'इसराइल से व्यापार बंद करें', यूएन विशेषज्ञ की मल्टीनेशनल कंपनियों से अपील

संयुक्त राष्ट्र के एक विशेषज्ञ ने दर्जनों मल्टीनेशनल कंपनियों से इसराइल के साथ कारोबार बंद करने की अपील की है.

सारांश

लाइव कवरेज

आनंद मणि त्रिपाठी और इफ़्तेख़ार अली

  1. जम्मू-कश्मीर में अमरनाथ यात्रा: कड़ी सुरक्षा के बीच आज पहला दर्शन

    श्री अमरनाथ यात्रा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, जम्मू-कश्मीर में आज श्रद्धालुओं का पहला जत्था अमरनाथ की पवित्र गुफ़ा के दर्शन करेगा

    जम्मू-कश्मीर में श्रद्धालुओं का पहला समूह आज अमरनाथ की पवित्र गुफ़ा के दर्शन करेगा.

    पहलगाम में पर्यटकों पर अप्रैल में हुए चरमपंथी हमले के बाद अमरनाथ यात्रा के लिए सुरक्षा काफ़ी कड़ी कर दी गई है. यात्रा को सफल और शांतिपूर्ण बनाने के लिए सुरक्षाबलों की कुल 581 कंपनियां कश्मीर में तैनात की गई हैं.

    यहां अमरनाथ जाने वाले दोनों रास्तों (पहलगाम और बालटाल) पर कई जगहों पर बंकर्स बनाए गए हैं. पहलगाम के लंगालबाल प्वाइंट पर फे़स रिकग्निशन कैमरे लगाए गए हैं.

    पुलिस ने बताया है कि अगर कोई सुरक्षा दिशा-निर्देशों का पालन नहीं करेगा तो उसके ख़िलाफ़ क़ानूनी कार्रवाई की जाएगी.

    दरअसल, अमरनाथ के तीर्थ यात्री पहले भी चरमपंथियों के निशाने पर रह चुके हैं.

    साल 2017 में कश्मीर के अनंतनाग ज़िले में अमरनाथ यात्रियों पर हुए एक चरमपंथी हमले में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई थी.

    2 अगस्त, 2000 को चरमपंथियों ने पहलगाम के बेस कैंप पर हमला किया था.बेस कैंप में 32 लोग मारे गए थे, जिसमें 21 अमरनाथ यात्री थे.

    जम्मू-कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने हाल ही में बताया था कि पहलगाम हमले के बाद अमरनाथ जाने की इच्छा रखने वाले यात्रियों की संख्या में कमी देखी गई है.

  2. माली में तीन भारतीयों का अपहरण, भारत ने की तुरंत रिहाई की अपील

    माली

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, माली में तैनात संयुक्त राष्ट्र सेना के जवान

    भारतीय विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर बताया है कि एक जुलाई को माली के कायेस स्थित डायमंड सीमेंट फैक्ट्री में कुछ सशस्त्र हमलावरों ने वहां कार्यरत तीन भारतीय नागरिकों को अगवा कर लिया है.

    विदेश मंत्रालय ने बताया है कि माली की राजधानी बमाको स्थित भारतीय दूतावास स्थानीय प्रशासन, कानूनी एजेंसियों और फैक्ट्री प्रबंधन के साथ लगातार संपर्क में है. अगवा भारतीयों के परिवारों को भी हर स्थिति से अवगत कराया जा रहा है.

    भारत सरकार ने इस घटना की निंदा की है और माली सरकार से भारतीयों की रिहाई के हरसंभव प्रयास करने की अपील की है.

    विदेश मंत्रालय ने कहा कि वह प्रभावित भारतीयों को हरसंभव सहायता प्रदान करेगा और अगवा भारतीय नागरिकों की जल्द से जल्द सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है.

    विदेश मंत्रालय ने माली में रह रहे अन्य भारतीयों को भी सतर्क रहने, सावधानी बरतने और दूतावास से नियमित संपर्क में रहने की सलाह दी है.

  3. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है.

    मैं बीबीसी संवाददाता आनंद मणि त्रिपाठी अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    बीबीसी हिंदी की कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर भी क्लिक कर सकते हैं.