बिहार: पूरा हुआ पहले चरण का मतदान, चुनाव आयोग ने बताया कितने प्रतिशत वोटिंग हुई?

चुनाव आयोग की ओर से जारी प्रेस नोट में बताया गया है कि पहले चरण में बिहार में कुल 64.66 प्रतिशत वोटिंग हुई है.

सारांश

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली और सुरभि गुप्ता

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता को दीजिए इजाज़त.

    कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. बिहार: पूरा हुआ पहले चरण का मतदान, चुनाव आयोग ने बताया कितने प्रतिशत वोटिंग हुई?

    बिहार चुनाव

    इमेज स्रोत, ANI

    बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण की वोटिंग 6 नवंबर को संपन्न हुई.

    चुनाव आयोग की ओर से जारी प्रेस नोट में बताया गया है कि पहले चरण में बिहार में कुल 64.66 प्रतिशत वोटिंग हुई है.

    बिहार वोटिंग

    इमेज स्रोत, ANI

    चुनाव आयोग के मुताबिक़ ये आंकड़ा 6 नवंबर की रात 8.15 बजे तक है. 1,570 प्रिसाइडिंग ऑफ़िसर्स की ओर से अभी और आंकड़े दिए जाना बाकी है.

    आयोग के मुताबिक़ राज्य के 18 जिलों के 121 विधानसभा क्षेत्रों में हुए मतदान में कुल मतदाताओं की संख्या 3.75 करोड़ से अधिक है.

  3. सौरभ भारद्वाज के 'वोट चोरी' के आरोप पर राकेश सिन्हा बोले- मैं मानहानि का केस करूं?

    आम आदमी पार्टी (आप) नेता सौरभ भारद्वाज और बीजेपी के राज्यसभा सांसद प्रोफ़ेसर राकेश सिन्हा

    इमेज स्रोत, ANI/@RakeshSinha01

    बीजेपी के राज्यसभा सांसद प्रोफ़ेसर राकेश सिन्हा ने आम आदमी पार्टी (आप) नेता सौरभ भारद्वाज की ओर से ख़ुद पर लगाए गए 'वोट चोरी' के आरोप का जवाब दिया है.

    सौरभ भारद्वाज ने एक्स पर पोस्ट किया, "भाजपा के राज्यसभा सांसद और सबको संस्कार सिखाने वाली आरएसएस के विचारक राकेश सिन्हा जी ने दिल्ली विधान सभा चुनाव में वोट डाला और आज बिहार चुनाव में भी वोट डाला."

    "ये (राकेश सिन्हा) दिल्ली यूनिवर्सिटी के मोतीलाल नेहरू कॉलेज में पढ़ाते हैं तो ये बिहार का पता चाह कर भी नहीं दिखा सकते."

    सौरभ भारद्वाज ने राकेश सिन्हा के दिल्ली चुनावों में मतदान करने के बाद बिहार में वोट बनवाने और मतदान करने को 'वोट चोरी' कहा.

    उनके इस पोस्ट पर राकेश सिन्हा ने जवाब दिया, "मेरा नाम दिल्ली के मतदाता सूची में था. बिहार की राजनीति में सक्रियता के कारण मैंने अपना नाम गांव मनसेर पुर (बेगूसराय) करा लिया. क्या इस आरोप के लिए मैं मानहानि का केस करूं?"

    उन्होंने कहा, “मेरा पुश्तैनी घर बिहार के बेगुसराय ज़िले में है, वहां मेरे परिवार के लोग रहते हैं, वह मेरा स्थायी पता है. संसद में भी यही मेरा स्थायी पता दर्ज है.”

  4. जेएनयू छात्रसंघ चुनाव नतीजे: सभी अहम पदों पर लेफ़्ट की जीत

    जेएनयू छात्रसंघ चुनाव

    इमेज स्रोत, ANI

    दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (जेएनयू) छात्रसंघ चुनाव के नतीजे गुरुवार को जारी किए गए. सेंट्रल पैनल के अहम चार पदों पर लेफ़्ट यूनिटी ने एबीवीपी को हराकर जीत हासिल की है.

