियों को देखते हुए वॉव मोमो से जुड़े एक अधिकारी को भी गिरफ़्तार किया गया है. यह भी जांच की जा रही है कि क्या दोनों गोदामों के पास वैध फ़ायर सेफ़्टी क्लीयरेंस मौजूद था या नहीं.

    इस बीच, पीड़ित परिवारों के डीएनए सैंपल लिए गए हैं ताकि अवशेषों की पहचान की जा सके. प्रशासन के मुताबिक़, फ़ॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ़ हो पाएगा कि इस हादसे में कुल कितने लोगों की जान गई.

    ये भी पढ़ें:

  11. ऑस्ट्रेलियन ओपन: जोकोविच को हराकर अल्काराज़ ने रचा इतिहास

    अल्काराज़

    इमेज स्रोत, Getty Images

    स्पेन के कार्लोस अल्काराज़ ने सर्बिया के नोवाक जोकोविच को हराकर ऑस्ट्रेलियन ओपन का ख़िताब जीत लिया है.

    फ़ाइनल में 22 साल के अल्काराज़ ने 39 साल के जोकोविच को 2-6 6-2 6-3 7-5 से हरा दिया.

    इसके साथ ही अल्काराज़ करियर ग्रैंड स्लैम जीतने वाले सबसे कम उम्र के पुरुष खिलाड़ी बन गए हैं. उन्होंने सिर्फ़ 22 साल की उम्र में चारों ग्रैंड स्लैम जीतने का रिकॉर्ड बना दिया. वर्ल्ड नंबर 1 प्लेयर अल्काराज़ का ये सातवां ग्रैंड स्लैम ख़िताब है.

    इस जीत के साथ ही उन्होंने नोवाक जोकोविच को इतिहास रचने से रोक दिया.

    जोकोविच 25वें ग्रैंड स्लैम को जीतने के इरादे से कोर्ट में उतरे थे.

    उनके नाम रिकॉर्ड 24 ग्रैंड स्लैम जीत हैं. उनके बाद स्पेन के रफ़ाल नडाल का नंबर आता है. नडाल ने कुल 22 ग्रैंड स्लैम ख़िताब जीते हैं जबकि स्विटज़रलैंड के रोजर फ़ेडरर के नाम 20 ग्रैंड स्लैम ख़िताब हैं.

  12. अंडर 19 वर्ल्ड कप: पाकिस्तान के ख़िलाफ़ भारत 252 रनों पर ऑल आउट

    भारत बनाम पाकिस्तान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    जिम्बाब्वे के बुलावायो में खेले जा रहे आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के 'सुपर सिक्स' मुक़ाबले में भारत ने पाकिस्तान के सामने 253 रनों का लक्ष्य रखा है.

    पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फै़सला लिया. भारतीय टीम 49.5 ओवर में 252 रनों पर ऑल आउट हो गई.

    भारत की ओर से सलामी बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी ने कुछ आकर्षक शॉट लगाए, लेकिन वे अपनी पारी को बड़े स्कोर में तब्दील करने में नाकाम रहे. वैभव ने 22 गेंदों पर 30 रन बनाए.

    वहीं कप्तान आयुष म्हात्रे का शून्य पर आउट होना भारतीय खेमे के लिए एक बड़ा झटका साबित हुआ.

    भारतीय टीम 50 रनों के भीतर तीन विकेट खोकर संघर्ष कर रही थी, तभी वेदांत त्रिवेदी ने पारी को संभाला.

    उन्होंने 98 गेंदों पर 68 रन बनाए और टीम के लिए अहम योगदान दिया.

    पाकिस्तान टीम की ओर से अब्दुल सुभान ने सबसे ज़्यादा तीन विकेट लिए.

    भारत को सेमीफ़ाइनल क्वलीफाई करने के लिए आज का मैच जीतना होगा.

    पाकिस्तान अगर यह मैच बड़े अंतर से जीतने में सफल रहा तो वह सेमीफ़ाइनल में पहुंच जाएगा.

  13. ख़ामेनेई ने ट्रंप को चेतावनी दी, कहा- 'युद्ध शुरू किया, तो इस बार क्षेत्रीय युद्ध होगा'

    ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई

    इमेज स्रोत, Getty Images

    ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई ने रविवार को चेतावनी दी कि अगर अमेरिका ने हमला किया तो इससे 'क्षेत्रीय युद्ध' छिड़ सकता है.

    यह बयान ऐसे समय में आया है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान पर सैन्य कार्रवाई की धमकी दे रहे हैं और अमेरिकी विमानवाहक पोत यूएसएस अब्राहम लिंकन समेत कई युद्धपोत अरब सागर में तैनात किए गए हैं.

    अमेरिकी युद्धपोतों को तेहरान में हुए देशव्यापी प्रदर्शनों पर ईरानी कार्रवाई के बाद ट्रंप के आदेश पर भेजा गया है.

    ख़ामेनेई ने कहा, "अमेरिकियों को समझ लेना चाहिए कि अगर उन्होंने युद्ध शुरू किया, तो इस बार यह क्षेत्रीय युद्ध होगा."

