मोहन भागवत बोले- 'जब भारत दुनिया को अपनापन सिखाएगा, तब वह विश्व गुरू बनेगा'

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत ने कहा है कि जब भारत अपनेपन का विचार दुनियाभर को सिखाएगा, तब जाकर वह विश्व गुरू बनेगा.

सारांश

लाइव कवरेज

दीपक मंडल, सुमंत सिंह

  1. दिल्ली एयरपोर्ट पर तकनीकी ख़राबी से 100 से ज़्यादा फ्लाइट्स में देरी

    दिल्ली एयरपोर्ट

    इमेज स्रोत, Getty Images

    शुक्रवार ( 7 नवंबर 2025) को दिल्ली एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली 100 से अधिक फ्लाइट्स में देरी हुई. एयर ट्रैफ़िक कंट्रोल सिस्टम में तक़नीकी दिक्कतें होने की वजह से ये समस्या आई थी.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने एयरपोर्ट सूत्रों के हवाले से बताया है कि इस ख़राबी को ठीक करने का काम हो रहा है.

    एनसीआर का इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा देश का सबसे व्यस्त एयरपोर्ट है. यहां से हर दिन 1,500 से अधिक उड़ानों का संचालन होता है.

    पीटीआई के सूत्रों के मुताबिक़ गुरुवार शाम से तकनीकी समस्याओं के कारण एयर ट्रैफिक कंट्रोलर ऑटोमैटिक तरीके से फ्लाइट प्लान नहीं कर पा रहा था.

  2. अमेरिका में छह साल के स्टूडेंट की गोली से घायल टीचर को 1 करोड़ डॉलर का मुआवज़ा, मैक्स मात्ज़ा

    एबिगेल ज़्वर्नर
    इमेज कैप्शन, पूर्व टीचर एबिगेल ज़्वर्नर छह साल के स्टूडेंट की गोली से गंभीर रूप से घायल हो गई थीं

    अमेरिका के वर्जीनिया में एक पूर्व टीचर को दो साल पहले एक छह साल के स्टूडेंट ने गोली मार दी थी. अब उन्हें कोर्ट ने एक करोड़ डॉलर मुआवज़ा देने का फ़ैसला सुनाया है.

    गोली लगने से पूर्व टीचर एबिगेल ज़्वर्नर गंभीर रूप से घायल हो गई थीं और घटना के बाद उन्हें कई सर्जरी करानी पड़ीं.

    टीचर ने अपने मुक़दमे के दौरान गवाही में कहा, ''मुझे लगा कि मैं मर गई हूं.''

    ज़्वर्नर ने स्कूल की पूर्व असिस्टेंट प्रिंसिपल एबोनी पार्कर के ख़िलाफ़ 4 करोड़ डॉलर का मुक़दमा दायर किया था.

    इसमें कहा गया कि पार्कर को पहले ही बताया गया था कि वो बच्चा उस दिन (घटना के दिन) स्कूल में बंदूक लेकर आ सकता है. लेकिन इस चेतावनी पर कोई ध्यान नहीं दिया गया.

    गुरुवार को तीन पुरुषों और चार महिलाओं के पैनल ने पूर्व टीचर का पक्ष लेते हुए कहा कि पार्कर की ओर से कोई एक्शन ना लेना घोर लापरवाही भरा काम था.

  3. एलन मस्क की सैलरी होगी अब रिकॉर्ड 1 ट्रिलियन डॉलर, कंपनी बोर्ड ने दी पैकेज को मंज़ूरी

    एलन मस्क

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, एलन मस्क के सैलरी पैकेज के पक्ष में टेस्ला इंक. के 75 फ़ीसदी शेयरहोल्डर्स ने वोट डाले.

    अमेरिकी ऑटोमोटिव और क्लीन एनर्जी कंपनी टेस्ला इंक. के शेयरहोल्डर्स ने कंपनी के सीईओ एलन मस्क के लिए 1 ट्रिलियन डॉलर के सैलरी पैकेज को मंजूरी दे दी है.

    ये किसी कॉरपोरेट कंपनी के सीईओ के लिए मंजूर अब तक का सबसे बड़ा सैलरी पैकेज है.

    कंपनी ने गुरुवार को अपनी सालाना बैठक में कहा कि इस सैलरी पैकेज के पक्ष में 75 फ़ीसदी शेयरहोल्डर्स ने वोट डाले.

    पिछले कुछ दिनों से इलेक्ट्रिक वाहन बनाने वाली कंपनी टेस्ला इंक. के सीईओ का सैलरी पैकेज 1 ट्रिलियन डॉलर करने के लिए बोर्ड, मस्क और रिटेल निवेशक की ओर से अभियान चलाया जा रहा था.

