पाकिस्तानी पीएम ने पुतिन के साथ मीटिंग में भारत का ज़िक्र किया, क्या बोले?

शहबाज़ शरीफ़ ने बैठक में पुतिन से कहा, “मैं पाकिस्तान का समर्थन करने और क्षेत्र में संतुलन बनाने की कोशिश करने के लिए भी आपका धन्यवाद करना चाहता हूं.”

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह, उपासना

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता उपासना को दीजिए इजाज़त.

    कल हम बीबीसी लाइव पेज के ज़रिए दिन भर की बड़ी ख़बरों को लेकर फिर हाज़िर होंगे.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. पाकिस्तानी पीएम ने पुतिन के साथ मीटिंग में भारत का ज़िक्र किया, क्या बोले?

    पाकिस्तान पीएम शहबाज शरीफ

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, शंघाई सहयोग संगठन के शिखर सम्मेलन के बाद पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने रूसी राष्ट्रपति पुतिन के साथ बीजिंग में बैठक की

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ द्विपक्षीय बैठक में भारत का ज़िक्र किया है.

    शंघाई सहयोग संगठन के शिखर सम्मेलन के बाद पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ रूसी राष्ट्रपति पुतिन के साथ बीजिंग में बैठक करने पहुंचे थे.

    पुतिन के साथ बातचीत के दौरान शहबाज़ शरीफ़ ने कहा, “मैं पाकिस्तान का समर्थन करने और क्षेत्र में संतुलन बनाने की कोशिश करने के लिए भी आपका धन्यवाद करना चाहता हूं.”

    उन्होंने आगे कहा, “मैं जानता हूं और मैं कहना चाहता हूं कि हम भारत के साथ आपके संबंधों का सम्मान करते हैं. लेकिन हम भी (आपके साथ) मजबूत संबंध बनाना चाहते हैं.”

    “ये संबंध पूरक होंगे और क्षेत्र की भलाई और प्रगति और समृद्धि के लिए. मैं आपको एक बहुत ही गतिशील नेता मानता हूं और मैं आपको आश्वस्त करना चाहता हूं कि मैं आपके साथ मिलकर काम करना चाहता हूं.”

  3. किम जोंग उन अपनी बेटी के साथ चीन पहुंचे, देखिए तस्वीरें

    किम जोंग उन

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, चीन की 'विक्ट्री डे' परेड में हिस्सा लेने के लिए उत्तर कोरिया के शासक किम जोंग उन बीजिंग पहुंचे हैं
    किम जोंग उन

    इमेज स्रोत, Xinhua

    इमेज कैप्शन, किम जोंग उन के साथ उनकी बेटी किम जू आए भी नज़र आईं, जिन्हें किम जोंग उन का संभावित उत्तराधिकारी बताया जाता है
    किम जोंग उन

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, उत्तर कोरिया की सरकारी कोरियन सेंट्रल न्यूज़ एजेंसी (केसीएनए) ने कहा कि स्टेशन पर किम का स्वागत चीन की कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीसी) के कई बड़े नेताओं ने किया, जिनमें विदेश मंत्री वांग यी भी शामिल थे
  4. उत्तराखंडः पिथौरागढ़ में 3 दिन से टनल में फंसे 11 कर्मचारी सुरक्षित बाहर आए, आसिफ अली, बीबीसी संवाददाता

    पिथौरागढ़ टनल में फंसे कर्मचारी
    इमेज कैप्शन, भूस्खलन से एलगाड़ स्थित पावर स्टेशन की टनल का मुहाना भारी मलबे से भर गया था और कर्मचारी अंदर फंस गए थे

    उत्तराखंड में पिथौरागढ़ के धारचूला में तीन दिन से टनल में फंसे धौलीगंगा पावर स्टेशन के 11 कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है.

    एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने मंगलवार को इस रेस्क्यू अभियान को पूरा किया.

    लगातार बारिश और पहाड़ी से गिरते मलबे के चलते राहत कार्य बाधित हो रहा था.

    बीते शनिवार को भूस्खलन से एलगाड़ स्थित पावर स्टेशन की टनल का मुहाना भारी मलबे से भर गया था.

