You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

प्रोफ़ेशनल रैसलर हल्क होगन का 71 साल की उम्र में निधन

प्रोफ़ेशनल रैसलर हल्क होगन का 71 साल की उम्र में निधन हो गया है. डब्ल्यूडब्ल्यूई (वर्ल्ड रैसलिंग एंटरटेनमेंट) ने इस बात की पुष्टि कर दी है.

सारांश

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली और आनंद मणि त्रिपाठी

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता आनंद मणि त्रिपाठी को दीजिए इजाज़त.

    कल हम बीबीसी लाइव पेज के ज़रिए दिन भर की बड़ी ख़बरों को लेकर फिर हाज़िर होंगे.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. प्रोफ़ेशनल रैसलर हल्क होगन का 71 साल की उम्र में निधन

    प्रोफ़ेशनल रैसलर हल्क होगन का 71 साल की उम्र में निधन हो गया है. डब्ल्यूडब्ल्यूई (वर्ल्ड रैसलिंग एंटरटेनमेंट) ने इस बात की पुष्टि कर दी है.

    एक बयान में डब्ल्यूडब्ल्यूई ने कहा, “हम डब्ल्यू डब्ल्यू ई (WWE) हॉल ऑफ़ फ़ेम हल्क होगन के निधन से बहुत दुखी हैं. होगन का 1980 के दशक में डब्ल्यूडब्ल्यूई को दुनिया भर में मशहूर बनाने में बहुत योगदान था."

    "हम उनके परिवार, दोस्तों और फ़ैंस के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं.”

    दुनिया भर में होगन के फ़ैंस उन्हें सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि दे रहे हैं.

    हल्क होगन को रेसलिंग का पहला सुपरस्टार कहा जाता है. 1953 में जन्मे हल्क होगन का 80 और 90 के दशक में प्रोफ़ेशनल रेसलिंग में काफ़ी नाम था.

    1979 में वर्ल्ड रेसलिंग फेडरेशन (अब वर्ल्ड रेसलिंग एंटरटेनमेंट, WWE) से जुड़ने के बाद और 1981 में जल्द ही इसे छोड़ने के बावजूद, हल्क होगन ने 1985 में न्यूयॉर्क में आयोजित पहले रेसलमेनिया में मुख्य भूमिका निभाई.

    इस इवेंट में उन्होंने मिस्टर टी के साथ मिलकर पॉल ऑर्नडॉर्फ और रॉडी पाइपर को हराया.

    1990 के दशक में हल्क होगन की लोकप्रियता रेसलिंग रिंग से आगे बढ़ गई. उन्होंने 'मिस्टर नैनी 'और 'सबअर्बन कमांडो' जैसी फिल्मों में भी अभिनय किया.

  3. ग़ज़ा में प्रवेश के लिए 6000 ट्रक तैयार, संयुक्त राष्ट्र संस्था ने इसराइल से की ये अपील

    फ़लस्तीनी शरणार्थियों के लिए संयुक्त राष्ट्र राहत एवं कार्य एजेंसी (यूएनआरडब्ल्यूए) के प्रमुख का कहना है कि ग़ज़ा में 20 फ़ीसदी बच्चे कुपोषित हैं.

    संयुक्त राष्ट्र की मुख्य एजेंसी यूएनआरडब्ल्यूए के प्रमुख फिलिप लाज़ारिनी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा है, "यूएनआरडब्ल्यूए टीमों द्वारा देखे गए अधिकांश बच्चे दुबले-पतले और कमजोर हैं और यदि उन्हें तत्काल आवश्यक उपचार नहीं मिलता है तो उनके मरने का खतरा अधिक है."

    उन्होंने कहा, "माता-पिता अपने बच्चों की देखभाल करने के लिए बहुत भूखे हैं",और आगे कहा कि "यह गहराता संकट सभी को प्रभावित कर रहा है."

    उन्होंने कहा कि यूएनआरडब्ल्यूए के स्वास्थ्यकर्मी "प्रतिदिन सिर्फ दाल पर जीवित रह रहे हैं" और काम के दौरान कर्मचारी भूख से बेहोश हो रहे हैं.

