You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

डोनाल्ड ट्रंप से मिलने पहुंचे बिन्यामिन नेतन्याहू, व्हाइट हाउस के बाहर हो रहा विरोध प्रदर्शन

इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाक़ात के लिए व्हाइट हाउस पहुंचे हैं. यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के व्हाइट हाउस से रवाना होने के कुछ ही देर बाद नेतन्याहू पहुंचे हैं.

लाइव कवरेज

दीपक मंडल, रौनक भैड़ा

  1. सारांश जैन कौन हैं जिन्हें श्रीलंका दौरे के लिए भारत की टेस्ट टीम में मिली जगह

    बीसीसीआई ने मध्य प्रदेश के ऑलराउंडर सारांश जैन को इंडियन टेस्ट टीम के लिए चुना है.

    उन्हें श्रीलंका में दो मैचों की टेस्ट सिरीज़ के लिए चुना गया है.

    सारांश को चोटिल वॉशिंगटन सुंदर की जगह टीम में शामिल किया गया है. चोट के कारण सुंदर चयन के लिए उपलब्ध नहीं थे.

    सारांश जैन दाएं हाथ के ऑफ़ स्पिन गेंदबाज़ हैं और बाएं हाथ से बल्लेबाज़ी भी करते हैं.

    निचले क्रम में वह टीम को बल्लेबाज़ी और गेंदबाज़ी, दोनों से संतुलन बनाने की क्षमता रखते हैं.

    यही क्षमता उन्हें वॉशिंगटन सुंदर का विकल्प बनाती है.

  2. स्टूडेंट प्रोटेस्ट: सुप्रीम कोर्ट ने गैर आपराधिक रिकॉर्ड वाले प्रदर्शनकारियों को रिहा करने के निर्देश दिए

    सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश दिया है कि स्टूडेंट प्रोटेस्ट के दौरान गिरफ़्तार या हिरासत में लिए गए उन विद्यार्थियों को तुरंत रिहा कर दिया जाए जिनका कोई आपराधिक रिकार्ड नहीं है.

    क़ानूनी ख़बरों और विश्लेषण की वेबसाइट लाइव लॉ के मुताबिक़ अदालत ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कथित ज्यादतियों के आरोपों की निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच की जाए.

    सुप्रीम कोर्ट ने महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों को नोटिस जारी कर इस मामले में जवाब मांगा है.

    अदालत ने सभी राज्यों को निर्देश दिया है कि जांच से जुड़े सीसीटीवी फुटेज और अन्य सभी सबूत सुरक्षित रखे जाएं.

    सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि दिल्ली सरकार दर्ज एफआईआर की जांच जारी रख सकती है, लेकिन प्रदर्शनकारी छात्रों के ख़िलाफ़ कोई दंडात्मक या ज़बरदस्ती की कार्रवाई नहीं की जाएगी.

    अदालत ने साफ़ किया कि प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों के ख़िलाफ़ कोई कठोर कार्रवाई नहीं होगी, लेकिन यह राहत उन लोगों पर लागू नहीं होगी जिनका आपराधिक रिकॉर्ड है.

  3. जॉनसन एंड जॉनसन देगी साढ़े पांच अरब डॉलर का मुआवज़ा, क्या है वजह, ओसमंड चिया, बिज़नेस रिपोर्टर

    मशहूर फार्मा कंपनी जॉनसन एंड जॉनसन ने उन हज़ारों मुक़दमों को निपटाने के लिए 5.5 अरब डॉलर तक देने की पेशकश की है, जिनमें आरोप लगाया गया है कि कंपनी का बेबी पाउडर और टैल्कम वाले प्रोडक्ट ओवरी (अंडाशय) कैंसर की वजह बने.

    यह प्रस्ताव कई वर्षों से चल रहे उस बड़े कानूनी विवाद को खत्म करने की कोशिश है, जिसने न्यू जर्सी स्थित इस हेल्थ सर्विस कंपनी पर लगातार दबाव बनाए रखा है.

    हालांकि, जॉनसन एंड जॉनसन ने हमेशा इन आरोपों से इनकार किया है. कंपनी का कहना है कि उसके टैल्कम वाले प्रोडक्ट्स से कैंसर नहीं होता. कंपनी ने अपने लोकप्रिय बेबी पाउडर के फ़ॉर्मूले में भी बदलाव कर दिया है.

    कंपनी के लिटिगेशन मामलों के वाइस प्रेसिडेंट एरिक हास ने सोमवार को कहा कि ये आरोप "बेबुनियाद" हैं.