    पिथौरागढ़ कर्मचारी टनल में फंसे
    इमेज कैप्शन, रविवार को जिला प्रशासन ने दावा किया था कि फंसे हुए कर्मचारियों को निकाल लिया गया है, लेकिन कर्मचारियों ने वीडियो जारी बताया कि वो अब भी फंसे हुए हैं

    रविवार शाम ज़िला प्रशासन ने बताया था कि सुरंग में फंसे आठ लोग बाहर निकाले गए हैं और ग्यारह को निकालने का प्रयास जारी है.

    कुछ समय बाद रविवार को जिला प्रशासन ने दावा किया कि सभी कर्मचारी सुरक्षित निकाल लिए गए हैं.

    लेकिन सोमवार को कर्मचारियों ने वीडियो और ऑडियो संदेश जारी कर कहा था कि वे अब भी अंदर ही फंसे हैं. तीन दिन से बाहर निकलने का इंतजार कर रहे हैं.

    इससे प्रशासनिक दावों पर गंभीर सवाल खड़े हुए. आख़िर बिना पुष्टि किए सभी के सुरक्षित होने का दावा क्यों किया गया?

    बहरहाल, मंगलवार को आखिकार उन्हें निकाल लिया गया.

    एनएचपीसी के जीजीएम एम कनन ने बताया कि आज जब मलबा गिरना बंद हुआ तो राहतकर्मियों ने सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.

  5. मध्य प्रदेश: इंदौर के अस्पताल में दो नवजात को चूहों ने काटा, एक की मौत, विष्णुकांत तिवारी, बीबीसी संवाददाता

    इंदौर शिशु चूहा काटने का मामला
    इमेज कैप्शन, दोनों बच्चों को जन्म से ही स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं थीं, इसलिए उन्हें एनआईसीयू में रखा गया था

    मध्य प्रदेश के इंदौर ज़िले में महाराजा यशवंतराव अस्पताल (एमवायएच) में दो नवजात को चूहों ने काट लिया. यह घटना रविवार और सोमवार की दरमियानी रात हुई.

    अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. अशोक यादव ने बीबीसी को बताया, “यह मामला हमारी जानकारी में है. अस्पताल प्रबंधन ने जांच के लिए एक अलग कमेटी बनाई है. चूहों की समस्या से निजात पाने के लिए काम शुरू कर दिया गया है.”

    अस्पताल प्रबंधन ने ये भी बताया कि दोनों बच्चों को जन्म से ही स्वास्थ्य संबंधी जटिलताएँ थीं.

    एक नवजात को उसके परिजन अस्पताल के बाहर छोड़कर चले गए थे. प्रबंधन ने उसे इलाज के लिए एनआईसीयू में रखा था.

    दूसरे बच्चे का जन्म इंदौर के ही एक अन्य अस्पताल में हुआ था. तबीयत ख़राब होने के कारण उसे भी एमवायएच के एनआईसीयू में भर्ती कराया गया था.

    चूहों ने एक बच्चे के हाथ और दूसरे के सिर पर काटा. फ़िलहाल एक बच्चे की मौत हो गई है.

    अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि उस बच्चे की मौत चूहे के काटने से नहीं बल्कि स्वास्थ्य समस्या की वजह से हुई है. दूसरे बच्चे को दूसरी जगह शिफ़्ट कर दिया गया है और उसके स्वास्थ्य की लगातार निगरानी की जा रही है.

    डॉ. यादव ने आगे कहा कि एमवायएच अस्पताल लगभग 75 साल पुराना है और इस वजह से चूहों की समस्या समय-समय पर सामने आती रहती है.

    उन्होंने कहा, “यह बिल्डिंग भी पुरानी है. इसके आसपास कई पुराने भवन हैं. पहले भी दो बार अस्पताल में चूहों को हटाने के लिए अभियान चलाया गया है, लेकिन समस्या पूरी तरह ख़त्म नहीं हो पाई.”

    “अभी भी हम लगभग हर 15 दिन में चूहा मारने की दवाई और पकड़ने के अन्य साधनों का इस्तेमाल करते हैं.”

