इसराइली सेना ने कहा- मध्य ग़ज़ा से चार इसराइली बंधकों को छुड़ाया गया

इसराइली सेना ने कहा है कि सात अक्टूबर को हमास के द्वारा बंधक बनाए गए चार इसराइली नागरिकों को छुड़ा लिया गया है.

सारांश

  • इसराइली सेना ने कहा है कि सात अक्टूबर को हमास के द्वारा बंधक बनाए गए चार इसराइली नागरिकों को छुड़ा लिया गया है.
  • कांग्रेस संसदीय दल की बैठक में सोनिया गांधी को संसदीय दल का नेता चुना गया है.
  • फ्रेंच ओपन वुमेन सिंगल्स का खिताब पोलैंड की इगा स्वियातेक ने जीत लिया है.
  • नरेंद्र मोदी 9 जून की शाम को प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं, राष्ट्रपति ने मांगी मंत्रिपरिषद की सूची.
  • कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह के लिए इंडिया गठबंधन के नेताओं को न्योता नहीं मिला है.

लाइव कवरेज

दीपक मंडल

  1. इसराइली सेना ने कहा- मध्य ग़ज़ा से चार इसराइली बंधकों को छुड़ाया गया

    अल्मोग मीर जान

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, अल्मोग मीर जान

    इसराइली सेना ने कहा है कि सात अक्टूबर को हमास के द्वारा बंधक बनाए गए चार इसराइली नागरिकों को छुड़ा लिया गया है.

    इसराइली सेना का कहना है कि जिन चार बंधकों को बचाया गया है उनमें 25 वर्षीय नोआ अर्गामानी, 21 वर्षीय अल्मोग मीर जान, 27 वर्षीय आंद्रेई कोज़लोव और 40 वर्षीय श्लोमी ज़िव शामिल हैं.

    इसराइल डिफेंस फोर्स ने कहा कि चार बंधकों को मध्य ग़ज़ा की दो अलग अलग जगहों से इसराइल सुरक्षा एजेंसी और इसराइल पुलिस के संयुक्त अभियान के जरिए बचाया गया है.

    बचाए गए इसराइली नागरिकों को हेल्थ चेकअप के लिए शेबा मेडिकल सेंटर में भेजा गया है.

    21 वर्षीय अल्मोग मीर जान अपने पिता से मिलीं.
    इमेज कैप्शन, 21 वर्षीय अल्मोग मीर जान अपने पिता से मिलीं.

    ग़ज़ा संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि इसराइल के इस अभियान में दर्जनों लोग मारे गए हैं जिनमें बच्चे भी शामिल हैं.

    सात अक्टूबर को हमास के लड़ाकों ने इसराइल की सीमा में घुसकर हमला किया था. इसराइली सेना के मुताबिक़ इस हमले में 1200 लोग मारे गए और 251 लोगों को बंधक बनाया गया.

    इसराइली सेना के मुताबिक़, फ़लस्तीन में अभी भी 116 लोगों को बंधक बनाकर रखा गया और 41 बंधकों की मौत हो चुकी है.

    वहीं हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक़ सात अक्टूबर के बाद से ग़ज़ा में इसराइल के हमलों से 36,470 फ़लस्तीनियों की मौत हो चुकी है.

  2. ममता बनर्जी ने बताया, मोदी सरकार के शपथ ग्रहण का न्योता नहीं मिला, प्रभाकर मणि तिवारी, कोलकाता से, बीबीसी हिंदी के लिए

    पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी

    पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में जाने का कोई न्योता नहीं मिला है और वो उसमें शामिल भी नहीं होंगी.

    तृणमूल कांग्रेस प्रमुख यहां संसदीय दल की बैठक के बाद पत्रकारों से बात कर रही थीं. तृणमूल कांग्रेस का कोई नेता भी इस समारोह में शामिल नहीं होगा.

    ममता बनर्जी ने बीजेपी को निशाने पर भी लिया. ममता ने कहा, "एक असंवैधानिक और गैरकानूनी पार्टी को सरकार के गठन के लिए शुभकामनाएं नहीं दी जा सकती हैं. इस सरकार का गठन गैरकानूनी और अलोकतांत्रिक तरीके से किया जा रहा है. हम बीजेपी को नहीं तोड़ेंगे. लेकिन वह भीतर से ही टूटेगी. उस पार्टी के लोग खुश नहीं हैं."