    लेफ़्ट यूनिटी को अध्‍यक्ष, उपाध्‍यक्ष, महासचिव और संयुक्त सचिव इन चारों पदों पर जीत मिली है.

    अध्यक्ष पद पर लेफ़्ट यूनिटी की उम्मीदवार अदिति मिश्रा ने एबीवीपी के विकास पटेल को हराकर जीत हासिल की है. उपाध्यक्ष पद पर लेफ़्ट की के गोपिका को जीत मिली है.

    महासचिव पद पर लेफ़्ट के सुनील यादव ने एबीवीपी के राजेश्वर कांत दुबे को हराया है. वहीं संयुक्त सचिव पद पर लेफ़्ट के दानिश अली को जीत मिली है.

  5. केरल में चर्च ने एसआईआर पर की अपील, सदस्यों से कहा- दस्तावेज़ तैयार करें, इमरान क़ुरैशी, बीबीसी हिन्दी के लिए

    सिरो-मालाबार चर्च

    इमेज स्रोत, Syro-Malabar Church

    केरल के सिरो-मालाबार चर्च ने अपने सभी सदस्यों से केरल में 4 नवंबर से 4 दिसंबर तक चलने वाले स्पेशल इंटेंसिव रिविज़न (एसआईआर) की प्रक्रिया में सक्रिय रूप से हिस्सा लेने की अपील की है.

    चर्च के पब्लिक अफ़ेयर्स कमिशन ने एक बयान जारी कर अपने उन सदस्यों से, जिनका नाम 2002 की मतदाता सूची में नहीं है, कहा है कि वे भारत निर्वाचन आयोग की ओर से ज़रूरी बताए गए दस्तावेज़ तैयार कर लें.

    बयान में कहा गया है, "एसआईआर के लिए नियुक्त अधिकारी हमारी मदद के लिए हैं. बूथ स्तर के अधिकारियों (बीएलओ) से संपर्क करने में कोई संकोच न करें और किसी भी संदेह को दूर करने के लिए उनके टेलीफ़ोन नंबर लें."

    सिरो-मालाबार चर्च के पब्लिक अफ़ेयर्स सेक्रेटरी फ़ादर जेम्स कोक्कावायलिल ने कहा, "हमारे कई लोग अलग-अलग देशों में प्रवासी के तौर पर रह रहे हैं. जिन लोगों ने दूसरे देशों की नागरिकता नहीं ली है, उन्हें एसआईआर से जुड़ा फ़ॉर्म ऑनलाइन या अपने परिवार के सदस्यों या रिश्तेदारों की मदद से भरना होगा."

    "जो लोग देश में हैं, उनसे अनुरोध है कि वे दूसरे देश में रह रहे भारतीयों को इस बारे में सूचित करें."

    सिरो-मालाबार चर्च के प्रवक्ता फ़ादर टॉम ओलिकारॉट ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी को बताया कि चर्च के सदस्यों को जारी की गई सलाह में कुछ भी असामान्य नहीं है.

    टॉम ओलिकारॉट ने कहा, "हमारे कई लोग विदेश में हैं, चाहे खाड़ी देशों में हों, यूरोप में हों या अन्य देशों में. यह सिर्फ़ जागरुकता के लिए है. हम उन्हें सूचित कर रहे हैं कि वे इस चुनावी प्रक्रिया में हिस्सा लेने में लापरवाही न करें. यह सिर्फ़ जागरुकता के लिए एक सूचना है. इसमें कुछ भी असाधारण नहीं है."

    केरल कैथोलिक बिशप्स काउंसिल (केसीबीसी), जिसमें चर्च के सभी संप्रदायों का प्रतिनिधित्व है, ने अभी तक इस मुद्दे पर चर्चा नहीं की है.