    डॉ. अशोक यादव का कहना है, “जांच कमेटी यह देख रही है कि इस घटना में किसकी लापरवाही है. जल्द ही ज़िम्मेदारी तय की जाएगी और दोषियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई की जाएगी.”

  6. दिनभर- पूरा दिन, पूरी ख़बर मानसी दाश और मोहनलाल शर्मा से

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  7. उमर ख़ालिद और अन्य की ज़मानत अर्जियां ख़ारिज होने पर महुआ बोलीं- सुप्रीम कोर्ट में लड़ाई लड़नी होगी

    उमर खालिद जमानत

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, महुआ मोइत्रा के पोस्ट पर बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने भी जवाब दिया है (फाइल फोटो)

    दिल्ली दंगों में उमर ख़ालिद समेत अन्य अभियुक्तों की ज़मानत याचिकाएं ख़ारिज होने पर सांसद महुआ मोइत्रा ने प्रतिक्रिया दी है.

    तृणमूल कांग्रेस से सांसद महुआ ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट किया.

    इसमें उन्होंने लिखा, “दिल्ली हाई कोर्ट ने 5 साल की क़ैद के बाद उमर ख़ालिद और अन्य अभियुक्तों को ज़मानत देने से इनकार कर दिया है. इस मामले में अभी तक कोई ख़ास कार्रवाई हुई नहीं है.”

    उन्होंने लिखा, “न्याय का सबसे घिनौना उपहास. अब हमें सुप्रीम कोर्ट में लड़ाई करनी होगी.”

    उनके इस पोस्ट पर भारतीय जनता पार्टी(बीजेपी) के राष्ट्रीय प्रवक्ता आर पी सिंह ने भी जवाब दिया.

    उन्होंने लिखा, “महुआ मोइत्रा को दंगों के अभियुक्तों उमर ख़ालिद और अन्य लोगों से सहानुभूति है, लेकिन दिल्ली दंगों में जिन लोगों ने अपनी जान और घर गंवाया है उनसे नहीं.”

    “कोर्ट ने सभी सबूतों की जांच के बाद ज़मानत की याचिकाएं ख़ारिज की हैं. मुस्लिम तुष्टीकरण की राजनीति के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा और पीड़ितों के लिए न्याय से समझौता नहीं होना चाहिए.”

  8. उमर ख़ालिद, शरजील इमाम की ज़मानत याचिका ख़ारिज होने पर एक्टर प्रकाश राज क्या बोले

    उमर खालिद जमानत याचिका

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, दिल्ली हाई कोर्ट ने उमर ख़ालिद, शरजील इमाम और आठ अन्य अभियुक्तों की जमानत याचिकाएं मंगलवार को ख़ारिज कर दी हैं (फाइल फोटो)

    अभिनेता प्रकाश राज ने उमर ख़ालिद, शरजील इमाम और आठ अन्य अभियुक्तों की ज़मानत याचिकाएं ख़ारिज होने पर प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “दयनीय... अन्यायपूर्ण... समझौतापूर्ण... न्याय का मज़ाक. इतिहास इसे कभी माफ़ नहीं करेगा."

    "हमें इस अन्याय के ख़िलाफ़ अपनी लड़ाई जारी रखनी होगी और उमर ख़ालिद और सभी राजनीतिक बंदियों के साथ खड़े रहना है."

    दिल्ली हाई कोर्ट के जस्टिस नवीन चावला और जस्टिस शालिंदर कौर की बेंच ने मंगलवार को उमर ख़ालिद, शरजील इमाम और आठ अन्य अभियुक्तों की ज़मानत याचिकाएँ ख़ारिज कर दी हैं.

    ये याचिकाएं 2020 के दिल्ली दंगों से जुड़ी थीं. आरोप है कि दिल्ली दंगे किसी 'बड़ी साज़िश' का हिस्सा थे.

