You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

एआई इम्पैक्ट समिट: गलगोटिया यूनिवर्सिटी विवाद पर केंद्र सरकार का आया बयान

सोशल मीडिया पर आरोप लगे कि चीन में बने रोबोट को यूनिवर्सिटी ने स्वदेशी इनोवेशन बताकर पेश किया था. हालांकि यूनिवर्सिटी ने इसे ‘कम्यूनिकेशन एरर’ बताया था और इसके लिए माफ़ी मांगी थी.

लाइव कवरेज

संदीप राय,दीपक मंडल

  1. अभी तक बीबीसी संवाददाता संदीप राय आप तक इस लाइव ब्लॉग के ज़रिये ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल रात दस बजे तक आप तक ताज़ा ख़बरें पहुंचाएंगे. तब तक आप बीबीसी हिन्दी पर मौजूद अहम ख़बरों को उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

    दिल्ली एआई समिट के उद्घाटन के दिन 'अव्यवस्था' को लेकर विदेशी मीडिया में ऐसी चर्चा

  2. सलीम ख़ान की हालत में सुधार, डॉक्टर ने दिया हेल्थ अपडेट, रवि जैन, बीबीसी हिन्दी के लिए

    मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती जानेमाने पटकथा लेखक और अभिनेता सलमान ख़ान के पिता सलीम ख़ान की सेहत के बारे में अस्पताल ने हेल्थ अपडेट दिया है.

    अस्पताल के डॉक्टर जलील पारकर ने मीडिया से कहा कि सलीम ख़ान की तबीयत में पहले से काफ़ी सुधार देखने को मिला है.

    उन्होंने बताया, ''मंगलवार सुबह सलीम ख़ान को लीलावती अस्पताल लाया गया था. उस वक्त उनका ब्लड प्रेशर काफ़ी कम था. उन्हें कई तरह की तकलीफ़ें थीं और ऐसे में उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था.''

    डॉ. पारकर ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी को बताया, "सलीम ख़ान को कल ब्रेन हैमरेज हुआ था, मगर यह हैमरेज मिनिमल किस्म का था, जिसके लिए सर्जरी‌ करने की ज़रूरत नहीं पड़ी और हमने इसे कंट्रोल कर लिया था."

    डॉ. पारकर ने बताया कि 'सलीम ख़ान पर डीएसए (डिजिटल सब्स्ट्रैक्शन एंजियोग्राफ़ी) नामक सर्जरी की गई थी जो कि एक प्रोसिजर है जिसे डॉ. नितिन डांगे ने किया.'

    डॉ. पारकर ने बताया कि फ़िलहाल सलीम ख़ान को वेंटिलेटर पर रखा गया है और उनकी स्थिति पहले से बेहतर है और हो सकता है कि एक दो दिन में उन्हें वेटिंलेटर से आईसीयू में शिफ़्ट कर दिया जाए.

    हालांकि उन्होंने कहा कि डिस्चार्ज करने के बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता है, फिलहाल वो निगरानी में रहेंगे.

  3. राजपाल यादव ने जेल से रिहा होने के बाद क्या कहा?

    दिल्ली हाई कोर्ट की ओर से चेक बाउंस मामले में सज़ा पर अंतरिम रोक लगाए जाने और जेल से रिहा होने के बाद अभिनेता राजपाल यादव ने प्रतिक्रिया दी है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए उन्होंने कहा, "सभी कानूनी मामले हाई कोर्ट के समक्ष लंबित हैं. चूंकि मामला विचाराधीन है, इसलिए मैं इस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता और मैं अदालत के फैसलों का पूरा सम्मान करता हूं."

    उन्होंने कहा, "आने वाले कुछ दिनों में हम एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे और सभी सवालों का ईमानदारी से जवाब देंगे. मीडिया और देशभर के लोगों और भारतीय सिनेमा से जुड़े सभी लोगों को उनके प्यार और समर्थन के लिए धन्यवाद."

    राजपाल यादव मंगलवार को जेल से रिहा हुए थे.

    इस मामले में अगली सुनवाई 18 मार्च को होगी, तब तक राजपाल जेल से बाहर रहेंगे. सुनवाई में राजपाल यादव को फ़िजिकली या वर्चुअली उपस्थित रहना होगा.

  4. मायावती ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों में गठबंधन को लेकर ये कहा

    उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बसपा प्रमुख मायावती ने राज्य के आगामी चुनाव में गठबंधन की अटकलों को लेकर बुधवार को एक बयान जारी किया है.

