You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

एआई इम्पैक्ट समिट: गलगोटिया यूनिवर्सिटी विवाद पर केंद्र सरकार का आया बयान

सोशल मीडिया पर आरोप लगे कि चीन में बने रोबोट को यूनिवर्सिटी ने स्वदेशी इनोवेशन बताकर पेश किया था. हालांकि यूनिवर्सिटी ने इसे ‘कम्यूनिकेशन एरर’ बताया था और इसके लिए माफ़ी मांगी थी.

लाइव कवरेज

संदीप राय,दीपक मंडल

  1. अब इस लाइव ब्लॉग को रोकने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल को दीजिए इजाज़त. कल सुबह एक नए लाइव ब्लॉग के साथ फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

    10वीं में दो मौक़े और 12वीं की कॉपियां डिजिटल चेक: इस साल सीबीएसई बोर्ड परीक्षाएं क्यों हैं अलग

    रोबो डॉग के बाद अब सॉकर ड्रोन पर विवाद, चर्चा में रहने वाली गलगोटिया यूनिवर्सिटी की शुरुआत कब और कैसे हुई?

    पाकिस्तान: भारत का राष्ट्रगान गाने वाले चार छात्रों को यूनिवर्सिटी से निकाला गया

  2. एआई इम्पैक्ट समिट: गलगोटिया यूनिवर्सिटी विवाद पर केंद्र सरकार का आया बयान

    गलगोटिया यूनिवर्सिटी के रोबोटिक डॉग के विवाद पर केंद्र सरकार का बयान आया है.

    इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्रालय के सचिव एस. कृष्णन ने गलगोटिया यूनिवर्सिटी से एक्सपो का स्टॉल ख़ाली कराने के सवाल के जवाब में कहा, ''हम चाहते हैं कि एक्सपो में लोग जो भी प्रदर्शित करें, उसमें वास्तविक और प्रामाणिक काम ही दिखे. इसका मक़सद यह नहीं है कि इसे किसी और तरीके से इस्तेमाल किया जाए.''

    उन्होंने कहा, ''यहां चल रहे समिट को लेकर किसी तरह का विवाद हम नहीं चाहते. इसलिए यह ज़रूरी है कि एक आचार संहिता का पालन किया जाए. ग़लत जानकारी को बढ़ावा नहीं दिया जा सकता. हम इस विवाद को यहां नहीं चाहते. मैं इस पर नहीं जा रहा कि वे सही हैं या ग़लत. हम सिर्फ़ यह चाहते हैं कि कोई विवाद न हो.''

    दिल्ली में चल रहे एआई इम्पैक्ट समिट में दिखाए गए एक रोबोटिक डॉग की वजह से गलगोटिया यूनिवर्सिटी चर्चा में आ गई थी.

    सोशल मीडिया पर आरोप लगे कि चीन में बने रोबोट को यूनिवर्सिटी ने स्वदेशी इनोवेशन बताकर पेश किया था. हालांकि यूनिवर्सिटी ने इसे ‘कम्यूनिकेशन एरर’ बताया था और इसके लिए माफ़ी मांगी थी.

  3. बांग्लादेश में रमज़ान के महीने के दौरान स्कूलों में एक महीने से भी ज़्यादा की छुट्टी

    बांग्लादेश में रमज़ान के महीने के दौरान स्कूलों में एक महीने से भी ज़्यादा की छुट्टी घोषित की गई है.

    सरकारी और निजी माध्यमिक, निम्न माध्यमिक और प्राथमिक विद्यालयों के लिए संशोधित अवकाश सूची के मुताबिक़, 19 फ़रवरी से 26 मार्च तक अवकाश घोषित किया गया है.

    माध्यमिक और उच्च शिक्षा विभाग के साथ प्राथमिक और जन शिक्षा मंत्रालय ने बुधवार को इस संबंध में अलग-अलग अधिसूचनाएं जारी कीं.

    अधिसूचना के अनुसार, शैक्षणिक संस्थानों में छुट्टियां रमज़ान के महीने की शुरुआत से शुरू होंगी और 26 मार्च तक जारी रहेंगी.