  9. कार्टून: हमारा तो रोज़ का है

    गुरुग्राम बारिश ट्रैफ़िक जाम
    इमेज कैप्शन, गुरुग्राम में होने वाले ट्रैफ़िक जाम पर आज का कार्टून
  10. मनोज जरांगे ने आंदोलन ख़त्म किया, बोले- 'हम जीत गए'

    मनोज जरांगे पाटिल अनशन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, मनोज जरांगे पाटिल मराठा आरक्षण की मांगों को लेकर पांच दिनों से आमरण अनशन पर बैठे थे

    मनोज जरांगे पाटिल ने मंगलवार को बताया कि मराठा आंदोलन की मुख्य मांगों को सरकार ने स्वीकार कर लिया है. इसके साथ ही उन्होंने 'लड़ाई जीत ली है.'

    मराठा आरक्षण के मुद्दे को सुलझाने के लिए राज्य सरकार ने उपसमिति का गठन किया है. इसके एक प्रतिनिधिमंडल ने मनोज जरांगे पाटिल से मुलाकात की.

    प्रतिनिधिमंडल से मुलाक़ात के बाद जरांगे ने अपने समर्थकों से कहा कि मांगों को पूरा करने के लिए सरकार को दो महीने का वक्त दिया गया है.

    इसी के साथ जरांगे ने भूख हड़ताल ख़त्म कर दिया है. जरांगे मराठाओं को कुनबी का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे थे.

    यह ख़बर ऐसे समय में आई है जब बॉम्बे हाई कोर्ट ने मनोज जरांगे को मंगलवार दोपहर 3 बजे तक आज़ाद मैदान खाली करने का आदेश दिया था.

    मनोज जरांगे ने बताया कि उपसमिति हैदराबाद राजपत्र को मंजूरी देने के लिए तैयार है. इसे लागू करने के लिए उपसमिति ने निर्देश दिए हैं.

    जरांगे ने ये भी बताया कि सतारा संस्थान के गजेटियर की जांच कर उसे 15 दिनों के भीतर कानूनी रूप से लागू किया जाएगा.

  11. सूडान: बाढ़, भूस्खलन में 370 लोगों की मौत, यूएन ने की पुष्टि, जैम्स चैटर, बीबीसी संवाददाता

    सूडान भूस्खलन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, सूडान में लगातार कई दिनों की बारिश के कारण 31 अगस्त को कई जगह भूस्खलन हुआ था

    पश्चिमी सूडान में मर्रा पर्वत के आस-पास के इलाक़ों में भीषण भूस्खलन में कम से कम 370 लोगों की मौत हो गई है.

    संयुक्त राष्ट्र के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बीबीसी से इस बात की पुष्टि की है.

    सूडान में संयुक्त राष्ट्र के डिप्टी ह्यूमैनिटेरियन को-ऑर्डिनेटर अंत्वान गेरार्ड ने बताया कि यह इलाका बेहद दुर्गम है. वहां तक पहुंचना मुश्किल है. इसलिए असल में कितनी मौतें हुई हैं ये पता करना मुश्किल है.

    इधर सूडान के विद्रोही संगठन सूडान लिबरेशन मूवमेंट/आर्मी का कहना है कि मरने वालों की संख्या हज़ार से भी ज़्यादा हो सकती है.

    संगठन ने दावा किया है कि लगातार कई दिनों की बारिश के कारण रविवार को भूस्खलन हुआ. इससे तारासिन गांव का बड़ा हिस्सा पूरी तरह तबाह हो गया. वहां सिर्फ़ एक व्यक्ति जीवित बचा है.

    गेरार्ड ने बताया कि दुर्गम इलाका होने की वजह से तुरंत राहत पहुंचाना मुश्किल होगा.

    संयुक्त राष्ट्र अधिकारियों का कहना है कि न तो हेलीकॉप्टर उपलब्ध हैं और न ही सड़क मार्ग से प्रभावित इलाकों तक आसानी से पहुंचा जा सकता है.

    ख़राब मौसम और अस्थिर सुरक्षा हालात की वजह से भी मदद पहुंचाने में बड़ी बाधा आ रही है.

  12. भारत- अमेरिका में द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर पीयूष गोयल ने दिया ये अपडेट

    भारत अमेरिका व्यापार समझौता

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पीयूष गोयल ने कहा कि भारत दुनिया भर में अपने कारोबारी संबंधों का विस्तार कर रहा है (फाइल फोटो)

    केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि भारत द्विपक्षीय व्यापार समझौते के लिए अमेरिका के साथ बातचीत कर रहा है.