    हालांकि पूरा वेतन पाने के लिए मस्क को टेस्ला की मार्केट वैल्यू बढ़ानी होगी और सुस्त पड़े कार बिज़नेस को रफ़्तार देनी होगी. साथ ही रोबोटैक्सी और ऑप्टिमस रोबोटिक्स के लक्ष्यों को ज़मीन पर उतारना होगा.

  4. जानी-मानी अभिनेत्री और गायिका सुलक्षणा पंडित का निधन, रवि जैन, बीबीसी हिन्दी के लिए

    सुलक्षणा पंडित

    इमेज स्रोत, INSTA/@shwetapandit7

    इमेज कैप्शन, सुलक्षणा पंडित (फ़ाइल फ़ोटो)

    मशहूर फ़िल्म अभिनेत्री और गायिका सुलक्षणा पंडित का गुरुवार (6 नवंबर 2025) को मुंबई के नानावटी अस्पताल में निधन हो गया.

    1970 और 1980 के दशक में अपने अभिनय और गायन से मशहूर हुईं सुलक्षणा पंडित 71 साल की थीं.

    सुलक्षणा पंडित के भाई ललित पंडित ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी से फ़ोन पर बात करते हुए उनकी मौत की पुष्टि की और बताया कि गुरुवार के रात आठ बजे कार्डियक अरेस्ट से उनका निधन हुआ.

    सुलक्षणा पंडित ने साल 1975 में आई फ़िल्म 'उलझन' से बतौर हीरोइन अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी जिसमें उनके हीरो संजीव कुमार थे.

    इसके बाद उन्होंने 1970 और 1980 के दशक में ‘संकोच’, ‘हेराफेरी’, ‘अपनापन’, ‘खानदान’, ‘धरम कांटा’, ‘चेहरे पे चेहरा’, ‘वक़्त की दीवार’ जैसी तमाम फ़िल्मों में अभिनय किया था.

    सुलक्षणा पंडित

    इमेज स्रोत, JATIN PANDIT

    इमेज कैप्शन, सुलक्षणा पंडित मोहम्मद रफ़ी (बीच में) के साथ एक गाने के रिहर्सल के दौरान

    उन्होंने अपने दौर के कई बड़े अभिनेताओं जैसे संजीव कुमार, जितेंद्र, राजेश खन्ना, शशि कपूर, विनोद खन्ना, शत्रुघ्न सिन्हा के साथ काम किया था.

    सुलक्षणा ने अपने सिंगिंग करियर की शुरुआत लता मंगेशकर के साथ फ़िल्म ‘तक़दीर’ (1967) के ज़रिए एक बाल गायिका के रूप में की थी.

    बाद में एक प्लेबैक गायिका के रूप में उन्होंने किशोर कुमार, मोहम्मद रफ़ी, शैलेंद्र, येशुदास, महेंद्र कपूर, उदित नारायण समेत तमाम बड़े सिंगर्स के साथ गाने गाए थे और अपने दौर के मशहूर संगीतकारों के निर्देशन में काम किया था.

    उन्होंने हिन्दी के अलावा बंगाली, ओड़िया, गुजराती और मराठी गीतों को भी अपनी आवाज़ दी थी.

    सुलक्षणा पंडित का अंतिम संस्कार शुक्रवार को दोपहर 12 बजे मुंबई में किया जाएगा.

  5. डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, 'मोदी ने रूस से तेल ख़रीदना लगभग बंद किया, वो मेरे दोस्त हैं'

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि 'वो जल्द भारत का दौरा करेंगे'.

    उन्होंने गुरुवार को व्हाइट हाउस की प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा, ''प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस से तेल ख़रीदना लगभग बंद कर दिया है. वो मेरे दोस्त हैं. मैं उनसे बात करूंगा. वो चाहते हैं कि मैं भारत जाऊं. हम इस बारे में तय करेंगे.''

    ट्रंप ने एक बार फिर दावा किया है उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध रुकवा दिया था.

    उन्होंने कहा कि, भारत और पाकिस्तान बीच संघर्ष रुकवाने के लिए उन्होंने 'टैरिफ़ को हथियार बनाया.' उनके 'दख़ल' ने 24 घंटे के भीतर इस संघर्ष ख़त्म कर दिया.

  6. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

    • बिहार चुनाव: घुसपैठ से लेकर जंगलराज तक, तेज़ हुई बयानबाज़ी, सभी दलों ने किए बड़े दावे
    • ग़ज़ाला हाशमी ने रचा इतिहास, चुनी गईं वर्जीनिया की पहली मुस्लिम लेफ्टिनेंट गवर्नर
    • झारखंड: थैलेसीमिया से जूझ रहे बच्चों को चढ़ा एचआईवी संक्रमित खून, ज़िम्मेदार कौन?
    • लद्दाख में मोदी सरकार का ये 'ड्रीम प्रोजेक्ट' क्यों है बड़ी चुनौती