    ममता ने कहा, "चार सौ पार का नारा देने वाले अपने बूते बहुमत भी हासिल करने में नाकाम रहे हैं. एनडीए ने सरकार बनाने का दावा किया है. लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि आगे कुछ भी नहीं होगा. हम इंतजार कर रहे हैं और परिस्थितियों पर नज़र रख रहे हैं. चीजें बदलती हैं."

    उन्होंने आगे राजनीतिक परिदृश्य में बड़े बदलाव का संकेत देते हुए कहा कि "कई बार सरकारें एक दिन ही टिक पाती हैं. कुछ भी हो सकता है. कौन जाने कि यह सरकार 15 दिन भी चल पाएगी या नहीं?"

    ममता बनर्जी की पार्टी पश्चिम बंगाल की 42 में से 29 सीटों पर जीत दर्ज करने में कामयाब रही है. ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस इंडिया गठबंधन का हिस्सा है.

    इससे पहले कांग्रेस के नेता जयराम रमेश ने भी कहा कि इंडिया गंठबंधन के नेताओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह का न्योता नहीं मिला है.

    नरेंद्र मोदी को एनडीए गठबंधन का नेता चुना गया है और वह रविवार को लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे.

  3. फ्रेंच ओपन 2024: इगा स्वियातेक ने वुमेन सिंगल्स का खिताब जीता

    इगा स्वियातेक

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इगा स्वियातेक

    फ्रेंच ओपन वुमेन सिंगल्स का खिताब पोलैंड की इगा स्वियातेक ने जीत लिया है.

    शनिवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में स्वियातेक ने इटली की जैस्मिन पाओलिनी को सीधे सेटों में 6-2, 6-1 से मात दी.

    स्वियातेक ने चौथी बार फ्रेंच ओपन का खिताब अपने नाम किया.

    इससे पहले स्वियातेक 2020, 2022 और 2023 में फ्रेंच ओपन जीतने में कामयाब रही हैं. यह स्वियातेक का पांचवां ग्रैंडस्लैम खिताब है.

    वहीं इटली की जैस्मिन पाओलिनी पहली बार किसी ग्रैंडस्लैम के फाइनल में पहुंची थीं.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

  4. डिब्रूगढ़ जेल में अमृतपाल सिंह से मुलाकात करने के बाद उनकी मां बलविंदर कौर ने क्या कहा

    अमृतपाल की मां बलविंदर कौर

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, अमृतपाल की मां बलविंदर कौर

    खडूर साहिब से लोकसभा सांसद चुने जाने के बाद अमृतपाल सिंह के माता-पिता ने उनसे डिब्रूगढ़ जेल में मुलाकात की है.

    अमृतपाल सिंह अपने साथियों के साथ फिलहाल राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद हैं.

    अमृतपाल सिंह की मां बलविंदर कौर ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "अमृतपाल बहुत खुश था. हमें भी अपने बेटे से मुलाकात करके बहुत खुशी हुई."

    "उसने (अमृतपाल सिंह) बोला है कि सारी संगत का धन्यवाद करो. संगत ने साथ दिया है. संगत के साथ से बहुत अच्छा लगा है."

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    अमृतपाल सिंह ने खडूर साहिब सीट पर 4 लाख 4 हजार 430 वोट हासिल किए हैं. वे दूसरे नंबर पर आए कांग्रेस उम्मीदवार कुलबीर सिंह ज़ीरा से 1 लाख 97 हजार120 मतों से चुनाव जीते हैं. यह पंजाब की लोकसभा सीटों में किसी भी उम्मीदवार द्वारा दर्ज की गई जीत का सबसे बड़ा मार्जिन है.

    अमृतपाल सिंह ने जेल में बंद रहते हुए ही चुनाव लड़ा. अमृतपाल की जीत का सर्टिफिकेट उनकी माता बलविंदर कौर को ही दिया गया.

  5. सोनिया गांधी को कांग्रेस संसदीय दल का नेता चुना गया

    कांग्रेस नेता सोनिया गांधी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, कांग्रेस नेता सोनिया गांधी

    कांग्रेस संसदीय दल की बैठक में सोनिया गांधी को संसदीय दल का नेता चुना गया है.

    कांग्रेस के राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने इस बात की जानकारी दी.