    उन्होंने मंगलवार को कन्फेडरेशन ऑफ़ इंडियन इंडस्ट्री (सीआईआई) के एक कार्यक्रम में यह बात कही.

    पीयूष गोयल ने कहा, ''भारत दुनिया भर में अपने कारोबारी संबंधों का विस्तार कर रहा है. मॉरीशस, ऑस्ट्रेलिया, एफ्टा ब्लॉक, यूके और यूएई के साथ समझौते हो चुके हैं.''

    ''यूरोपियन यूनियन, चिली, पेरु, न्यूजीलैंड और ओमान के साथ बातचीत जारी है.''

    उन्होंने कहा, ''भारत अमेरिका के साथ भी द्विपक्षीय व्यापार समझौते के लिए बातचीत कर रहा है.''

    उनका यह बयान ऐसे समय में आया है जब अमेरिका की तरफ से कुल 50 फीसदी टैरिफ के फैसले का भारत में विरोध हो रहा है.

    25 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ की वजह से भारत में चमड़ा उद्योग से लेकर कपड़ा उद्योग, ज्वैलरी उद्योग समेत अन्य उद्योगों के निर्यातकों का कारोबार ठप पड़ा हुआ है.

    अगर भारत और अमेरिका एक सहमति पर पहुंच जाते हैं तो इस फैसले से भारतीय निर्यातकों को राहत मिलेगी.

  13. तेलंगाना: पूर्व सीएम ने एमएलसी बेटी के कविता को पार्टी से निकाला

    के. कविता निष्कासन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, बीआरएस के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर के कविता के निष्कासन की जानकारी दी गई

    भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) ने मंगलवार को के कविता को पार्टी विरोधी गतिविधियों का हवाला देते हुए पार्टी से निष्कासित कर दिया.

    कविता को पार्टी से निकालने का फ़ैसला उनके पिता और पार्टी अध्यक्ष के चंद्रशेखर ने किया है. के कविता विधान परिषद की सदस्य हैं.

    सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पार्टी के आधिकारिक हैंडल पर हुए पोस्ट में इसकी जानकारी दी गई है.

    के कविता को पार्टी से निकालने को लेकर पार्टी की तरफ से जारी बयान में लिखा है, ''एमएलसी कविता की हालिया पार्टी विरोधी गतिविधियों से पार्टी की छवि और हितों को नुकसान पहुंच रहा था.''

    ''उनकी गतिविधियों को पार्टी लीडरशिप ने गंभीरता से लिया है. पार्टी अध्यक्ष चंद्रशेखर राव ने इसे देखते हुए कविता को तत्काल प्रभाव से पार्टी से निकालने का फैसला किया है.''

  14. अफ़ग़ानिस्तान: भूकंप में अपना पूरा परिवार खोने वाले नादेर ख़ान ने बताई आपबीती

    अफगानिस्तान भूकंप

    इमेज स्रोत, BBC/Abbas Farzami

    इमेज कैप्शन, अफ़ग़ानिस्तान में दूरदराज के इलाकों तक राहतकर्मी अब पहुँचने लगे हैं

    अफ़ग़ानिस्तान में भूकंप से भारी तबाही मची है. अब तक 800 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है. हज़ारों से ज्यादा घायल हैं.

    राहत कर्मी आज उन जगहों पर भी पहुंच पा रहे हैं जहां कल तक पहुंच पाना मुश्किल था. मलबे में फंसे और लोगों को निकाला जा रहा है और उन्हें अस्पताल पहुंचाया जा रहा है.

    बीबीसी संवाददाता यमा बरीज़ ने भूकंप प्रभावित इलाकों का जायजा लेने के दौरान वहां की स्थिति के बारे में बताया.

    वो लिखते हैं, ''कुनार जाते वक़्त मैंने नांगरहार के स्थानीय अस्पताल का एक बार फिर दौरा किया. आज यहां 80 से ज़्यादा घायल लोग लाए गए हैं. इनमें से ज़्यादातर लोग मज़ार दरा और नारगुल के हैं.''

