कोलकाता पुलिस कमिश्नर अपने पद से हटेंगे, डॉक्टरों की चार में से तीन मांगें मानीं- ममता बनर्जी
प्रदर्शनकारी डॉक्टरों के साथ बैठक के बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा है कि सरकार ने चार में से तीन मांगों को मान लिया है और कोलकाता पुलिस कमिश्नर विनीत गोयल खुद अपने पद से हट जाएंगे.
सारांश
- कोलकाता में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और आंदोलन कर रहे जूनियर डॉक्टरों के बीच दो घंटे तक चली बातचीत ख़त्म.
- फ़्लोरिडा की पाम बीच काउंटी के शेरिफ़ ने बताया ट्रंप पर हत्या के प्रयास में हिरासत में लिए गए संदिग्ध रायन राउथ ने कोई गोली नहीं चलाई थी.
- सीक्रेट सर्विस के सुरक्षाकर्मियों को झाड़ियों से एके-47 मिली थी जिसके बाद उन्होंने गोलियां चलाई थीं और संदिग्ध रायन राउथ को गिरफ़्तार किया था.
- एशियाई हॉकी चैंपियंस ट्रॉफ़ी 2024: भारत दक्षिण कोरिया को हराकर फ़ाइनल में पहुंचा, अब चीन से मुक़ाबला.
- मोदी सरकार के 100 दिन पूरे होने पर कांग्रेस ने कहा- हर क्षेत्र में नाकाम.
- अनिल विज ने कहा, बीजेपी हाई कमान से करूंगा हरियाणा का सीएम बनाने की मांग.
लाइव कवरेज
अभिषेक पोद्दार और अश्वनी पासवान
ग़ज़ा की स्थिति पर यूएन की रिपोर्ट काफ़ी निराश करने वाली

इमेज स्रोत, United Nations
इमेज कैप्शन, ग़ज़ा में बच्चे को दवा पिलातीं यूएन की अधिकारी सेग्रिड काग ग़ज़ा में संयुक्त राष्ट्र की एक वरिष्ठ अधिकारी सेग्रिड काग का बीबीसी से कहना है कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने इस क्षेत्र में बेगुनाह लोगों को निराश किया है.
सेग्रिड काग ग़ज़ा में मानवीय सहायता और पुनर्निर्माण कार्यों की देख रेख कर रही हैं. वह इस क्षेत्र में नौ महीने पहले नियुक्त की गई थीं. उनको तत्काल ज़रूरत के आधार पर मानवीय मदद सुनिश्चित करने की ज़िम्मेदारी दी गई थी.
उन्होंने कहा कि वह संयुक्त राष्ट्र को जो रिपोर्ट सौंपने वाली हैं, वो काफ़ी निराश करने वाली है.
सेग्रिड काग ने ग़ज़ा की स्थितियों को एक आपदा बताया है. उन्होंने कहा कि हम ग़ज़ा के लोगों की बुनियादी ज़रूरतें भी पूरी नहीं कर पा रहे हैं. ऐसे में उनके मन में बेहतरी की उम्मीद और संभावनाएं पैदा करना बहुत दूर की बात है.
उन्होंने यह भी कहा कि ग़ज़ा काम करने के लिहाज से दुनिया की सबसे असुरक्षित जगहों में से एक है. सेग्रिड के मुताबिक़ युद्धविराम होने तक या बंधकों की रिहाई होने तक इस स्थिति में कोई भी सुधार आना बहुत मुश्किल है.
हरियाणा चुनाव: अनिल विज ने पेश की सीएम की दावेदारी, धर्मेंद्र प्रधान ने क्या कहा?

इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, अनिल विज हरियाणा विधानसभा चुनाव के शुरू होने से पहले ही बीजेपी में एक नई हलचल पैदा हो गई है.
दरअसल बीजेपी नेता और राज्य के पूर्व गृह मंत्री रहे अनिल विज ने मुख्यमंत्री पद की दावेदारी पेश की है.
समाचार एजेंसी एएनआई को एक बयान देते हुए अनिल विज ने कहा, मैं हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी का सबसे सीनियर विधायक हूं. मैं छह बार चुनाव लड़ और जीत चुका हूं. मैं अब सातवीं बार चुनाव लड़ रहा हूं.”
अनिल विज ने कहा, “मैंने आज तक अपनी पार्टी से कभी कुछ नहीं मांगा है. लेकिन इस बार हरियाणा की जनता के कहने पर अपनी वरिष्ठता के दम पर मुख्यमंत्री पद का दावा पेश करूंगा.”
उन्होंने बयान दिया कि बनाना या ना बनाना यह आलाकमान का काम है लेकिन अगर मुझे सीएम बनाया जाता है तो मैं हरियाणा की तकदीर और तस्वीर बदल दूंगा.
हालांकि अनिल विज के इस बयान और मांग पर पर बीजेपी हाई कमान ने अपनी असहमति भी जता दी है.
अनिल विज के इस बयान पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि नायब सिंह सैनी हरियाणा में एक लोकप्रिय नेता हैं. वे राज्य में पार्टी का चेहरा हैं और उनके ही नेतृत्व में बीजेपी तीसरी बार हरियाणा में सरकार बनाएगी.
यूरोप के कई देशों में भीषण बारिश और बाढ़ से बिगड़ते जा रहे हालात

इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, यूरोप में आई भीषण बाढ़ से बेकाबू हो रहे हालात मध्य और पूर्वी यूरोप को इन दिनों भारी बाढ़ का सामना करना पड़ रहा है. बाढ़ की वजह से कई देश और हज़ारों की तादाद में लोग प्रभावित हो रहे हैं.
ऑस्ट्रिया में बाढ़ से बचाने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाते वक़्त एक अग्निशामक कर्मचारी की जान चली गई. वहीं पोलैंड में भी एक व्यक्ति की मौत हुई है.
भारी बारिश और बाढ़ की वजह से रोमानिया में भी पांच लोगों के मौत की ख़बर है. वहीं चेक रिपब्लिक में अब भी मौतों के सही आंकड़े का पता नहीं चल पाया है.
ऑस्ट्रिया की राजधानी वियना से सटे प्रांतों को ‘आपदा क्षेत्र’ घोषित कर दिया गया है. वहां के नेताओं ने इसे एक अप्रत्याशित और भीषण स्थिति बताया है. पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने बाढ़ की वजह से प्राकृतिक आपदा की स्थिति की घोषणा कर दी है.
चेक रिपब्लिक को भी भारी बारिश का सामना करना पड़ रहा है. यहां तक कि कुछ इलाकों में तीन दिनों के अंदर ही तीन महीनों जितनी बारिश हो गई है.
राजस्थान के सिरोही में जीप और ट्रक की टक्कर में गई आठ लोगों की जान

इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, सड़क हादसे में मारे गए आठ लोग (सांकेतिक तस्वीर) राजस्थान के सिरोही ज़िले में रविवार की रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में आठ लोगों की जान चली गई.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, रविवार की रात राजस्थान के सिरोही ज़िले के पिंडवाड़ा में एक जीप और ट्रक की भिडंत हो गई.
पुलिस के मुताबिक़ इस दुर्घटना में आठ लोगों की जान गई है, जिसमें एक महिला और एक बच्चा भी शामिल हैं.
इसके अलावा इस दुर्घटना में 18 लोग घायल भी हुए हैं. पुलिस के मुताबिक़ जीप में क्षमता से ज़्यादा लोग सवार थे.
म्यांमार में ‘यागी’ तूफ़ान की वजह से आई भीषण बाढ़ में 100 से भी ज़्यादा लोगों की मौत

इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, म्यांमार में 'यागी' तूफ़ान की वजह से आई बाढ़ म्यांमार में ‘यागी’ तूफ़ान की वजह से आई बाढ़ में 100 से भी ज़्यादा लोगों की मौत हो गई है.
म्यांमार में सत्तारूढ़ सेना के प्रवक्ता ज़ॉ मिन टुन ने रविवार को कहा, "113 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है और 64 लोग लापता हैं. वहीं स्थानीय रिपोर्टों की मानें तो मौतों का आंकड़ा ज़्यादा भी हो सकता है."
समाचार एजेंसी एएफ़पी के अनुसार, "म्यांमार में तीन लाख बीस हज़ार से भी ज्यादा लोगों को अस्थायी आश्रयों में शरण लेनी पड़ी है."
‘यागी’ इस साल एशिया में आने वाला सबसे शक्तिशाली तूफ़ान है. म्यांमार से पहले यह तूफ़ान वियतनाम, लाओस, फ़िलीपींस और चीनी द्वीप हनियान में भी तबाही मचा चुका है.
म्यांमार पहुंचने से पहले ही इस तूफ़ान की वजह से 287 लोगों की जान जा चुकी थी. हालांकि वियतनाम पहुंचने के बाद इस तूफ़ान के प्रभाव में गिरावट दर्ज की गई है लेकिन इसके बावजूद भी इसकी वजह से दक्षिणी-पूर्वी एशिया में भूस्खलन की घटनाएं हुई हैं.
म्यांमार के सरकारी मीडिया के मुताबिक़ इस तूफ़ान की वजह से शुक्रवार की शाम तक लगभग 66,000 घर तबाह हो गए. इसके अलावा लगभग 375 स्कूलों और एक बौद्ध विहार को भी नुकसान पहुंचा है.
कई किलोमीटर तक की सड़कें बह गई हैं और कई दूसरी इमारतों को भी भारी नुकसान हुआ है. शुक्रवार को दो लाख तीस हज़ार से भी ज़्यादा लोगों को 187 राहत बचाव कैंपों में भेजा गया था.
ट्रंप पर फिर से हमले की कोशिश को लेकर एफ़बीआई ने क्या कहा?

इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप (फ़ाइल फ़ोटो) अमेरिका की ख़ुफ़िया एजेंसी एफ़बीआई ने बताया है कि अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति और 2024 के राष्ट्रपति चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप पर प्लोरिडा के गोल्फ कोर्स में हमला हत्या की कोशिश के तहत हुआ है.
एफ़बीआई ने कहा, "हमने वेस्ट पाम बीच फ्लोरिडा में कार्रवाई की है और ट्रंप की हत्या के प्रयास की जांच जारी है."
ट्रंप पूरी तरह से सुरक्षित हैं और सीक्रेट सर्विस इस पूरी घटना की जांच कर रही है.
अपने ऊपर दूसरे हमले की कोशिश को लेकर ट्रंप का कहना है कि वह ना ही रुकेंगे और ना ही हार मानेंगे.
ट्रंप के बड़े बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर ने कहा, ''फ़्लोरिडा के वेस्ट पाम बीच पर स्थित गोल्फ़ कोर्स के पास गोलीबारी हुई है. स्थानीय पुलिस को झाड़ियों में एक एके-47 मिली है.''
वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने इसकी निंदा की है.
व्हाइट हाउस ने एक बयान जारी कर कहा कि राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति को ट्रंप इंटरनेशनल गोल्फ़ कोर्स की घटना के बारे में जानकारी दे दी गई है. राष्ट्रपति बाइडन इस बात से राहत महसूस कर रहे हैं कि ट्रंप पूरी तरह से सुरक्षित हैं.
पहले भी हुआ था जानलेवा हमला
इस गोलीबारी की घटना से लगभग दो महीने पहले भी ट्रंप पर जानलेवा हमला हुआ था. बीती जुलाई में अमेरिका के पेंसिल्वेनिया में एक रैली को संबोधित करने के दौरान ट्रंप पर स्नाइपर से गोली चलाई गई थी जो कि उनके कान के निचले हिस्से को छूती हुई निकली थी.
नमस्कार
बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता अभिषेक पोद्दार आप सभी तक आज की बड़ी ख़बरें लेकर आऊंगा.
आप बीबीसी हिंदी के पेज पर मौजूद बड़ी ख़बरों को इस लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.
अरविंद केजरीवाल के इस्तीफ़ा देने की घोषणा के क्या मायने हैं? इस लिंक पर क्लिक करके पढ़े पूरी ख़बर.
चीफ़ जस्टिस के घर पर प्रधानमंत्री के जाने को लेकर विवाद, जजों के लिए दिशानिर्देश क्या कहते हैं? पूरी ख़बर के लिए इस लिंक पर जाएं.
हिमाचल प्रदेश में इन मस्जिदों को लेकर क्यों भड़का विवाद? पूरी ख़बर जानने के लिए इस लिंक पर जाएं.
रविवार के लाइव पेज पर जाने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.