    लाज़ारिनी ने आगे कहा कि यूएनआरडब्ल्यूए के पास जॉर्डन और मिस्र में "खाद्य और चिकित्सा आपूर्ति से भरे 6,000 ट्रकों के बराबर सामान मौजूद है."

    उन्होंने इसराइल से आग्रह किया कि वह "मानवीय सहयोगियों को ग़ज़ा में मानवीय सहायता पहुंचाने की अनुमति दे."

  4. उत्तर प्रदेश में स्कूलों के विलय पर रोक लगाने से हाईकोर्ट का इंकार

    उत्तर प्रदेश सरकार के 50 से कम छात्रों वाले पांच हज़ार परिषदीय स्कूलों के विलय के आदेश पर इलाहाबाद हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच ने अंतरिम रोक लगाने से इंकार कर दिया है.

    हालांकि हाईकोर्ट ने अगले आदेश तक सीतापुर जिले में मौजूदा स्थिति को बरकरार रखने का स्पष्ट आदेश जारी किया है. इस मामले की अब अगली सुनवाई 21 अगस्त को होगी.

    इससे पहले 7 जुलाई को हाईकोर्ट की सिंगल बेंच ने उत्तर प्रदेश सरकार के फैसले को वैध ठहराया था लेकिन अब डिवीजन बेंच इस आदेश के ख़िलाफ़ सुनवाई कर रही है.

    उत्तर प्रदेश के ​बेसिक शिक्षा विभाग ने 16 जून 2025 को जारी एक आदेश में कहा था जिस प्राथमिक विद्यालय (कक्षा 1 से 8 तक) में छात्रों की संख्या 50 से कम है, उनका किसी नजदीकी बड़े या कंपोजिट स्कूलों में विलय कर दिया जाए.

  5. इसराइल और हमास के बीच युद्ध विराम समझौता अटका, इसराइल ने वापस बुलाई वार्ता टीम

    इसराइल और हमास के बीच युद्ध विराम समझौते को लेकर चल रही वार्ता स्थगित हो गई है. इसराइल ने युद्ध विराम को लेकर वार्ता करने वाली टीम को वापस इसराइल बुला लिया है.

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू के कार्यालय ने बताया है कि वह कतर से युद्ध विराम वार्ताकारों की अपनी टीम को वापस बुला रहा है.

    प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक बयान में कहा, "आज सुबह हमास की प्रतिक्रिया को देखते हुए आगे के परामर्श के लिए वार्ता दल को इसराइल वापस बुलाने का निर्णय लिया गया है."

    "हम वार्ता में सफलता लाने के लिए कतर और मिस्र के मध्यस्थों और दूत विटकॉफ के प्रयासों की सराहना करते हैं."

    इस महीने की शुरुआत में फ़लस्तीनी अधिकारियों ने बीबीसी को बताया था कि कतर में इसराइल और हमास के बीच ग़ज़ा में नए युद्धविराम और बंधक रिहाई समझौते पर बातचीत टूटने के कगार पर है.

    दूसरी ओर, अमेरिका के मध्य पूर्व दूत स्टीव विटकॉफ आज इटली में हैं, जहां वे इसराइल और कतर के वरिष्ठ अधिकारियों से मिलकर इसराइल-हमास युद्धविराम की संभावना पर चर्चा करेंगे.

  6. प्रशांत किशोर के ख़िलाफ़ सरकारी कार्य में बाधा का केस दर्ज

    जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर के ख़िलाफ़ बिहार पुलिस ने मामला दर्ज किया है.

    पटना शहर की एसपी दीक्षा ने बताया है,"कल जो प्रदर्शन हुआ था, उस मामले में कार्रवाई की गई है. 2000 अज्ञात और 9 नामजद लोगों के खिलाफ मामला दर्ज़ किया गया है."

    उन्होंने बताया कि सभी लोगों की पहचान वीडियो के माध्यम से कराई जा रही है. सभी के ख़िलाफ़ भारत न्याय संहिता की धाराओं के अनुसार कार्रवाई की जाएगी.

    एसपी ने बताया, "प्रशांत किशोर इस प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे थे. उन लोगों को लगातार बताया जा रहा था कि प्रतिबंधित क्षेत्र में नहीं जाना है. उन्हें उस क्षेत्र में जाने की अनुमति नहीं थी."