    प्रमोद तिवारी ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "सभी नए सांसदों को बधाई दी गई. संसदीय दल के नेता के तौर पर सोनिया गांधी के नाम का प्रस्ताव रखा गया और उन्हें चुना गया."

    इससे पहले कांग्रेस की वर्किंग कमेटी की बैठक भी हुई.

    इसके बारे में बात करते हुए प्रमोद तिवारी ने कहा, "लोकसभा में नेता विपक्ष के पद के लिए सभी ने एकमत से राहुल गांधी के नाम का प्रस्ताव रखा है. राहुल गांधी से कहा गया है कि वो इस प्रस्ताव को स्वीकार करें."

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी 99 सीटें जीतने में कामयाब रही है. 10 साल बाद कांग्रेस को लोकसभा में नेता विपक्ष का पद मिलेगा.

    वहीं सोनिया गांधी इस साल की शुरुआत में राजस्थान से राज्यसभा सांसद चुनी गई थीं.

  6. डेनमार्क की प्रधानमंत्री पर हुए हमले की नरेंद्र मोदी ने निंदा की

    नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, नरेंद्र मोदी

    डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेते फ्रेडरिक्सन पर हुए हमले की कार्यवाहक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने निंदा की है.

    शुक्रवार की सुबह राजधानी कोपेनहेगन की सड़क पर पीएम मेते फ्रेडरिक्सन हमला हुआ था.

    पीएम नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेते फ्रेडरिक्सन पर हुए हमले की खबर से मैं बेहद चिंतित हूं. हम हमले की निंदा करते हैं."

    "मैं अपनी दोस्त के अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता हूं."

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    डेनमार्क के प्रधानमंत्री दफ़्तर ने बताया कि शहर के मध्य एक चौराहे पर एक शख़्स प्रधानमंत्री की ओर बढ़ा और उन पर हाथ चला दिया. हमलावर को गिरफ़्तार कर लिया गया है.

    डेनमार्क की प्रधानमंत्री के कार्यालय ने इस घटना का ब्योरा देते हुए बयान जारी किया है.

    बयान में कहा गया है, "शुक्रवार को प्रधानमंत्री मेते फ्रेडरिक्सन की कोपेनहेगन के कुल्टोरवेट में एक शख़्स ने मारपीट की. हमलावर को गिरफ़्तार कर लिया गया है. प्रधानमंत्री इस घटना से सदमे में हैं."

    पुलिस ने कहा है कि हमलावर से पूछताछ की जा रही है लेकिन अभी तक हमले के मक़सद के बारे में पता नहीं चला है.

  7. अमेरिका ने इसराइल से क्यों हवाई हमले पर और ज्यादा पारदर्शी होने के लिए कहा

    ग़ज़ा के स्कूल पर गुरुवार को इसराइल की सेना ने हवाई हमला किया
    इमेज कैप्शन, ग़ज़ा के स्कूल पर गुरुवार को इसराइल की सेना ने हवाई हमला किया

    अमेरिका ने इसराइल से ग़ज़ा में एक स्कूल पर किए गए हवाई हमले को लेकर और पारदर्शी होने के लिए कहा है.

    गुरुवार को ग़ज़ा के एक स्कूल में इसराइल के हवाई हमले में 35 लोगों की मौत हो गई.

    इसराइली सेना ने दावा किया कि उसने हमास के परिसर पर हमला किया है. हमास ने इसराइली सेना के इस दावे को नकार दिया है.

    अमेरिका के स्टेट डिपार्टमेंट के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर ने कहा, "इसराइल ने कहा है कि उसके निशाने पर हमास के 20 से 30 आतंकवादी थे, लेकिन उन्होंने 9 आतंकियों के नाम ही जारी किए हैं. उन्हें सभी के नाम जारी करने चाहिए."

    "इसराइली सेना ने कहा है कि वो सभी आतंकवादियों के नाम जारी करेगी. हम इस मामले में और जानकारी की उम्मीद भी कर रहे हैं."

    मैथ्यू मिलर ने कहा, "इसराइल ने हमास के 9 आतंकवादियों के नाम जारी किए हैं. उन्होंने 8 और आतंकवादियों की मौत की पुष्टि की है. हमने रिपोर्ट देखी है और 14 बच्चे मारे गए हैं. 14 बच्चे जो मारे गए हैं वो आतंकवादी नहीं हैं."