    दूसरी ओर, एक सर्वदलीय बैठक में, सीपीएम के नेतृत्व वाली लेफ़्ट डेमोक्रेटिक फ़्रंट (एलडीएफ़) सरकार और कांग्रेस के नेतृत्व वाली विपक्षी यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ़्रंट (यूडीएफ़) इस मामले पर एकमत थे.

    एलडीएफ़ इस मुद्दे को अदालत में ले जाने के लिए कानूनी सलाह लेने की योजना बना रही है, खासकर इसलिए क्योंकि स्थानीय निकाय चुनाव जल्द ही होने वाले हैं. वहीं बीजेपी एलडीएफ़ और यूडीएफ़ के इस कदम का विरोध कर रही है.

  6. विजय सिन्हा के काफ़िले पर कथित हमले को लेकर कांग्रेस बोली- प्रशासन तो उन्हीं का है

    कांग्रेस नेता पवन खेड़ा

    इमेज स्रोत, ANI

    बिहार के उप-मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के काफ़िले पर कथित हमले के मामले में कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने प्रतिक्रिया दी है.

    पवन खेड़ा ने कहा, "प्रशासन तो उन्हीं का है. हम बार-बार कह रहे हैं कि आपका गुंडाराज चल रहा है, अब इसको ख़त्म करना है. आज उस गुंडाराज का शिकार आप ख़ुद हो गए क्योंकि लोगों का भी गुस्सा है."

    पवन खेड़ा ने कहा, "हम हिंसक प्रतिरोध या विरोध के ख़िलाफ़ हैं क्योंकि हम ऐसी पार्टी हैं जिसने बिना हिंसा के विरोध करके अंग्रेज़ों को भगा दिया, तो हम हिंसा के ख़िलाफ़ हैं लेकिन विरोध तो है. जब आप विरोध के सारे दरवाज़े बंद कर देंगे, तो ज़ाहिर सी बात है सड़क पर गुस्सा दिखेगा, जो आज दिखा."

    बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा का आरोप है कि गुरुवार को लखीसराय के एक गांव में उनके काफ़िले पर हमला हुआ.

    वहीं लखीसराय के डीएम मिथिलेश मिश्रा ने कहा, "इस घटना के लिए हमला शब्द बोलना बहुत उचित नहीं होगा."

    उनके मुताबिक़ स्थानीय लोगों ने विरोध किया, नारेबाज़ी की. ज़िलाधिकारी ने कहा कि इस मामले की जांच की जा रही है.

  7. बिहार: विजय सिन्हा के काफ़िले पर कथित हमले के बारे में डीएम ने क्या बताया

    बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, विजय कुमार सिन्हा लखीसराय से बीजेपी के उम्मीदवार भी हैं.

    बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा का आरोप है कि गुरुवार को लखीसराय के एक गांव में उनके काफ़िले पर हमला हुआ.

    इस मामले में लखीसराय के डीएम मिथिलेश मिश्रा का बयान आया है.

    उन्होंने कहा, "इस घटना के लिए हमला शब्द बोलना बहुत उचित नहीं होगा. डिप्टी सीएम एक गांव में आए थे, जहां स्थानीय लोगों ने विरोध किया, नारेबाजी की. हम लोगों ने देखा कि उनकी गाड़ी के ऊपर गोबर फ़ेंका हुआ था."

    मिथिलेश मिश्रा ने बताया, "फ़िज़िकल एसॉल्ट नहीं किया गया. कोई चोट नहीं है. गाड़ी पर कोई तोड़-फोड़ नहीं है. लोगों का एक आक्रोश था, चूंकि चुनाव का समय है. गांव में रोड नहीं बनी हुई थी, इसलिए लोगों ने विरोध किया है."

