पाकिस्तान में टिकटॉक वीडियो को लेकर पिता ने बेटी को मारी गोली

पाकिस्तान के क्वेटा शहर में एक शख़्स ने गोली मारकर अपनी बेटी की हत्या कर दी.

सारांश

लाइव कवरेज

संदीप राय, चंदन कुमार जजवाड़े

  1. मुकेश चंद्राकर की हत्या के मामले में एसआईटी ने अभियुक्त सुरेश चंद्राकर को गिरफ़्तार किया, विष्णुकांत तिवारी, बीबीसी संवाददाता

    मुकेश चंद्राकर

    इमेज स्रोत, ALok Prakash Putul/ Vishnukant Tiwari

    इमेज कैप्शन, मुकेश चंद्राकर (बाएं), सुरेश चंद्राकर (फ़ाइल फ़ोटो)

    पत्रकार मुकेश चंद्राकर की हत्या के मुख्य अभियुक्त सुरेश चंद्राकर को छत्तीसगढ़ पुलिस की एसआईटी ने रविवार को हैदराबाद से गिरफ़्तार किया है.

    33 वर्षीय मुकेश चंद्राकर एक जनवरी की रात से ही अपने घर से लापता हो गए थे. बाद में उनका शव एक सेप्टिक टैंक से बरामद किया गया था.

    इस मामले में पुलिस तीन जनवरी को सुरेश चंद्राकर के दो भाई रितेश चंद्राकर और दिनेश चंद्राकर समेत एक सुपरवाइज़र महेंद्र रामटेके को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही थी.

    सुरेश चंद्राकर

    इमेज स्रोत, Vishnukant Tiwari

    इमेज कैप्शन, मुकेश चंद्राकर हत्याकांड के प्रमुख अभियुक्त सुरेश चंद्राकर

    दरअसल दिसंबर में पत्रकार मुकेश चंद्राकर ने माओवाद प्रभावित इलाकों में सड़क निर्माण में हो रहे कथित भ्रष्टाचार पर एक ख़बर चलाई थी.

    इस ख़बर के बाद राज्य सरकार ने सड़क निर्माण के उस ठेके पर जांच बैठाई थी.

    एक जनवरी की शाम पत्रकार मुकेश चंद्राकर को उनके दूर के भाई रितेश चंद्राकर ने अपने घर खाने के लिए बुलाया था.

    बस्तर पुलिस ने 4 जनवरी को पत्रकारों को बताया कि खाना खाने के दौरान ही रितेश और मुकेश में बहस हुई और उसके बाद मुकेश की हत्या कर दी गई.

    छत्तीसगढ़ के बस्तर में हुई इस हत्या के बाद देशभर में यह घटना चर्चा का केंद्र बनी हुई है. माओवाद प्रभावित बस्तर में पत्रकारिता की चुनौतियों के बीच इस घटना पर देशभर के पत्रकारों ने प्रतिक्रिया भी दी.

    वरिष्ठ पत्रकार आलोक प्रकाश पुतुल के मुताबिक़, बस्तर में माओवादियों की ओर से अपह्रत पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों की रिहाई में मुकेश ने कई बार महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी.

  2. गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड: फॉरेन फ़िल्म के बाद बेस्ट डायरेक्टर का अवॉर्ड भी चूकीं पायल कपाड़िया

    पायल कपाड़िया

    इमेज स्रोत, ETIENNE LAURENT/AFP via Getty Images

    फ़िल्म निर्देशक पायल कपाड़िया की फ़िल्म 'ऑल वी इमेजिन ऐज लाइट'82वें गोल्डन ग्लोब पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ (गैर-अंग्रेजी) मोशन पिक्चर श्रेणी में अवॉर्ड पाने से चूक गई है.

    इस श्रेणी में फ्रांस की एमिलिया पेरेज़ की फ़िल्म को अवॉर्ड मिला.

    कपाड़िया की पहली फ़िल्म को 82वें गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड में दो श्रेणियों में नॉमिनेट किया गया है.

    पायल कपाड़िया

    पायल कपाड़िया पहली भारतीय फिल्म निर्देशक हैं, जिन्हें बेस्ट डायरेक्टर अवॉर्ड के लिए नॉमिनेशन मिला है, अभी इसपर फ़ैसला नहीं हुआ है.

    इससे पहले, पायल कपाड़िया की फ़िल्म को कान फ़िल्म समारोह में भी अवॉर्ड मिल चुका है

    गोल्डन ग्लोब अवार्ड समारोह की शुरुआत अमेरिका के लॉस एंजिलस में भारत के समयानुसार सोमवार सुबह को हुई.