    इसमें रमज़ान के महीने, ईद उल फ़ितर और स्वतंत्रता दिवस की छुट्टियां शामिल हैं.

    इससे पहले, प्राथमिक विद्यालयों के लिए वार्षिक अवकाश सूची दिसंबर 2025 में प्रकाशित की गई थी.

    इस अवकाश सूची में 8 मार्च से 26 मार्च तक रमज़ान और ईद सहित कई अवकाश शामिल थे और शुक्रवार और शनिवार को मिलाकर कुल 19 दिन की छुट्टियां थीं.

    रमज़ान के पवित्र महीने के दौरान स्कूलों को बंद करने का आदेश देने के लिए उच्च न्यायालय में एक रिट याचिका दायर की गई थी, और इस याचिका की सुनवाई 15 फ़रवरी को हुई थी.

    ग़ौरतलब है कि भारत समेत दक्षिण एशिया के कई हिस्सों में गुरुवार से रमज़ान का महीना शुरू हो रहा है.

  4. झारखंड: 'डायन' बताकर महिला और नवजात को ज़िंदा जलाया, मोहम्मद सरताज आलम, बीबीसी हिन्दी के लिए

    झारखंड में पश्चिमी सिंहभूम ज़िला के कलाईया गांव में 'डायन' बताकर 32 वर्षीय ज्योति सिंकू और उनके दो माह के नवजात को पेट्रोल डालकर ज़िंदा जला दिया गया.

    घटना की पुष्टि ज़िला के पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने की है.

    उन्होंने बीबीसी से कहा, ''मामला कुमारडूंगी थाना क्षेत्र का है. मामले में चार लोगों की गिरफ़्तारी हो चुकी है.''

    उन्होंने कहा, ''अबतक हुई आरंभिक जांच में मामला डायन बिसाही से संबंधित प्रतीत हो रहा है. लेकिन एक विशेष टीम गठित करते हुए जांच की जा रही. जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मामले की पूरी जानकारी से अवगत करेंगे.''

    स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार गांव में पिछले कुछ दिनों से लोगों की बीमारी और मवेशियों की अचानक मौत की अफवाह फैली.

    ग्रामीणों का एक समूह इसके लिए महिला ज्योति सिंकू को ही ज़िम्मेदार ठहरा रहा था. कथित तौर पर महिला को 'डायन' बताते हुए मंगलवार की रात लगभग 2 बजे एक दर्जन ग्रामीणों ने हमला कर दिया.

    हमलावरों ने सो रहे ज्योति के परिवार पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी. जिससे ज्योति सिंकू और उनके मासूम बच्चे की मौत हो गई, जबकि अधिक झुलस जाने के कारण उनके पति की हालत गंभीर है.

  5. टी-20 वर्ल्ड कप : नामीबिया को हरा कर पाकिस्तान पहुंचा सुपर 8 में

    पाकिस्तान ने नामीबिया को 102 रनों से हराकर टी-20 विश्व कप के सुपर-8 राउंड के लिए क्वालीफाई कर लिया है.

    200 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए, नामीबिया की पूरी टीम 18वें ओवर में 97 रनों पर ऑल आउट हो गई.

    इससे पहले, पाकिस्तानी कप्तान सलमान आगा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था.

    शाहीन अफरीदी और अबरार अहमद को आज टीम में जगह नहीं मिली थी.

    इस मैच में साहिबजादा फरहान ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टी-20 विश्व कप में अपना पहला शतक बनाया.

    उन्होंने 11 चौकों और चार छक्कों की मदद से 58 गेंदों में 100 रन बनाए.

  6. भारत के कई हिस्सों में रमज़ान का चांद दिखा, गुरुवार को होगा पहला रोज़ा

    भारत के कई हिस्सों में इस्लामी कैलेंडर के रमज़ान महीने का चांद दिखा है जिसके बाद गुरुवार को पहला रोज़ा होगा. लखनऊ ईदगाह के ईमाम मौलाना ख़ालिद रशीद फ़िरंगी महली ने इसकी पुष्टि की है.

    उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, “मरकज़ी चांद कमिटी फ़िरंगी महल लखनऊ की ओर से घोषणा की जाती है कि 18 फ़रवरी 2026 को देश के कई हिस्सों में चांद देखा गया है. इसकी पुष्टि के आधार पर ये घोषणा की जाती है कि 19 फ़रवरी 2026 को पहला रोज़ा होगा.”

