असम के उमरांगशु की एक कोयला खदान में कई मज़दूर फंसे, बचाव अभियान जारी, दिलीप कुमार शर्मा, गुवाहाटी से बीबीसी हिंदी के लिए
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, असम में कोयले की खदान में कई मज़दूरों के फंसे होने की आशंका
असम के दीमा हसाओ ज़िले के उमरांगशु इलाक़े में एक कोयला खदान में कई मजदूरों के फंसे होने की जानकारी सामने आई है.
यह घटना सोमवार सुबह क़रीब 8 बजे की है, जब कुछ मज़दूर खदान के अंदर कोयला निकालने के लिए गए थे.
दीमा हसाओ ज़िले के पुलिस अधीक्षक मयंक कुमार झा ने इस हादसे को लेकर स्थानीय मीडिया से कहा, "कोयला खदान के अंदर कितने मजदूर फंसे है, इसकी सही संख्या अभी तक पता नहीं है."
घटनास्थल के पास मौजूद एक पीड़ित मज़दूर के रिश्तेदार ने बताया कि सुबह से कुछ मज़दूर खदान के अंदर फंसे है. यह हादसा खदान के अंदर अचानक पानी भरने से हुआ है.
दरअसल जिस कोयला खदान में यह हादसा हुआ है, वह क़रीब 300 फीट गहरी खदान बताई जा रही है.
ऐसी जानकारी सामने आई है कि खदान के अंदर क़रीब 100 फीट तक पानी भर जाने से मजदूर बाहर नहीं निकल सके.
इस हादसे पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा है कि उन्होंने राहत और बचाव के अभियान में सेना से सहायता का आग्रह किया है.
उन्होंने लिखा है, "उमरंगशु से एक दुखद ख़बर है, जहां मजदूर कोयला खदान में फंसे हुए हैं. अभी तक सही संख्या और स्थिति का पता नहीं है."
कहा जा रहा है कि घटना के बाद 17 मज़दूर खदान से बाहर निकलने में सफल रहे हैं, जबकि दस से अधिक मजदूर अभी भी फंसे हुए हैं.
दीमा हसाओ जिला प्रशासन के अनुसार होजाई से एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई है.
पटना: प्रशांत किशोर को मिली ज़मानत, जानिए क्या होगा अगला क़दम
इमेज स्रोत, Jansuraj
इमेज कैप्शन, प्रशांत किशोर को पुलिस पटना के बेऊर जेल लेकर गई थी
जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर को ज़मानत मिल गई है. सोमवार शाम चार बजे के क़रीब ही उन्हें पटना के बेऊर जेल भेजा गया था.
बेऊर जेल से बाहर आने के बाद प्रशांत किशोर ने पत्रकारों से बातचीत भी की है. उनका इरादा अनशन को जारी रखने का है और इस मामले को लेकर वो अगले एक-दो दिनों में पटना हाई कोर्ट में अपील करेंगे.
प्रशांत किशोर के वकील कुमार अमित ने कहा है, "उन्हें थाने से ही बेल मिल जाना चाहिए था. न्यायालय में जज ने सशर्त जमानत दी लेकिन हमने फिर से अपनी दलील पेश की और जज ने अपने फैसले को दुरुस्त करते हुए बिना शर्त ज़मानत दी."
दरअसल, दो जनवरी से पटना के प्रतिष्ठित गांधी मैदान में बीपीएससी परीक्षार्थियों के समर्थन में आमरण अनशन पर बैठे प्रशांत किशोर को सोमवार सुबह चार बजे पटना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था.
गिरफ़्तारी के बाद उन्हें पटना सिविल कोर्ट में पेश किया गया.
एसडीजेएम कोर्ट ने उन्हें सशर्त ज़मानत दी थी. उन्हें 25 हज़ार रुपये के निजी मुचलके और भविष्य में ऐसा कोई धरना प्रदर्शन नहीं करने का बेल बॉन्ड भरने को कहा गया था.
प्रशांत किशोर ने ऐसा करने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद उन्हें बेऊर जेल भेज दिया गया था.
लेकिन शाम 7 बजे उन्हें बिना शर्त के ज़मानत मिल गई.
ब्रिटिश प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर ने एलन मस्क के हमलों का दिया जवाब
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, किएर स्टार्मर ने किसी का नाम लिए बगैर मस्क के हमलों का जवाब दिया है
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर ने एलन मस्क के ब्रिटिश सरकार पर किए गए हमलों का जवाब दिया है.