    उनके मुताबिक़ मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण रही और विजय कुमार सिन्हा से जुड़े मामले पर प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

    डीएम ने ये भी बताया कि इस मामले में सिर्फ़ मौखिक शिकायत दर्ज कराई गई है कि विजय कुमार सिन्हा गांव में जाने से रोका गया. पूरे मामले की जांच की जा रही है.

  8. ईडी ने क्यों कुर्क की सुरेश रैना और शिखर धवन की करोड़ों रुपये की संपत्ति?

    सुरेश रैना और शिखर धवन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, सुरेश रैना और शिखर धवन पर पीएमएलए, 2002 के तहत ईडी की कार्रवाई

    प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने पूर्व भारतीय क्रिकेटरों सुरेश रैना और शिखर धवन की 11.14 करोड़ की संपत्ति अस्थायी तौर पर कुर्क कर ली है.

    ईडी की ओर से एक्स पर इसकी जानकारी दी गई है. ईडी की पोस्ट के मुताबिक़ दोनों पूर्व क्रिकेटरों के ख़िलाफ़ ये कार्रवाई अवैध सट्टेबाजी प्लेटफ़ॉर्म 1xBet के प्रचार से जुड़ी है.

    ये कुर्की प्रिवेंशन ऑफ़ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए), 2002 के तहत की गई है.

    इसमें सुरेश रैना के नाम पर 6.64 करोड़ रुपये मूल्य के म्यूचुअल फ़ंड निवेश और शिखर धवन के नाम पर 4.5 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल है.

  9. बिहार विधानसभा चुनाव: शाम पांच बजे तक हुई 60.18 प्रतिशत वोटिंग

    बिहार में विधानसभा चुनाव

    इमेज स्रोत, X/@PIB_Patna

    बिहार में विधानसभा चुनाव के लिए जारी पहले चरण के मतदान का शाम पांच बचे तक का आंकड़ा जारी किया गया है.

    बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की ओर से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक़ शाम पांच बजे तक बिहार में 60.18 फ़ीसदी मतदान हुआ है.

    बिहार में विधानसभा चुनाव

    इमेज स्रोत, X/@PIB_Patna

    शाम पांच बजे तक बेगूसराय में सबसे ज़्यादा 67.32 फ़ीसदी और सबसे कम शेखपुरा में 52.36 फ़ीसदी मतदान दर्ज किया गया है.

    बिहार में आज यानी गुरुवार को पहले चरण में 18 ज़िलों की 121 विधानसभा सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं.

  10. ब्रेकिंग न्यूज़, भारत ने चौथे टी20 मैच में ऑस्ट्रेलिया को 48 रन से हराया, सिरीज़ में 2-1 की बढ़त बनाई

    भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया टी-20

    इमेज स्रोत, Santanu Banik/MB Media/Getty Images

    भारत ने पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सिरीज़ के चौथे मुक़ाबले में ऑस्ट्रेलिया को 48 रन से मात दी है.

    मेज़बान टीम ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मिचेल मार्श ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला किया था.

    बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने 8 विकेट के नुक़सान पर 167 रन बनाए.

    इसके बाद, ऑस्ट्रेलियाई टीम 168 रन का टारगेट हासिल करने के लिए मैदान पर उतरी. लेकिन ऑस्ट्रेलियाई टीम 18.2 ओवर में ही 119 रन बनाकर ऑल आउट हो गई.

    इसके साथ ही भारत ने पांच मैचों की इस टी20 अंतरराष्ट्रीय सिरीज़ में 2-1 की बढ़त बना ली है. भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था.

  11. वियतनाम की ओर बढ़ा कालमेगी तूफ़ान, फ़िलीपींस में कम से कम 114 लोगों की मौत

    वियतनाम का समुद्र तट

    इमेज स्रोत, Getty Images

    फ़िलीपींस में तबाही मचाने के बाद कालमेगी तूफ़ान वियतनाम की ओर बढ़ा रहा है.