    बीएसपी यूपी स्टेट कार्यालय की ओर से जारी बयान को मायावती ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट किया है जिसमें कहा गया है, “विधानसभा के अगले चुनाव में पार्टी गठबंधन में चुनाव लड़ेगी, ये बात विशुद्ध रूप से गुमराह करने वाली फ़ेक न्यूज़ है और यह झूठ, हवाहवाई, मनगढंत और ग़लत ख़बर है.”

    बयान के अनुसार, “कांशीराम के जन्मदिन पर 9 अक्तूबर 2025 को हुई रैली में इस बारे में साफ़ कर दिया गया था, बावजूद इस पर खबर प्रचारित की जा रही है जिसपर ध्यान देने की ज़रूरत नहीं है.”

    उत्तर प्रदेश का आगामी विधानसभा चुनाव अगले साल होना है.

  5. एआई समिट में चीनी रोबोट डॉग विवाद पर क्या बोले राहुल गांधी

    दिल्ली में हो रहे एआई समिट में चीनी रोबोट डॉग विवाद पर कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रतिक्रिया दी है.

    राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, "भारत की प्रतिभा और डेटा का लाभ उठाने के बजाय, एआई समिट एक अव्यवस्थित जनसंपर्क तमाशा बन कर रह गया है - भारतीय डेटा बिक्री के लिए पेश किया जा रहा है, चीनी उत्पादों का प्रदर्शन किया जा रहा है."

    साथ ही उन्होंने कांग्रेस के एक्स हैंडल के पोस्ट को भी साझा किया है जिसमें आरोप लगाया गया है कि मोदी सरकार ने एआई मामले में भारत का पूरी दुनिया में मज़ाक उड़वाया है.

    कांग्रेस ने अपनी पोस्ट में लिखा, "मोदी के मंत्री अश्विनी वैष्णव भी उसी झूठे प्रचार में शामिल है, और इंडियन समिट में चीन के रोबोट का प्रचार प्रसार कर रहे हैं....चीनी मीडिया ने भी हमारा मज़ाक उड़ाया है."

    दरअसल दिल्ली के प्रगति मैदान में हो रहे एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में गलगोटिया यूनिवर्सिटी के स्टॉल पर जिस रोबोट डॉग को अपना इनोवेशन बताया गया था, दरअसल वो चीन में बना रोबोट था.

    उधर गलगोटिया यूनिवर्सिटी ने एक बयान जारी कर कहा कि उसके ख़िलाफ़ दुष्प्रचार अभियान चलाया जा रहा है.

  6. राज्य सभा की 37 सीटों पर चुनाव का एलान, इस दिन होगी वोटिंग

    भारत निर्वाचन आयोग ने राज्यसभा में 37 सीटों के चुनाव की तारीख़ों का एलान कर दिया है.

    आयोग की घोषणा के अनुसार, इन चुनावों के लिए 26 फ़रवरी को नोटिफ़िकेशन जारी किया जाएगा.

    16 मार्च को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा और उसी दिन शाम पांच बजे से मतगणना की जाएगी.

    जिन राज्यों में सीटें खाली हो रही हैं, उनमें हैं- महाराष्ट्र, ओडिशा, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, असम, बिहार, छत्तीसगढ़, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और तेलंगाना.

    इन राज्यों में 37 संसद सदस्यों का कार्यकाल अप्रैल 2026 में समाप्त होने जा रहा है.

    सबसे ज़्यादा सीटें महाराष्ट्र से हैं, जहाँ 7 सीटें खाली हो रही हैं. तमिलनाडु में छह और पश्चिम बंगाल और बिहार में 5-5 सीटों के लिए मतदान होगा.

  7. इमरान की सेहत को लेकर क्या बोले भारत के पूर्व कप्तान अज़हर और गांगुली

    भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान मोहम्मद अज़हरुद्दीन और सौरव गांगुली ने पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान की सेहत से जुड़ी ख़बरों पर प्रतिक्रिया दी है.

    अज़हरुद्दीन ने एक्स पर लिखा, इमरान भाई के बारे में खबर सुनकर गहरा दुख हुआ. क्रिकेट ने हमें कई यादगार पल दिए हैं. एक साथी खिलाड़ी के रूप में, जिसने उनके साथ मंच साझा किया है और उनसे बहुत कुछ सीखा है, मैं विनम्र निवेदन करता हूं कि उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए. उनके अच्छे स्वास्थ्य और उनके परिवार को शक्ति मिले, इसके लिए प्रार्थना करता हूं.”

    भारतीय क्रिकेट टीम के एक और पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने भी इमरान ख़ान की सेहत को लेकर चिंता ज़ाहिर की है.

    मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा, "मैं उम्मीद करता हूं कि उनकी (इमरान ख़ान) सेहत ठीक हो जाए और उन्हें सही इलाज मिले, क्योंकि वह क्रिकेट टीम के कप्तान और प्रधानमंत्री के तौर पर पाकिस्तान को दुनिया के नक़्शे पर लाए हैं."

    पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान वहां की अडियाला जेल में बंद हैं. उनके ख़राब स्वास्थ्य की ख़बरें बाहर आ रही हैं. इसके बाद कई देशों के पूर्व क्रिकेट कप्तानों ने पाकिस्तान की सरकार को पत्र लिखकर मांग की है कि इमरान के साथ अच्छा व्यवहार हो और उनका बेहतर तरीक़े से इलाज कराया जाए.

    पत्र लिखने वालों में भारत के दिग्गज क्रिकेटर रहे सुनील गावस्कर और कपिल देव भी शामिल हैं.

  8. अमेरिका के मशहूर सिविल राइट्स नेता जेसी जैक्सन का निधन

    अमेरिका के सिविल राइट्स नेता जेसी जैक्सन का 84 वर्ष की उम्र में निधन हो गया.

    उनके परिवार की ओर से जारी बयान में बताया गया कि मंगलवार सुबह उनका निधन हुआ. आखिरी पलों में उनके परिजन उनके साथ मौजूद थे.

    परिवार ने कहा, "गहरे दुख के साथ हम सिविल राइट्स नेता और रेनबो पीयूएसएच कोलिशन के संस्थापक रेवरेन्ड जेसी लुईस जैक्सन सीनियर के निधन की घोषणा करते हैं."

    बयान में यह भी कहा गया कि उनका निधन शांति से हुआ.

    मौत के कारण की आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है. हालांकि, जैक्सन को प्रोग्रेसिव सुप्रान्यूक्लियर पाल्सी नामक बीमारी थी और पिछले साल के अंत में वह अस्पताल में भर्ती थे.

    डेमोक्रेटिक पार्टी से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी के लिए दो बार चुनाव लड़ चुके इस प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ता को श्रद्धांजलि दी जा रही है.

    पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी.

    जेसी जैक्सन अपने पीछे पत्नी जैकलीन और बच्चों संतिता, जेसी जूनियर, जोनाथन, यूसुफ, जैकलीन और एशले को छोड़ गए हैं.

  9. टी-20 वर्ल्ड कपः नामीबिया के ख़िलाफ़ आज पाकिस्तान क्यों 'करो या मरो' की स्थिति में

    टी-20 वर्ल्ड कप में आज पाकिस्तान के लिए एक अहम मुक़ाबला है.

    नामीबिया के ख़िलाफ़ पाकिस्तान आज करो या मरो की स्थिति में होगा.

    सलमान आग़ा के नेतृत्व में खेल रही पाकिस्तान की टीम अगर यह मुक़ाबला जीतती है तो वो सुपर-8 में पहुंच जाएगी, लेकिन हार से उसके सामने टी20 वर्ल्ड कप के बाहर होने का ख़तरा है.

    पिछली बार अमेरिका के हाथों हारकर पाकिस्तान ग्रुप स्टेज में ही टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हो गया था.

    पाकिस्तान ने टूर्नामेंट में तीन मुक़ाबले खेलकर दो जीत के साथ चार अंक जुटाए हैं. हालाँकि नेट रन के आधार पर वह अमेरिका से पीछे है.

    नामीबिया के साथ ग्रुप ए में पाकिस्तान का ये आख़िरी मैच है जो बुधवार को शाम तीन बजे खेला जाएगा.

    क्रिकइनफ़ो वेबसाइट के अनुसार, ग्रुप ए में छह अंकों के साथ भारत शीर्ष पर है जबकि चार अंकों के साथ अमेरिका दूसरे नंबर है. पाकिस्तान चार अंकों के बावजूद तीसरे नंबर है. नामीबिया ने अभी तक कोई मैच नहीं जीता है.

    ग्रुब बी में छह अंकों के साथ श्रीलंका पहले नंबर पर और पांच अंकों के साथ जिम्बाब्वे दूसरे नंबर पर है.

  10. इन देशों में दिखा चांद, यहां आज से रमज़ान का पवित्र महीना शुरू

    बीबीसी अरबी के अनुसार, दस इस्लामी देशों ने घोषणा की है कि मंगलवार शाम को रमज़ान का चांद देखा गया और इसके साथ ही बुधवार वर्ष 1447 हिजरी के रमज़ान महीने का पहला दिन बन गया.

    सऊदी शाही परिवार ने मंगलवार शाम को दिए एक बयान में इसकी पुष्टि की है.