पत्रकारों के सवाल के जवाब में उन्होंने एलन मस्क का नाम लिए बिना मंत्री जेस फिलिप्स का बचाव किया. उन्होंने कहा कि जेस ने अपने आलोचकों के मुकाबले पीड़ितों के लिए हज़ार गुना ज़्यादा काम किया है.
उन्होंने कहा कि जो लोग बच्चों के यौन शोषण के आरोपों पर कार्रवाई नहीं होने की बात कर रहे हैं, वो पब्लिक प्रॉसिक्यूशन के डायरेक्टर के रूप में उनका रिकॉर्ड देख सकते हैं.
पीएम स्टार्मर ने कहा, "मैंने सिस्टम बदला क्योंकि मैं देख सकता था कि कुछ चीज़ें ठीक नहीं हो रही हैं. पीड़ितों का काफी कुछ भुगतना पड़ रहा था और उनकी सुनवाई नहीं हो रही थी. चाइल्ड ग्रूमिंग गैंग्स मामले में कई रिव्यू हुए हैं जिसमें स्थानीय रिव्यू भी शामिल हैं."
पीएम ने माना कि इस मामले में कोई कोर-कसर बाकी नहीं रखी जानी चाहिए, लेकिन अब कार्रवाई ज़रूरी है.
बीते दिनों अरबपति कारोबारी एलन मस्क ने ब्रिटेन के मंत्री जेस फिलिप्स और लेबर पार्टी की सरकार पर चाइल्ड ग्रूमिंग गैंग्स मामले में आरोप लगाए थे.
यह मुद्दा पिछले साल अक्टूबर महीने में उस वक़्त शुरू हुआ था, जब जेस फिलिप्स ने इंग्लैंड के ओल्डम काउंसिल के उस आग्रह को ठुकरा दिया था जिसमें सरकार से बच्चों के कथित तौर पर ऐतिहासिक रूप से हो रहे यौन शोषण की जांच कराने की मांग की गई थी.
उन्होंने कहा था कि काउंसिल को ही यह काम अपने हाथ में लेना चाहिए.
उसके बाद इसी साल इस मामले की ख़बरें प्रकाशित होने के बाद तीन जनवरी को एलन मस्क ने फिलिप्स और स्टार्मर सरकार पर हमला बोला था.
इस मामले पर मस्क ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर कई पोस्ट भी किए थे. इस पर स्टार्मर ने किसी का नाम लिए बगैर कहा कि वो लोग झूठ और अफ़वाह फैला रहे हैं.
यूनियन कार्बाइड के कचरे को लेकर अब क्या बोले मुख्यमंत्री मोहन यादव?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, पीथमपुर भेजे गए कचरे में 60% धूल है, जिसमें ज़हरीले पदार्थ मौजूद हैं
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि यूनियन कार्बाइड के कचरे का निष्पादन सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के विभिन्न निर्देशों के मुताबिक़ किया गया है.
उन्होंने कहा कि पीथमपुर राज्य में एकमात्र जगह थी जहाँ इस प्रकार के केमिकल कचरे को रखा जाता है.
इस कचरे को जलाने का राज्य में विरोध हो रहा है और सैकड़ों की संख्या में लोगों ने शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन किया था.
प्रदर्शनकारी दुनिया की सबसे बड़ी औद्योगिक त्रासदियों में से एक भोपाल गैस त्रासदी से जुड़े कचरे को पीथमपुर भेजे जाने से नाराज़ हैं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने इस मामले में हाईकोर्ट में अपना पक्ष रखा. हाईकोर्ट ने भी माना कि अब सभी पक्षों से बात करने के बाद ही इस कचरे के निष्पादन पर कदम उठाया जाएगा.
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बताया कि हाईकोर्ट ने छह हफ्ते का वक्त दिया है, इस दौरान कोई भी व्यक्ति या समूह कोर्ट को अपना पक्ष बता सकता है.
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में तीन दिसंबर 1984 को गैस त्रासदी हुई थी. इसी त्रासदी के 40 साल बाद, इस साल एक जनवरी को 350 मीट्रिक टन ज़हरीला कचरा भोपाल की यूनियन कार्बाइड फ़ैक्टरी से उठाकर पीथमपुर स्थित प्लांट ले जाया गया है.