    ''ये कुनार के वे ज़िले हैं जो कल तक रेस्क्यू टीम की पहुंच से बाहर थे. घायलों में से अधिकतर को एयरलिफ़्ट कर जलालाबाद के अस्पताल लाया गया है.''

    ''आज अस्पताल का माहौल कुछ शांत नज़र आया. भूकंप के सदमे का असर थोड़ा कम होता दिखा. कुछ लोग अपनी आपबीती साझा करने की स्थिति में नज़र आ रहे थे.''

    अफगानिस्तान भूकंप बचाव कार्य

    इमेज स्रोत, BBC/Abbas Farzami

    इमेज कैप्शन, नांगरहार के स्थानीय अस्पताल में 80 से ज्यादा घायलों को लाया गया है

    बरीज़ ने बताया, ''मैंने मज़ार दरा के रहने वाले नादेर ख़ान से मुलाक़ात की. तक़रीबन 50 साल के नादेर ने बताया कि रविवार रात भूकंप में उनका घर गिरने से उन्होंने अपने दोनों बेटे, दो बहुएं और पोते-पोतियों को खो दिया.''

    वह रोते हुए कहते हैं कि वह सिर्फ़ अपने दो पोते-पोतियों को बचा सके, लेकिन उन्हें यह भी नहीं मालूम कि वे अब कहां हैं.

    नादेर ने कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि अब कहां जाएं, क्योंकि लौटने के लिए उनके पास कुछ नहीं बचा. न परिवार, न घर.

    नादेर अपने बेटों को याद करते हुए ज़ोर-ज़ोर से रोने लगते हैं और कहते हैं कि काश वह उन्हें बचा पाते.

    जब वह थोड़ा संभले तो उन्होंने कहा, "मेरे सर और रीढ़ की हड्डी में चोट आई थी, इसलिए मैं हिल भी नहीं पाया और उन्हें बचा नहीं सका. काश मैं ठीक होता तो उन्हें बचा लेता."

    नादेर को रेस्क्यू टीमों ने अस्पताल पहुंचाया. नादेर कहते हैं, "मुझे नहीं मालूम कि मेरे बेटों के शवों का क्या हुआ."

    नांगरहार हेल्थ अथॉरिटी के हेड ने मुझे बताया कि उनकी टीमें सबसे ज़्यादा प्रभावित इलाक़ों में से कुछ तक पहुंच गई हैं, जहां कल तक पहुंचना मुमकिन नहीं था.

    टीमों को कुछ उपकरण और संसाधन दिए गए हैं, लेकिन तबाही की गंभीरता को देखते हुए यह काफ़ी नहीं है.

    मैंने उनसे पूछा कि क्या राहत टीमों में कोई महिला स्वास्थ्यकर्मी भी शामिल हैं, तो उन्होंने कहा कि पहाड़ी इलाक़े की वजह से महिला कर्मियों का वहां पहुंचना मुश्किल है.

  15. नमस्कार!

    अभी तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता उपासना आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगी.

    बीबीसी हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  16. ब्रेकिंग न्यूज़, मोदी बोले: मां को दी गई गालियां देश की मां-बहन-बेटियों का अपमान

    नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, पीएम मोदी ने कहा कि जो कुछ भी हुआ उसकी उन्होंने कभी कल्पना नहीं की थी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को बिहार की महिलाओं के लिए जीविका निधि सहकारी संघ की शुरुआत की. उन्होंने इस कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से हिस्सा लिया.

    इस दौरान पीएम मोदी ने बिहार में कांग्रेस और आरजेडी के कार्यक्रम में उनकी मां पर कथित टिप्पणी को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी.

    पीएम मोदी ने कहा, "मां ही तो हमारा संसार होती है, मां ही हमारा स्वाभिमान होती है. इस समृद्ध परंपरा वाले बिहार में कुछ दिन पहले जो हुआ उसकी मैंने कभी कल्पना तक नहीं की थी. किसी बिहार के मेरे भाई-बहन ने कल्पना नहीं की होगी. हिंदुस्तान के किसी व्यक्ति ने कल्पना नहीं की होगी."

