इसराइली पीएम नेतन्याहू ने ग़ज़ा में अकाल बताने वाली रिपोर्ट को कहा 'सरासर झूठ'

इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने इंटीग्रेटेड फ़ूड सिक्योरिटी फ़ेज़ क्लासिफ़िकेशन (आईपीसी) की रिपोर्ट को 'सरासर झूठ' बताया है.

सारांश

लाइव कवरेज

आनंद मणि त्रिपाठी और इफ़्तेख़ार अली

  1. अमेरिकी टैरिफ़ को लेकर चीन का बयान, कहा-हम भारत के साथ

    शू फेइहोंग

    इमेज स्रोत, Xu Feihong/Twitter

    इमेज कैप्शन, चीन के राजदूत शू फेइहोंग

    भारत पर अमेरिकी टैरिफ़ लगाने का चीन ने विरोध किया है.

    भारत में चीन के राजदूत शू फेइहोंग ने कहा कि अमेरिका लंबे समय तक मुक्त व्यापार से लाभ उठाता रहा है.

    लेकिन अब वह कई देशों पर दबाव बनाने के लिए टैरिफ़ का इस्तेमाल कर रहा है.

    गुरुवार को थिंक टैंक रिसर्च फाउंडेशन और सेंटर फॉर ग्लोबल इंडिया इनसाइट्स के कार्यक्रम में शू फेइहोंग ने कहा, "अमेरिका ने भारत पर 50 फ़ीसदी तक टैरिफ़ लगाया है और इसे और बढ़ाने की धमकी दी है. चीन इसका कड़ा विरोध करता है. ऐसे कदमों के सामने चुप रहना केवल दबंगई को बढ़ावा देता है."

    उन्होंने कहा कि चीन भारत के साथ मज़बूती से खड़ा रहेगा और बहुपक्षीय व्यापार प्रणाली की रक्षा करेगा.

    शू फेइहोंग ने कहा, "भारत और चीन एशिया की ग्रोथ के डबल इंजन हैं. दोनों देशों की दोस्ती न सिर्फ़ एशिया बल्कि पूरी दुनिया के लिए फायदेमंद होगी."

    राजदूत ने कहा कि वैश्विक स्थिरता बनाए रखने के लिए भारत और चीन का सहयोग बेहद ज़रूरी है.

    उन्होंने कहा, "दोनों देशों की ज़िम्मेदारी है कि वे एक समान और व्यवस्थित बहुध्रुवीय विश्व को आगे बढ़ाने में नेतृत्व करें."

    उन्होंने दोनों देशों से रणनीतिक विश्वास बढ़ाने और अविश्वास से बचने की अपील भी की.

    उनका बयान ऐसे समय में आया है जब मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में चीनी विदेश मंत्री वांग यी से मुलाकात की थी.

  2. थाईलैंड के पूर्व पीएम के ख़िलाफ़ राजद्रोह का मामला ख़ारिज़, जोनाथन हेड, बीबीसी न्यूज़

    थाकसिन शिनावात्रा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पूर्व प्रधानमंत्री थाकसिन शिनावात्रा अपनी बेटी और निलंबित प्रधानमंत्री पैतोंगटार्न शिनावात्रा के साथ

    थाईलैंड की एक अदालत ने शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री थाकसिन शिनावात्रा के ख़िलाफ़ राजशाही के अपमान और राजद्रोह के मामले को ख़ारिज कर दिया है.

    यह आरोप थाकसिन पर 2015 में निर्वासन में रहते हुए एक दक्षिण कोरियाई अखबार को दिए साक्षात्कार से जुड़ा है. अगर वह दोषी पाए जाते तो उन्हें 15 साल तक की सजा हो सकती थी.

    साक्षात्कार में उन्होंने थाईलैंड की शीर्ष शाही सलाहकार संस्था, प्रिवी काउंसिल, पर 2014 के सैन्य तख्तापलट में मदद करने का आरोप लगाया था.

    इसी तख्तापलट में उनकी बहन यिंगलक शिनावात्रा की सरकार गिरा दी गई थी.

    थाईलैंड का लेसे-मैजेस्टे कानून राजशाही की आलोचना या अपमान को अपराध मानता है.

    लेकिन आलोचकों का कहना है कि इसका इस्तेमाल अक्सर कार्यकर्ताओं और राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाने के लिए किया जाता है.

    यह फैसला ऐसे समय आ रहा है जब थाकसिन की बेटी और निलंबित प्रधानमंत्री पैतोंगटार्न शिनावात्रा भी अदालती कार्रवाई का सामना कर रही हैं.

    इस मामले में उन्हें पद से हटाया जा सकता है.