    वियतनाम के मौसम ब्यूरो के अनुसार, इसके जल्द ही तटीय इलाक़ों पर पहुंचने की आशंका है, जिससे 8 मीटर (26 फ़ीट) तक ऊंची लहरें उठ सकती हैं.

    वियतनाम में तटीय क्षेत्रों में रहने वाले हज़ारों लोगों को अपना घर खाली करने के लिए कहा गया है. वहीं 50 से ज़्यादा उड़ानें रद्द की गई हैं या उनका समय बदल दिया गया है.

    मंगलवार को फ़िलीपींस में दस्तक देने वाले इस तूफ़ान ने वहां भारी तबाही मचाई.

    कालमेगी तूफ़ान के कारण फ़िलीपींस में लाखों लोगों को अपना घर छोड़ना पड़ा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इसके कारण लाखों लोगों को अपने घरों से पलायन करना पड़ा है. इस तूफ़ान की वजह से हुए हादसों में कम से कम 114 लोगों की मौत हो गई है.

  12. डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने लखीसराय में गुंडों से घेरे जाने का लगाया आरोप

    बिहार के डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, विजय कुमार सिन्हा लखीसराय से बीजेपी के उम्मीदवार हैं

    बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा का आरोप है कि लखीसराय में गुरुवार को उनके काफ़िले पर हमला हुआ.

    विजय कुमार सिन्हा लखीसराय से बीजेपी के उम्मीदवार भी हैं.

    उन्होंने मीडिया से कहा, "हमारे पोलिंग एजेंट को धमकी दी गई, वह डरा और सहमा हुआ है. जब हम गांव जाने लगें, तो मेरी गाड़ी को घेरकर पत्थर, चप्पल फेंका, हमला किया...राजद के गुंडों के ख़िलाफ़ प्रशासन कार्रवाई करे."

    इस मामले पर मुंगेर के डीआईजी राकेश कुमार ने कहा कि उन्हें इसकी सूचना मिली है.

    डीआईजी राकेश कुमार ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से कहा, "विजय कुमार सिन्हा से मेरी बात हुई है. इस घटना के पीछे जो भी लोग जिम्मेदार हैं उनके ख़िलाफ़ बहुत कड़ी कार्रवाई होगी. इस मामले में प्राथमिकी भी दर्ज की जाएगी, जांच भी होगी."

  13. बिहार विधानसभा चुनाव: दोपहर तीन बजे तक हुई 53.77 प्रतिशत वोटिंग

    बिहार विधानसभा चुनाव

    बिहार में विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग जारी है. इस बीच दोपहर 3 बजे तक के मतदान का आंकड़ा जारी किया गया है.

    बिहार

    बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की ओर से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक़ दोपहर 3 बजे तक बिहार में 53.77 फ़ीसदी मतदान हुआ है.

    अब तक बेगूसराय में सबसे ज़्यादा 59.82 फ़ीसदी और सबसे कम पटना में 48.69 फ़ीसदी मतदान दर्ज किया गया है.

    वोटिंग

    बिहार में आज यानी गुरुवार को पहले चरण में 18 ज़िलों की 121 विधानसभा सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं.

  14. भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया टी20: भारत ने ऑस्ट्रेलिया को दिया 168 रन का टारगेट

    शुभमन गिल

    इमेज स्रोत, Santanu Banik/MB Media/Getty Images

    इमेज कैप्शन, शुभमन गिल ने सबसे अधिक 46 रन बनाए हैं

    भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सिरीज़ के चौथे मुक़ाबले में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को 168 रन का लक्ष्य दिया है.

    भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच ये मैच क्वींसलैंड के कैरारा ओवल में खेला जा रहा है.

    ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मिचेल मार्श ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला किया था. बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने 8 विकेट के नुक़सान पर 167 रन बनाए हैं. शुभमन गिल ने सबसे अधिक 46 रन बनाए हैं.

    भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था. इसके बाद दोनों टीमें एक-एक मैच जीत चुकी हैं, जिससे सिरीज़ फिलहाल बराबरी पर है.