    उन्होंने कहा, "बिहार में आरजेडी, कांग्रेस के मंच से मेरी मां को गालियां दी गईं. ये गालियां सिर्फ़ मेरी मां का अपमान नहीं है. ये देश की मां, बहन, बेटी का अपमान है. मुझे पता है बिहार की हर मां, हर बेटी, हर भाई को ये देख सुनकर कितना बुरा लगा है. मैं जानता हूं इसकी जितनी पीड़ा मेरे दिल में है, उतनी ही तकलीफ़ मेरे बिहार के लोगों को भी है."

    प्रधानमंत्री ने कहा, "आखिर मैं भी एक बेटा हूं, जब इतनी सारी माताएं-बहनें मेरे सामने हैं तो आज मेरा दुख मैं आपको साझा कर रहा हूं, ताकि आप माताओं, बहनों के आशीर्वाद से मैं इसे झेल पाऊं."

    बीते हफ़्ते बिहार में 'इंडिया' गठबंधन के एक कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी और उनकी मां के लिए कथित आपत्तिजनक शब्दों के इस्तेमाल के आरोप लगे थे.

    इस पर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा था, "किसने बयान दिया, इसकी जांच-पड़ताल होनी चाहिए. कांग्रेस का कोई भी व्यक्ति नहीं चाहेगा कि प्रधानमंत्री जी के परिवार को लेकर कोई अपशब्द बोला जाए."

    वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा था, "दरभंगा में वोटर अधिकार यात्रा के दौरान कांग्रेस और राजद के मंच से माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और उनकी स्व. माता जी के विरूद्ध जिस प्रकार की अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया है, वह अत्यंत अशोभनीय है और मैं इसकी निंदा करता हूं."

  17. सेमिकॉन इंडिया 2025 कार्यक्रम में सेमीकंडक्टर सेक्टर के विकास को लेकर क्या बोले पीएम मोदी

    नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, पीएम मोदी ने कहा कि आने वाले समय में भारत नेक्स्ट जेनरेशन रिफ़ॉर्म का नया दौर शुरू करने वाला है

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को सेमिकॉन इंडिया 2025 का उद्घाटन किया. इस मौक़े पर उन्होंने भारत में सेमीकंडक्टर सेक्टर के विकास पर ज़ोर दिया.

    अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "सेमीकंडक्टर की दुनिया में एक बात कही जाती है- तेल ब्लैक गोल्ड था, लेकिन चिप्स डिजिटल डायमंड हैं."

    प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "हमारी डिजिटल इन्फ़्रास्ट्रक्चर का आधार क्रिटिकल मिनरल्स हैं. इसलिए भारत आज नेशनल क्रिटिकल मिनरल मिशन पर काम कर रहा है. हम रेयर मिनरल्स की अपनी डिमांड को अपने यहां ही पूरा करने में जुटे हैं."

    उन्होंने कहा, "पिछले चार सालों में हमने क्रिटिकल मिनरल प्रोजेक्ट में काफ़ी काम किया है. सेमीकंडक्टर सेक्टर की ग्रोथ में हमारी सरकार स्टार्टअप और एमएसएमई को भी बहुत बड़ी भूमिका में देख रही है."

    पीएम मोदी ने कहा कि आने वाले समय में भारत नेक्स्ट जेनरेशन रिफ़ॉर्म का नया दौर शुरू करने वाला है. उन्होंने कहा कि इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन के अगले फेज़ पर भी काम चल रहा है.

    निवेशकों से पीएम मोदी ने कहा, "हम खुले दिल से आपका स्वागत करने के लिए तैयार हैं."

    सेमिकॉन इंडिया 2025 का आयोजन इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के तहत आने वाले इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन और वैश्विक सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री एसोसिएशन ने साझा तौर पर किया.

  18. तस्वीरेंः दिल्ली में यमुना का जलस्तर ख़तरे के निशान के ऊपर, डूब वाले इलाक़ों में रेस्क्यू अभियान

    राजधानी दिल्ली में यमुना नदी का पानी ख़तरे के निशान के ऊपर बह रहा है. यमुना के किनारे बसे इलाक़ों में नदी का पानी पहुंच गया है.

    प्रशासन ने किसानों को निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया है.