    उन्होंने कहा कि कंपनी केवल इस लंबे विवाद को हमेशा के लिए ख़त्म करने के मक़सद से समझौता करने को तैयार है.

    जेएंडजे ने कहा कि वह अगले साल 3 अरब डॉलर तक का भुगतान करेगी. इसके बाद 2028 से पहले कोई अतिरिक्त भुगतान नहीं करना होगा.

  4. कंगना रनौत ने जेन ज़ी को कहा 'जेनरेशन गटर' तो लोगों ने किए ये कमेंट

    बीजेपी सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने 'जेन-ज़ी' पर विवादित टिप्पणी की है.

    कंगना रनौत ने प्रदर्शनकारियों को 'जेनरेशन गटर' और 'कॉकरोच' कहा. उनके इन बयानों पर कांग्रेस और एआईएमआईएम नेताओं ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने प्रदर्शन के दौरान इस्तेमाल की गई भाषा की भी आलोचना की.

    एक अन्य पोस्ट में कंगना रनौत ने प्रदर्शन में शामिल महिलाओं को निशाना बनाया.

    उन्होंंने कहा कि ये पश्चिमी सोच से प्रभावित भारतीय महिलाएं हैं. उनका कहना था कि ये महिलाएं नशा करने, शराब पीने और माता-पिता की कमाई पर निर्भर रहने को अपनी आज़ादी बताकर गर्व करती हैं.

    उनकी इस टिप्पणी की काफ़ी आलोचना हो रही है. सोशल मीडिया पर एक यूज़र ने लिखा, "जब नीट पेपर लीक का मामला सामने आया या इतने छात्रों ने आत्महत्या की, तब इस महिला ने एक शब्द नहीं कहा.''

    कांग्रेस और एआईएमआईएम ने भी उनकी टिप्पणी का विरोध किया. एआईएमआईएम नेता वारिस पठान ने कंगना की भाषा की निंदा करते हुए उनसे माफ़ी की मांग की.

    छात्रों के आंदोलन पर कंगना रनौत इससे पहले भी टिप्पणी कर चुकी हैं.

  5. कॉमनवेल्थ गेम्स: शर्मिला धनखड़ ने पैरा एथलेटिक्स में रचा इतिहास, भारत के नाम पहला गोल्ड

    शर्मिला धनखड़ ने कॉमनवेल्थ गेम्स के पैरा एथलेटिक्स में भारत के लिए पहला गोल्ड मेडल जीता है.

    वहीं लॉन्ग जंप में खिलाड़ी सर्वेश कुशारे, वल्लुरी अजय बाबू और ज्ञानेश्वरी यादव ने एक-एक सिल्वर मेडल जीतकर भारत के पदकों की संख्या में इजाफ़ा किया.

    शर्मिला ने महिलाओं की एफ 57 वर्ग के गोला फेंक कॉम्पीटिशन में 9.81 मीटर के सेशन में अपना मेडल जीता.

    सोमवार देर रात मिली इस जीत के साथ वह कॉमनवेल्थ खेलों में पैरा एथलेटिक्स में गोल्ड मेडल जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बन गई है.

    इसके साथ ही पैरा एथलेटिक्स में मेडल के लिए भारत का 20 साल का इंतजार भी ख़त्म हो गया.

    इससे पहले इस स्पर्द्धा में भारत को आख़िरी पदक 2006 के कॉमनवेल्थ गेम्स में मिला था.

  6. फ़्रांस के जंगलों में लगी आग से हाहाकार- तस्वीरों में देखें

  7. सिवान में स्टूडेंट्स पर एके-47 तानने के सवाल पर क्या बोले तेजस्वी यादव

    बिहार के सिवान में स्टूडेंट्स के समूह की ओर बिहार पुलिस के जवान का एके-47 राइफ़ल तानने का एक वीडियो वायरल होने के बाद राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने सीएम सम्राट चौधरी पर बिहार में 'पुलिस स्टेट' चलाने का आरोप लगाया है.

    उन्होंने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, ''एनडीए सरकार और सम्राट चौधरी बिहार को गुंडों के सहारे चलने वाला पुलिस स्टेट बनाने की कोशिश कर रहे हैं. जब नीट पेपर लीक मामले में केंद्र सरकार को छात्रों के सामने झुकना पड़ा और समझौता हो गया था, तो फिर सम्राट चौधरी के आदेश पर बिहार में सैकड़ों छात्रों को क्यों गिरफ़्तार किया गया?''