    यह मुक़ाबला जीतकर दोनों ही टीमें सिरीज़ में बढ़त हासिल करने के इरादे से मैदान में उतरी हैं.

    इससे पहले सिरीज़ का तीसरा टी20 मुक़ाबला होबार्ट में खेला गया था, जहां भारत ने शानदार वापसी करते हुए ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेट से हराया था.

  15. 'हक़' फ़िल्म के ख़िलाफ़ शाह बानो की बेटी की याचिका ख़ारिज

    'हक़' फ़िल्म 7 नवंबर को रिलीज़ होने वाली है.

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, 'हक़' फ़िल्म के ट्रेलर लॉन्च के दौरान यामी गौतम और इमरान हाशमी

    मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने 'हक़' फ़िल्म की रिलीज़ के ख़िलाफ़ शाह बानो की बेटी की याचिका ख़ारिज कर दी है.

    इमरान हाशमी और यामी गौतम के अभिनय वाली यह फ़िल्म 7 नवंबर को रिलीज़ होने वाली है.

    बार एंड बेंच की रिपोर्ट के मुताबिक़ शाह बानो बेगम की बेटी सिद्दीका बेगम ख़ान ने फ़िल्म के ख़िलाफ़ याचिका दायर की थी. इसमें कहा गया था कि फ़िल्म में शाह बानो के जीवन की निजी घटनाओं को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया है.

    उनकी ओर से यह भी कहा गया कि फ़िल्म निर्माता बानो के परिवार या उनके कानूनी उत्तराधिकारियों की सहमति के बिना ऐसी निजी घटनाओं को दिखाने फ़िल्म नहीं बना सकते.

    वहीं मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के इंदौर बेंच के जस्टिस प्रणय वर्मा ने उनकी दलीलों को ख़ारिज कर दिया.

    लाइव लॉ की रिपोर्ट के मुताबिक़ हाई कोर्ट ने कहा कि फ़िल्म के डिस्क्लेमर में कहा गया है कि यह फ़िल्म काल्पनिक है.

    साथ ही, कोर्ट ने कहा कि डिस्क्लेमर के मुताबिक़ फ़िल्म 'बानो: भारत की बेटी' नाम की किताब का रूपांतरण है और 1985 के सुप्रीम कोर्ट के ऐतिहासिक फ़ैसले से प्रेरित है, इसलिए इसमें कुछ हद तक छूट दी जा सकती है.

    कोर्ट ने कहा कि यह याचिकाकर्ता की मां का गलत चित्रण नहीं है और फ़िल्म किसी व्यक्ति की सच्ची कहानी होने का दावा नहीं करती है.

    कोर्ट ने कहा कि फ़िल्म के बारे में यह दावा नहीं किया गया है कि यह अहमद ख़ान बनाम शाह बानो बेगम (1985) मामले में सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले पर "पूरी तरह" आधारित है और अगर इसमें नाटकीयता के लिए इस्तेमाल किए गए कोई व्यक्तिगत विवरण हैं, तो यह गलत नहीं है.

  16. बिहार विधानसभा चुनाव में अब तक कितने फ़ीसदी वोटिंग हुई?

    बिहार विधानसभा चुनाव

    बिहार में विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग जारी है. इस बीच दोपहर 1 बजे तक के मतदान का आंकड़ा जारी किया गया है.

    बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की ओर से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक़ दोपहर 1 बजे तक बिहार में 42.31 फ़ीसदी मतदान हुआ है.

    गोपालगंज में सबसे ज़्यादा 46.73 फ़ीसदी और सबसे कम पटना में 37.72 फ़ीसदी मतदान हुआ है.

    बिहार में आज यानी गुरुवार को पहले चरण में 18 ज़िलों की 121 विधानसभा सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं.