4 दिसंबर 2024 को मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने सरकार को फटकार लगाते हुए चार सप्ताह के अंदर कचरे को पीथमपुर भेजने का आदेश दिया था.
अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार ने भारत-अमेरिका परमाणु समझौते पर की अहम घोषणा
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, जेक सुलिवन भारत की यात्रा पर आए हुए हैं
अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन ने भारत-अमेरिका परमाणु समझौते में आ रही परेशानियों को दूर करने की बात कही है.
उन्होंने कहा, "क़रीब बीस साल पहले पूर्व राष्ट्रपति बुश और भारत के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने असैनिक परमाणु समझौते की एक दूरदर्शी सोच की नींव रखी थी, जिसे हमें अब पूरी तरह हक़ीकत बनाना है."
उन्होंने कहा, "हम प्रदूषण रहित ऊर्जा तकनीक पर काम कर रहे हैं, ताकि हम ऑर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस के विकास को सक्षम बना सकें और भारत और अमेरिका की ऊर्जा कंपनियों को उनकी नई तकनीक के विस्तार में मदद कर सकें."
सुलिवन ने कहा, "मैं आज यह घोषणा कर सकता हूं कि अमेरिका अब लंबे समय से मौजूद उन रुकावटों को हटाने में लगा हुआ है जिसने भारत के बड़े परमाणु ऊर्जा प्रतिष्ठानों और अमेरिकी कंपनियों के बीच परमाणु सहयोग को रोक रखा है."
जेक सुलिवन भारत की यात्रा पर आए हुए हैं. इससे पहले, जेक सुलिवन ने सोमवार को भारत के विदेश मंंत्री एस जयशंकर से मुलाक़ात की थी.
कनाडा के पीएम जस्टिन ट्रूडो जल्द दे सकते हैं इस्तीफ़ा, इसी साल होने हैं आम चुनाव, टॉम गेगन, बीबीसी न्यूज़
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, जस्टिन ट्रूडो की पार्टी सर्वेक्षणों में कंज़रवेटिव पार्टी से पिछड़ती नज़र आ रही है.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़ कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो कुछ ही दिनों में अपने पद से इस्तीफ़ा देने की घोषणा कर सकते हैं.
रिपोर्ट्स के मुताबिक़ ट्रूडो सत्तारूढ़ लिबरल पार्टी के नेता पद से हटने के बारे में सोच रहे हैं. ट्रूडो पिछले नौ साल से कनाडा के प्रधानमंत्री के रूप में कार्य कर रहे हैं.
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़, इस्तीफ़े की घोषणा कब होगी, इस पर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है.
कई महीनों से ट्रूडो पर पद छोड़ने के लिए अपनी ही पार्टी के सांसदों का दबाव है. पिछले महीने उनके वित्त मंत्री ने अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया था.
ओपनियन पोल्स के मुताबिक़ भी कंजरवेटिव के मुक़ाबले लिबरल पार्टी काफ़ी पिछड़ रही है.
'द ग्लोब एंड मेल' की ख़बर के मुताबिक़ बुधवार को पार्टी कॉकस की बैठक से पहले ट्रूडो अपने इस्तीफ़े का इरादा जाहिर कर सकते हैं ताकि इस अवधारणा से बचा जा सके कि उनकी ही पार्टी के सांसद उन्हें बाहर का रास्ता दिखाना चाहते हैं.
सूत्रों ने कहा है कि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि लिबरल पार्टी का नया नेता चुने जाने तक
ट्रूडो प्रधानमंत्री के रूप में बने रहेंगे या नहीं.
इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.
पोस्ट YouTube समाप्त
भारत में एचएमपीवी वायरस के संक्रमण का तीसरा मामला मिला
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेश पटेल ने कहा है इसके लिए एडवाइजरी और एसओपी जारी की जाएगी
गुजरात में एचएमपीवी वायरस के संक्रमण का एक मामला सामने आया है.
गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेश पटेल ने कहा है कि इस वायरस का संक्रमण दो महीने के एक बच्चे में मिला है, जो राजस्थान के डुंगरपुर से सारवार आया था.