    ''छात्रों पर न सिर्फ़ लाठीचार्ज किया गया, बल्कि आरोप है कि देश के इतिहास में पहली बार किसी छात्र प्रदर्शन के दौरान एके-47 राइफलों से भी गोली चलाई गई.''

    बिहार के सिवान ज़िले में 25 जुलाई को धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे स्टूडेंट्स के समूह की ओर बिहार पुलिस के जवान का एके-47 राइफ़ल तानने का एक वीडियो वायरल है.

    इस वीडियो को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच बयानबाज़ियां तेज़ हो गई हैं. वहीं बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने इसे पुलिस का स्टूडेंट्स पर एके-47 से फ़ायरिंग का देश का पहला मामला बताया है.

    इस मामले पर सिवान के एसपी पूरण झा ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की संवाददाता सीटू तिवारी से पुष्टि की है कि बिहार पुलिस के एसआईटी के जवान अभिषेक पटेल को निलंबित कर दिया गया है.

    एसपी पूरण झा ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी को बताया कि तीन में से एक प्रदर्शनकारी को पुलिस की गोली लगी है, बाक़ी दो लोगों को गोली कैसे लगी इसकी जांच की जा रही है.

    उन्होंने कहा कि घायलों में किसी को भी एके 47 से चलाई गोली नहीं लगी है. उन्होंने बताया कि 'एके 47 की लाइन ऑफ़ फ़ायरिंग हवा में थी, उससे लगी गोली घातक होती है.'

  8. फ़्रांस के जंगलों में लगी आग बोर्दो शहर के करीब पहुंची, राष्ट्रपति मैक्रों ने बताया हालात कितने भयावह, जारोस्लाव लुकीव

    फ़्रांस में जंगलों की आग अब इसके दक्षिण-पश्चिमी शहर बोर्दो से सिर्फ़ 15 किलोमीटर दूर रह गई है.

    बोर्दो के मेयर ने कहा है कि वह हर संभावित स्थिति के लिए तैयार हैं.

    मेयर थॉमस काज़ेनाव ने कहा, "अगर और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने का आदेश दिया जाता है, तो हम बड़ी संख्या में लोगों के ठहरने की तैयारी कर रहे हैं."

    गिरोंद क्षेत्र के आग प्रभावित इलाक़े का दौरा करने पहुंचे फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कहा कि देश "अब तक की अभूतपूर्व जंगल की आग" का सामना कर रहा है.

    उन्होंने इसे द्वितीय विश्व युद्ध के बाद की सबसे भीषण आग बताया.

    फ़्रांस में अब तक 2.20 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा चुका है.

    वहीं, स्पेन में मैड्रिड के पश्चिम में बेकाबू आग के कारण एक लाख से ज़्यादा लोगों को अपने घर छोड़ने पड़े हैं.

    मंगलवार को एक और भीषण लू (हीटवेव) आने की आशंका है, जिससे आग बुझाने के अभियान में और मुश्किलें आ सकती हैं.

    इससे पहले फ़्रांस के गृह मंत्री लॉरां नुनेज़ ने कहा था कि "यह आग अब अपने ही तरीके से फैल रही है और उस पर काबू पाना बेहद मुश्किल हो गया है."

  9. नेतन्याहू की गिरफ़्तारी के सवाल पर ममदानी ने अब क्या कहा

    न्यूयॉर्क शहर के मेयर ज़ोहरान ममदानी ने इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू के न्यूयॉर्क आने पर गिरफ़्तार करने के सवाल पर प्रतिक्रिया दी है.

    ममदानी ने कहा, "प्रधानमंत्री नेतन्याहू के साथ बयानबाज़ी या आरोप-प्रत्यारोप में पड़ने में मेरी कोई दिलचस्पी नहीं है."

    ममदानी ने नेतन्याहू की प्रतिक्रिया से जुड़े सवालों को टालते हुए यह बात कही.

    जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्होंने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ अपनी अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय से जुड़ी पिछली टिप्पणियों पर चर्चा की थी, तो ममदानी ने कहा कि वह राष्ट्रपति ट्रंप के साथ हुई बातचीत को सार्वजनिक नहीं करेंगे.

    उन्होंने यह भी कहा कि उनकी प्राथमिकता न्यूयॉर्क के सभी निवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है.

    इससे पहले, नेतन्याहू ने कहा था कि वह संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक में शामिल होने के लिए सितंबर में आख़िर में न्यूयॉर्क जाएंगे.

    उन्होंने ममदानी पर नफ़रत फ़ैलाने का आरोप भी लगाया था.