    20 ज़िलों के 122 विधानसभा क्षेत्रों में दूसरे चरण के लिए 11 नवंबर को वोट डाले जाएंगे. 14 नवंबर को नतीजों का एलान होगा.

  17. अभी तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक इस लाइव ब्लॉग के ज़रिए ताज़ा ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    अब बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाएंगी.

    तब तक आप बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट की कुछ अहम ख़बरों को उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

  18. भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया टी-20: ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीता, भारत करेगा पहले बल्लेबाज़ी

    भारत और ऑस्ट्रेलिया

    इमेज स्रोत, Getty Images

    भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सिरीज़ का चौथा मुक़ाबला आज यानी गुरुवार को क्वींसलैंड के कैरारा ओवल में खेला जा रहा है.

    ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मिचेल मार्श ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला किया है.

    भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था. इसके बाद दोनों टीमें एक-एक मैच जीत चुकी हैं, जिससे सिरीज़ फिलहाल बराबरी पर है.

    यह मुक़ाबला जीतकर दोनों ही टीमें सिरीज़ में बढ़त हासिल करने के इरादे से मैदान में उतरी हैं.

    इससे पहले सिरीज़ का तीसरा टी20 मुक़ाबला होबार्ट में खेला गया था, जहां भारत ने शानदार वापसी करते हुए ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेट से हराया था.

  19. बिहार चुनाव: प्रशांत किशोर कहां हैं?

    प्रशांत किशोर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर बिहार विधानसभा चुनाव नहीं लड़ रहे हैं

    अक्सर सुर्खियों में रहने वाले जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर का बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण को लेकर अभी तक कोई बयान सामने नहीं आया है.

    बिहार विधानसभा चुनाव में पहले चरण के लिए मतदान जारी है. सुबह से बूथों पर लोग आकर अपना वोट डाल रहे हैं.

    इस दौरान कई प्रमुख नेताओं ने भी अपना वोट डाला, जिनमें आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव भी शामिल हैं.

    बिहार विधानसभा चुनाव में इस बार जन सुराज पार्टी भी चुनौती पेश करती दिख रही है.

    हालांकि सासाराम में उनके पैतृक गांव करगहर में दूसरे चरण में चुनाव होने हैं. करगहर से जन सुराज ने इलाक़े के चर्चित भोजपुरी गायक रीतेश पांडे को उम्मीदवार के रूप में उतारा है.

    आज यानी गुरुवार को प्रशांत किशोर का गया और नवादा ज़िलों में बदलाव यात्रा और सभाएं करने का कार्यक्रम है.

    वहीं आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत बीजेपी के कई बड़े नेता बिहार में मौजूद हैं. इनमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल हैं.

  20. बिहार चुनाव: मैथिली ठाकुर ने कहा- 'मुझे अभी से ही जीत महसूस हो रही है'

    मैथिली ठाकुर

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, मैथिली ठाकुर को बीजेपी ने अलीपुर से अपना उम्मीदवार बनाया है

    भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) उम्मीदवार और लोक गायिका मैथिली ठाकुर का कहना है कि उन्हें 'अभी से ही जीत महसूस' हो रही है.

    बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान पर उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "मैं देख रही हूं कि बहुत सारे लोग घरों से बाहर निकलकर सुबह ही मतदान कर रहे हैं. मतदान सुविधा के अनुसार हो, सभी को कोई परेशानी ना हो."

    उन्होंने कहा, "मतदाता मुझे अपना आशीर्वाद दे रहे हैं. मुझे अभी से ही जीत महसूस हो रही है, जिस तरह से लोग प्यार कर रहे हैं और आशीर्वाद दे रहे हैं."

    मैथिली ठाकुर हाल ही में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुई थीं.

    अलीपुर सीट पर बीजेपी ने लोकगायिका मैथिली ठाकुर को उम्मीदवार बनाया है. उनके ख़िलाफ़ आरजेडी ने विनोद मिश्रा को मैदान में उतारा है.