ऋषिकेश पटेल ने बताया है, "बच्चे को सारवार से अहमदाबाद रेफर किया गया है. कोविड के समय भी जो 'क्या करें और क्या न करें' गाइडलाइन थी, हमें उसका पालन करना है. राज्य सरकार की तरफ से क्या करना है, क्या नहीं करना है वो एसओपी जारी की जाएगी. यह शायद आज ही जारी हो जाए."
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा है कि राज्य में सारी तैयारियां हैं, लोगों को सावधान रहना है, लेकिन घबराने की ज़रूरत है.
इससे पहले कर्नाटक में एचएमपीवी वायरस के दो मामले सामने आ चुके हैं, जिसपर केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने कहा है कि लोगों को घबराने की ज़रूरत नहीं है.
गुजरात के एक मामले को मिलाकर भारत में अब संक्रमण के कुल तीन मामले हो गए हैं.
आयरलैंड के ख़िलाफ़ वनडे सिरीज़ में स्मृति मंधाना होंगी भारत की कप्तान
इमेज स्रोत, Getty Images
आयरलैंड के ख़िलाफ़ तीन मैचों की वनडे सिरीज़ के लिए स्मृति मंधाना को भारतीय महिला क्रिकेट टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है.
दीप्ति शर्मा टीम की उप कप्तान होंगी.
हरमनप्रीत कौर और रेणुका सिंह को इस सिरीज़ से आराम दिया गया है.
इस वनडे सिरीज़ के मुक़ाबले गुजरात के राजकोट में खेले जाएंगे.
भारतीय टीम इस प्रकार है- स्मृति मंधाना (कप्तान), उमा छेत्री, प्रिया मिश्रा, दीप्ति शर्मा, रिचा घोष, तनुजा कंवर, प्रतिका रावल, तेजल हसबनिस, टी साधु, हरलीन देओल, राघवी बिष्ट, साइमा ठाकोर, जेमिमा रॉड्रिग्ज़, मिन्नु मणि, सयाली सतघरे
छत्तीसगढ़: बीजापुर में संदिग्ध माओवादियों के हमले में सुरक्षाबलों के 9 जवानों की मौत, आलोक पुतुल, रायपुर से बीबीसी हिंदी के लिए
इमेज स्रोत, Alok Putul
इमेज कैप्शन, छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों के 9 जवानों की मौत हो गई है
छत्तीसगढ़ में माओवाद प्रभावित बीजापुर के कुटरू बेंद्रे मार्ग पर संदिग्ध माओवादियों के हमले में सुरक्षाबल के नौ जवानों की मौत हो गई है.
पुलिस के मुताबिक ये हमला आईईडी विस्फोट के जरिये किया गया था.
बस्तर के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) सुंदरराज पी ने बताया कि दंतेवाड़ा, नारायणपुर, बस्तर और बीजापुर की स्पेशल टॉस्क फोर्स और सीआरपीएफ के जवानों की टीम माओवादी ऑपरेशन से लौट रही थी, तभी ये हमला हुआ.
पुलिस के अनुसार सोमवार की दोपहर जवानों की टीम थाना कुटरू के ग्राम अम्बेली के पास से गुज़र रही थी, उसी समय सुरक्षाबलों का एक वाहन आईईडी ब्लास्ट की चपेट में आ गया.
विस्फोट इतना ज़बरदस्त था कि मौक़े पर ही डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड के 8 जवानों और एक वाहन चालक की मौत हो गई.
कुछ जवानों के गंभीर रूप से घायल होने की भी ख़बर है.
बीजेपी के रमेश बिधूड़ी के कथित बयान पर रो पड़ीं दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी
इमेज स्रोत, ANI
बीजेपी नेता रमेश बिधूड़ी के कथित आपत्तिजनक बयान पर सवाल पूछने पर दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी प्रेस कॉन्फ़्रेंस में रोती दिखीं.
आतिशी ने कहा, "मेरे पिताजी शिक्षक रहे हैं. आज वो 80 साल के हो गए हैं. वो इतने बीमार रहते हैं कि बिना सहारे के चल भी नहीं पाते हैं (रोते हुए..) आप चुनाव के लिए इतनी घटिया हरकत करेंगे कि ऐसे बुज़ुर्ग व्यक्ति को गालियां देने पर उतर आएंगे."
उन्होंने कहा, "इस देश की राजनीति इतनी घटिया स्तर तक गिर सकती है ये मैं कभी सोच नहीं सकती थी."