    बीते हफ्ते ग़ज़ा के रफ़ा में इसराइल के हमले से 45 लोगों की मौत हुई थी.

    हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक़ सात अक्टूबर के बाद से ग़ज़ा में इसराइल के हमलों से 36,470 फ़लस्तीनियों की मौत हो चुकी है.

  8. जयराम रमेश ने कहा- इंडिया गठबंधन के नेताओं को पीएम के शपथ ग्रहण का न्योता नहीं मिला

    कांग्रेस नेता जयराम रमेश

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, कांग्रेस नेता जयराम रमेश

    कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह के लिए इंडिया गठबंधन के नेताओं को न्योता नहीं मिला है.

    जयराम रमेश ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा, "कल के (9 जून) शपथ ग्रहण समारोह के लिए सिर्फ अंतरराष्ट्रीय नेताओं को न्योता दिया गया है. अभी तक हमें न्योता नहीं दिया गया है."

    "जब हमारे इंडिया गठबंधन के नेताओं को न्योता मिलेगा, अगर हमारे नेताओं को न्योता मिलेगा तो हम उस पर विचार करेंगे."

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    एनडीए गठबंधन के नेता नरेंद्र मोदी लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं. नरेंद्र मोदी का शपथ ग्रहण रविवार को शाम में होगा.

    लोकसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाला एनडीए गठबंधन 293 सीटें जीतने में कामयाब रहा है. विपक्षी इंडिया गठबंधन के 234 सांसद जीतकर लोकसभा पहुंचे हैं.

    शनिवार को कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में राहुल गांधी से लोकसभा में नेता विपक्ष का पद लेने की अपील की गई है.

  9. एनटीए के डीजी बोले- नीट की परीक्षा पारदर्शी और ईमानदार तरीके से हुई

    नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के डीजी सुबोध कुमार सिंह

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के डीजी सुबोध कुमार सिंह

    'नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट' को लेकर उठ रहे सवालों पर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के डीजी सुबोध कुमार सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की है.

    सुबोध कुमार का कहना है कि नीट की परीक्षा के दौरान पेपर लीक की कोई घटना नहीं हुई है.

    सुबोध कुमार ने कहा है कि नीट की परीक्षा के दौरान 6 एग्जाम सेंटर पर करीब 1600 छात्रों को परेशानी का सामना करना पड़ा है.

    सुबोध कुमार ने कहा, "कुछ सेंटर्स पर तकनीकी गड़बड़ी की वजह से टाइम लॉस्ट हुआ. सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के मुताबिक़ ऐसी शिकायत पर छात्रों को अतिरिक्त नंबर दिए जाते हैं. कुछ छात्रों को 718 और 719 नंबर मिले. इसी वजह से 6 स्टूडेंट टॉपर बन गए."

    "हमने सभी चीजों को देखा है और फिर रिजल्ट घोषित किया है. जो भी समस्या हुई है वो 4750 एग्जाम सेंटर में से सिर्फ 6 सेंटर पर हुई है. 24 लाख में से 1600 छात्रों को परेशानी का सामना करना पड़ा है."

    "देश में कहीं भी पेपर लीक नहीं हुआ है. सवाई माधोपुर के एक सेंटर में गलत हिंदी और इंग्लिश का पेपर बांटने की वजह से एक समस्या खड़ी हुई. हमने तुरंत कार्रवाई की. सभी बच्चे सेंटर के अंदर ही थे."

    "सोशल मीडिया पर एग्जाम शुरू होने के दो घंटे 28 मिनट घंटे बाद पेपर आया. कोई पेपर लीक नहीं हुआ. उस सेंटर पर हमने दोबारा एग्जाम लिया. हमने 6 मई को भी पेपर लीक की घटना को नकारा.

    सुबोध कुमार ने कहा, "एग्जाम की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रही है. हम छात्रों को भरोसा दिलाना चाहते हैं कि पूरे देश में एग्जाम पूरी ईमानदारी के साथ हुआ है."

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    चार जून, 2024 को नीट परीक्षा के परिणाम घोषित होने के बाद ऐसे कई दावे सामने आए हैं कि इस परीक्षा का आयोजन ठीक तरह से नहीं हुआ है. नीट का एग्जाम 5 मई को हुआ था.

    टॉप रैंक पर आने वाले 67 बच्चों में छह ऐसे हैं जिन्होंने हरियाणा के एक ही परीक्षा केंद्र पर इम्तेहान दिया था.