  14. फ़िल्ममेकर रोहित शेट्टी के घर पर हुई फ़ायरिंग मामले में अब तक क्या पता चला?

    रोहित शेट्टी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, रोहित शेट्टी के घर पर हुई फ़ायरिंग को लेकर भारतीय फ़िल्म और टेलीविजन निर्देशक संघ ने एक बयान जारी किया है

    पुणे पुलिस ने रविवार को मुंबई में फ़िल्ममेकर रोहित शेट्टी के घर पर हुई फ़ायरिंग के मामले में चार लोगों को हिरासत में लिया है.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई ने अधिकारियों के हवाले से कहा, " हमलावरों ने मुंबई के जुहू इलाके़ में स्थित नौ मंज़िला इमारत की पहली मंज़िल पर देर रात क़रीब 12.45 बजे गोलियां चलाईं."

    बताया गया है कि इस दौरान कम से कम पांच राउंड फ़ायरिंग हुई. इनमें से एक गोली इमारत में बने जिम के शीशे पर लगी.

    रोहित शेट्टी के घर पर हुई फ़ायरिंग को लेकर भारतीय फ़िल्म और टेलीविजन निर्देशक संघ (आईएफ़टीडीए) ने इसकी कड़ी निंदा की है.

    आईएफ़टीडीए की ओर से जारी बयान में कहा गया, "इस घटना से पूरा फ़िल्म जगत स्तब्ध और चिंतित है. भारतीय मनोरंजन उद्योग के सबसे सम्मानित और प्रतिष्ठित फ़िल्मकारों में से एक की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े होते हैं. ऐसी घटनाएं डर और असुरक्षा का माहौल पैदा करती हैं, जो किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं है."

    आईएफ़टीडीए ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से अपील की है कि वह इस मामले पर व्यक्तिगत रूप से ध्यान दें.

    बयान में कहा गया, "हमें भरोसा है कि मुंबई पुलिस त्वरित और सख़्त कार्रवाई करेगी, दोषियों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द क़ानून के दायरे में लाएगी और रोहित शेट्टी और उनके परिवार की पूरी सुरक्षा सुनिश्चित करेगी."

    "आईएफ़टीडीए इस कठिन समय में रोहित शेट्टी और उनके परिवार के साथ मज़बूती से खड़ा है."

    फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है.

  15. बजट 2026 को लेकर राहुल गांधी ने ये कहा

    राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, राहुल गांधी ने बजट को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है

    लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने रविवार को कहा कि 2026-27 का केंद्रीय बजट 'भारत के असली संकटों से आंखें मूंदे हुए' है.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर कहा कि देश में युवा बेरोज़गार हैं, मैन्युफैक्चरिंग में गिरावट आ रही है और किसान संकट में हैं, लेकिन बजट में इन मुद्दों को नज़रअंदाज़ किया गया है.

    राहुल गांधी ने कहा, "युवा बिना नौकरी के हैं. मैन्युफैक्चरिंग गिर रही है. निवेशक पूंजी निकाल रहे हैं. घरेलू बचत कम हो रही है. किसान संकट में हैं. वैश्विक स्तर पर बड़े झटकों की आशंका है, लेकिन इन सबको अनदेखा किया गया है."

    उन्होंने लिखा, "यह ऐसा बजट है जो दिशा सुधार से इनकार करता है और भारत के वास्तविक संकटों को नहीं देखता."

  16. पाकिस्तान के इस आरोप को भारत ने किया ख़ारिज, कहा- 'यह उनकी पुरानी रणनीति है'

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के आरोप पर भारत ने प्रतिक्रिया दी है

    भारत ने रविवार को बलूचिस्तान में शांति भंग करने की कोशिशों में 'भारतीय भूमिका' को लेकर पाकिस्तान के आरोपों को सिरे से ख़ारिज कर दिया.

    भारत ने इन आरोपों को पूरी तरह 'बेबुनियाद' बताया.

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, "इस तरह के आरोप लगाना पाकिस्तान की पुरानी रणनीति है, ताकि वह अपनी आंतरिक नाकामियों से ध्यान भटका सके."

    उन्होंने पाकिस्तान के आरोपों को ख़ारिज करते हुए यह भी कहा कि पाकिस्तान का 'दमन, क्रूरता और मानवाधिकार उल्लंघनों का रिकॉर्ड' किसी से छिपा नहीं है.

    रणधीर जायसवाल ने कहा, "हम पाकिस्तान की ओर से लगाए गए बेबुनियाद आरोपों को पूरी तरह ख़ारिज करते हैं. यह उसकी अपनी आंतरिक विफलताओं से ध्यान हटाने की सामान्य कोशिश है."

  17. पीएम मोदी ने बजट पर क्यों कहा- '140 करोड़ नागरिक तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बनकर ही संतुष्ट नहीं'

    पीएम मोदी

    इमेज स्रोत, Narendra Modi/YT

    इमेज कैप्शन, केंद्रीय बजट 2026-27 पर पीएम मोदी ने प्रतिक्रिया दी है

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय बजट 2026-27 की सराहना की और कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर को मज़बूत करने के लिए कई बड़े क़दम उठाए गए हैं.

