You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

प्रोफ़ेशनल रैसलर हल्क होगन का 71 साल की उम्र में निधन

प्रोफ़ेशनल रैसलर हल्क होगन का 71 साल की उम्र में निधन हो गया है. डब्ल्यूडब्ल्यूई (वर्ल्ड रैसलिंग एंटरटेनमेंट) ने इस बात की पुष्टि कर दी है.

सारांश

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली और आनंद मणि त्रिपाठी

  1. मुंबई ट्रेन ब्लास्ट: अभियुक्तों को बरी करने के बॉम्बे हाई कोर्ट के आदेश पर सुप्रीम कोर्ट की रोक

    सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को 2006 के मुंबई ट्रेन विस्फोट से जुड़े बॉम्बे हाई कोर्ट के फै़सले पर रोक लगा दी है.

    महाराष्ट्र सरकार ने 22 जुलाई को विस्फोट मामले में 12 अभियुक्तों को बरी करने के बॉम्बे हाई कोर्ट के फ़ैसले के ख़िलाफ़ सुप्रीम कोर्ट का रुख़ किया था.

    सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा, "माई लॉर्ड्स, आप इस फै़सले पर रोक लगाने पर विचार कर सकते हैं. हालांकि, दोषियों को दोबारा जेल में लौटने की ज़रूरत नहीं होगी."

    उन्होंने कहा कि बॉम्बे हाईकोर्ट का यह फै़सला मकोका के तहत चल रहे अन्य मामलों को भी प्रभावित कर सकता है, इसलिए उस पर रोक ज़रूरी है.

    सुप्रीम कोर्ट ने सॉलिसिटर जनरल की अपील को स्वीकार कर लिया है.

    न्यायमूर्ति एमएम सुंदरेश और न्यायमूर्ति एनके सिंह की पीठ ने कहा, "हमें बताया गया है कि सभी प्रतिवादी रिहा हो चुके हैं और उन्हें दोबारा जेल भेजने का कोई सवाल नहीं है. हालांकि, एसजी की ओर से क़ानून के मुद्दे पर दी गई दलील को ध्यान में रखते हुए हम यह स्पष्ट करना चाहते हैं कि इस फैसले को मिसाल के तौर पर न माना जाए."

    इसके साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने बॉम्बे हाई कोर्ट के फ़ैसले पर रोक लगा दी.

    साथ ही, पीठ ने महाराष्ट्र सरकार की ओर से दायर अपील पर नोटिस भी जारी किया है.

    मुंबई ट्रेन सीरियल ब्लास्ट में गई थी 189 लोगों की जान

    11 जुलाई 2006 को मुंबई की लोकल ट्रेनों की कई बोगियों में सात धमाके हुए थे. ये धमाके मुंबई की पश्चिमी रेलवे लाइन पर सात अलग-अलग ट्रेनों में हुए थे.

    इन धमाकों में 189 लोगों की जान गई थी और 824 लोग घायल हुए थे.

    यह मुंबई पर हुए सबसे बड़े हमलों में से एक माना जाता है, जिसे आम तौर पर '7/11 ब्लास्ट' कहा जाता है. इस मामले में 2015 में एक विशेष अदालत ने पांच अभियुक्तों को फांसी और सात को उम्र क़ैद की सज़ा सुनाई थी.

    बॉम्बे हाई कोर्ट ने निचली अदालत के उस फ़ैसले को पलटते हुए सभी 12 अभियुक्तों को बरी कर दिया है. इनमें से एक अभियुक्त कमाल अंसारी की 2021 में मौत हो गई थी.

  2. कोलंबिया यूनिवर्सिटी ट्रंप प्रशासन को करेगी 200 मिलियन डॉलर का भुगतान

    कोलंबिया यूनिवर्सिटी ने अमेरिकी प्रशासन को 200 मिलियन डॉलर (करीब 172 करोड़ रुपये) का भुगतान करने पर सहमति जताई है.

    यूनिवर्सिटी को अपने यहूदी छात्रों की सुरक्षा करने में विफल रहने के आरोप में ये भुगतान करना पड़ रहा है.