    उन्होंने कहा कि इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ भी धक्का मुक्की हुई. ऐसे में सरकारी कार्य में बाधा डालने सहित कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया है.

  7. सिर्फ़ बंगाली बोलने पर लोगों को हिरासत में नहीं ले सकते: ममता बनर्जी

    पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा है कि सिर्फ़ बंगाली भाषा बोलने पर लोगों को गिरफ़्तार नहीं किया जा सकता.

    उन्होंने कहा, "कई जगहों पर बंगाली बोलने पर लोगों को प्रताड़ित किया जा रहा है. सिर्फ़ बंगाली बोलने पर लोगों को हिरासत में नहीं लिया जा सकता. हम इसे बर्दाश्त नहीं कर सकते हैं."

    मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का यह बयान उस घटनाक्रम के बाद आया है जिसमें हरियाणा के गुरुग्राम में कुछ लोगों को बांग्लादेशी होने के संदेह में गिरफ़्तार किया गया.

    स्थानीय मीडिया में आई ख़बरों के अनुसार, गुरुग्राम पुलिस ने बांग्लादेशी होने के शक में 13 प्रवासी लोगों को हिरासत में ले लिया था. बाद में इसमें से कई लोगों को पुलिस ने छोड़ दिया था.

  8. चोटिल ऋषभ पंत ने बनाया अर्धशतक, भारतीय टीम 358 रनों पर ऑल आउट

    भारत और इंग्लैंड के बीच मैनचेस्टर में खेले जा रहे चौथे टेस्ट मैच में भारत की पहली पारी 358 रनों पर सिमट गई है.

    दूसरे दिन बल्लेबाजी करने उतरे चोटिल ऋषभ पंत 54 रन बनाकर आउट हो गए. पंत के अलावा शार्दुल ठाकुर ने 41 और वॉशिंगटन सुंदर ने 27 रन बनाए.

    पंत, कल टेस्ट के पहले दिन क्रिस वोक्स की गेंद पर रिवर्स स्वीप लगाने के प्रयास में चोटिल हो गए थे.

    पंत उस वक्त 37 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे. लेकिन इसके बाद पंत को मैदान से बाहर जाना पड़ा था.

    मेज़बान इंग्लैंड इस सिरीज़ में 2-1 से आगे चल रहा है.

  9. 'चांदनी' से प्लेबैक सिंगिंग की शुरुआत करने वाले गायक बाबला मेहता का निधन, रवि जैन, बीबीसी हिंदी के लिए

    फ़िल्म 'चांदनी' में लता मंगेशकर के साथ एक हिट ड्यूट गाना गाकर अपने प्लेबैक सिंगिंग करियर की शुरुआत करने वाले गायक बाबला मेहता का मुम्बई में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया.

    65 साल के बाबला मेहता अविवाहित थे. बाबला मेहता की एक पारिवारिक मित्र ने उनकी मौत के बारे में अधिक जानकारी देते हुए बीबीसी हिंदी को बताया, "22 जुलाई की दोपहर को उनका निधन मुम्बई के गोरेगांव (पूर्व) स्थित घर में हुआ."

    सूत्र ने बताया कि बाबला मेहता अकेले थे, ऐसे में पड़ोसियों को भी उनके निधन का देरी से पता चला.

    यश चोपड़ा के निर्देशन में बनी फ़िल्म 'चांदनी' के लिए संगीतकार शिव-हरि के संगीत निर्देशन में बाबला मेहता ने लता मंगेशकर के साथ 'तेरे मेरे होठों पे...' जैसा हिट गाना गाकर अपने पार्श्व संगीत के करियर का आगाज़ किया था.

    ऋषि कपूर और श्रीदेवी पर फ़िल्माया गया ये गाना काफ़ी लोकप्रिय हुआ था. इसके बाद बाबला ने 'दिल है कि मानता नहीं', 'तहलका', 'जीने दो', 'मेजर साहब' जैसी क‌ई फ़िल्मों के लिए गाने गाए.

    बाबला मेहता ना सिर्फ़ एक पार्श्व गायक थे, बल्कि वे भजन और शास्त्रीय गायन की दुनिया का भी एक जाना-पहचाना नाम थे. वो एक म्यूज़िक कम्पोज़र भी थे और उन्हें ग़ैर फ़िल्मी गानों को संगीतबद्ध करने के लिए भी जाना जाता था.