    पीएम मोदी ने कहा, "ये बजट वर्तमान के सपनों को साकार करता है और भारत के उज्ज्वल भविष्य की नींव को सशक्त करता है. ये बजट 2047 के विकसित भारत की हमारी ऊंची उड़ान का मजबूत आधार है."

    "आज भारत जिस रिफॉर्म एक्सप्रेस पर सवार है, इस बजट से उसे नई ऊर्जा, नई गति मिलेगी. जो पाथ ब्रेकिंग रिफॉर्म किए गए हैं, वो आकांक्षा से भरे हुए भारत के साहसिक, प्रतिभाशाली युवाओं को उड़ने के लिए खुला आसमान देते हैं."

    प्रधानमंत्री ने कहा, "भारत के 140 करोड़ नागरिक सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बनकर ही संतुष्ट नहीं हैं. हम जल्द से जल्द दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनना चाहते हैं. ये करोड़ों देशवासियों का संकल्प है."

    "बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर को मज़बूत करने के लिए कई बड़े क़दम उठाए गए हैं. डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर, देशभर में वाटर वेज का विस्तार, हाई स्पीड रेल कॉरिडोर, टियर 2 और टियर 3 शहरों के विकास पर विशेष ध्यान और शहरों को मजबूत आर्थिक आधार देने के लिए म्युनिसिपल बांड्स को बढ़ावा, ये सारे कदम विकसित भारत की यात्रा की गति को और तेज करेंगे."

  18. कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने बजट को बताया 'खोखला'

    इमरान मसूद

    इमेज स्रोत, ANI

    केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के बजट भाषण के बाद कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने इसे 'पूरी तरह खोखला' बताया.

    समाचार एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए उन्होंने कहा, "बजट एक खाली डिब्बा है. इसमें कुछ भी नहीं है. यह पूरी तरह खोखला है. निर्यात के लिए राहत होनी चाहिए थी, लेकिन निर्यातकों को कोई राहत नहीं मिली है. बजट में किसानों का कोई ज़िक्र नहीं है और किसानों को पूरी तरह नज़रअंदाज़ किया गया है."

    "अमेरिका को होने वाले निर्यात में जिन निर्यातकों को नुकसान हुआ है, उनके लिए भी कोई राहत नहीं दी गई है. उनके लिए किसी तरह के समर्थन या मुआवज़े का ऐलान नहीं किया गया है. यही वजह है कि यह बजट एक खाली डिब्बा है."

    "पहले हमें लगा था कि शायद वे कम से कम कुछ पुराने आइटम ही इस डिब्बे में डाल देंगे, लेकिन अब तो उन्होंने वह भी हटा दिया है. इसमें अब कुछ भी नहीं बचा है."

    हालांकि एनडीए नेताओं ने इसे विकसित भारत बनाने वाला बजट करार दिया है.

  19. अब तक बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता आप तक ख़बरें पहुंचा रही थीं.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  20. बजट 2026 को अमित शाह ने बताया 'विकसित भारत का बजट', अखिलेश यादव बोले- लोगों की समझ से बाहर

    अमित शाह और अखिलेश यादव

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, गृह मंत्री अमित शाह और सपा मुखिया अखिलेश यादव (फ़ाइल फ़ोटो)

    वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की ओर से पेश किए गए बजट को गृह मंत्री अमित शाह ने 'विकसित भारत का बजट' बताया है. वहीं सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बजट 2026 को 'लोगों की समझ से बाहर का बजट' कहा है.

    अमित शाह ने एक्स पर पोस्ट किया, "मैन्युफ़ैक्चरिंग से लेकर इंफ़्रास्ट्रक्चर तक, स्वास्थ्य से लेकर टूरिज़्म तक, ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर एआई तक, स्पोर्ट्स से लेकर तीर्थों तक, विकसित भारत बजट हर गांव, हर कस्बे और हर शहर के युवाओं, महिलाओं तथा किसानों के सपनों को शक्ति देकर उन्हें पूरा करने वाला बजट है."

    वहीं सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, "ये गरीब, किसान और गांव में रहने वाले लोगों की समझ से बाहर बजट है. ये बजट गरीब का पेट नहीं भर सकता है. नौकरी रोजगार दिए नहीं... सपने दिखाने वाले बजट है."

    केंद्रीय बजट 2026 पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा, "यह एक प्रोग्रेसिव बजट है जो भारतीय अर्थव्यवस्था के हर सेक्टर पर फ़ोकस करता है. यह हर नागरिक के लिए बजट है."

    उन्होंने कहा कि इस बजट में नॉर्थ ईस्ट के लिए बहुत सारे संस्थानों और जलमार्गों के लिए आवंटन किया गया है.

    कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा, "बड़े स्तर के मुद्दों पर देखें तो इसमें न तो मिडिल क्लास के लिए कुछ था और न ही लोअर मिडिल क्लास के लिए. राज्यों के लिए भी इसमें कुछ नहीं था."