राहुल गांधी के ख़िलाफ़ शिकायत करने वाले को सुरक्षा देने के लिए इलाहाबाद हाई कोर्ट ने दिया आदेश

इमेज स्रोत, ANI
इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ बेंच ने गुरुवार को केंद्र सरकार को निर्देश दिया कि वह तुरंत केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों से एक पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर राहुल गांधी के ख़िलाफ़ शिकायत दर्ज कराने वाले व्यक्ति को उपलब्ध कराए.
लाइव लॉ के मुताबिक़, शिकायत करने वाले व्यक्ति ने दावा किया है कि वह कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के ख़िलाफ़ कई मामले दायर करने और उनकी नागरिकता पर सवाल उठाने के कारण लगातार ख़तरे में है.
यह आदेश न्यायमूर्ति संगीता चंद्रा और न्यायमूर्ति बृज राज सिंह की खंडपीठ ने एस विग्नेश शिशिर की याचिका पर सुनवाई के दौरान दिया.
शिशिर का कहना है कि वह भारतीय जनता पार्टी के कर्नाटक स्टेट विंग से जुड़े हैं.
लाइव लॉ के मुताबिक़, शिशिर ने राहुल गांधी की नागरिकता को लेकर इलाहाबाद हाई कोर्ट में कई जनहित याचिकाएं दायर की हैं.
शिशिर ने कहा है कि उन्होंने जून 2024 में लखनऊ में सीबीआई की स्पेशल क्राइम ब्रांच में राहुल गांधी के ख़िलाफ़ शिकायत दर्ज कराई थी, जिसे बाद में एंटी-करप्शन-II ब्रांच, नई दिल्ली को ट्रांसफर कर दिया गया.
इस शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ब्रिटिश नागरिक हैं और चुनाव लड़ते समय उन्होंने इस तथ्य को छुपाया.