    यह समझौता राशि संघीय सरकार को तीन वर्षों में दी जाएगी, जिसकी घोषणा यूनिवर्सिटी की ओर से एक बयान में की गई है और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर इसकी पुष्टि की.

    इसके बदले में सरकार ने मार्च में जिन 400 मिलियन डॉलर की अनुदान राशि को रोका या ख़त्म किया था, उनमें से कुछ को वापस देने पर सहमति जताई है.

    कोलंबिया यूनिवर्सिटी पहली ऐसी यूनिवर्सिटी थी जिसे ट्रंप प्रशासन ने निशाना बनाया. उस पर आरोप था कि पिछले साल न्यूयॉर्क कैंपस में हुए विरोध प्रदर्शन में यहूदी-विरोधी घटनाओं को रोकने में वह नाकाम रही.

    हालांकि मार्च में यूनिवर्सिटी पहले ही व्हाइट हाउस की कुछ शर्तें मान चुकी थी.

  3. थाईलैंड और कंबोडिया के सैनिकों के बीच गोलीबारी जारी, दोनों ने एक-दूसरे पर लगाए ये आरोप

    थाईलैंड-कंबोडिया सीमा पर झड़पें होने की ख़बर है, जहां सुबह से ही सैनिकों के बीच गोलीबारी हो रही है.

    दोनों ही पक्षों ने एक-दूसरे पर पहली गोली चलाने का आरोप लगाया है.

    यह घटना ऐसे समय में हुई है जब एक दिन पहले सीमा पर एक लैंडमाइन विस्फोट में एक थाई सैनिक के घायल होने की घटना सामने आई थी, जिसके बाद थाईलैंड ने कंबोडिया से अपने राजदूत को वापस बुला लिया था.

    थाई सेना का कहना है कि उनके कम से कम दो सैनिक और तीन नागरिक घायल हुए हैं.

    थाई दूतावास ने सीमा पर संघर्ष के बीच थाई नागरिकों से कंबोडिया छोड़ने की अपील की है.

    थाईलैंड के शिक्षा मंत्रालय ने थाईलैंड के सुरीन प्रांत में विवादित सीमा के पास के सभी स्कूलों को बंद कर दिया है.

  4. जलवायु परिवर्तन को लेकर इंटरनेशनल कोर्ट ऑफ़ जस्टिस का अहम फ़ैसला

    संयुक्त राष्ट्र की एक शीर्ष अदालत ने जलवायु परिवर्तन को लेकर एक ऐतिहासिक फै़सला सुनाया है.

    अदालत के इस फ़ैसले ने जलवायु परिवर्तन के मुद्दे पर देशों के लिए एक-दूसरे पर मुक़दमा करने का रास्ता साफ़ कर दिया है.

    नीदरलैंड्स के हेग शहर में स्थित इंटरनेशनल कोर्ट ऑफ़ जस्टिस के न्यायाधीश ने बुधवार को कहा कि यह पता लगाना कठिन हो सकता है कि जलवायु परिवर्तन के किस हिस्से के लिए कौन ज़िम्मेदार है.

    इस फै़सले को लेकर क़ानूनी विशेषज्ञों का कहना है कि इसका असर दूरगामी हो सकता है.

    यह फै़सला उन देशों की जीत के तौर पर देखा जाएगा जो जलवायु परिवर्तन से सबसे ज़्यादा प्रभावित हैं.

    ये देश इस समस्या से निपटने में वैश्विक प्रगति की कमी से परेशान होकर अदालत पहुंचे थे.

  5. अमेरिकी बीफ़ पर 2003 से लगा आयात प्रतिबंध हटाएगा ऑस्ट्रेलिया

    ऑस्ट्रेलिया ने बीफ़ इंपोर्ट (गाय का मांस) को लेकर एक फ़ैसला लिया है. वह अमेरिका से बीफ़ के आयात पर प्रतिबंध हटाने जा रहा है.

    बताया जा रहा है कि ऑस्ट्रेलिया के इस फ़ैसले के पीछे ट्रंप प्रशासन की नाराज़गी थी, जो कि ट्रेड डील में एक बाधा बन रही थी.