    साल 2007 में रिलीज़ फ़िल्म 'वूडेंड' का संगीत बाबला मेहता ने ही कम्पोज़ किया था.

    ग़ौरतलब है कि बाबला मेहता को अपनी गायिकी के शुरुआती दिनों में 'गोल्डन वॉयस ऑफ़ मुकेश' के रूप में जाना जाता था.

    उन्होंने अपने गायिकी के करियर के दौरान दुनिया भर में मुकेश के हिट गानों को लाइव शोज़ के रूप में प्रस्तुत किया और कवर वर्जन के रूप में मुकेश के 250 से ज़्यादा गाने भी रिकॉर्ड किए.

    इतना ही नहीं, उन्होंने मुकेश को समर्पित 10 सोलो एलबम और 6 ड्यूट एलबम भी रिकॉर्ड कर बाज़ार में उतारे थे.

    इसे एक विचित्र संयोग ही कहेंगे कि जिन बाबला मेहता की गायिकी की तुलना गायक मुकेश से की जाती थी, उनका निधन भी मुकेश की 102वीं जयंती यानी 22 जुलाई के दिन ही हुआ.

  10. ग़ज़ा में कुपोषण से दो और मौत, भूख से मरने वालों की संख्या हुई 113

    ग़जा में हमास के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कुपोषण के कारण मरने वाले लोगों की संख्या के बारे में एक बयान जारी किया है.

    हमास द्वारा संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटों में अकाल और कुपोषण के कारण दो और मौतें दर्ज की गई हैं.

    इसके साथ भूख से मरने वालों की कुल संख्या 113 हो गई है.

    इस सप्ताह के आरंभ में, संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने कहा था कि ग़ज़ा की 21 लाख आबादी बुनियादी आपूर्ति की गंभीर कमी का सामना कर रही है, कुपोषण "बढ़ रहा है" और ग़ज़ा में "भुखमरी हर दरवाजे पर दस्तक दे रही है."

    बीबीसी रेडियो 5 लाइव से बात करते हुए, इंडिपेंडेंट के मुख्य अंतर्राष्ट्रीय संवाददाता बेल ट्रू ने कहा, "यह बहुत स्पष्ट है कि ग़ज़ा के लाखों लोगों के पास अपना पेट भरने के लिए पर्याप्त भोजन नहीं है."

    ट्रू ने बताया, " दुनिया के मानवाधिकार संगठन और सहायता एजेंसियां अपने ही लोगों को भोजन उपलब्ध कराने के लिए संघर्ष कर रही हैं."

  11. भारत-इंग्लैंड टेस्ट: चोटिल ऋषभ पंत बैटिंग के लिए उतरे

    मैनचेस्टर में भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे चौथे टेस्ट में भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत चोटिल होने के बावजूद बल्लेबाजी करने मैदान पर उतरे हैं.

    शार्दुल ठाकुर का विकेट गिरने के बाद पंत बल्लेबाजी करने मैदान पर आए.

    जब पंत बैटिंग के लिए आए तो दर्शकों ने खड़े होकर उनका अभिवादन किया.

    बुधवार को इस टेस्ट के पहले दिन 68वें ओवर में क्रिस वोक्स की एक यॉर्कर लेंथ गेंद को रिवर्स स्वीप करने के प्रयास में ऋषभ पंत को पैर में चोट लग गई थी.

    पंत उस वक्त 37 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे. लेकिन इसके बाद पंत को मैदान से बाहर जाना पड़ा.

    दूसरे दिन का खेल शुरू होने के बाद बीसीसीआई ने पंत की चोट पर अपडेट जारी किया था. बीसीसीआई ने कहा कि पंत इस मैच में विकेटकीपिंग का जिम्मा नहीं संभालेंगे, लेकिन जरूरत पड़ने पर वो बल्लेबाजी करने के लिए उपलब्ध हैं.

  12. भारत-ब्रिटेन के बीच व्यापार समझौता, भारत में सस्ती होगी कार और व्हिस्की

    भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर के साथ एक फ्री ट्रेड डील (एफ़टीए) पर हस्ताक्षर किए हैं. इससे दोनों देशों के बीच अरबों रुपये का व्यापार बढ़ जाएगा.

