संसद का मॉनसून सत्र 21 जुलाई से शुरू होगा

संसद का मॉनसून सेशन 21 जुलाई से शुरू होगा और 21 अगस्त 2025 तक चलेगा.

सारांश

लाइव कवरेज

आनंद मणि त्रिपाठी, प्रवीण

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता प्रवीण को दीजिए इजाज़त.

    कल हम बीबीसी लाइव पेज के ज़रिए दिन भर की बड़ी ख़बरों को लेकर फिर हाज़िर होंगे.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. संसद का मॉनसून सत्र 21 जुलाई से शुरू होगा

    संसद का मॉनसून सेशन

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, संसद का मॉनसून सेशन 21 जुलाई से 21 अगस्त तक चलेगा

    संसद का मॉनसून सत्र 21 जुलाई से शुरू होगा और 21 अगस्त 2025 तक चलेगा.

    संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इस बात की जानकारी दी.

    किरेन रिजिजू ने एक्स पर पोस्ट किया, "भारत के माननीय राष्ट्रपति ने 21 जुलाई से 21 अगस्त, 2025 तक संसद का मॉनसून सत्र बुलाने के सरकार के प्रस्ताव को मंज़ूरी दे दी है."

    "स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनज़र 13 और 14 अगस्त को कोई बैठक नहीं होगी."

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

  3. कर्नाटक: सीएम सिद्धारमैया ने जिस पुलिस अधिकारी पर जताई थी नाराज़गी उन्होंने वॉलंटरी रिटायरमेंट मांगा, इमरान क़ुरैशी, बेंगलुरु से, बीबीसी हिंदी के लिए

    सीएम सिद्धारमैया

    इमेज स्रोत, Imran Qureshi

    इमेज कैप्शन, अप्रैल में बेलगावी में एक सभा के दौरान सीएम सिद्धारमैया ने एडिशनल एसपी पर थप्पड़ मारने के लिए हाथ उठाया था

    कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने जिस अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पर एक सार्वजनिक बैठक के दौरान लगभग थप्पड़ मारने के लिए हाथ उठाया उन्होंने वॉलंटरी रिटायरमेंट मांगा है.

    कांग्रेस पार्टी की एक बैठक में बीजेपी की महिला कार्यकर्ताओं के एक छोटे समूह द्वारा नारे लगाए जाने से मुख्यमंत्री नाराज हो गए थे. जब ​​उन्होंने चिल्लाकर पूछा कि यहां का एसपी कौन है, तो अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंच पर पहुंचे और उन्हें सैल्यूट किया. तभी मुख्यमंत्री ने गुस्से में थप्पड़ मारने के लिए हाथ उठाया. हालांकि उन्होंने खुद को ऐसा करने से रोक लिया.

    ये घटना अप्रैल में बेलगावी में हजारों लोगों के सामने हुई थी.

    धारवाड़ के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नारायण वेंकप्पा बरमानी ने 31 साल की सेवा के बाद 12 जून को वॉलंटरी रिटायरमेंट के लिए अपना पत्र पेश किया.

    बीबीसी हिंदी ने इस पत्र को देखा है.

    बरमानी ने राज्य के गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव को लिखे अपने पत्र में कहा, "बिना कुछ कहे उन्होंने तुरंत अपना हाथ उठाया और मुझे 'थप्पड़ मारने' के लिए आगे आए. मैंने तुरंत एक कदम पीछे हटकर सार्वजनिक रूप से लगने वाले थप्पड़ से खुद को बचा लिया. मुझे उस गलती के लिए अपमानित किया गया जो मैंने की ही नहीं थी."

    उन्होंने पत्र में कहा, "न तो अधिकारियों ने मुझे सांत्वना देने की कोशिश की. न ही मेरे सहकर्मियों ने मेरे अपमान का विरोध किया और न ही नैतिक समर्थन जाहिर किया. इससे मेरी मानसिक पीड़ा और बढ़ गई."