कालकाजी विधानसभा सीट से बीजेपी के प्रत्याशी रमेश बिधूड़ी ने कथित तौर पर आतिशी के पिता पर विवादित बयान दिया था. आम आदमी पार्टी ने इस बयान की कड़ी निंदा की है.
तिब्बत में दुनिया के सबसे बड़े बांध की योजना पर भारत की आपत्ति का चीन ने दिया जवाब
इमेज स्रोत, @globaltimesnews
इमेज कैप्शन, तिब्बत में यारलुंग सांगपो (ब्रह्मपुत्र) नदी पर बन रहे बांध पर भारत ने आपत्ति जताई थी
तिब्बत में यारलुंग सांगपो (ब्रह्मपुत्र) नदी पर चीन की जल विद्युत परियोजना पर भारत की आपत्ति का चीन ने जवाब दिया है.
इस परियोजना के तहत नदी पर एक बांध बनाया जाएगा जो दुनिया का सबसे बड़ा बांध होगा.
चीन के सरकारी अख़बार ग्लोबल टाइम्स के मुताबिक़ चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ याकुन ने कहा है, "यारलुंग सांगपो (ब्रह्मपुत्र) नदी पर हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट की पूरी वैज्ञानिक समीक्षा की गई है."
अख़बार के मुताबिक़ प्रवक्ता ने कहा है कि यह परियोजना इको सिस्टम और जियोलॉजी या निचले इलाक़ों में बसे देशों के पानी के अधिकार को प्रभावित नहीं करेगी.
"इसके उलट यह परियोजना कुछ हद तक आपदा को रोकने और राहत में मदद कर सकती है. यह निचले इलाक़ों में जलवायु परिवर्तन को भी संतुलित कर सकता है."
तिब्बत में ब्रह्मपुत्र नदी पर बनने वाले इस बांध का लक्ष्य सालाना 300 बिलियन किलोवाट-घंटा बिजली पैदा करना है. इसे तिब्बत पठार के पूर्वी छोर पर बनाया जाएगा.
अफ़ग़ानिस्तान में 'आम नागरिकों पर पाकिस्तानी हवाई हमले' पर भारत ने क्या कहा
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा है कि पाकिस्तान हमेशा अपनी नाकामियों के लिए दूसरों को दोष देता है.
अफ़ग़ानिस्तान में कथित तौर पर आम नागरिकों पर पाकिस्तानी हवाई हमलों से जुड़े सवालों पर भारतीय विदेश मंत्रालय ने प्रतिक्रिया दी है.
भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, "हमने अफ़ग़ानिस्तान में महिलाओं और बच्चों समेत अन्य आम नागरिकों पर हवाई हमले का संज्ञान लिया है, जिनमें कई लोगों को जान गंवानी पड़ी है."
हम स्पष्ट तौर पर बेगुनाह नागरिकों पर ऐसे हर हमले की निंदा करते हैं.
बयान में कहा गया है, "यह पाकिस्तान की पुरानी आदत रही है कि अपनी ख़ुद की नाकामी का आरोप वह अपने पड़ोसियों पर लगाता है. हमने इस मामले पर अफ़ग़ानिस्तान के प्रवक्ता के बयान भी पर भी गौर किया है."
इससे पहले, अफ़ग़ानिस्तान की तालिबान सरकार ने कहा था कि 24 दिसंबर की रात पकतीका के बरमल ज़िले में पाकिस्तानी हवाई हमले में 46 लोग मारे गए हैं. इनमें ज़्यादातर महिलाएं और बच्चे थे.
प्रशांत किशोर ने ज़मानत लेने से इनकार किया, वकील ने क्या बताया
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, प्रशांत किशोर चार दिन से आमरण अनशन पर बैठे थे. सोमवार को तड़के पटना पुलिस ने उन्हें गिरफ़्तार कर लिया.
जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने ज़मानत लेने से इनकार
कर दिया है. उन्हें सोमवार को तड़के पटना पुलिस ने गांधी मैदान से गिरफ़्तार किया
था.
बीबीसी संवाददाता सीटू तिवारी के मुताबिक प्रशांत किशोर के वकील शिवानंद गिरी ने पटना में पत्रकारों को बताया, “अदालत ने 25 हज़ार रुपये का बॉन्ड भरने को
कहा गया था और साथ ही यह भी लिख कर देने को कहा था कि वह भविष्य में ऐसा अपराध नहीं करेंगे.”