  3. हमास 34 बंधकों की रिहाई के लिए तैयार, इसराइल के साथ समझौते पर बातचीत जारी

    इसराइल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इसराइली बंधकों को रिहाई के लिए तेल अवीव में लंबे समय से प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू के ख़िलाफ़ धरना प्रदर्शन हो रहा है.

    ग़ज़ा संघर्ष विराम समझौते के तहत पहले चरण में 34 बंधकों को रिहा करने पर हमास सहमत हो गया है.

    बीबीसी संवाददाता जोनाह फ़िशर के मुताबिक़, हमास के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बीबीसी के साथ 34 बंधकों की एक सूची साझा की है.

    इसके साथ ही अधिकारी ने कहा कि इसराइल के साथ संभावित समझौते के तहत पहले चरण में 34 बंधकों को रिहा करने पर वे सहमत हो गए हैं.

    अभी ये स्पष्ट नहीं है कि इनमें कितने बंधक ज़िंदा हैं.

    सूची में दिए गए नामों में दस महिलाएं और 50 से 85 साल के 11 बंधक हैं और कुछ युवा हैं, जिनके बारे में इससे पहले हमास ने दावा किया था कि वे इसराइल के हवाई हमले में मारे गए.

    हमास ने कहा है कि सूची में दिए गए नामों में कई बंधक बीमार हैं.

    हालांकि इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू के कार्यालय ने कहा कि हमास की ओर से बंधकों की सूची अभी तक उपलब्ध नहीं कराई गई है.

    इससे पहले इसराइल ने कहा था कि संघर्ष विराम और बंधकों की रिहाई के समझौते पर क़तर में फिर से बातचीत शुरू हो गई है.

    एक बार फिर संघर्ष विराम को लेकर बातचीत शुरू करने का ऐलान ऐसे वक्त किया गया है कि जब इसराइल ने ग़ज़ा पट्टी पर हमले बढ़ा दिए हैं.

    रविवार को ग़ज़ा में संचालित स्वास्थ्य एजेंसी का कहना है कि बीते 24 घंटों में हुए हमलों में 88 लोगों की जान गई है.

    इधर रविवार को इसराइली सेना ने कहा है कि उसने बीते दो दिनों में ग़ज़ा पट्टी पर 100 से अधिक "आतंकी ठिकानों" पर हमला किया है और "हमास के दर्जनों आतंकियों को ख़त्म कर दिया है."

  4. बर्फ़ीले तूफ़ान की चेपट में अमेरिका, सात राज्यों में इमरजेंसी की घोषणा

    बर्फीला तूफ़ान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिका बीते एक दशक के सबसे भीषण बर्फीले तूफ़ान का सामना कर रहा है.

    अमेरिका में भीषण बर्फ़ीले तूफ़ान के कारण क़रीब 6 करोड़ लोग प्रभावित हुए हैं और कई प्रांतों में इमरजेंसी घोषित कर दी गई है.

    केंटकी, वर्जीनिया, वेस्ट वर्जीनिया, कैनसास, अरकनसां , न्यूजर्सी और मिसूरी समेत कई राज्यों ने इमरजेंसी घोषित की है.

    इन राज्यों के लगभग सभी हाईवे पर बर्फ जमा होने के कारण इन्हें बंद कर दिया गया है. प्रशासन ने सड़क मार्ग का इस्तेमाल न करने की चेतावनी दी है. हज़ारों उड़ानों को रद्द करना पड़ा है और स्कूलों को बंद कर दिया गया है.

    बर्फीला तूफ़ान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, तूफ़ान के कारण अमेरिका में जन जीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है. सैकड़ों उड़ानें प्रभावित हुई हैं, सड़क मार्ग बंद हो गए हैं.

    भारी बर्फबारी और न्यूनतम तापमान का बीते एक दशक का रिकॉर्ड टूट गया है.

    कैनसास और मिसूरी अभी सबसे अधिक प्रभावित हैं. यहां कुछ इलाकों में रविवार को दोपहर बाद से 10 इंच तक बर्फबारी हुई है.

    कैनसास के अधिकारी ब्रायन प्लाट ने कहा, “पिछले 32 सालों में मैंने 10 इंच से अधिक बर्फबारी नहीं देखी है.”

    बर्फीला तूफ़ान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, बीते एक दशक में सबसे अधिक बर्फबारी और न्यूनतम तापमान का रिकॉर्ड टूट गया है.

    मौसम विभाग के अनुसार, देश के मध्य से लेकर पूर्वी तट के लगभग 30 अमेरिकी राज्यों में हालात गंभीर होने की आशंका है.

    मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि ख़राब मौसम का कारण ध्रुवीय भंवर (आर्कटिक के चारो ओर ठंडी हवाओं का बहाव) है.

    बर्फीला तूफ़ान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, सोमवार से हालात सुधरने की उम्मीद जताई जा रही है.