    उन्होंने कहा, "हर दिन जब मैं अपनी वर्दी पहनता हूं तो ये घटना मुझे परेशान करती है. क्योंकि मुझे लगता है कि मुझे दूसरे की गलती की सजा मिली है. यह तथ्य कि एक राज्य के मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक रूप से मेरे साथ दुर्व्यवहार किया, मुझे अपमानित किया और मुझे सांत्वना नहीं दी. ये मुझे परेशान करता है."

    राज्य के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने और कानून मंत्री एचके पाटिल ने बरमानी से बात करने की कोशिश की थी ताकि उन्हें वॉलंटरी रिटायरमेंट लेने से रोका जा सके.

    परमेश्वर ने कहा, "मुख्यमंत्री ने जानबूझकर ऐसा नहीं किया. उस वक्त के हालात की वजह से उन्होंने ऐसा किया."

  4. बिहार चुनाव 2025: वोटर लिस्ट संशोधन मामले पर कांग्रेस गई चुनाव आयोग, पूछे सवाल

    अभिषेक मनु सिंघवी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अभिषेक मनु सिंघवी तेलंगाना से कांग्रेस के राज्यसभा सांसद हैं (फ़ाइल फोटो)

    बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले वोटर लिस्ट में संशोधन के मामले पर कांग्रेस, आरजेडी और विपक्षी दलों के नेता बुधवार को चुनाव आयोग पहुंचे.

    कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा, "पिछला संशोधन 2003 में हुआ था. बीते 22 साल में बिहार में चार से पांच चुनाव हुए. क्या उन सभी चुनावों में गड़बड़ थी? क्या वे सभी चुनाव सही नहीं थे."

    "2003 में हुआ संशोधन लोकसभा चुनाव से एक साल पहले और बिहार चुनाव से दो साल पहले हुआ था. लेकिन अब आप जुलाई में सबसे ज़्यादा जनसंख्या वाले भारत के दूसरे राज्य में वोटर लिस्ट में संशोधन कर रहे हैं. आप चाहते हैं कि ये एक या दो महीने में हो जाए. ये संविधान की बुनियाद पर हमला है."

    उन्होंने कहा, "अगर ग़लती से एक भी वोटर का नाम हटाया जाता है तो यह चुनाव और लोकतंत्र को प्रभावित करता है."

    वहीं आरजेडी सांसद मनोज झा ने कहा, "हम सब ने बिहार की चिंता रखी है. लेकिन चिंता से जो चिंतन होना चाहिए था उसकी कमी देखी है. हमने नेता विपक्ष तेजस्वी का पत्र सौंपा."

    "पत्र में सिलसिलेवार तरीक़े से बताया गया है कि कैसे ये लोगों को बेदख़ल करने की साज़िश है. उनके (चुनाव आयोग) पास कोई जवाब नहीं था कि ये (वोटर लिस्ट में संशोधन) 22 साल में क्यों नहीं हुआ और अब क्यों हो रहा है."

    बिहार में इस साल कुछ ही महीनों बाद विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं. चुनाव आयोग ने बीते महीने बिहार में विशेष मतदाता गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) करवाने का ऐलान किया है.

  5. ईरान के फोर्दो परमाणु ठिकाने की नई सैटेलाइट इमेज से क्या पता चला?

    ईरान का फोर्दो परमाणु ठिकाना

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरान के फोर्दो परमाणु ठिकाने की सैटेलाइट तस्वीर

    बीबीसी को ईरान के फोर्दो परमाणु ठिकाने की मैक्सार टेक्नोलॉजीज से नई तस्वीरें मिली हैं.

    मैक्सार टेक्नोलॉजीज का सैटेलाइट मंगलवार को ईरान के इस परमाणु ठिकाने के ऊपर से गुजरा. फोर्दो ईरान के उन तीन परमाणु ठिकानों में से एक है जिस पर हाल ही में अमेरिका ने बमबारी की थी.