“यह
लिखने का मतलब है कि हमने मान लिया कि यह अपराध किया है. धरना प्रदर्शन करना हमारा
बुनियादी अधिकार है, सामाजिक मुद्दे पर. फिर हम बंध जाएंगे. कभी भी हम प्रदर्शन
करेंगे तो पुलिस इसे मुद्दा बनाकर जेल भेज देगी.”
“प्रशांत
किशोर ने जज से कहा कि ज़मानत ठीक है, लेकिन शर्त हटा लीजिए लेकिन अदालत ने इनकार
कर दिया.”
इससे पहले, गिरफ़्तारी की कार्रवाई पर पटना के डीएम चंद्रशेखर सिंह नेकहा, “कुछ
लोग गांधी मैदान के प्रतिबंधित इलाक़े में गांधी मूर्ति के सामने ग़ैरक़ानूनी रूप
से प्रदर्शन कर रहे थे. इस संबंध में गांधी मैदान के पुलिस स्टेशन में एक एफ़आईआर
दर्ज की गई थी.”
उन्होंने कहा, “आज प्रशांत किशोर के साथ 43
लोगों को हिरासत में लिया गया, जबकि 15 गाड़ियों को सीज़ किया गया है. जांच
के बाद पता चला कि 43 लोगों में से 30 लोग छात्र नहीं थे. उनमें से कुछ लोगों ने
खुद को छात्र बताया है और हम इसकी जांच कर रहे हैं.”
प्रशांत किशोर दो जनवरी से ही पटना के गांधी मैदान में बीपीएससी छात्रों की मांग
के समर्थन में आमरण अनशन पर थे.
13 दिसंबर को हुई बीपीएससी की परीक्षा में गड़बड़ी के आरोप में छात्र
18 दिसंबर से प्रदर्शन कर रहे हैं और उनकी मांग है कि परीक्षा दोबारा कराई जाए.
हालांकि प्रशासन ने शनिवार को उस परीक्षा केंद्र के सभी
परीक्षार्थियों की दोबारा परीक्षा आयोजित कराई, जहां गड़बड़ी के आरोप लगे थे.
एचएमपीवी वायरस पर स्वास्थ्य मंत्रालय ने क्यों कहा, चिंता करने की ज़रूरत नहीं
इमेज स्रोत, Getty Images
कर्नाटक में एचएमपीवी वायरस के दो मामले सामने आने के बाद केंद्रीय स्वास्थ्य
एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने कहा है कि लोगों को घबराने की ज़रूरत नहीं है.
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के महानिदेशक प्रो. डॉक्टर अतुल
गोयल ने कहा, "मीडिया
में ऐसी ख़बरें हैं कि चीन में ह्यूमन मेटा न्यूमो वायरस फैल रहा है, लेकिन हमारे यहां एचएमपीवी
श्वसन से संबंधित एक सामान्य वायरस है जो सर्दी-जुकाम जैसी बीमारियां पैदा करता
है."
“घबराने
की आवश्यकता नहीं है.”
उन्होंने बताया, “यह एक
सामान्य श्वसन वायरस है, जिससे
हल्के लक्षण होते हैं. देश
के अस्पताल मौसमी संक्रमण से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं.”
इसका असर ख़ास तौर पर बूढ़े लोगों या एक साल से कम उम्र के बच्चों
में देखने को मिलता है. लेकिन यह ऐसी कोई गंभीर बीमारी नहीं है जिससे चिंता करने
की ज़रूरत हो. सर्दी के दिनों में सांस की नली में संक्रमण आम तौर पर होते हैं और
इनसे निपटने के लिए हमारे स्वास्थ्य महकमे और अस्पताल तैयार हैं.
"बेड्स और डॉक्टर्स की व्यवस्था पर्याप्त है. इसके लिए किसी ख़ास दवाई
की ज़रूरत नहीं होती क्योंकि इसके लिए कोई ख़ास एंटीवायरल दवा है ही नहीं. जहां तक
डेटा का सवाल है तो हमारे यहां कोई बड़े पैमाने पर मामले नहीं आ रहे हैं."
आईएसआर के डेटा के मुताबिक सर्दियों में जो सामान्य संक्रमण होते हैं,
हालात अभी वैसे ही हैं. इसलिए देश को इस वक़्त इस बारे में चिंता करने की ज़रूरत
नहीं है.
