रूसी राष्ट्रपति पुतिन और उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन के बीच क्या बातचीत हुई?

इमेज स्रोत, Reuters
चीन की राजधानी बीजिंग में आयोजित विक्ट्री डे परेड के बाद रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन के बीच द्विपक्षीय वार्ता हुई.
इस दौरान पुतिन ने कहा कि उत्तर कोरिया की सेना ने कुर्स्क क्षेत्र को आज़ाद कराने में रूस की मदद की. इस पर किम ने कहा कि रूस की मदद करना 'भाई के तौर पर उत्तर कोरिया का कर्तव्य' है.
उत्तर कोरियाई सैनिकों की तारीफ़ के लिए किम ने पुतिन को धन्यवाद दिया. ये सैनिक यूक्रेन युद्ध में रूसी सेना की मदद कर रहे हैं.
किम ने पुतिन से कहा कि जून 2024 के समझौते के बाद द्विपक्षीय सहयोग मज़बूत हुआ है.
पिछले साल दोनों देशों ने एक ऐतिहासिक समझौते पर हस्ताक्षर किए थे, जिसमें सबसे अहम समझौता आपसी सुरक्षा का है. उस समय किम ने इस संधि को "अब तक की सबसे मज़बूत संधि" बताया था.
उत्तर कोरिया के नेता ने बैठक में कहा कि रूस और उत्तर कोरिया को विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग अधिक मज़बूत करना चाहिए.

इमेज स्रोत, Telegram

