    सैटेलाइट तस्वीरों से मालूम चलता है कि फोर्दो परमाणु ठिकाने पर बमबारी से बने गड्ढों के पास मशीनें काम कर रही हैं.

    तस्वीरों में एक क्रेन की छाया साफ तौर पर दिखाई दे रही है. ये क्रेन उस जगह पर काम करती दिख रही है जो बमबारी से प्रभावित हुई.

    ईरान

    इमेज स्रोत, Maxer Technologies

    इमेज कैप्शन, फोर्दो परमाणु ठिकाने पर उस जगह काम होता दिख रहा है जहां अमेरिकी बमबारी से नुकसान पहुंचा

    ऐसा भी मालूम चलता है कि परमाणु ठिकाने के पूर्वी हिस्से में एक नई सड़क भी बन गई है.

    विज्ञान और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा संस्थान के परमाणु हथियार विशेषज्ञ डेविड अलब्राइट ने तस्वीरों का विश्लेषण किया है.

    उन्होंने कहा, "अभी शायद परमाणु ठिकाने पर केवल नुकसान का आकलन किया जा रहा है. इसके बाद हो सकता है सफाई और मरम्मत की जाए."

  6. दिनभर- पूरा दिन, पूरी ख़बर मोहनलाल शर्मा और संदीप राय से..

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  7. अरविंद केजरीवाल बोले- 'गुजरात में बीजेपी से 30 साल में सड़कें नहीं बनाई गईं, बिजली नहीं दी गई'

    अरविंद केजरीवाल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अरविंद केजरीवाल ने गुजरात के अहमदाबाद पहुंचे थे

    आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को गुजरात की भारतीय जनता पार्टी की सरकार को घेरा है.

    अरविंद केजरीवाल ने गुजरात के अहमदाबाद में वैष्णोदेवी इलाके में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित किया.

    अरविंद केजरीवाल ने कहा, "30 साल में गुजरात का ये हाल कर दिया है. 30 साल में सड़कें नहीं बना सकते हैं. मुझे बताया जाता है कि जब साल 1995 में बीजेपी की सरकार आई थी उससे पहले गुजरात की सड़कें इतनी अच्छी होती थीं कि 100 की स्पीड से गाड़ी चलती थी."

    "100 की स्पीड पर दौड़ने वाले गुजरात को तुमने (बीजेपी सरकार) 35 की स्पीड पर लाकर रख दिया है. मैं जूनागढ़ में जिस होटल में रुका, वहां हर दिन कम से कम पांच बार बिजली जाती थी."

    अरविंद केजरीवाल ने कहा, "ये बिजली नहीं दे सकते हैं. मैं चार गांव में गया और चारों में ही बिजली नहीं थी. 30 साल में बिजली नहीं दी गई है, सड़कें नहीं बनाई गई हैं."

    आम आदमी पार्टी ने हाल ही में विसावदर विधानसभा सीट पर हुए उप चुनाव में जीत दर्ज की है.

  8. ईरान ने फोर्दो में भारी नुकसान की बात मानी, लेकिन इस काम को रखेगा जारी

    अब्बास अरागच़ी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अब्बास अरागच़ी ईरान के विदेश मंत्री हैं (फ़ाइल फोटो)

    ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागच़ी ने कहा है कि ईरान यूरेनियम का संवर्धन जारी रखेगा. हालांकि उन्होंने ये भी कहा है कि ईरान का परमाणु हथियार बनाने का कोई इरादा नहीं है.

    अमेरिका ने इसराइल-ईरान के बीच 12 दिन तक चले संघर्ष से पहले और बाद में कहा है कि वो ईरान के यूरेनियम संवर्धन का विरोध करता है. अमेरिका ने कई बार कहा है कि ईरान को अपना परमाणु कार्यक्रम समाप्त करना होगा.