    ग़ौरतलब है कि सऊदी अरब समेत मध्य पूर्व के कई देशों में बुधवार को इस्लामी कैलेंडर के रमज़ान महीने की शुरुआत हुई, इस दिन पहला रोज़ा रखा गया.

  7. टी-20 वर्ल्ड कप : नीदरलैंड्स के ख़िलाफ़ भारत की पारी लड़खड़ाई

    नीदरैलंड्स के ख़िलाफ़ खेले जा रहे टी-20 वर्ल्ड कप के 36वें मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत की शुरुआत ख़राब रही है.

    भारत के ओपनर अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले ही दूसरी गेंद पर बोल्ड होकर पवेलियन वापस लौट गए. उनका विकेट आर्यन दत्त ने लिया.

    इस वर्ल्ड कप में यह अभिषेक शर्मा का तीसरा मैच था. तीनों ही मैचों में वो जीरो पर आउट हुए हैं. इसके बाद तिलक वर्मा के साथ मिलकर ईशान किशन ने दूसरे विकेट के लिए 39 रन की पार्टनरशिप की.

    लेकिन पांचवें ओवर की दूसरी गेंद पर आर्यन दत्त ने उन्हें बोल्ड कर दिया. ईशान किशन ने 7 गेंद में 18 रन बनाए. दो विकेट जल्दी गिरने की वजह से पावरप्ले में भारत ने 51 रन ही बनाए. पावरप्ले के बाद भी सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा के सामने नीदरलैंड्स के गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी जारी रखी.

    तेजी से रन बनाने के संघर्ष में तिलक वर्मा ने 9वें ओवर की आखिरी गेंद पर अपना विकेट गंवा दिया. उन्होंने 27 गेंद में 31 रन बनाए. 10 ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट गंवाकर 74 रन ही है. कप्तान सूर्यकुमार यादव 22 और शिवम दुबे दो रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं.

  8. बांग्लादेश के पीएम तारिक़ रहमान का राष्ट्र के नाम संबोधन स्थगित

    बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक़ रहमान का राष्ट्र के नाम संबोधन स्थगित कर दिया गया है.

    तारिक़ रहमान की पार्टी बीएनपी के सूत्रों ने बीबीसी को बताया कि यह भाषण आज (बुधवार) को रात 9:45 बजे प्रसारित किया जाएगा.

    इससे पहले, सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा था कि नव नियुक्त प्रधानमंत्री तारिक़ रहमान शाम साढ़े छह बजे राष्ट्र को संबोधित करेंगे.

    प्रधानमंत्री के रूप में पदभार संभालने के बाद यह उनका पहला राष्ट्रीय संबोधन होगा.

    प्रधानमंत्री तारिक़ रहमान ने बुधवार सुबह राष्ट्रीय स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर अपने पहले कार्यदिवस की शुरुआत की और मुक्ति युद्ध के शहीदों को श्रद्धांजलि दी.

    बाद में, उन्होंने ज़िया उद्यान में राष्ट्रपति ज़ियाउर रहमान और पूर्व प्रधानमंत्री ख़ालिदा ज़िया की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित की.

    उन्होंने दोपहर में सचिवालय में नए मंत्रिमंडल सदस्यों के साथ अपनी पहली बैठक भी की.

  9. दिनभर : रूस-यूक्रेन- क्यों नहीं बन रही शांति पर बात

  10. टी-20 वर्ल्ड कप : अभिषेक शर्मा ने बनाई ज़ीरो की हैट्रिक

    अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे टी-20 वर्ल्ड कप में भारत की शुरुआत ख़राब रही.

    नीदरलैंड्स के खिलाफ भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फ़ैसला किया, लेकिन भारत के ओपनर अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले ही दूसरी गेंद पर बोल्ड होकर पवेलियन वापस लौट गए.

    उनका विकेट आर्यन दत्त ने लिया. इस वर्ल्ड कप में यह अभिषेक शर्मा का तीसरा मैच था. लेकिन तीनों ही मैचों में वो ज़ीरो पर आउट हुए हैं.

