राजस्थान: उदयपुर में छात्रों की लड़ाई ने तूल पकड़ा, तनाव के बीच निषेधाज्ञा लागू

उदयपुर में शुक्रवार सुबह एक सरकारी स्कूल के दो नाबालिग छात्रों के बीच हुए विवाद से शहर में तनाव फैल गया.

सारांश

  • जम्मू कश्मीर में तीन चरणों में- 18 सितम्बर, 25 सितम्बर और एक अक्तूबर को मतदान होगा.
  • राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार: अभिनेता ऋषभ शेट्टी को उनकी फिल्म कांतारा के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार दिया गया है.
  • पाकिस्तान में एमपॉक्स संक्रमण का पहला मामला सामने आया है.
  • थाईलैंड की संसद ने 37 वर्षीय पाएटोंगटार्न चिनावाट को चुना देश का नया प्रधानमंत्री.
  • अफ़्रीका के बाहर मिला पहला एमपॉक्स का केस

लाइव कवरेज

सौरभ यादव

  1. चुनाव आयोग आज दोपहर करेगा विधानसभा चुनाव की तारीख़ों का एलान

    चीफ़ इलेक्शन कमीश्नर राजीव कुमार (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, चीफ़ इलेक्शन कमीश्नर राजीव कुमार (फ़ाइल फ़ोटो)

    चुनाव आयोग आज दोपहर अलग-अलग राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव की तारीख़ों का एलान करेगा.

    इस साल हरियाणा, महाराष्ट्र, झारखंड और जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव होने हैं.

    हालांकि चुनाव आयोग ने यह नहीं बताया है कि किन राज्यों के विधानसभा चुनावों की तारीख़ का एलान किया जाएगा.

    हरियाणा और महाराष्ट्र की विधानसभा का कार्यकाल 3 नवंबर और 26 नवंबर को ख़त्म हो रहा है.

    वहीं चुनाव आयोग ने जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव 30 सितंबर से पहले कराने की योजना बनाई है. यह समय सीमा सुप्रीम कोर्ट ने निर्धारित की है.

  2. कोलकाता रेप केस: आरजी कर अस्पताल में हमला करने के आरोप में 19 लोग गिरफ्तार, पुलिस ने क्या कहा

    कोलकाता में प्रदर्शन करती छात्राएं

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, कोलकाता में प्रदर्शन करती छात्राएं

    कोलकाता पुलिस ने 14 और 15 अगस्त की दरम्यानी रात आरजी कर अस्पताल में हमला करने के आरोप में 19 लोगों को गिरफ़्तार किया है.

    कोलकाता पुलिस ने एक एक्स पोस्ट के जरिए यह जानकारी दी है. अपने ट्वीट में पुलिस ने लिखा, “आरजी कर अस्पताल में तोड़फोड़ के मामले में अब तक 19 गिरफ़्तारियां हुई हैं. इनमें से पांच की पहचान सोशल मीडिया फीडबैक के आधार पर की गई.”

    पुलिस ने लिखा कि अगर आप किसी संदिग्ध को पहचानते हैं तो कृपया हमें सूचित करें.

    कोलकाता में आर जी कर मेडिकल कॉलेज की एक ट्रेनी के साथ रेप और हत्या के मामले में देशभर में डॉक्टरों और छात्रों का प्रदर्शन जारी है.

    कोलकाता में भी प्रदर्शन के दौरान ही 14 और 15 अगस्त की दरम्यानी रात जब डॉक्टर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे, तब एक अज्ञात भीड़ ने अस्पताल परिसर में प्रवेश कर प्रदर्शन स्थल, वाहनों और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया.

    सोशल मीडिया पर ऐसे दावे किए जा रहे थे कि भीड़ के हमले में रेप, मर्डर वाली जगह पर भी तोड़-फोड़ की गई.

    हालांकि उस समय कोलकाता पुलिस ने ऐसे दावों को गलत बताते हुए कहा था कि अपराध सेमिनार रूम में हुआ था और उसको किसी ने हाथ नहीं लगाया है. झूठी ख़बरें ना फैलाएं. अफवाह फैलाने वालों के ख़िलाफ़ क़ानूनी कार्रवाई की जाएगी.

  3. अफ़्रीका के बाहर दर्ज़ किया गया एमपॉक्स संक्रमण का पहला मामला

    मंकीपॉक्स संक्रमण

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, मंकीपॉक्स संक्रमण

    स्वीडन की सार्वजनिक स्वास्थ्य एजेंसी ने अफ़्रीका के बाहर एमपॉक्स का पहला मामला दर्ज़ किया है.

    स्वीडिश एजेंसी का कहना है कि संक्रमित व्यक्ति, अफ़्रीका में रहने के दौरान ही एमपॉक्स की चपेट में आया था.