  10. केसी वेणुगोपाल ने कहा- कांग्रेस वर्किंग कमेटी चाहती है राहुल गांधी लोकसभा में नेता विपक्ष बने

    राहुल गांधी और केसी वेणुगोपाल

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, राहुल गांधी और केसी वेणुगोपाल

    कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा है कि कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में राहुल गांधी से लोकसभा में नेता विपक्ष बनने की अपील की गई है.

    केसी वेणुगोपाल ने कहा, "कांग्रेस वर्किंग कमेटी ने एकमत होकर राहुल गांधी से लोकसभा में नेता विपक्ष का पद लेने की अपील की है. पार्टी के सभी नेता इस पर एकमत हैं. सीडब्ल्यूसी चाहती है कि राहुल गांधी लोकसभा में नेता विपक्ष बनें."

    "लोकसभा चुनाव में हमने किसानों, महिलाओं, सामाजिक न्याय, महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दे उठाए. लोकसभा में भी इन मुद्दों को उठाए जाने की जरूरत है और इसके लिए राहुल गांधी से बेहतर कोई व्यक्ति नहीं हो सकता है."

    केसी वेणुगोपाल ने कहा, "मजबूत विपक्ष की भूमिका के लिए और संविधान की रक्षा के लिए राहुल गांधी की जरूरत है और उनके नेतृत्व में ही यह लड़ाई आगे बढ़ सकती है."

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    कांग्रेस पार्टी ने लोकसभा चुनाव में 99 सीटों पर जीत दर्ज की है. लोकसभा चुनाव में दूसरी सबसे बड़ी पार्टी होने के चलते कांग्रेस को 10 साल बाद लोकसभा में नेता विपक्ष का पद मिलेगा.

  11. सपा के तीसरी सबसे बड़ी पार्टी बनने पर अखिलेश यादव क्या बोले

    अखिलेश यादव

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, अखिलेश यादव

    समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव का कहना है कि सपा के देश की तीसरे सबसे बड़ी पार्टी बनने के साथ उनकी जिम्मेदारी बढ़ गई है.

    अखिलेश यादव ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "समाजवादी पार्टी देश की तीसरे नंबर की पार्टी बन गई है. पार्टी को बड़े पैमाने पर जनता का समर्थन मिला है. समाजवादी पार्टी की जिम्मेदारी बढ़ गई है."

    "हमारी प्राथमिकता जनता के मुद्दों को संसद में उठाना रहेगी. हम जनता के लिए काम करेंगे."

    अखिलेश यादव ने कहा, "नकारात्मक राजनीति खत्म हो गई है. सकारात्मक राजनीति का दौर शुरू हो गया है."

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी 2024 लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की 80 में से 37 सीटों पर जीत दर्ज करने में कामयाब रही है. पिछले लोकसभा चुनाव में एसपी को महज 5 सीटों पर ही जीत मिली थी.

    अखिलेश यादव की सपा इंडिया गठबंधन का हिस्सा है और इंडिया गठबंधन ने देशभर में 234 सीटों पर जीत दर्ज की है.

  12. ओडिशा में चुनावी हार पर क्या बोले नवीन पटनायक

    नवीन पटनायक

    इमेज स्रोत, Getty Images

    ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने अपनी पार्टी बीजू जनता दल की हार पर प्रतिक्रिया दी है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ नवीन पटनायक ने कहा- "लोकतंत्र में जीत या हार जनता के हाथ में होती है. या तो आप जीतते हैं या हारते हैं. इसलिए लंबे समय के बाद हारने पर लोगों के फ़ैसले को गरिमा के साथ स्वीकार करना चाहिए.’’

    ओडिशा में बीजू जनता दल लोकसभा और विधानसभा चुनाव दोनों में हार गई. यहां बीजेपी ने न केवल राज्य की 21 में से 20 लोकसभा सीटें जीतीं, बल्कि विधानसभा चुनाव में भी बीजू जनता दल को पछाड़ कर राज्य के 147 में से 78 सीट ले गई, जो सरकार बनाने के लिए आवश्यक 74 सीटों से चार सीट अधिक थी.

    बीजू जनता दल को केवल 51 सीटें मिलीं जबकि कांग्रेस को 14, निर्दलीय को तीन और सीपीएम को एक.