    अरागच़ी ने सीबीएस न्यूज़ से कहा, "हमारे वैज्ञानिकों ने यूरेनियम संवर्धन के लिए कड़ी मेहनत की है. हमारे लोगों को संवर्धन की वजह से बीते 20 सालों में कड़े प्रतिबंध झेलने पड़े हैं."

    "हमने इसके लिए लड़ाई लड़ी है. महत्वपूर्ण बात ये है कि हमने 12 दिनों तक कड़ी लड़ाई लड़ी है. तो ऐसा नहीं है कि कोई इसे (यूरेनियम संवर्धन कार्यक्रम) को छोड़ सकता है. यह राष्ट्रीय सम्मान और गौरव है. इसे ज़रूर बचाकर रखा जाएगा."

    अरागच़ी ने स्वीकार किया है कि अमेरिका के हमलों की वजह से उसके फोर्दो परमाणु ठिकाने को भारी नुकसान पहुंचा है.

    उन्होंने कहा, "अभी कोई ये नहीं बता सकता है कि फोर्दो में क्या हुआ है. जितना मैं जानता हूं नुकसान काफी ज्यादा है और गंभीर है."

  9. एसबीआई ने रिलायंस कम्युनिकेशंस के लोन अकाउंट को बताया 'फ्रॉड'

    अनिल अंबानी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, रिलायंस कम्युनिकेशंस अनिल अंबानी की कंपनी है (फ़ाइल फोटो)

    भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने अनिल अंबानी की कंपनी रिलायंस कम्युनिकेशंस के 31,580 करोड़ रुपये के लोन खाते को धोखाधड़ी घोषित किया है. बैंक ने कंपनी के पूर्व निदेशक अनिल अंबानी का नाम भी भारतीय रिज़र्व बैंक यानी आरबीआई को रिपोर्ट करने का फैसला लिया है.

    धोखाधड़ी पहचान समिति ने लोन इस्तेमाल में गड़बड़ी पाई. रिलायंस कम्युनिकेशंस ने शेयर बाजार को इस कार्रवाई की जानकारी दी है.

    रिलायंस कम्युनिकेशंस ने खुद इस बात की पुष्टि की है. शेयर बाजार को दी गई जानकारी में कंपनी ने बताया कि उसे भारतीय स्टेट बैंक से 30 जून 2025 को एक पत्र प्राप्त हुआ है. पत्र के अनुसार, बैंक की ‘धोखाधड़ी पहचान समिति’ ने लोन के इस्तेमाल में गंभीर अनियमितताएं पाई हैं.

    रिलायंस कम्युनिकेशंस और उसकी सहयोगी कंपनियों ने बैंकों से कुल 31,580 करोड़ रुपये का लोन लिया था. इस लोन के इस्तेमाल को लेकर एसबीआई ने गहन जांच की और पाया कि कई स्तरों पर नियमों का उल्लंघन हुआ है. इसके बाद समिति ने लोन खाते को ‘फ्रॉड’ घोषित करने की सिफारिश की.

  10. भारत बनाम इंग्लैंड दूसरा टेस्ट: लंच तक भारत ने बनाए दो विकेट गंवाकर 98 रन

    करुण नायर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, करुण नायर 31 रन बनाकर पवेलियन वापस लौटे

    इंग्लैंड के खिलाफ एजबेस्टन में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के पहले दिन लंच तक भारत ने दो विकेट के नुकसान पर 98 रन बना लिए हैं.

    यशस्वी जायसवाल लंच तक 69 गेंद में 61 रन बनाकर नाबाद हैं. कप्तान शुभमन गिल एक रन बनाकर उनका साथ दे रहे हैं.

    इससे पहले इंग्लैंड ने दूसरे टेस्ट में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी.

    भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और केएल राहुल दो रन बनाकर ही क्रिस वोक्स की गेंद पर पवेलियन वापस लौट गए.

    इसके बाद जायसवाल और करुण नायर के बीच दूसरे विकेट के लिए 80 रन की साझेदारी हुई.