  3. चीन के विदेश मंत्री ने पाकिस्तान में भारत से संबंधों पर क्या कहा

    वांग यी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, चीनी विदेश मंत्री वांग यी

    चीनी विदेश मंत्री वांग यी ने कहा है कि भारत और चीन की साझेदारी किसी तीसरे देश के ख़िलाफ़ नहीं है और इससे किसी अन्य देश पर असर नहीं पड़ेगा.

    वांग यी ने गुरुवार को इस्लामाबाद में पाकिस्तान के विदेश मंत्री और उपप्रधानमंत्री इसहाक़ डार के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता में यह टिप्पणी की.

    उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत पर लगाए गए टैरिफ़ का असर समय के साथ सामने आएगा लेकिन इससे रूस के साथ भारत की दोस्ती मज़बूत हुई है और चीन के साथ चल रहा तनाव भी कम हुआ है.

    वांग यी मंगलवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करने के बाद अफ़ग़ानिस्तान गए थे और फिर वहाँ से पाकिस्तान.

    BBC
  4. कोलंबिया में कार बम हमला, छह की मौत और 36 घायल, लियोनार्डो रोचा और यांग तियान, बीबीसी न्यूज़

    कैली में कार बम विस्फोट

    इमेज स्रोत, Getty Images

    कोलंबिया के शहर कैली में कार बम विस्फोट में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई और 36 लोग घायल हुए हैं.

    पुलिस के मुताबिक़, यह हमला मार्को फ़िदेल सुआरेज़ मिलिट्री एविएशन स्कूल को निशाना बनाकर किया गया था.

    विस्फोट से आसपास की कई इमारतों को भी नुक़सान पहुंचा है.

    कैली के मेयर एलेजांद्रो एडर ने हमले की निंदा की और ज़िम्मेदार लोगों के बारे में जानकारी देने पर 40 करोड़ डॉलर के इनाम की घोषणा की है.

    उन्होंने सुरक्षा को देखते हुए कई इमारतों और स्कूलों को ख़ाली कराने का आदेश दिया और शहर में बड़े ट्रकों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया है.

    इससे पहले गुरुवार को उत्तर-पश्चिमी शहर मेडेलिन के पास एक ग्रामीण इलाक़े में पुलिस हेलिकॉप्टर पर हुए हमले में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई थी.

  5. इसराइल बंधकों की रिहाई के लिए बातचीत करेगा: नेतन्याहू

    बिन्यामिन नेतन्याहू

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा है कि उन्होंने बंधकों की रिहाई के साथ-साथ 'इसराइल को स्वीकार्य' शर्तों पर ग़ज़ा युद्ध समाप्त करने के लिए वार्ता का निर्देश दिया है.

    नेतन्याहू ने गुरुवार रात इसराइली सैनिकों को बताया कि उनके मंत्रिमंडल ने व्यापक अंतरराष्ट्रीय और घरेलू विरोध के बावजूद ग़ज़ा शहर के उत्तरी हिस्से पर बड़े पैमाने पर हमले की योजना मंज़ूर की है.

    हमास ने सोमवार को क़तर और मिस्र के मध्यस्थों द्वारा तैयार 60 दिन के युद्ध विराम प्रस्ताव पर सहमति जताई थी.

    क़तर के मुताबिक, इस प्रस्ताव के तहत ग़ज़ा में बचे बंधकों में से आधे को रिहा किया जाना था.

    पहली बार प्रतिक्रिया देते हुए नेतन्याहू ने इस समझौते को स्वीकार नहीं किया है.

    इसराइली मीडिया ने एक अधिकारी के हवाले से बताया कि स्थान तय होने के बाद वार्ताकारों को नए सिरे से बातचीत के लिए भेजा जाएगा.

    इसराइल में ग़ज़ा डिवीजन के मुख्यालय के दौरे पर दिए गए एक वीडियो बयान में नेतन्याहू ने कहा कि उन्होंने "हमारे सभी बंधकों की रिहाई के लिए तुरंत बातचीत शुरू करने का निर्देश दिया है."

    इसराइल और हमास के बीच यह युद्ध सात अक्टूबर 2023 को दक्षिणी इसराइल पर हमास के हमले के बाद शुरू हुआ था.

    इस हमले में 1,200 लोग मारे गए थे और 251 अन्य लोगों को हमास ने बंधक बना लिया था.

    इसराइल का मानना है कि 22 महीने से चले युद्ध के बाद 50 बंधकों में से केवल 20 ही जीवित बचे हैं.

    हमास के हमले के ख़िलाफ़ इसराइल ने ग़ज़ा में सैन्य हमला शुरू कर दिया. ग़ज़ा के हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक़ इन हमलों में कम से कम 62,192 फ़लस्तीनी मारे गए हैं.

  6. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है.

    मैं बीबीसी संवाददाता आनंद मणि त्रिपाठी अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.