    पिछली बार लोकसभा चुनाव में 12 सीटें जीतने वाली बीजेडी का इस बार पूरी तरह से पत्ता साफ़ हो गया. न केवल नवीन की पार्टी चुनाव बुरी तरह से हारी, बल्कि खुद नवीन को भी अपने 27 साल के लंबे और अविश्वसनीय रूप से सफल राजनीतिक करियर में पहली बार हार का मुंह देखना पड़ा.

    पिछली बार की तरह इस बार भी वे दो सीटों से चुनाव लड़ रहे थे. अपने पारंपरिक चुनाव क्षेत्र हिंजलि से तो वो 4,636 वोटों से जीत गए, लेकिन कांटाबांजी सीट पर उन्हें बीजेपी के लक्ष्मण बाग ने 16,344 वोटों से हरा दिया.

  13. कंगना को थप्पड़ मारने की घटना पर उनसे चुनाव हारे नेता क्या बोले

    हिमाचल प्रदेश

    इमेज स्रोत, KANGANARANAUTTEAM/ANI

    बॉलीवुड अभिनेत्री और हिमाचल प्रदेश की मंडी से नवनिर्वाचित बीजेपी सांसद कंगना रनौत को एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ की महिला सुरक्षाकर्मी की ओर से थप्पड़ मारे जाने की घटना पर उनसे चुनाव हारे कांग्रेस के विक्रमादित्य सिंह ने अपनी प्रतिक्रिया दी है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ कांग्रेस नेता विक्रमादित्य सिंह ने कहा है कि वो ऐसी घटना का समर्थन नहीं करते.

    उन्होंने कहा, "हमारी किसानों से भी सहानुभूति है. लेकिन किसी पर खास कर किसी महिला पर हमला करना सही नहीं है. अगर आपकी शिकायतें हैं तो उसे सुलझाने के लिए संवैधानिक तरीके हैं. लेकिन किसी पर हमला करना सही नहीं है. कंगना को थप्पड़ मारने वाली महिला सुरक्षाकर्मी के ख़िलाफ़ जांच और कार्रवाई का हम स्वागत करते हैं.’’

    कंगना रनौत को गुरुवार के दिन मोहाली एयरपोर्ट पर सीएआईएसफ़ की महिला कॉन्स्टेबल ने थप्पड़ा मारा था

    कंगना गुरुवार को एनडीए की बैठक में शामिल होने नई दिल्ली आ रही थीं.

    उन्हें थप्पड़ मारने वाली कुलविंदर कौर नाम की महिला का कहना था कि कंगना ने किसान आंदोलन के दौरान जो बयान दिया था उससे वो नाराज़ हैं.

    इस घटना के बाद सीआईएसएफ़ ने कुलविंदर कौर को निलंबित कर दिया था ही मामले की जांच शुरू कर दी थी.

  14. राहुल गांधी विपक्ष के नेता बनेंगे या नहीं, इस सीनियर कांग्रेस नेता ने क्या बताया

    राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    कांग्रेस की विस्तारित कार्यसमिति की आज बैठक हो रही है. इसमें 2024 के लोकसभा चुनावों के नतीजों और कांग्रेस के आगे की रणनीति पर चर्चा होगी.

    दोपहर एक बजे शुरू होने वाली इस बैठक की अध्यक्षता पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे करेंगे.

    कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने बैठक के एजेंडे को सोशल मीडिया पर शेयर किया है.

    वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला ने कहा कि बैठक में चुनाव नतीजों पर चर्चा होगी.

    उनसे पूछा गया कि क्या राहुल गांधी संसद में विपक्ष के नेता बनेंगे क्योंकि पार्टी के कई सांसद मांग कर रहे हैं कि राहुल गांधी को ये ज़िम्मेदारी उठानी चाहिए.

    इस पर शुक्ला ने कहा, "ये राहुल गांधी पर निर्भर करता है. लेकिन हम चाहते हैं कि वो संसद में इस पद को संभालें. ये सरकार कमज़ोर है. बीजेपी की सरकार गठबंधन की है. बीजेपी को स्पष्ट जनादेश नहीं मिला है. ऐसी सरकार के पास कई मजबूरियां होती हैं. जनता ने मज़बूत विपक्ष दिया है जो अपनी ज़िम्मेदारी संभालेंगे.''