    नायर ने 31 रन की पारी खेली. नायर का विकेट ब्रायडन कार्से ने लिया.

    पांच टेस्ट मैचों की सिरीज में इंग्लैंड 1-0 से आगे है.

  11. डीके शिवकुमार क्यों बोले- 'मेरे पास कोई और विकल्प नहीं है'

    डीके शिवकुमार

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, डीके शिवकुमार कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री हैं

    कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के एक बयान पर उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने प्रतिक्रिया दी है.

    डीके शिवकुमार ने कहा कि उनके पास सिद्धारमैया का समर्थन करने के अलावा कोई और विकल्प नहीं है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक सिद्धारमैया ने बुधवार को कहा कि वो बतौर सीएम पांच साल का कार्यकाल पूरा करेंगे.

    डीके शिवकुमार ने कहा, "मेरे पास क्या विकल्प है. मैं उनके साथ हूं और उनका समर्थन करता हूं. मुझे कोई आपत्ति नहीं है. पार्टी हाईकमान जो भी फैसला लेगा मैं उसके साथ हूं और उस फैसले को लागू किया जाएगा."

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक पांच साल का कार्यकाल पूरा करने से जुड़े एक सवाल के जवाब में सिद्धारमैया ने कहा, "हां, मैं (अपना कार्यकाल) पूरा करूंगा. आपको कोई शक क्यों है?"

  12. तेलंगाना फ़ार्मा फ़ैक्ट्री में धमाका: असदुद्दीन ओवैसी ने की ये मांग

    असदुद्दीन ओवैसी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, असदुद्दीन ओवैसी हैदराबाद लोकसभा सीट से सांसद हैं (फाइल फोटो)

    एआईएमआईएम प्रमुख और हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने तेलंगाना की फ़ार्मा फैक्ट्री में विस्फोट मामले की जांच की मांग की है.

    असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, "ये तकलीफ़ देने वाला हादसा है. सरकार को जांच के आदेश देने चाहिए और पता लगाना चाहिए कि ये क्यों हुआ. 36 लोगों की मौत हुई है."

    "मरने वालों में झारखंड के लोग भी हैं. डीएनए टेस्टिंग हो रही है. दोबारा ऐसा हादसा नहीं होना चाहिए. ये बहुत तकलीफ़देह हादसा है."

    ओवैसी ने कहा, "मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी वहां पर गए और अपने चार मंत्रियों को भी साथ लेकर गए. हम मुख्यमंत्री से मांग करते हैं कि अगर फैक्ट्री वालों की गलती है तो क़ानून को अपना काम करना चाहिए."

    तेलंगाना के संगारेड्डी ज़िले के पासामईलरम औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार सुबह एक फ़ार्मा कंपनी के रिएक्टर में विस्फोट के कारण कम से कम 36 लोगों की मौत हुई थी.

  13. ऋषभ पंत को आईसीसी की टेस्ट रैंकिंग में फ़ायदा, इस पायदान पर पहुंचे

    ऋषभ पंत

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ऋषभ पंत ने इंग्लैंड के ख़िलाफ़ पहले टेस्ट की दोनों पारियों में शतक लगाए थे

    अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद यानी आईसीसी की ताज़ा टेस्ट रैंकिंग में भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज़ ऋषभ पंत को फ़ायदा हुआ है.

    ऋषभ पंत आईसीसी टेस्ट बैटर्स रैंकिंग में 801 प्वाइंट्स के साथ छठे पायदान पर पहुंच गए हैं.

    इंग्लैंड के ख़िलाफ़ खेले गए पांच टेस्ट मैचों की सिरीज़ के पहले मुकाबले में पंत ने 134 और 118 रन की पारियां खेली. इन पारियों की बदौलत पंत आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में सातवें से छठे पायदान पर पहुंच गए हैं.

    लेकिन रैंकिंग में टॉप 10 बल्लेबाज़ों की लिस्ट में भारत का कोई और बल्लेबाज शुमार नहीं है.