    हालांकि भारतीय क्रिकेट टीम ग्रुप स्टेज में अपने तीनों मैच जीतकर पहले ही सुपर-8 राउंड में अपनी जगह पक्की कर चुकी है.

  11. रूस-यूक्रेन शांति वार्ता बेनतीज़ा ख़त्म, बातचीत में अमेरिका भी था शामिल

    यूक्रेन-रूस जंग को ख़त्म करने के मक़सद से रूस, यूक्रेन और अमेरिका के बीच हुई बातचीत बिना किसी ठोस नतीजे के समाप्त हो गई.

    जिनेवा में आयोजित ये त्रिपक्षीय बैठकें मंगलवार देर रात तक चलीं, लेकिन बुधवार को केवल दो घंटे ही चलीं.

    हालांकि अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ ने बातचीत को लेकर उम्मीदें जाहिर की थीं.

    लेकिन रूस के मुख्य वार्ताकार और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की दोनों ने संकेत दिया कि बातचीत ‘’कठिन’’ रही.

    हालांकि एक यूक्रेनी राजनयिक सूत्र के मुताबिक़ “सैन्य मुद्दों” पर कुछ प्रगति हुई है, जिसमें अग्रिम पंक्ति की स्थिति और युद्धविराम की निगरानी जैसे विषय शामिल हैं.

    लेकिन क्षेत्रीय विवाद के मुद्दे पर अब भी सहमति नहीं बन सकी है. इसके बिना बिना किसी भी युद्धविराम की कल्पना नहीं की जा सकती.

    रूस और यूक्रेन के हालात अभी भी एक दूसरे से काफ़ी अलग हैं.

  12. टी-20 वर्ल्ड कप: नीदरलैंड्स के ख़िलाफ़ भारत करेगा पहले बैटिंग

    टी-20 वर्ल्ड कप में आज भारत और नीदरलैंड्स की टीमें आमने-सामने हैं. अहमदाबाद में खेले जा रहे इस मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फ़ैसला किया है.

    भारत की टीम टूर्नामेंट में अपने तीन मैच जीतकर पहले ही सुपर-8 में पहुंच चुकी है. भारत ने अमेरिका, नामीबिया और पाकिस्तान से अपने मैच जीते थे.

    भारत की टीम में वॉशिंगटन सुंदर और अर्शदीप सिंह की वापसी हुई है जबकि अक्षर पटेल और कुलदीप यादव को आराम दिया गया है.

  13. कार्टून: इतना इंटेलिजेंट भी नहीं होना है

  14. फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने एम्स में क्या कहा

    फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कहा है कि दुनिया भर में एआई को बड़े पैमाने पर अपनाया जाएगा.

    उन्होंने कहा, ''एआई प्रोडक्टिविटी को बदल देगा. यह हमें नई बीमारियों की खोज करने में मदद करेगा. यह हमारे ऊर्जा मॉडल को फिर से आकार देगा और इससे कई क्षेत्रों में उत्पादकता में बड़ा बदलाव आएगा.''

    मैक्रों ने ये बातें दिल्ली के एम्स में एआई पर आयोजित एक समिट में कही. फ्रांस के राष्ट्रपति सुबह भारत मंडपम में आयोजित रिसर्च सिम्पोजियम के उद्घाटन समारोह में शामिल हुए थे.

    भारत दौरे पर आए फ्रांस के राष्ट्रपति आज इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में भाग लेने के लिए दिल्ली पहुंचे थे.

  15. ब्राज़ील के राष्ट्रपति लूला भारत पहुंचे, एआई समिट में लेंगे हिस्सा

    ब्राज़ील के राष्ट्रपति लुईस इनासियो लूला डा सिल्वा भारत राजकीय दौरे पर दिल्ली पहुंच गए हैं.

    अपने इस दौरे में राष्ट्रपति लूला इंडिया एआई इंपैक्ट समिट में हिस्सा लेंगे. इसके साथ भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी राष्ट्रपति लूला के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे.