    वॉशिंगटन डीसी और फ़िलाडेल्फिया समेत कई बड़े शहरों के भारी बर्फबारी की चपेट में आने की आशंका है.

    मौसम विभाग ने कहा है कि सोमवार से खराब मौसम से राहत मिलने की उम्मीद है.

    बर्फीला तूफ़ान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, कुछ इलाक़ों में 10 इंच से अधिक बर्फबारी हुई है
    बर्फीला तूफ़ान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, बर्फबारी के कारण कई दुर्घटनाएं होने की भी ख़बर है.
  5. बीपीएससी परीक्षा: धरने पर बैठे प्रशांत किशोर को पुलिस ने तड़के हिरासत में लिया

    प्रशांत किशोर

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, प्रशांत किशोर पटना के गांधी मैदान में बीते चार दिनों से आमरण अनशन पर थे.

    पटना के गांधी मैदान में बीपीएससी अभ्यर्थियों के समर्थन में आमरण अनशन पर बैठे प्रशांत किशोर को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, सोमवार तड़के पटना पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया. इस दौरान वह और उनके साथियों और पुलिस के बीच कुछ देर तक खींचतान भी हुई.

    पटना से बीबीसी संवाददाता सीटू तिवारी ने बताया कि सुबह तकरीबन 4 बजे पुलिस ने प्रशांत किशोर को हिरासत में लिया है.

    डीपीआरओ लोकेश कुमार झा ने बीबीसी हिंदी को बताया, “प्रशांत किशोर को गिरफ़्तार कर लिया गया है. उनका मेडिकल होगा और कोर्ट में पेश किया जाएगा.”

    जन सुराज पार्टी ने मीडिया को जानकारी दी है कि, "प्रशांत किशोर को पहले पुलिस पटना एम्स की तरफ ले गई थी लेकिन वहां प्रशांत किशोर की जिद के चलते उन्हें नौबतपुर (पटना से सटा एक ग्रामीण इलाका) की तरफ़ ले गई है.”

    हिरासत में लिए जाने से पहले पत्रकारों से बातचीत में प्रशांत किशोर ने अनशन ख़त्म करने से इनकार किया था.

    उन्होंने कहा था, "डॉक्टरों ने अनशन ख़त्म करने की सलाह दी है, यह नेचुरल है. अनशन में क्या दिक्कतें होती हैं, वो हमें पता है. लेकिन अनशन जारी है."

    बीपीएससी परीक्षा को लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करने के बारे में उन्होंने कहा, "हमें इसकी जानकारी नहीं है. जैसा मैंने छात्रों से वादा किया था कि सभी क़ानूनी विकल्प इस्तेमाल किए जाएंगे, इसलिए हम लोग 7 जनवरी को हाईकोर्ट जाएंगे. उससे पहले सुप्रीम कोर्ट में जाने का कोई फ़ायदा नहीं है."

    रविवार को जनसुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर के आमरण अनशन का चौथा दिन था. उन्होंने बीते हफ़्ते गुरुवार को अनशन शुरू किया था.

    धरना स्थल पर वैनिटी वैन को लेकर राजनीतिक बयानबाज़ी भी हुई. बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव और बिहार के मंत्री मंगल पांडे ने वैनिटी वैन पर निशाना साधा था.

    13 दिसंबर को हुई बीपीएससी अभ्यर्थियों की परीक्षा में धांधली के आरोपों के बाद 18 दिसंबर से ही पटना के गर्दनी बाग में परीक्षार्थी आंदोलन कर रहे हैं.

    परीक्षार्थियों की मांग है कि परीक्षा दोबारा कराई जाए, लेकिन पटना के बापू परीक्षा परिसर परीक्षा केंद्र के अभ्यर्थियों का ही दोबारा एग्ज़ाम शनिवार को लिया गया था.

  6. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता संदीप राय दोपहर दो बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    इस समय बीबीसी हिंदी के पन्ने पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें आप नीचे दिए लिंक्स पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.

    - गोल्डन ग्लोब अवार्ड: पायल कपाड़िया की फ़िल्म के साथ-साथ, किन फ़िल्मों और कलाकारों पर होगा फ़ैसला. पूरी ख़बर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    - रूस-यूक्रेन युद्ध इस साल ख़त्म होने की कितनी संभावना, क्या पुतिन और ज़ेलेंस्की के बीच युद्ध विराम पर बन सकती है बात? पूरी ख़बर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    - सिडनी टेस्ट की चौथी पारी में बुमराह की कमी टीम इंडिया को ले डूबी. पूरी ख़बर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    - सीरिया: अहमद अल-शरा के विद्रोही गुट का अपने जिहादी अतीत से नाता तोड़ने का दावा कितना सच? पूरी ख़बर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.