    इंग्लैंड के बल्लेबाज़ जो रूट 889 प्वाइंट्स के साथ बैटर्स की रैंकिंग में पहले पायदान पर बने हुए हैं.

    वहीं गेंदबाजों की रैंकिंग में जसप्रीत बुमराह 907 प्वाइंट्स के साथ पहले पायदान पर बने हुए हैं.

  14. बांग्लादेश की पूर्व पीएम शेख़ हसीना को छह महीने की सजा

    शेख हसीना

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, शेख हसीना बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री हैं (फ़ाइल फोटो)

    अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण ने अदालत की अवमानना ​​के एक मामले में बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को छह महीने की जेल की सजा सुनाई है.

    पिछले साल जुलाई में बांग्लादेश में तत्कालीन सरकार के ख़िलाफ़ प्रदर्शनों के बाद शेख़ हसीना को सत्ता छोड़नी पड़ी थी. उसके बाद यह पहली बार है जब शेख हसीना को किसी मामले में सजा सुनाई गई है.

    मामले में एक और अभियुक्त शकील अकंद बुलबुल को दो महीने की कैद की सजा सुनाई गई है.

    मुख्य अभियोजक ताजुल इस्लाम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "यह सजा उस दिन से प्रभावी होगी जिस दिन वे (शेख हसीना) आत्मसमर्पण करेंगी या पुलिस उन्हें गिरफ़्तार करेगी."

    इससे पहले मुख्य अभियोजक ताजुल इस्लाम ने शेख हसीना के ख़िलाफ़ अदालत की अवमानना ​​की शिकायत दर्ज की थी.

    सोशल मीडिया पर एक ऑडियो वायरल हुआ था जिसमें कथित तौर पर शेख हसीना को ये कहते सुना गया, "मेरे ख़िलाफ़ 227 केस दर्ज़ हैं मतलब मेरे पास 227 लोगों को मारने का लाइसेंस है."

    मुख्य अभियोजक ने दावा किया कि यह बातचीत एआई की नहीं थी.

    इस्लाम ने कहा, "सीआईडी ​​फोरेंसिक रिपोर्ट का विश्लेषण करने और सभी की दलीलें सुनने के बाद अदालत इस निष्कर्ष पर पहुंची है कि इस विवादास्पद बातचीत के माध्यम से शेख हसीना ने उन लोगों हत्या की और उनके घरों को जलाया जो गवाह या जांच अधिकारी थे और मुकदमे की प्रक्रिया में शामिल थे."

    "ये अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायाधिकरण अधिनियम के तहत इस न्यायाधिकरण की लंबित कार्यवाही को प्रभावित करने का अपराध है."

  15. दूसरे टेस्ट में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर गेंदबाज़ी चुनी, बुमराह पर कप्तान गिल ने दिया ये अपडेट

    जसप्रीत बुमराह

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, जसप्रीत बुमराह दूसरे टेस्ट में नहीं खेल रहे हैं

    एजबेस्टन में खेले जा रहे पांच क्रिकेट टेस्ट मैचों की सिरीज़ के दूसरे मुकाबले में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फैसला किया है.

    इंग्लैंड ने पहले टेस्ट में खेली टीम में कोई बदलाव नहीं किया है.

    वहीं पहला मैच गंवा चुकी भारतीय टीम में तीन बदलाव हुए हैं. भारत ने प्लेइंग 11 में नीतीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर और आकाशदीप को जगह दी है.

    टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस के दौरान कहा कि जसप्रीत बुमराह इस मैच का हिस्सा नहीं होंगे. गिल ने कहा कि वर्क लोड मैनेज की वजह से बुमराह दूसरा टेस्ट नहीं खेल रहे हैं.

    शार्दुल ठाकुर और साई सुदर्शन भी दूसरे टेस्ट में नहीं खेल रहे हैं..

    भारत की प्लेइंग 11: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, करुण नायर, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत, नीतीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जडेजा, वाशिंगटन सुंदर, आकाशदीप, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा.

