You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

सुप्रीम कोर्ट ने समलैंगिक विवाह मामले पर ख़ारिज की पुनर्विचार याचिका

सुप्रीम कोर्ट ने बृहस्पतिवार को समलैंगिक विवाह पर दायर एक पुनर्विचार याचिका को ख़ारिज कर दिया.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह और अश्वनी पासवान

  1. आंध्र प्रदेश: तिरुपति में हुई भगदड़ की वजह जिला कलेक्टर ने क्या बताई

    आंध्र प्रदेश के तिरुपति में हुई भगदड़ की वजह से छह लोगों की मौत हुई है. तिरुपति के कलेक्टर ने इस घटना के पीछे की वजह बताई है.

    तिरुपति के कलेक्टर डॉ. एस. वेंकटेश्वर ने कहा, "इस साल वैकुंठ एकादशी के लिए टीटीडी और ज़िला प्रशासन ने व्यापक व्यवस्था की थी. सभी टिकट काउंटर्स में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था."

    उन्होंने कहा, "दुर्भाग्य से, गेट खुलने को लेकर कुछ ग़लतफ़हमी हुई, जिसकी वजह से यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई."

    तिरुपति कलेक्टर ने बताया कि घटना को लेकर मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने अधिकारियों से बात की है. घटना का जायजा लेने के लिए और घायल लोगों से मिलने के लिए सीएम तिरुपति आ रहे हैं.

    कलेक्टर वेंकटेश्वर ने बताया, "हमने स्थिति पर रात करीब 9:30 बजे नियंत्रण पा लिया था. सभी काउंटर्स से रात करीब एक बजे तक टिकट वितरण किया गया."

    घटना में मरने वालों के बारे में जानकारी देते हुए कलेक्टर ने कहा, "भगदड़ में कुल पांच लोगों की मौत हुई है. एक अन्य व्यक्ति की मौत बीमारी से हुई है. पोस्टमार्टम अभी किया जा रहा है, जल्द ही यह हो जाएगा."

    बुधवार को तिरुपति में कई श्रद्धालु तिरुमाला हिल्स स्थित भगवान वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में वैकुंठ द्वार दर्शन के लिए टिकट हासिल करने की कोशिश कर रहे थे, इसी दौरान यह घटना हुई.

    तिरुमाला तिरुपति देवास्थानम के चेयरमैन बीआर नायडू के मुताबिक़, इस घटना में छह लोगों की मौत हुई है.

    10 जनवरी से शुरू हो रहे 10 दिन के वैकुंठ द्वार दर्शन के लिए देशभर से हज़ारों श्रद्धालु तिरुपति पहुंचे हुए हैं.

  2. अमेरिका: लॉस एंजिलेस में फैलती आग, तस्वीरों में देखें

    अमेरिका के लॉस एंजिलेस के जंगलों में लगी आग फैलती जा रही है. अब तक आग की वजह से पांच लोगों की मौत हुई है.

    आग से प्रभावित इलाक़ों से एक लाख से अधिक लोग विस्थापित हो चुके हैं, जबकि एक हज़ार से अधिक इमारतों या घरों को नुकसान पहुंचा है.

  3. इसराइली सेना ने कहा- बद्दू बंधक का शव ग़ज़ा में मिला, डेविड ग्रिटेन, बीबीसी न्यूज़

    इसराइली सेना ने कहा है कि उसके सैनिकों को ग़ज़ा में एक बद्दू अरब बंधक का शव मिला है.

    साथ ही इसराइली सेना ने ये भी कहा है कि उन्हें ऐसे सबूत मिले हैं जिससे यह पता चलता है कि एक अन्य व्यक्ति की भी हत्या हुई होगी.

    53 साल के यूसुफ़ ज़्यादना का शव मंगलवार को दक्षिणी रफ़ाह इलाक़े की एक टनल से बरामद किया गया.

    इसराइली सेना को यूसुफ़ के बेटे हमज़ा (22) के बारे में जो "जानकारी मिली है उससे चिंताएं बढ़ती" हैं.

    यूसुफ़ और उनके बेटे को 7 अक्तूबर 2023 को दक्षिणी इसराइल पर हमले के दौरान हमास के बंदूकधारियों ने बंधक बना लिया था.

    हमज़ा के दो भाई-बहन, आइशा और बिलाल को भी उनके साथ किबुत्ज़ फ़ार्म से बंधक बना लिया गया था.

    लेकिन नवंबर 2023 में एक सप्ताह के संघर्ष विराम के दौरान 105 बंधकों को रिहा कर दिया गया था, जिनमें ये दोनों भी शामिल थे.

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन ने नेतन्याहू इस ख़बर पर दुख व्यक्त किया है.

  4. यूक्रेन ने कहा- रूसी गोलाबारी में 13 नागरिकों की मौत, जारोस्लव ल्युकिव, बीबीसी न्यूज़

    यूक्रेन के दक्षिणी शहर ज़ापोरिज़्ज़िया के अधिकारियों के मुताबिक़ रूसी गोलाबारी में कम से कम 13 लोगों की मौत हुई है और 32 लोग घायल हैं.

    क्षेत्रीय प्रमुख इवान फ़ेडोरोव ने बताया, "रूस ने दोपहर में शहर पर हमला किया. दो गाइडेड एरिअल बम रिहायशी इमारतों पर गिरे."

    सामने आए फुटेज में एक इमारत में आग लगी हुई और कुछ गाड़ियों को जलता हुआ देखा गया है.

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने अपने सहयोगियों से अपील की है कि वो रूस पर "उसके आतंकवाद" के ख़िलाफ़ दबाव बनाएं.

    रूसी सेना ने अब तक इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.