    इस समझौते से भारत में ब्रिटेन की कारें, एयरोस्पेस, इलेक्ट्रिकल्स, चिकित्सा उपकरण और व्हिस्की सस्ती हो जाएंगी, वहीं ब्रिटेन में भारतीय वस्त्र और आभूषण भी सस्ते होंगे.

    इस समझौते में अवैध माइग्रेशन से निपटने के लिए एक नई भारत-ब्रिटेन योजना की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की गई है.

    वहीं ब्रिटेन के विपक्षी दलों ने चेतावनी दी है कि इस समझौते से ब्रिटिश श्रमिकों को नुकसान हो सकता है, क्योंकि इसमें राष्ट्रीय बीमा अंशदान पर छूट को एक वर्ष से बढ़ाकर तीन वर्ष कर दिया गया है.

    ब्रिटेन के व्यापार मंत्री जोनाथन रेनॉल्ड्स ने कहा कि यह "पूरी तरह से गलत" है और ब्रिटेन में अस्थायी तौर पर काम करने वाले भारतीय कामगारों को भी वही सुविधा मिलेगी जो पहले से ही कई अन्य देशों को दी जा रही है.

    ब्रिटेन से निर्यात किए जाने वाले सामानों पर औसत टैरिफ 15% से घटकर 3% हो जाएगा, इससे ब्रिटिश कंपनियों के लिए भारत में सामान बेचना आसान हो जाएगा.

    दोनों प्रधानमंत्रियों ने रक्षा, शिक्षा, जलवायु और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में घनिष्ठ सहयोग पर भी सहमति व्यक्त की है.

    प्रधानमंत्री के तौर पर नरेंद्र मोदी की यह ब्रिटेन की चौथी यात्रा है.

  13. रिलायंस अनिल अंबानी समूह की कंपनियों पर ईडी का छापा

    समाचार एजेंसी पीटीआई और एएनआई के अनुसार प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार को रिलायंस अनिल अंबानी समूह की कंपनियों पर छापा मारा है.

    इन कंपनियों के ख़िलाफ़ कथित तौर पर तीन हज़ार करोड़ रुपये के बैंक ऋण धोखाधड़ी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले के तहत ये कार्रवाई की गई है.

    आधिकारिक सूत्रों ने पीटीआई को बताया है कि इस समय अनिल अंबानी ग्रुप की कंपनियों के खिलाफ मुंबई में कार्रवाई की जा रही है.

    ये कार्रवाई नेशनल हाउसिंग बैंक, सेबी, नेशनल फाइनेंशियल रिपोर्टिंग अथॉरिटी, बैंक ऑफ बड़ौदा और सीबीआई की दो एफ़आईआर के आधार पर की गई है.

    ईडी की इस कार्रवाई को लेकर रिलायंस पावर और रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर ने एएनआई को दिए अपने बयान में कहा, "रिलायंस पावर और रिलायंस इंफ़्रास्ट्रक्चर के व्यावसायिक परिचालन, वित्तीय प्रदर्शन, शेयरधारकों, कर्मचारियों या किसी अन्य हितधारक पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा."

    कंपनी ने पीटीआई से कहा है, "मीडिया रिपोर्ट्स में रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड (आरकॉम) या रिलायंस होम फ़ाइनेंस लिमिटेड (आरएचएफ़एल) से जुड़े लेन देन के जिन आरोपों का ज़िक्र हो रहा है वो दस साल से भी अधिक पुरानी हैं."

  14. थाईलैंड-कंबोडिया सैन्य झड़प: थाईलैंड ने सीमावर्ती स्कूल बंद करने के दिए आदेश

    थाईलैंड-कंबोडिया के बीच चल रही सैन्य झड़प के बीच थाईलैंड के शिक्षा मंत्रालय ने कंबोडिया के सीमावर्ती क्षेत्रों में स्कूलों को अस्थायी रूप से बंद करने का आदेश दिया है.

    बैंकॉक स्थित समाचार आउटलेट थाई एनक्वायरर की रिपोर्ट के अनुसार, रिहायशी इलाकों पर रॉकेट दागे जाने के बाद सुरीन, सिसाकेत और बुरीराम में 582 स्कूल बंद कर दिए गए हैं.