    सऊदी प्रेस एजेंसी (एसपीए) ने शाही दरबार के हवाले से कहा, "कई विश्वसनीय गवाहों ने आज रात रमज़ान के पवित्र महीने का अर्धचंद्र देखा है, और इसलिए कल, बुधवार, रमज़ान का पहला दिन है."

    इस बात की पुष्टि यरूशलम के मुफ्ती ने भी की, जिन्होंने घोषणा की कि फ़लस्तीनी क्षेत्रों में बुधवार से रमज़ान शुरू होगा.

    जिन देशों में आज से रमज़ान शुरू हो रहा है उनमें संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब, क़तर, बहरीन, कुवैत और यमन शामिल हैं.

    अन्य देशों ने घोषणा की कि मंगलवार शाम को चांद नहीं दिखाई दिया और गुरुवार को रमज़ान के महीने का पहला दिन घोषित किया.

    इन देशों में सीरिया, तुर्की, मिस्र, इंडोनेशिया, जॉर्डन, ईरान और सिंगापुर शामिल हैं.

  11. भारत समेत कई देशों में यूट्यूब डाउन, करोड़ों यूज़र्स परेशान

    वीडियो प्लेटफ़ॉर्म यूट्यूब के डाउन होने को लेकर दुनिया के कई हिस्सों में शिकायतें मिल रही हैं.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़, मंगलवार को अमेरिका में 3.2 लाख से ज्यादा यूज़र्स के लिए यूट्यूब ठप रहा. भारत में भी यूट्यूब के डाउन होने की शिकायतें मिल रही हैं और एक्स पर कुछ यूज़र्स ने इस बारे में लिखा है.

    भारत में सोशल मीडिया फ्लेटफॉर्म एक्स पर #youtubedown टॉप ट्रेंड में आ गया है.

    आउटेज ट्रैकिंग वेबसाइट डाउनडिटेक्टर डॉट कॉम के मुताबिक़, मंगलवार रात 8.18 बजे ईस्टर्न टाइम तक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर दिक्कतों को लेकर 3,21,958 रिपोर्ट दर्ज की गईं.

    यह वेबसाइट अलग-अलग स्रोतों से मिले स्टेटस रिपोर्ट को इकट्ठा कर आउटेज को ट्रैक करती है.

    वेबसाइट पर यूट्यूब टीवी से जुड़ी 8,923 शिकायतें दर्ज की गईं, जबकि गूगल के लिए 2,694 रिपोर्ट सामने आईं.

  12. बांग्लादेश में सरकार गठन के बाद जमात-ए-इस्लामी के नेता से मिले विक्रम मिसरी

    बांग्लादेश में 18 महीने बाद मंगलवार को बीएनपी के नेतृत्व में सरकार का गठन हो गया.

    भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने बांग्लादेश में मुख्य विपक्ष के रूप में उभरी जमात-ए-इस्लामी के नेता डॉ. शफ़ीक़ुर रहमान से मुलाक़ात की.

    ढाका स्थित भारतीय उच्चायोग ने एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए इसे एक शिष्टाचार मुलाक़ात बताया है.

    बयान के अनुसार, यह बैठक मंगलवार को बांग्लादेश की नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान हुई थी.

    भारतीय विदेश सचिव ने जमात-ए-इस्लामी के नेता को उनकी नई भूमिका के लिए बधाई दी और कहा कि बांग्लादेश के साथ भारत के रिश्ते आम लोगों के हितों से जुड़े हुए हैं.

    डॉ. शफीकुर रहमान ने दोनों देशों के बीच गहरे सांस्कृतिक रिश्तों पर ज़ोर देते हुए द्विपक्षीय संबंधों के और मजबूत होने की उम्मीद ज़ाहिर की है.

    शपथ ग्रहण समारोह में भारत की लोकसभा के अध्यक्ष ओम बिरला पहुंचे थे और उन्होंने नव निर्वाचित प्रधानमंत्री तारिक़ रहमान से मुलाक़ात कर उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बधाई संदेश दिया.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तारिक़ रहमान को भारत आने का न्योता भी दिया है.

    ग़ौरतलब है कि बीते 12 फ़रवरी को हुए आम चुनावों में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) को प्रचंड बहुमत मिला जबकि दूसरे नंबर प्रमुख विपक्षी पार्टी के रूप में जमात-ए-इस्लामी आई.

    बीबीसी बांग्ला के अनुसार, बांग्लादेश के नवगठित मंत्रिमंडल की पहली बैठक बुधवार को दोपहर 3 बजे होनी है.

  13. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता संदीप राय अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.