    ज़ोहरान ममदानी ने उन्हें न्यूयॉर्क आने पर गिरफ़्तार करने की बात कही थी.

    हालांकि बाद में उन्होंने अपना ये बयान वापस ले लिया था.उन्होंने माना था कि अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय (आईसीसी) की ओर से जारी गिरफ़्तारी वारंट के आधार पर नेतन्याहू को गिरफ़्तार कराने का कानूनी अधिकार उनके पास नहीं है.

  10. सौरव दास बोले - ‘बिहार और असम सरकार ने प्रदर्शनकारियों के ख़िलाफ़ एफ़आईआर वापस लेने की गारंटी दी’

    कॉकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ता सौरव दास ने कहा है कि बिहार और असम सरकार ने प्रदर्शनकारियों के ख़िलाफ़ दर्ज सभी एफ़आईआर वापस लेने की गारंटी दी है.

    सौरव दास ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर 27 जुलाई की देर रात एक वीडियो जारी कर कहा कि पार्टी की प्रेस कॉन्फ़्रेंस के बाद सरकार के प्रतिनिधियों ने उनसे और उनके साथियों से मुलाक़ात की थी.

    सौरव दास ने कहा, ''सरकार के प्रतिनिधियों से मुलाक़ात दो-तीन घंटे तक चली. उन्होंने बिहार और असम सरकार के नोटिफ़िकेशन की कॉपी शेयर की, जिसमें प्रदर्शनकारियों के ख़िलाफ़ दर्ज सभी एफ़आईआर वापस लेने की गारंटी दी गई थी.''

    ''इसमें ये कभी कहा गया है कि भविष्य में उनके ख़िलाफ़ कोई एक्शन नहीं लिया जाएगा. साथ ही हिरासत में लिए गए और गिरफ़्तार सभी लोगों को छोड़ने की बात की गई है.''

    ''उन्होंने फिर से भरोसा दिलाया है कि केंद्र सरकार और बीजेपी और एनडीए शासित दूसरे राज्यों की ओर से गारंटी संबंधी नोटिफ़िकेशन कल तक जारी कर दिए जाएंगे. उम्मीद है कि वही भाषा इस्तेमाल की जाएगी, जिस पर सहमति बनी थी.''

    ''किसी भी प्रदर्शनकारी को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा. हम सब इस लड़ाई में साथ हैं.''

  11. ट्रंप का दावा- ईरान से युद्ध जल्दी ख़त्म होने की संभावना, ईरान ने क्या कहा, जारोस्लाव लुकीव

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ जारी तनाव को लेकर ‘काफी दोस्ताना बातचीत’ चल रही है.

    लगातार तीसरे दिन भी दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर कोई हमला नहीं किया.

    एयर फ़ोर्स वन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने सोमवार को कहा, "मुझे लगता है कि इस युद्ध को खत्म करने की अच्छी संभावना है."

    हालांकि उन्होंने चेतावनी भी दी कि अगर यह बातचीत नाकाम रही, तो अमेरिका फिर वही कार्रवाई शुरू करेगा जो संघर्ष विराम से पहले कर रहा था.

    उधर, ईरान ने इस बात से इनकार किया है कि अमेरिका के साथ उसकी कोई सीधी बातचीत हो रही है.

    ट्रंप ने कहा कि उन्होंने शुक्रवार को ईरान पर अमेरिकी हमले इसलिए रोक दिए, क्योंकि दोनों देशों के बीच मध्यस्थता कर रहे देशों ने बातचीत का एक और मौका देने का अनुरोध किया था.

    ईरान ने भी अपने हमले फिलहाल रोक दिए हैं.

    यह ठहराव लगभग दो सप्ताह तक रोज़ाना चले अमेरिकी हमलों और उन पर ईरान की जवाबी कार्रवाई के बाद आया है.

    इन हमलों ने जून में हुए संघर्ष विराम को लगभग पूरी तरह बेअसर कर दिया था.

    उस समय अमेरिकी सेना ने कहा था कि उसके हमलों का मकसद होर्मुज़ स्ट्रेट से गुजरने वाले कॉमर्शियल जहाजों के लिए ख़तरा पैदा करने की ईरान की क्षमता को कमजोर करना था.

  12. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करें.

    योगेंद्र यादव का इंटरव्यू: 'सोनम वांगचुक को अनशन तोड़ने के लिए मंत्री के हाथ से गिलास लेने की क्या ज़रूरत थी'

    फ़ैटी लिवर के बारे में कैसे पता चलता है और इससे बचने के लिए क्या जानना है ज़रूरी