    बताया जा रहा है कि ख़तरे वाले क्षेत्रों के बाहर स्थित कुछ स्कूलों का उपयोग अस्थायी आश्रयों के रूप में भी किया जा रहा है.

    इसी बीच दोनों देशों के बीच चल रही झड़प के बाद कंबोडियाई सीमा के पास थाईलैंड के सिसाकेत प्रांत में एक पेट्रोल स्टेशन से धुआं निकलता देखा गया है.

    झड़प के बीच थाईलैंड के राष्ट्रीय उद्यान महानिदेशक ने चार वन्यजीव अभयारण्यों और दो राष्ट्रीय उद्यानों को सैनिकों के लिए खोलने का आदेश दिया है, ताकि वे कंबोडिया के हमले का जवाब देने के लिए इनका प्रयोग कर सकें.

    थाईलैंड-कंबोडिया सीमा पर चल रही झड़प में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई है और 14 लोग घायल हैं.

  15. क्या बिहार चुनाव का बहिष्कार करेगा महागठबंधन, तेजस्वी यादव ने क्या बताया

    बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव के बहिष्कार पर विचार करने की बात कही है.

    बिहार विधानसभा के बाहर गुरुवार को मीडिया को संबोधित करते हुए आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा, "एक बात साफ़ है, सब कुछ तय हो ही गया है कि खुलेआम बेईमानी करनी है, वोटर लिस्ट से लाखों का नाम काट देना है तो हम लोग चुनाव बायकॉट करने पर विचार कर सकते हैं."

    उन्होंने कहा, "जब लोकतंत्र में जनता ही वोट नहीं देगी तो चुनाव का क्या मतलब रह गया. हम लोग (महागठबंधन) मिलकर चुनाव बहिष्कार पर विचार कर सकते हैं, ये विकल्प हमारे पास खुला है."

    तेजस्वी यादव के बयान पर केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह ने प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा, "इसका मतलब है कि वह पहले हार मान लिए हैं, उन्हें लग रहा है कि वह चुनाव हार जाएंगे."

    केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह ने कहा, "जब जालसाज़ी पकड़ी गई तो वे कह रहे हैं कि वे चुनाव नहीं लड़ेंगे."

    बिहार में विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले चुनाव आयोग वहां विशेष गहन पुनरीक्षण यानी स्पेशल इंटेंसिव रिवीज़न (एसआईआर) करवा रहा है.

    इसे लेकर राजनीतिक गलियारे में हलचल के साथ कई क़ानूनी और वैधानिक सवाल भी उठ रहे हैं.

    विपक्ष का आरोप है कि चुनाव आयोग इस विशेष गहन पुनरीक्षण की आड़ में पिछले दरवाज़े से लोगों की नागरिकता की जांच कर रहा है. हालांकि, चुनाव आयोग ने सुप्रीम कोर्ट में यह आश्वासन दिया है कि अगर कोई व्यक्ति मतदाता सूची से बाहर हो जाए, तो इसका मतलब यह नहीं होगा कि उसकी नागरिकता समाप्त हो गई है.

  16. थाईलैंड-कंबोडिया सैन्य झड़प में कम से कम 12 लोगों की मौत

    थाईलैंड-कंबोडिया सीमा पर चल रही सैन्य झड़प में अब तक कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 14 लोग घायल हो गए हैं.

    थाईलैंड के स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि झड़पों में एक सैन्यकर्मी और 11 नागरिक मारे गए हैं.

    उन्होंने बताया कि वे उन 35 लोगों में शामिल हैं जो हमले से प्रभावित हुए हैं.

    थाई अधिकारियों की रिपोर्ट के अनुसार, सुरीन प्रांत में दो नागरिकों की मौत हुई है. इसमें एक आठ वर्षीय लड़का भी शामिल है.

    वहीं उबोन रत्चथानी प्रांत में एक नागरिक की मौत हुई है और सीसाकेत प्रांत में आठ नागरिकों की मौत हुई है.

  17. अभी तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक ख़बरें पहुंचा रही थे.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता आनंद मणि त्रिपाठी आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ प्रमुख ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  18. रूस में 49 लोगों को ले जा रहे विमान का मलबा मिला

    रूसी बचाव सेवाओं को उस विमान का मलबा मिल गया है, जो सुदूर पूर्वी अमूर क्षेत्र में अपनी मंजिल से लगभग 16 किलोमीटर पहले लापता हो गया था.