    इंग्लैंड की प्लेइंग 11: बेन डकेट, जैक क्रावले, ओली पोप, जो रूट, हैरी ब्रुक, बेन स्टोक्स (कप्तान), जेमी स्मिथ, क्रिस वोक्स, जोश टंग, शोएब बशीर, ब्रायडन कार्से.

  16. अभी तक बीबीसी संवाददाता आनंद मणि त्रिपाठी आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता प्रवीण आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  17. दलाई लामा के उत्तराधिकारी के मुद्दे पर चीन ने दी ये प्रतिक्रिया

    चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता

    इमेज स्रोत, china MEA

    इमेज कैप्शन, चीन ने कहा है कि दलाई लामा के उत्तराधिकारी के लिए चीन सरकार की सहमति ज़रूरी होगी

    चीन के विदेश मंत्रालय ने दलाई लामा के उत्तराधिकारी के मसले पर प्रतिक्रिया दी है.

    बुधवार को तिब्बती बौद्ध धर्मगुरु दलाई लामा ने अपने वीडियो संदेश में कहा है कि उनकी मृत्यु के बाद भी धर्मगुरु चुनने की परंपरा जारी रहेगी.

    चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा है कि दलाई लामा के उत्तराधिकारी की पहचान लॉट सिस्टम यानी पर्ची निकालने की प्रक्रिया के माध्यम से ही की जा सकती है.

    इस प्रक्रिया के तहत कुछ नामों की पर्चियां सोने के कलश में डाली जाती हैं और फिर इनमें से एक को चुना जाता है. यह परंपरा 1792 में शुरू की गई थी और पूर्व में तीन दलाई लामा का चयन इसी प्रणाली से किया गया था.

    हालांकि, मौजूदा दलाई लामा का चुनाव इस प्रक्रिया के तहत नहीं हुआ था.

    चीन का कहना है कि यह परंपरा तिब्बती बौद्ध धर्म का एक विशिष्ट रूप है और चीन की सरकार के 'धार्मिक विश्वासों की स्वतंत्रता' की नीति के अनुरूप है.

    उधर, आलोचकों का कहना है कि चीन के अधिकारियों ने तिब्बती समुदाय पर दबाव बनाने के लिए इस प्रक्रिया में हेरफेर किया है, हालाँकि चीन ने इसका खंडन किया है.

  18. दलाई लामा के उत्तराधिकार मसले पर चीन पर राजनीति करने का आरोप

    सेंट्रल तिब्बतन एडमिनिस्ट्रेशन एडिमिनिस्ट्रेशन के नेता पेन्पा शेरिंग

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, सेंट्रल तिब्बतन एडमिनिस्ट्रेशन के नेता पेन्पा शेरिंग (फ़ाइल फोटो)

    सेंट्रल तिब्बतन एडमिनिस्ट्रेशन के नेता पेन्पा शेरिंग ने चीन पर आरोप लगाया है कि दलाई लामा के उत्तराधिकार के मुद्दे का वह राजनीतिकरण कर रहा है.

    पेन्पा शेरिंग ने हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में ये आरोप लगाया.

    उन्होंने कहा कि तिब्बत के बौद्ध धर्मगुरु चुनने की एक ख़ास प्रक्रिया है और आगे भी इसका पालन किया जाएगा. उन्होंने कहा,"चीन द्वारा इस मसले का राजनीतिक फ़ायदे के लिए इस्तेमाल किए जाने के प्रयासों की हम निंदा करते हैं और हम इसे कभी स्वीकार नहीं करेंगे"

    जब उनसे चीनी अधिकारियों के साथ किसी संपर्क के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा,"...इस समय, अगर आप देखें कि चीन सरकार ने तिब्बत में जो नीतियाँ और कार्यक्रम लागू किए हैं, वे सभी तिब्बती लोगों की पहचान को नष्ट करने के उद्देश्य से हैं. शी जिनपिंग की सरकार तिब्बती भाषा और तिब्बती धर्म को निशाना बना रही है, जो तिब्बती पहचान का आधार हैं..."