  15. पीएम मोदी का शपथ ग्रहण समारोह कल, पड़ोसी देशों के ये नेता रहेंगे मौजूद

    नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    लोकसभा चुनाव में एनडीए की 292 सीटों पर जीत के साथ ही नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के लिए तैयार हैं.

    9 जून को नरेंद्र मोदी और सरकार की मंत्री परिषद के कुछ सदस्य शपथ लेंगे.

    शपथ ग्रहण समारोह में कई देशों के प्रमुख बुलाए गए हैं. जिन पड़ोसी देशों के शासन प्रमुखों को बुलाया गया है उनमें बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना, श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे, भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग टोबगे,सेशेल्स के उपराष्ट्रपति अहमद अफीफ, नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्पकमल दाहाल प्रचंड, मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद जगन्नाथ और मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज़्ज़ू शामिल हैं.

    केंद्र सरकार की विज्ञप्ति के मुताबिक़ शपथ ग्रहण समारोह में शिरकत करने वाले विदेशी नेताओं को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति भवन में रात्रि भोज देंगी.

    विज्ञप्ति में कहा गया है कि पड़ोसी देशों के नेताओं को भारत की ‘नेबरहुड पॉलिसी’ और ‘सागर’ विजन के तहत बुलाया गया है

  16. टी-20 वर्ल्ड कप में एक और रोमांचक मैच, बांग्लादेश ने श्रीलंका को दो विकेट से हराया

    टी-20 वर्ल्ड कप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    टी-20 वर्ल्ड कप के एक और रोमांचक मुक़ाबले में बांग्लादेश ने श्रीलंका को दो विकेट से हरा दिया है.

    शनिवार को हुए इस मुक़ाबले में श्रीलंका ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए बांग्लादेश को 125 रनों का लक्ष्य दिया था. लेकिन बाद में बल्लेबाज़ी करने उतरी बांग्लादेश की टीम के बल्लेबाज़ जल्दी-जल्दी आउट होते रहे और मैच रोमांचक हो गया.

    बांग्लादेश को इस मोड़ पर उसके बल्लेबाज़ तौहिद हृदय ने संभाला. उन्होंने 20 गेंदों पर 40 रनों की पारी खेल कर अपनी टीम की मैच में वापसी करा दी.

    बांग्लादेश ने दो विकेट बाकी रहते जीत का लक्ष्य पूरा कर लिया

    तौहिद के अलावा लिटन दास ने 36 रनों की अहम पारी खेली. श्रीलंका के लिए तेज़ गेंदबाज़ नुआन तुशारा ने चार विकेट लिए.

    वहीं, बांग्लादेश के लिए रिशद हुसैन और मुस्तफ़िज़ुर रहमान ने तीन-तीन विकेट लिए.

  17. अपोलो 8 मिशन के चर्चित अंतरिक्ष यात्री बिल एंडर्स की प्लेन क्रैश में मौत

    बिल एंडर्स

    इमेज स्रोत, Getty Images

    अपोलो 8 के अंतरिक्ष यात्री बिल एंडर्स का निधन हो गया है. वह 90 साल के थे. एंडर्स को बाहरी अंतरिक्ष की सबसे चर्चित तस्वीरों में से एक को खींचने का श्रेय दिया जाता है.

    अधिकारियों ने बताया कि एंडर्स का विमान उस वक़्त क्रैश हो गया जब वो वॉशिंगटन में उत्तरी सिएटल के ऊपर उड़ रहा था.

    एंडर्स के बेटे ग्रेग ने इस बात की पुष्टि की कि उनके पिता छोटे विमान में सवार थे. उनका शव शुक्रवार को बरामद हुआ.

    परिवार की ओर से जारी बयान में कहा गया है, "हम भारी सदमे में हैं. वो महान पायलट थे. वे हमेशा याद आएंगे.’’

    अपोलो मिशन

    इमेज स्रोत, NASA

    अमेरिका के अपोलो मिशन में ल्युनर मॉड्यूल पायलट एंडर्स अंतरिक्ष से पृथ्वी की सबसे चर्चित तस्वीरों से एक को अपने कैमरे में कैद किया था. इसे बाहरी अंतरिक्ष में ली गई सबसे प्रेरक और यादगार तस्वीर माना जाता है.

    1968 में क्रिसमस से एक दिन पहले लॉन्च हुआ अपोलो मिशन चांद पर पहुंचने वाला पहला मिशन था. एंडर्स की तस्वीर में चांद अपनी बंजर सतह से क्षितिज के ऊपर उठता नज़र आ रहा है.