    आपातकालीन अधिकारियों ने बताया कि अंगारा एयरलाइंस का एएन-24 विमान, जिसमें 43 यात्री और छह चालक दल के सदस्य सवार थे. विमान चीनी सीमा के नज़दीक ब्लागोवेशचेंस्क से रवाना हुआ था और टिंडा हवाई अड्डे के पास पहुंचते ही रडार से गायब हो गया.

    अमूर के क्षेत्रीय गवर्नर वासिली ओरलोव ने कहा कि विमान को खोजने के लिए सभी ज़रूरी संसाधन लगा दिए गए हैं.

    उन्होंने बताया कि विमान में पांच बच्चों सहित 43 यात्री और चालक दल के छह सदस्य सवार थे.

    रूस के आपातकालीन मंत्रालय ने बताया कि एक रूसी हेलीकॉप्टर ने विमान का जलता हुआ ढांचा देखा है. ख़बरों के मुताबिक़, किसी के बचने की उम्मीद नहीं है.

  19. भारत ने ग़ज़ा में युद्धविराम को लेकर संयुक्त राष्ट्र में दिया ये बयान

    भारत ने ग़ज़ा में जारी मानवीय संकट पर चिंता जताते हुए ज़ोर दिया है कि वहां युद्धविराम लागू किया जाना चाहिए.

    संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पर्वतनेनी हरीश ने बुधवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में एक बहस के दौरान अपनी बात रखी.

    इस दौरान उन्होंने कहा, "युद्ध का बीच-बीच में कुछ समय के लिए रुकना ग़ज़ा के लोगों के सामने खड़ी मानवीय चुनौतियों से निपटने के लिए काफ़ी नहीं है. वहां के लोग रोज़ाना खाने और ईंधन की भारी कमी, कमज़ोर स्वास्थ्य सेवाएं और शिक्षा तक पहुंच न होने जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं."

    हरीश ने कहा कि लोगों की जो तकलीफ़ें लगातार जारी हैं, उन्हें अब और नहीं चलने दिया जाना चाहिए.

    उन्होंने कहा, "मानवीय सहायता को सुरक्षित, लगातार और समय पर पहुंचाना ज़रूरी है. शांति का कोई विकल्प नहीं है. वहां युद्धविराम लागू होना चाहिए."

    "सभी बंधकों को रिहा किया जाना चाहिए. इन लक्ष्यों को हासिल करने के लिए सिर्फ़ बातचीत और कूटनीति ही एकमात्र कारगर रास्ता है. इसके अलावा कोई और हल नहीं है."

    हरीश ने परिषद की बहस में कहा कि भारत अपने फ़लस्तीनी भाइयों और बहनों के साथ ऐतिहासिक और मजबूत संबंध साझा करता है.

    उन्होंने कहा, "हम हमेशा उनके साथ खड़े रहे हैं और फ़लस्तीनी मुद्दे के प्रति हमारी प्रतिबद्धता अटूट है."

  20. ब्रेकिंग न्यूज़, रूस में लापता हुआ विमान, क़रीब 50 लोग थे सवार

    रूस में गुरुवार को लगभग 50 लोगों को लेकर जा रहे एक यात्री विमान से एयर ट्रैफ़िक कंट्रोलर्स का संपर्क टूट गया.

    न्यूज़ एजेंसी रॉयटर्स और एएफ़पी के मुताबिक़, यह जानकारी इलाक़े के गवर्नर ने दी है. साथ ही गवर्नर ने कहा है कि विमान की तलाश जारी है.

    एजेंसी के अनुसार, स्थानीय आपातकालीन मंत्रालय ने बताया कि यह विमान चीन की सीमा से लगे अमूर क्षेत्र के टिंडा शहर के पास पहुंचते समय रडार से गायब हो गया.

    इलाक़े के गवर्नर वासिली ओरलोव ने कहा कि शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक़, विमान में पांच बच्चों सहित 43 यात्री और चालक दल के छह सदस्य सवार थे.

    उन्होंने टेलीग्राम पर लिखा, "विमान की खोज के लिए सभी ज़रूरी बल और साधन तैनात कर दिए गए हैं."