    लूला के भारत पहुंचने पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, ''भारत और ब्राज़ील के बीच गहरे और बहुआयामी संबंध हैं, जिन्हें रणनीतिक साझेदारी का दर्जा हासिल है. यह संबंध साझा वैश्विक दृष्टि, लोकतांत्रिक मूल्यों और समावेशी विकास की प्रतिबद्धता पर आधारित हैं.''

    उन्होंने लिखा, ''राष्ट्रपति लूला की यह यात्रा भारत-ब्राज़ील साझेदारी को नई गति और मजबूती प्रदान करेगी.’’

    लूला के साथ ब्राज़ील के बिजनेस लीडर्स का एक प्रतिनिधिमंडल भी भारत पहुंचा है. लूला 18 से 22 फरवरी 2026 तक भारत में रहेंगे.

  16. टी-20 वर्ल्ड कप : पाकिस्तान ने नामीबिया को दिया 200 रन का लक्ष्य

    टी-20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान ने अपने एक अहम मैच में नामीबिया को जीतने के लिए 200 रन का लक्ष्य दिया है.

    पाकिस्तान ने पहले खेलते हुए 20 ओवर में महज तीन विकेट खोकर 199 रन बनाए हैं.

    पाकिस्तान टीम ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फ़ैसला किया था.

    नामीबिया के ख़िलाफ़ पाकिस्तान क्रिकेट टीम में दो बदलाव किए गए हैं. जिसमें ख़्वाजा नफे़ और सलमान मिर्जा ने अबरार अहमद और शाहीन अफ़रीदी की जगह ली है.

    कोलंबो में पाकिस्तान और नामीबिया के बीच होने वाले इस मैच में पाकिस्तान की जीत बेहद अहम है क्योंकि इस मैच का नतीजा ही तय करेगा कि पाकिस्तान सुपर आठ चरण में पहुंचेगा या नहीं.

  17. एआई समिट: गलगोटिया यूनिवर्सिटी के स्टॉल में लाइट बंद, विवादित रोबोट और प्रोफ़सर हटे, उमंग पोद्दार, बीबीसी संवाददाता

    इंडिया एआई इंपैक्ट समिट में गलगोटिया यूनिवर्सिटी के एक रोबोटिक डॉग पर विवाद के बाद यूनवर्सिटी के स्टॉल की लाइट बंद मिली है.

    बीबीसी संवाददाता उमंग पोद्दार ने पाया कि स्टॉल की लाइट्स बंद थीं और यहां मौजूद यूनिवर्सिटी के प्रोफ़ेसर भी यहां से चले गए थे.

    मीडिया की ख़बरों के मुताबिक़ रोबोटिक डॉग पर विवाद के बाद आयोजकों ने प्रोफ़ेसरों को यहां से जाने को कह दिया था.

    सुबह यूनिवर्सिटी के कुछ प्रोफ़ेसर और स्टाफ़ यहां मौजूद थे. लेकिन दोपहर को वे नहीं दिखे. विवादित रोबोटिक डॉग को भी यहां से हटा दिया गया था.

    अब से कुछ देर पहले इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्रालय के सचिव एस कृष्णन ने एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस ने कहा था कि अगर कोई कंपनी गुमराह करने वाले दावे कर रही है तो उस कंपनी को एक्सपो में जगह नहीं दी जाएगी.

    समिट में दिखाए गए एक रोबोटिक डॉग की वजह से गलगोटिया यूनिवर्सिटी चर्चा में आ गई थी.

    सोशल मीडिया पर आरोप लगे कि चीन में बने रोबोट को यूनिवर्सिटी ने स्वदेशी इनोवेशन बताकर पेश किया था. हालांकि यूनिवर्सिटी ने इसे ‘कम्यूनिकेशन एरर’ बताया था.

  18. जम्मू-कश्मीर पहली बार रणजी ट्रॉफ़ी के फ़ाइनल में पहुंचा, क्या बोले उमर अब्दुल्लाह

    जम्मू-कश्मीर की क्रिकेट टीम पहली बार रणजी ट्रॉफ़ी के फ़ाइनल में पहुंची है.

    सेमीफ़ाइनल में उन्होंने बंगाल को 6 विकेट से हराया.