  19. मध्य रूस में यूक्रेन का ड्रोन हमला, तीन लोगों की मौत और 45 घायल

    विस्फोट

    इमेज स्रोत, t.me/russianocontext

    इमेज कैप्शन, बीबीसी द्वारा सत्यापित एक वीडियो में एक फैक्ट्री की इमारत की छत पर विस्फोट होते देखा गया है

    रूसी अधिकारियों ने बताया है कि इज़ेव्स्क शहर में एक फैक्ट्री पर यूक्रेन द्वारा किए गए हमले में तीन लोग मारे गए हैं और 45 घायल हुए हैं.

    गवर्नर अलेक्सांद्र ब्रेचलोव ने बताया कि घायलों में से छह को गंभीर चोटें आई हैं. उन्होंने राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन को हमले के बारे में जानकारी दी है. इसके बाद में क्षेत्र में आपातकाल की स्थिति घोषित कर दी गई.

    ड्रोनों ने कथित तौर पर कुपोल इलेक्ट्रोमैकेनिकल प्लांट को निशाना बनाया है. यह एक सैन्य फैक्ट्री है जो सतह से हवा में मार करने वाली टोर मिसाइल प्रणाली और रडार स्टेशन तैयार करती है.

    यूक्रेनी मीडिया के अनुसार, यह संयंत्र ओसा वायु रक्षा प्रणालियों के उत्पादन में भी विशेषज्ञता रखता है. इसने कई ड्रोन भी विकसित किए हैं.

    एक यूक्रेनी अधिकारी ने बीबीसी को बताया है कि यूक्रेन की सुरक्षा सेवा (एसबीयू) के दो ड्रोनों ने करीब 1,300 किलोमीटर की दूरी पर स्थित कुपोल संयंत्र पर हमला किया.

    नवंबर 2024 के बाद से कुपोल फैक्ट्री पर यह दूसरा यूक्रेनी ड्रोन हमला है.

  20. दलाई लामा ने अपने उत्तराधिकारी को लेकर दिया ये बयान

    दलाई लामा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, तिब्बती बौद्ध धर्म गुरु दलाई लामा इस सप्ताह 90 साल के हो जाएंगे

    तिब्बती बौद्ध धर्मगुरु दलाई लामा ने बुधवार को अपने वीडियो संदेश में कहा है कि उनकी मृत्यु के बाद भी धर्मगुरु चुनने की परंपरा जारी रहेगी.

    यह पहली बार है, जब बौद्ध धर्म के तिब्बती आध्यात्मिक नेता ने इतनी स्पष्टता से कहा है कि उत्तराधिकारी चुनने की परंपरा जारी रहेगी.

    उन्होंने यह भी कहा कि उनके पुनर्जन्म को खोजने और पहचानने की प्रक्रिया पूरी तरह से गादेन फोडरंग फाउंडेशन के अधीन होगी और "किसी अन्य को इस मामले में हस्तक्षेप करने का अधिकार नहीं है."

    दलाई लामा को तिब्बत के संरक्षक संत अवलोकितेश्वर या चेनरेज़िग का जीवित अवतार माना जाता है. दलाई लामा की भूमिका प्राचीन है और 15वीं शताब्दी से अब तक 14 दलाई लामा हुए हैं.

    मार्च में प्रकाशित अपनी पुस्तक वॉयस फॉर द वॉइसलेस में दलाई लामा में कहा था कि ऐसा भी हो सकता है कि उत्तराधिकारी का जन्म चीन के बाहर होगा.

    माना जाता है कि दलाई लामा के निधन के बाद उनका पुनर्जन्म होता है और उस बच्चे की खोज धर्मगुरु करते हैं.

    दलाई लामा का बयान

    इमेज स्रोत, Getty Images