जम्मू-कश्मीर: बस पर हुए चरमपंथी हमले में 9 की मौत, अमित शाह बोले- दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा

जम्मू-कश्मीर के रियासी में चरमपंथियों ने श्रद्धालुओं को ले जा रही बस पर हमला किया है.

सारांश

  • नरेंद्र मोदी ने तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली.
  • मोदी के तीसरे कार्यकाल में 30 नेताओं ने कैबिनेट मंत्री की शपथ ली है. वहीं पांच ने राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और 36 ने बतौर राज्य मंत्री की शपथ ली है.
  • नई कैबिनेट में अमित शाह, राजनाथ सिंह, जेपी नड्डा, निर्मला सीतारमण, नितिन गडकरी और एस जयशंकर के साथ-साथ राजीव रंजन सिंह, जीतनराम मांझी और चिराग पासवान को जगह मिली है.
  • जम्मू-कश्मीर के रियासी में चरमपंथियों ने श्रद्धालुओं को ले जा रही बस पर हमला किया है. इसमें 9 लोग मारे गए हैं, जबकि 33 लोग घायल हुए हैं.

लाइव कवरेज

  1. राहुल गांधी को लोकसभा में विपक्ष का नेता बनाने के मुद्दे पर क्या बोले ये बीजेपी नेता

    राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, ANI

    राहुल गांधी को लोकसभा में विपक्ष का नेता बनाने की कांग्रेसी नेताओं की मांग के बीच बीजेपी नेता कैलाश विजयवर्गीय ने इस पर टिप्पणी की है.

    उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा है कि 'राहुल जी सदन में बैठेंगे तो संख्या अच्छी रहेगी क्योंकि पता नहीं कब क्या मिमिक्री कर दें, लोगों को इस बात का इंतज़ार रहेगा.'

    नरेंद्र मोदी के लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने पर भी कैलाश विजयवर्गीय बोले हैं.

    बीजेपी नेता और मध्य प्रदेश में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा है कि "यह गर्व की बात है कि आज़ादी के बाद पंडित जवाहरलाल नेहरू ने तीसरी बार शपथ ली थी उसके बाद कोई भी प्रधानमंत्री तीसरी बार शपथ नहीं ले सका. देश की जनता ने जिस तरह इस बार मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने का आशीर्वाद दिया है उसको लेकर हम गौरवान्वित हैं."

    वहीं विपक्ष का आरोप है कि उन्हें शपथ ग्रहण का निमंत्रण नहीं मिला है. इस पर विजयवर्गीय ने कहा कि ऐसा नहीं हो सकता है कि विपक्ष के नेताओं को निमंत्रण न मिला हो.

  2. नरेंद्र मोदी शपथ ग्रहण समारोह से पहले राजघाट पहुंचे, महात्मा गांधी को किया याद

    मोदी

    इमेज स्रोत, ANI

    लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने से पहले रविवार की सुबह नरेंद्र मोदी महात्मा गांधी की समाधि पर राजघाट पहुंचे.

    मोदी ने महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की.

    राष्ट्रपति के प्रांगण में नरेंद्र मोदी आज शाम 7.15 बजे अपने मंत्रिमंडल के साथ शपथ लेंगे.

    राजघाट के बाद नरेंद्र मोदी पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की समाधि पर पहुंचे, जहां उन्होंने पुष्पांजलि अर्पित की.

  3. टी-20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 36 रनों से हराया

    ऑस्ट्रेलिया

    इमेज स्रोत, Getty Images

    अमेरिका और कैरेबियाई देशों में खेले जा रहे टी-20 वर्ल्ड कप के ग्रुप बी के मैच में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 36 रनों से हरा दिया है.

    इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला किया था जिसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 201 रन बनाए थे.

    इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर सिर्फ़ 165 रन ही बना सकी.

    ऑस्ट्रेलिया की ओर से कोई अर्धशतक नहीं लगा लेकिन सलामी बल्लेबाज़ों ट्रेविस हेड और डेविड वॉर्नर ने तेज़ पारियां खेलीं.

    ट्रेविस हेड ने 18 गेंदों में 34 रन और वॉर्नर ने 16 गेंदों में 39 रन बनाए.

    वहीं ग्रुप डी के एक अन्य मुक़ाबले में दक्षिण अफ़्रीका ने नीदरलैंड्स को 4 विकेट से हरा दिया.

    दक्षिण अफ़्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला किया था जिसमें उसने नीदरलैंड्स को 20 ओवरों में 9 विकेट के नुक़सान पर सिर्फ़ 103 रन बनाने दिए.

    इस लो स्कोरिंग मैच में भी रोमांच देखने को मिला और दक्षिण अफ़्रीका की टीम 19वें ओवर में 6 विकेट खोकर ये लक्ष्य हासिल कर पाई.

  4. नमस्कार

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है.

    8 जून की ख़बरों के लिए यहां क्लिक करें.