    2003 से अमेरिका का बीफ़ ऑस्ट्रेलिया में लगभग पूरी तरह से बैन है. उस समय "मैड काउ डिज़ीज़" नाम की बीमारी फैल गई थी.

    ऑस्ट्रेलिया में दुनिया के सबसे सख़्त बायोसिक्योरिटी (जैव सुरक्षा) कानून हैं, इसलिए यह रोक लगाई गई थी.

    अप्रैल में जब व्हाइट हाउस ऑस्ट्रेलिया पर टैरिफ़ की बात कह रहा था तब उस समय अमेरिका ने इन प्रतिबंधों का हवाला दिया था.

    हालांकि ऑस्ट्रेलिया की सरकार ने इस बात से इनकार किया है कि इस फ़ैसले का ट्रेड विवाद से कुछ लेना-देना है.

    सरकार का कहना है कि यह फ़ैसला एक दशक लंबी जांच के बाद लिया गया, जिसमें पाया गया कि अमेरिका ने बीफ़ की सुरक्षा से जुड़े नियमों में सुधार किया है.

  6. बांग्लादेश विमान हादसा: झुलसे लोगों के इलाज के लिए भारत से भेजी गई एक मेडिकल टीम

    भारत ने बांग्लादेश में हुए विमान हादसे में झुलसे हुए लोगों के इलाज के लिए एक मेडिकल टीम भेजी है.

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल के मुताबिक़, इस मेडिकल टीम में दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल और सफदरजंग अस्पताल से दो विशेषज्ञ और एक नर्सिंग सहायक शामिल हैं..

    रणधीर जायसवाल ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "23 जुलाई की शाम नई दिल्ली स्थित राम मनोहर लोहिया अस्पताल और सफदरजंग अस्पताल से दो भारतीय विशेषज्ञों और एक नर्सिंग सहायक की एक टीम 21 जुलाई को ढाका में हुए विमान दुर्घटना के पीड़ितों के इलाज में मदद के लिए ढाका पहुंची."

    उन्होंने लिखा, "विमान हादसे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बांग्लादेश को हर संभव सहायता और समर्थन देने के आश्वासन के तहत मेडिकल टीम वहां भेजी गई है."

    बांग्लादेश वायु सेना का एक एफ़-7 बीजीआई ट्रेनर विमान सोमवार दोपहर राजधानी ढाका के दियाबारी क्षेत्र में स्थित माइलस्टोन स्कूल और कॉलेज परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था.

    बीबीसी बांग्ला के मुताबिक़, बांग्लादेश की सरकार ने इस हादसे में अब तक 29 लोगों के मारे जाने और 100 से ज़्यादा लोगों के घायल होने की सूचना दी है.

  7. ऋषभ पंत को लगी चोट पर बीसीसीआई ने दिया ये अपडेट

    भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज़ ऋषभ पंत को टेस्ट मुक़ाबले के दौरान लगी चोट को लेकर भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड यानी बीसीसीआई ने अपडेट दिया है.

    भारत और इंग्लैंड के बीच मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफ़र्ड स्टेडियम में चौथा टेस्ट मैच खेला जा रहा है.

    पंत चौथे टेस्ट के पहले दिन बुधवार को इंग्लैंड के तेज़ गेंदबाज़ क्रिस वोक्स की गेंद पर रिवर्स स्वीप शॉट लगाने के प्रयास में चोटिल हो गए थे.

    उनको ये चोट दाहिने पैर में लगी. इसके बाद उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा.

    जब पंत को चोट लगी तब उस समय वह 48 गेंदों पर 37 रन बनाकर खेल रहे थे.

    बीसीसीआई ने दिन का खेल ख़त्म होने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "मैनचेस्टर टेस्ट के पहले दिन बल्लेबाज़ी करते हुए ऋषभ पंत के दाहिने पैर में चोट लग गई."

    बयान में आगे कहा गया, "उन्हें स्टेडियम से स्कैन के लिए ले जाया गया है. बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनकी हालत पर नज़र रख रही है."

  8. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है.

    मैं बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.