    विश्व स्वास्थ्य संगठन ने अफ़्रीका के कुछ हिस्सों में फैल रही एमपॉक्स बीमारी के चलते सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल का एलान किया है.

    संगठन ने इस बीमारी को अंतरराष्ट्रीय चिंता का विषय भी बताया है.

    स्वीडन की सार्वजनिक स्वास्थ्य एजेंसी के कार्यकारी प्रमुख ओलिविया विग्ज़ेल के मुताबिक़ संक्रमित व्यक्ति ने कहा था कि उसका इलाज स्टॉकहोम में किया जाए, जिससे कि दूसरे लोगों के लिए इस संक्रमण के ख़तरे को कम किया जा सके.

    डब्ल्यूएचओ के प्रमुख टेड्रोस एडनॉम घेब्रेयेसस ने अफ़्रीका और उसके बाहर इस बीमारी के फ़ैलने की आशंकाओं पर अपनी चिंता ज़ाहिर की थी.

    एमपॉक्स एक संक्रामक बीमारी है, जिसे पहले मंकीपॉक्स के नाम से भी जाना जाता था. अफ़्रीकी देश कॉन्गो में इस बीमारी के शुरुआती दौर में ही 450 से भी ज़्यादा लोगों की जान जा चुकी है.

  4. इसराइली बस्तियों में रहने वालों ने वेस्ट बैंक के एक गांव पर किया हमला, जारोस्लाव लुकिव बीबीसी न्यूज़ लंदन

    इसराइली बस्तियों में रहने वालों ने वेस्ट बैंक के इस गांव पर किया हमला

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, इसराइली बस्तियों में रहने वालों ने वेस्ट बैंक के इस गांव पर किया हमला

    इसराइली बस्तियों में रहने वाले लोगों ने वेस्ट बैंक के एक गांव के घरों और कारों में आग लगा दी.

    फ़लस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि इस घटना में एक व्यक्ति की जान गई है वहीं एक व्यक्ति घायल भी हुआ है जिसे सीने में गंभीर चोटें आईं हैं.

    आगज़नी को अंज़ाम देने वाले इसराइली बस्ती के लोगों में से कुछ ने मास्क पहन रखे थे.

    इसराइल रक्षा बल (आईडीएफ) ने बताया कि गुरुवार शाम को नेबलस शहर के पास स्थित जिट गांव पर हमला करने वाले लोगों ने पथराव भी किया था.

    इसराइली नेताओं ने इस हमले की निंदा की है. साथ ही अपराधियों को सज़ा देने का वादा भी किया है.

    इसराइली रक्षा बल ने बताया कि हमला करने वाले एक व्यक्ति को हिरासत में भी ले लिया गया है.

  5. यूक्रेन ने रूस में बना लिया सैन्य दफ़्तर

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की

    यूक्रेन ने रूस के पश्चिमी कुर्क्स इलाक़े में अपना सैन्य प्रशासनिक ऑफ़िस बना लिया है. यूक्रेन के शीर्ष कमांडर ओलेक्सांद्र सिर्स्की ने कहा कि इसी ठिकाने से वे रूस पर हमला जारी रखे हुए हैं.

    ओलेक्सांद्र सिर्स्की के मुताबिक़ पश्चिमी कुर्क्स इलाक़े में खुला यह ऑफ़िस क़ानून व्यवस्था को बनाए रखेगा और लोगों की तत्काल ज़रूरतों को पूरा करेगा.

    सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में जनरल सिर्स्की को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि यह ऑफ़िस उस इलाक़े में बनाया गया है जहां पर यूक्रेन का नियंत्रण है. यह बैठक यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की की अध्यक्षता में आयोजित की गई थी.

    वहीं रूसी रक्षा मंत्री आंद्रेई बेलौसोव ने यूक्रेन के इस क़दम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हम कुर्क्स क्षेत्र के लोगों की सुरक्षा के लिए ज़रूरी क़दम उठाएंगे.

    यूक्रेन ने गुरुवार को रूसी इलाक़ों में बढ़त हासिल करने का दावा भी किया. जनरल सिर्स्की के मुताबिक़ यूक्रेनी सैनिक कुर्क्स क्षेत्र में 35 किमी तक अंदर घुस चुके हैं. वे 82 बस्तियों सहित, 1,150 वर्ग किमी क्षेत्र पर अपना कब्ज़ा जमा चुके हैं.

    यूक्रेन का यह अभी तक रूस पर सबसे ख़तरनाक हमला है. लेकिन यूक्रेन का कहना है कि उनकी दिलचस्पी रूसी इलाक़ों पर कब्ज़ा करने की नहीं है.

    यूक्रेनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता हिओरही टाइखी ने बुधवार को बयान दिया था कि यह घुसपैठ रूस पर शांति बहाल के लिए दबाव बनाने की कोशिशों का हिस्सा है.

  6. नमस्कार

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. 15 अगस्त की ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.