    इस मैच में तेज़ गेंदबाज़ आकिब नबी ने नौ विकेट झटके और पहली पारी में नौवें नंबर पर बल्लेबाज़ी करते हुए 42 रन भी बनाए.

    पहली पारी में नबी ने पांच विकेट तो दूसरी पारी में चार विकेट झटके.

    इस मैच में बंगाल ने पहली पारी में 328 रन और दूसरी पारी में 99 रन बनाए थे. जबकि जम्मू-कश्मीर ने 302 रन बनाए और दूसरी पारी में जीत के लिए ज़रूरी 126 रन 4 विकेट खोकर ही बना लिए.

    टीम की सफलता पर मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह ने कहा, “रणजी ट्रॉफी कोई अकेले नहीं जीतता. यह पूरी टीम और सपोर्ट स्टाफ़ की सफलता है. मैं अपनी ओर से और जम्मू-कश्मीर के सभी लोगों की ओर से उन्हें बधाई देता हूं. मुझे उम्मीद है कि वह दिन दूर नहीं जब हम जम्मू-कश्मीर के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय टीम में अहम भूमिका निभाते देखेंगे."

  19. पीएम मोदी और सुंदर पिचाई की मुलाक़ात, बताया- भारत एआई में क्या कर रहा है

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को गूगल और उसकी पैरेंट कंपनी अल्फाबेट इंक. के सीईओ सुंदर पिचाई से मुलाक़ात की.

    पीएम मोेदी ने उनसे चर्चा की कि भारत आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में क्या काम कर रहा है और गूगल इस क्षेत्र में भारतीय स्टूडेंट्स और पेशेवरों के साथ मिलकर कैसे काम कर सकता है.

    पिचाई दिल्ली में चल रहे इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में भाग लेने आए हैं, जो यहां भारत मंडपम में एक प्रदर्शनी के साथ आयोजित किया जा रहा है.

    पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, ''दिल्ली में एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान श्री सुंदर पिचाई से मिलकर खुशी हुई. भारत एआई के क्षेत्र में जो काम कर रहा है, उस पर चर्चा हुई और इस बात पर भी बात हुई कि गूगल इस क्षेत्र में हमारे प्रतिभाशाली छात्रों और पेशेवरों के साथ कैसे काम कर सकता है.”

  20. एस. जयशंकर ने दी बांग्लादेश के नवनियुक्त विदेश मंत्री को बधाई, क्या बोला बांग्लादेश का विदेश मंत्रालय

    भारत के विदेश मंत्री की ओर से बांग्लादेश के नवनियुक्त विदेश मंत्री डॉ. खलीलुर रहमान को बधाई देने के बाद बांग्लादेश ने उनकी तारीफ़ की है.

    बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा है, ‘’बांग्लादेश ने भारत के माननीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर को उनके गर्मजोशी भरे संदेश और नव-नियुक्त बांग्लादेशी विदेश मंत्री को दी गई बधाई के लिए हार्दिक धन्यवाद दिया है.’’

    इसमें आगे लिखा गया है, ‘’दोनों देशों के लोगों के बीच लंबे समय से चले आ रहे मैत्रीपूर्ण संबंधों और बहुआयामी सहयोग को देखते हुए, ढाका भारत के साथ मिलकर सम्मान, समानता, पारस्परिक विश्वास और आदर के आधार पर शांतिपूर्ण, सामंजस्यपूर्ण और समृद्ध संबंधों को आगे बढ़ाने और प्रभावी सहयोग को मजबूत करने के लिए उत्सुक है.’’

    बांग्लादेश में बीएनपी की जीत के बाद तारिक़ रहमान के नेतृत्व में नई सरकार बनी है.

    आम चुनाव में 299 सीटों में से बीएनपी ने अकेले 209 और उसके गठबंधन ने कुल 212 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत हासिल किया है.

    भारत ने बांग्लादेश में बीएनपी से चुनाव से पहले ही संबंध सुधारने की कोशिश शुरू की थी.

    तारिक़ रहमान की मां और देश की पूर्व प्रधानमंत्री ख़ालिदा ज़िया के निधन के बाद विदेश मंत्री एस. जयशंकर उन्हें श्रद्धांजलि देने ढाका पहुंचे थे.