अमेरिकी विदेश मंत्री दक्षिण कोरिया के दौरे पर, उत्तर कोरिया ने दागी बैलेस्टिक मिसाइल
इमेज स्रोत, Reuters
दक्षिण कोरिया की सेना ने कहा है कि उत्तर कोरिया ने अपने पूर्वी इलाक़े के समुद्र में बैलेस्टिक मिसाइल दागी है.
दक्षिण कोरिया का कहना है कि पिछले दो महीनों में ये उत्तर कोरिया की तरफ़ से छोड़ी गई पहली मिसाइल है.
सेना ने कहा, "समंदर में गिरने से पहले इस मिसाइल ने 1100 किलोमीटर की दूरी तय की."
दक्षिण कोरिया ने कहा कि वह उत्तर कोरिया की इस 'उकसावे वाली कार्रवाई' की कड़ी निंदा करता है.
उत्तर कोरिया की तरफ़ से मिसाइल छोड़ने की ये कार्रवाई ऐसे वक्त में की गई है जब अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन दक्षिण कोरिया की यात्रा पर हैं और वहाँ कई प्रमुख नेताओं से मुलाक़ात करने वाले हैं.
इस समय दक्षिण कोरिया राजनीतिक उथल पुथल के दौर से गुजर रहा है. दक्षिण कोरिया के पूर्व राष्ट्रपति यून सुक-योल ने पिछले दिनों देश में मार्शल लॉ लागू करने की असफल कोशिश की थी.
इसके बाद उन्हें पद से हटना पड़ा और महाभियोग का सामना करना पड़ा. अभी उनके ऊपर गिरफ़्तारी की तलवार लटक रही है.
कहा जा रहा है कि ब्लिंकन देश में जारी गतिरोध को ख़त्म कराने की कोशिश करने के लिए दक्षिण कोरिया जा रहे हैं.
कर्नाटक में एचएमपीवी वायरस के दो मामले मिले, स्वास्थ्य मंत्रालय ने क्या कहा, इमरान कुरैशी, बेंगलुरु से बीबीसी हिंदी के लिए
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, मीडिया रिपोर्टों में कहा जा रहा है कि कर्नाटक में मिला एचएमपीवी वायरस का मामला भारत में पहला है.
कर्नाटक में ह्यूमन मेटान्यूमो वायरस
(एचएमपीवी) के दो मामले सामने आए हैं.
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक्स पर जारी बयान में कहा, "कर्नाटक में नियमित जांच के दौरान आईसीएमआर को एचएमपीवी के दो मामले मिले हैं."
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक दोनों मामलों में संक्रमण बच्चों में पाया गया है. एक तीन महीने की बच्ची इस संक्रमित पाई गई. हालाँकि उपचार के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है.
जबकि एक आठ महीने का बच्चा भी एचएमपीवी संक्रमित है. इसका बेंगलुरु के अस्पताल में उपचार किया जा रहा है. बच्चे की हालत स्थिर
है और उसे निगरानी में रखा गया है.
पिछले कुछ दिनों से ऐसी ख़बरें आ रही हैं कि
चीन में एचएमपीवी का संक्रमण तेज़ी से फैल रहा है.
कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री दिनेश गुंडू
राव ने बीबीसी हिंदी से कहा, “इसे एचएमपीवी का पहला मामला कहना ग़लत
होगा क्योंकि भारत में इस वायरस की पहले से ही मौजूदगी है. बच्चे इस वायरस से संक्रमित होते
रहे हैं. इस वायरस का एक से दो प्रतिशत यहां पहले से मौजूद है.”
राव ने कहा, "बच्ची के परिवार की यात्रा
करने का कोई रिकॉर्ड नहीं है. हम अभी तक ये नहीं जानते कि चीन का वैरिएंट अलग है
या नहीं. कोई और वैरिएंट है या म्यूटेशन हुआ है, इस बारे में भारत सरकार ने हमें
कोई जानकारी नहीं दी है."
कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्रालय ने भी इस
सप्ताहांत एक बयान जारी कर कहा है, “अभी तक चिंता की कोई बात नहीं है. विशेष
निगरानी या जांच को लेकर भारत सरकार ने राज्यों को कोई विशेष निर्देश नहीं दिए
हैं.”
स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को दोपहर बाद डॉक्टरों के साथ एक मीटिंग बुलाई है जिसमें मौजूदा हालात की समीक्षा की जाएगी.