    जिस इलाक़े में बमबारी हुई, उसके बाहर से एक वीडियो संदेश में फ़ेडोरोव ने कहा कि बुधवार को शाम करीब चार बजे (यूक्रेन के समयानुसार) रूस ने बमबारी शुरू की.

    उन्होंने कहा कि दो गाइडेड बमों से रिहायशी इमारतों को निशाना बनाया गया. इससे पहले उन्होंने बताया था कि 'दो औद्यौगिक इकाइयों' को निशाना बनाया गया है.

  5. तिरुपति भगदड़ मामले पर पीएम मोदी और राहुल गांधी क्या बोले

    आंध्र प्रदेश के तिरुपति में मची भगदड़ पर छह लोगों की मौत हुई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस पर संवेदना व्यक्त की है.

    प्रधानमंत्री कार्यालय के सोशल मीडिया पोस्ट के मुताबिक़ पीएम मोदी ने कहा, "आंध्र प्रदेश के तिरुपति में हुई भगदड़ से दुखी हूं. जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, मेरी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं."

    प्रधानमंत्री ने कहा, "मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल लोग जल्द ठीक हो जाएं. आंध्र प्रदेश सरकार प्रभावित लोगों की हर संभव सहायता कर रही है."

    लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी इस घटना पर दुख व्यक्त किया है.

    राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट किया, "तिरुपति में हुए भगदड़ बहुत दुखद है. जिन लोगों की इस घटना में मौत हुई है उनके परिजनों के प्रति मेरी संवेदना है."

    उन्होंने कहा, "मैं कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं से अनुरोध करता हूं कि वे इस मुश्किल घड़ी में हर संभव मदद करें."

    बुधवार को तिरुपति में कई श्रद्धालु तिरुमाला हिल्स स्थित भगवान वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में वैकुंठ द्वार दर्शन के लिए टिकट हासिल करने की कोशिश कर रहे थे, इसी दौरान यह घटना हुई.

    तिरुमाला तिरुपति देवास्थानम के चेयरमैन बीआर नायडू के मुताबिक़, इस घटना में छह लोगों की मौत हुई है.

    10 जनवरी से शुरू हो रहे 10 दिन के वैकुंठ द्वार दर्शन के लिए देशभर से सैकड़ों श्रद्धालु तिरुपति पहुंचे हुए हैं.

  6. अमेरिका: लॉस एंजेलिस में फैली आग से अब तक पांच लोगों की मौत, 10 हज़ार एकड़ में फैली आग

    अमेरिका के लॉस एंजेलिस के जंगलों में लगी आग से अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है. लॉस एंजेलिस के शैरिफ़ के कार्यालय ने इसकी पुष्टि की है.

    कार्यालय के मुताबिक़ जंगलों में लगी आग से तीन अन्य लोगों की मौत हुई है. इससे पहले अधिकारियों ने दो मौतों की पुष्टि की थी.

    ये दोनों मौतें अल्ताडेना इलाक़े के ईटन में लगी आग के कारण हुईं थीं.

    लॉस एंजेलिस काउंटी फ़ायर चीफ़ एंथनी मैरोन के मुताबिक़ ईटन में लगी आग अब 10,600 एकड़ तक फैल गई है और इसपर एक भी नियंत्रण नहीं पाया जा सका है.

    उन्होंने कहा, "दुर्भाग्य से पांच नागरिकों की मौत हुई है और कुछ घायल हैं. अब तक एक हज़ार से भी ज़्यादा घरों या इमारतों को नुकसान पहुंचा है या वो पूरी तरह से नष्ट हो गए हैं."

    एंथनी मैरोन ने बताया कि फ़ायर फ़ाइटर्स की मदद के लिए एरिज़ोना सहित कैलिफ़ोर्निया के बाहर से भी अधिकारी आए हुए हैं.

    लॉस एंजिलेस के जंगलों में लगी आग लगातार फैल रही है. यहां स्टेट ऑफ़ इमरजेंसी का एलान कर दिया गया है और आग फैलने के ख़तरों को देखते हुए लोगों के लिए चेतावनी जारी की गई है.

  7. तिरुपति में भगदड़ : मरने वालों की संख्या छह हुई, सीएम चंद्रबाबू नायडू क्या बोले

    आंध्र प्रदेश के तिरुपति में बुधवार रात मची भगदड़ में छह लोगों की मौत हुई है. इनमें से एक मृतक की पहचान की जा चुकी है.

    तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम के चेयरमैन बीआर नायडू ने यह जानकारी दी.

    आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस मामले पर एक्स पर पोस्ट कर कहा, "तिरुपति में विष्णु निवासम के पास भगदड़ में कई श्रद्धालुओं की मौत ने मुझे स्तब्ध कर दिया है."

    उन्होंने कहा, "यह दुखद घटना उस समय घटी जब तिरुमाला श्रीवारी वैकुंठ द्वार के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु टोकन के लिए जुटे थे. मुझे कुछ लोगों की हालत गंभीर होने की सूचना मिली, जिसके बाद मैंने उच्च अधिकारियों को मौके पर जाकर राहत कार्य करने के निर्देश दिए."

    तिरुपति में कई श्रद्धालु तिरुमाला हिल्स स्थित भगवान वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में वैकुंठ द्वार दर्शन के लिए टिकट हासिल करने के लिए धक्का-मुक्की कर रहे थे.

    10 जनवरी से शुरू हो रहे 10 दिन के वैकुंठ द्वार दर्शन के लिए देशभर से हजारों श्रद्धालु तिरुपति पहुंचे हुए हैं.

  8. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह दोपहर दो बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    इस समय बीबीसी हिंदी के पन्ने पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें आप नीचे दिए लिंक्स पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.