    दिल्ली में यमुना का जलस्तर

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, दिल्ली में यमुना का पानी नदी किनारे बसी बस्तियों तक पहुंच गया है. यह तस्वीर मजनू का टीला इलाक़े की है.
    दिल्ली में यमुना का जलस्तर

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, शाहदरा के ज़िला मजिस्ट्रेट के मुताबिक़, लोहा पुल से आवाजाही को आज शाम पांच बजे से बंद के दिया जाएगा.
    दिल्ली में यमुना का जलस्तर

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, यमुना का जलस्तर ख़तरे के निशान के ऊपर है.
    दिल्ली में यमुना का जलस्तर

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, यमुना किनारे फंसे किसानों को सुरक्षित निकालने की कोशिश जारी है.
    दिल्ली में यमुना का जलस्तर

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, यह तस्वीर बुराड़ी इलाक़े की है.
  19. शी जिनपिंग से बोले पुतिन- 'हम तब भी साथ थे और अब भी साथ हैं'

    पुतिन और शी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पुतिन ने रूस और चीन के बीच रिश्तों की सराहना करते हुए कहा कि वे "अभूतपूर्व स्तर" पर हैं

    चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच मंगलवार को बीजिंग में द्विपक्षीय बैठक हुई. यह बैठक बुधवार को होने वाली चीन की अब तक की सबसे बड़ी सैन्य परेड से एक दिन पहले हुई है.

    पुतिन ने दोनों देशों के रिश्तों को 'अभूतपूर्व स्तर' पर बताया है. उन्होंने कहा कि "हमारी क़रीबी बातचीत रूस-चीन के बीच रणनीतिक संबंधों को दर्शाती है."

    पुतिन ने शी को संबोधित करते हुए कहा, "प्रिय मित्र, मैं और पूरा रूसी प्रतिनिधिमंडल एक बार फिर अपने चीनी दोस्तों और सहयोगियों से मिलकर बहुत खुश हैं. हम तब भी साथ थे और अब भी साथ हैं."

    वहीं, शी जिनपिंग ने कहा, "चीन-रूस संबंध अंतरराष्ट्रीय बदलावों की कसौटी पर खरे उतरे हैं."

    उन्होंने कहा कि चीन, रूस के साथ मिलकर "अधिक न्यायपूर्ण और उचित वैश्विक शासन प्रणाली" बनाने के लिए काम करना चाहता है.

    बुधवार को शी जिनपिंग चीन की अब तक की सबसे बड़ी सैन्य परेड की मेजबानी करेंगे. यह आयोजन दूसरे विश्व युद्ध के अंत में जापान के चीन में आत्मसमर्पण की 80वीं वर्षगांठ के मौक़े पर होगा.

  20. मराठा आरक्षण के लिए अनशन पर बैठे जरांगे को मुंबई पुलिस ने भेजा नोटिस

    मनोज जरांगे

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, मुंबई पुलिस ने कहा है कि मनोज जरांगे को आंदोलन की अनुमति 29 अगस्त तक के लिए ही दी गई थी (फ़ाइल फ़ोटो)

    मराठा आरक्षण की मांग को लेकर मुंबई के आज़ाद मैदान में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे कार्यकर्ता मनोज जरांगे और उनकी टीम को मुंबई पुलिस ने नोटिस जारी कर आज़ाद मैदान खाली करने के लिए कहा है.

    अधिकारियों ने बताया कि आंदोलन कर रहे लोगों ने बॉम्बे हाई कोर्ट की गाइडलाइंस के तहत तय की गई शर्तों का उल्लंघन किया है. इसी वजह से आज़ाद मैदान पुलिस ने जरांगे और उनकी टीम को यह नोटिस दिया.

    मुंबई पुलिस ने कहा है कि मनोज जरांगे को आंदोलन की अनुमति 29 अगस्त तक के लिए ही दी गई थी और अब इसे बढ़ाने से इनकार कर दिया गया है.

    इस मामले में आज दोपहर 3 बजे मुंबई हाई कोर्ट में सुनवाई होगी. आंदोलनकारी कोर्ट से आंदोलन की अवधि बढ़ाने की मांग करेंगे.

    आज मनोज जरांगे की भूख हड़ताल का पांचवां दिन है.