राव ने कहा, "घबराने का कोई कारण नहीं है."
संक्रमण की हालत में क्या करें, क्या नहीं
खुद से दवा न लें
खांसी या छींक के दौरान मुंह और नाक ढंकें
हाथ को सैनिटाइज़र से साफ़ करें या साबुन से धोएं
अगर बीमार हैं तो भीड़भाड़ वाली जगह पर जाने और लोगों के संपर्क में आने से बचें
खांसी या छींक के बाद इस्तेमाल किए गए रूमाल का दोबारा इस्तेमाल न करें
तमिलनाडु के राज्यपाल ने लगाया विधानसभा में संविधान और राष्ट्रगान के अपमान का आरोप
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के साथ राज्यपाल आरएन रवि (फ़ाइल फोटो)
सोमवार को तमिलनाडु विधानसभा सत्र शुरू होते ही राज्यपाल और सत्ता
पक्ष के बीच विवाद भी शुरू हो गया.
तमिलनाडु के राज्यपाल आरएन रवि ने सदन में संविधान और राष्ट्रगान के अपमान का
आरोप लगाया है.
तमिलनाडु के राजभवन की ओर से एक्स पर जारी बयान में कहा गया है, “आज
तमिलनाडु विधानसभा में भारत के संविधान और राष्ट्रगान का एक बार फिर अपमान हुआ.
हमारे संविधान में राष्ट्रगान का सम्मान करना पहली बुनियादी ज़िम्मेदारी बताई गई
है. राज्यपाल का अभिभाषण शुरू होने और ख़त्म होने पर सभी राज्यों की
विधानसभाओं में राष्ट्रगान होता है.”
“आज
सदन में जब राज्यपाल पहुंचे तो सिर्फ़ तमिल थाई वाज़थू गाया गया.”
बयान के अनुसार, “राज्यपाल
ने सम्मानपूर्वक सदन को इसकी संवैधानिक ज़िम्मेदारी को याद दिलाया. उन्होंने माननीय
मुख्यमंत्री, और माननीय स्पीकर से राष्ट्रगान कराए जाने
की अपील की.”
“हालांकि
उन्होंने इसे ख़ारिज कर दिया. यह बहुत गंभीर चिंता का विषय है. संविधान और राष्ट्रगान
के प्रति सरेआम अपमान में शामिल न होते हुए राज्यपाल गहरी नाराजगी लिए हुए सदन से
चले गए.”
तमिलनाडु के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के. सेल्वापेरुंथागाई ने राज्यपाल
पर तमिलनाडु विरोधी होने का आरोप लगाया.
उन्होंने कहा, “राज्यपाल तमिलनाडु के लोगों और पुलिस के
विरोधी हैं. वो सदन से पारित कोई भी प्रस्ताव स्वीकार नहीं करते.”
सोमवार से तमिनलाडु विधानसभा का सत्र शुरू हुआ. विपक्षी दल एआईएडीएमके ने अन्ना यूनिवर्सिटी में यौन उत्पीड़न के मुद्दे को लेकर प्रदर्शन किया.
दिल्ली-एनसीआर में ओले और बारिश के बाद ठंड और बढ़ी
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, सोमवार सुबह दिल्ली में न्यूयतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम रहा
दिल्ली-एनसीआर में रविवार की रात और सोमवार सुबह ओले गिरने और बारिश होने के बाद ठंड बढ़ गई है.
हालांकि कई दिनों के बाद हवा की गुणवत्ता में सुधार हुआ है क्योंकि कुछ दिनों से दिल्ली एनसीआर का काफ़ी हिस्सा स्मॉग से घिरा हुआ था.
दिल्ली के कुछ इलाकों में एक्यूआई स्तर 100 से नीचे आ गया है, जो दो
दिन पहले तक 370 से ऊपर था.
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार सुबह दिल्ली में न्यूयतम तापमान
सामान्य से तीन डिग्री कम हो गया.
उत्तर भारत में कुछ दिनों से शीतलहर का प्रकोप है और पिछले कुछ दिनों से कोहरे के कारण हवाई और सड़क यातायात प्रभावित हुआ है.
दिल्ली और एनसीआर में कोहरे के कारण कई उड़ानें रद्द हुई हैं और ट्रेनें देरी से चल रही हैं.