    एंडर्स ने बाद में अपनी इस तस्वीर को अंतरिक्ष कार्यक्रम में दिए गए अपने सबसे अहम योगदान में से एक क़रार दिया था.

  18. इंडिया गठबंधन छोड़ने को लेकर क्या बोले हनुमान बेनीवाल, क्यों हैं नाराज़

    हनुमान बेनीवाल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, हनुमान बेनीवाल (फाइल फोटो)

    राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के नेता और राजस्थान की नागौर सीट से लोकसभा के लिए चुने गए हनुमान बेनीवाल ने विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया की बैठक में न बुलाए जाने पर नाराज़गी जताई है.

    उन्होंने कहा कि उन्हें गठबंधन की बैठक में न तो चुनाव नतीजों के पहले बुलाया गया और न बाद में.

    उन्होंने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, "मुझे न तो चुनाव नतीजों से पहले बुलाया गया और न बाद में. जब दक्षिण की छोटी पार्टी को बुलाया जा सकता है तो मुझे क्यों नहीं.’’

    बेनीवाल ने कहा कि जब उन्होंने इस बारे में कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे से बात की तो उन्होंने कहा कि पार्टी से चूक हुई है.

    बेनीवाल ने कहा कि वो इसके बावजूद एनडीए में नहीं जाएंगे, वो इंडिया गठबंधन में बने रहेंगे.

    बेनीवाल ने नागौर सीट पर बीजेपी की उम्मीदवार और कांग्रेस की पूर्व सांसद ज्योति मिर्धा को 42,225 वोटों से हराया है.

  19. ब्रेकिंग न्यूज़, टी-20 वर्ल्ड कप में अफ़ग़ानिस्तान की बड़ी जीत, न्यूज़ीलैंड को 84 रनों से हराया

    गेंदबाज़

    इमेज स्रोत, Getty Images

    टी-20 वर्ल्ड कप में बड़े उलटफेर देखने को मिल रहे हैं. अफ़ग़ानिस्तान ने न्यूज़ीलैंड को 84 रनों से हरा दिया है.

    न्यूज़ीलैंड को जीत के लिए 160 रन बनाने थे लेकिन वो 75 रनों पर ही ऑलआउट हो गई.

    न्यूज़ीलैंड के कप्तान केन विलियम्सन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला किया था. इसके बाद अफ़ग़ानिस्तान ने 6 विकेट खोकर 159 रन बनाए थे.

    अफ़ग़ानिस्तान की ओर से रहमानुल्लाह गुरबाज़ ने 80 रन और इब्राहिम ज़दरान ने 44 रन की पारी खेली.

    वहीं 160 रन का लक्ष्य पाने उतरी न्यूज़ीलैंड 15.2 ओवरों में 75 रन पर ढेर हो गई.

    अफ़ग़ानिस्तान की ओर से फ़ज़लहक़ फ़ारूक़ी और राशिद ख़ान ने 4-4 विकेट लिए जबकि मोहम्मद नबी ने 2 विकेट लिए.

  20. ईटीवी नेटवर्क और रामोजी फ़िल्म सिटी के मालिक रामोजी राव का निधन

    रामोजी राव

    इमेज स्रोत, FACEBOOK/RAMOJI RAO

    ईटीवी नेटवर्क और रामोजी फ़िल्म सिटी के प्रमुख रामोजीराव का निधन हो गया है. वो 87 वर्ष के थे. वो बीमार चल रहे थे.

    हैदराबाद में इलाज के दौरान उनका निधन हो गया. शनिवार की सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली.

    हाई ब्लड प्रेशर और सांस लेने में तकलीफ़ की शिकायत के बाद उन्हें 5 जून को हैदराबाद के स्टार हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था.

    वरिष्ठ बीजेपी नेता जी. किशन रेड्डी ने उनके निधन पर शोक जताते हुए लिखा है कि तेलुगू मीडिया में उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें याद किया जाएगा.

    उन्होंने पत्रकारिता में उनके योगदान को भी याद किया.

    रामोजीराव का जन्म 1936 में कृष्णा ज़िले के पेडापारुपुडी में हुआ था. उनके माता-पिता ने उनका नाम रामय्या रखा था, जिसे बाद में उन्होंने बदल कर रामोजी राव कर लिया था.