बेंगलुरु भगदड़ मामले में पुलिस कमिश्नर सहित कई पुलिस अधिकारी निलंबित

चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुए भगदड़ मामले में गुरुवार को कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने बेंगलुरु पुलिस कमिश्नर सहित कई पुलिस अधिकारियों को निलंबित कर दिया है.

सारांश

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली और आनंद मणि त्रिपाठी

  1. ग़ज़ा में 'बिना शर्त और स्थायी' युद्धविराम प्रस्ताव पर अमेरिका ने उठाया ये क़दम

    संयुक्त राष्ट्र में अमेरिकी राजदूत डोरोथी शिया

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, संयुक्त राष्ट्र में अमेरिकी राजदूत डोरोथी शिया (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिका ने ग़ज़ा में 'बिना किसी शर्त और स्थायी' युद्धविराम के आह्वान वाले संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के मसौदा प्रस्ताव पर वीटो लगा दिया है.

    अन्य 14 सदस्य देशों ने इस प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया. मसौदा प्रस्ताव में सभी बंधकों की रिहाई और मानवीय सहायता प्रतिबंधों को हटाने की भी मांग की गई थी.

    संयुक्त राष्ट्र में अमेरिकी राजदूत डोरोथी शिया ने कहा कि यह प्रस्ताव युद्ध विराम तक पहुंचने के 'कूटनीतिक प्रयासों को कमजोर करेगा.

    साथ ही उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र ने हमास को 'आतंकवादी' संगठन नहीं माना है.

    उन्होंने कहा, "हम किसी ऐसे क़दम का समर्थन नहीं करेंगे जो हमास की निंदा नहीं करता और जो हमास से हथियार छोड़ने और ग़ज़ा छोड़ने की मांग नहीं करता."

    हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक़, ग़ज़ा में 7 अक्तूबर के बाद से अब तक कम से कम 54 हज़ार लोग मारे गए हैं.

  2. पुतिन से बातचीत के बाद ट्रंप ने यूक्रेन को आगाह किया, क्या बोले?

    ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, यूक्रेन की ओर से रूस पर बड़े हमले के बाद ट्रंप ने पुतिन के साथ बातचीत की है

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बातचीत के बाद यूक्रेन को आगाह किया है.

    उनका कहना है कि पुतिन ने उनसे कहा कि उन्हें रूसी एयरबेसों पर यूक्रेन के बड़े ड्रोन हमले का जवाब देना होगा.

    पुतिन से फ़ोन पर हुई बातचीत के बाद ट्रंप ने कहा, "राष्ट्रपति पुतिन ने बहुत दृढ़ता से कहा है कि उन्हें हवाई अड्डों पर हाल ही में हुए (यूक्रेन के) हमले का जवाब देना होगा."

    यानी यूक्रेन के ख़िलाफ़ रूस बदले की कार्रवाई जल्द कर सकता है.

    रूसी अधिकारियों ने बुधवार रात इसकी पुष्टि करने से इनकार कर दिया, लेकिन रूस ने पहले कहा था कि उसकी प्रतिक्रिया के लिए सैन्य विकल्प पर चर्चा की जा रही है.

    ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि एक घंटे से ज़्यादा समय तक चली यह फोन कॉल रूस और यूक्रेन के बीच 'तत्काल शांति' नहीं लाएगी.

  3. विराट कोहली ने बेंगलुरु में मची भगदड़ पर क्या कहा?

    विराट कोहली

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर मची भगदड़ पर विराट कोहली ने प्रतिक्रिया दी है

    बेंगलुरु में मची भगदड़ पर भारतीय बल्लेबाज़ विराट कोहली ने कहा है कि वह इस हादसे से पूरी तरह टूट चुके हैं.

    कोहली ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म इंस्टाग्राम पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से जारी एक बयान को शेयर करते हुए लिखा, "मेरे पास कहने के लिए शब्द नहीं हैं. पूरी तरह से टूट गया हूं."

    उनके शेयर किए गए बयान के मुताबिक आरसीबी ने कहा, "हम मीडिया रिपोर्ट्स के ज़रिए सामने आई दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं से बहुत दुखी हैं. सभी की सुरक्षा और भलाई हमारे लिए सबसे महत्वपूर्ण है."

    बयान के मुताबिक़, आरसीबी ने जानमाल के नुक़सान पर अफ़सोस जताया है और प्रभावित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है.

    बुधवार को बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़ मचने से कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई है और कई लोग घायल हो गए हैं.

    कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने इस मामले की मजिस्ट्रेट जांच कराए जाने की घोषणा की है.

    बुधवार को एक लाख से भी ज़्यादा फ़ैंस आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की जीत का जश्न मनाने के लिए स्टेडियम के बाहर जमा हुए थे.

    आरसीबी टीम का स्वागत करने और 18 साल बाद आईपीएल ट्रॉफी की जीत का जश्न मनाने के लिए युवा, महिलाएं, पुरुष यहां तक कि बुज़ुर्ग भी सड़कों के किनारे खड़े थे.

  4. बेंगलुरु में मची भगदड़ से 11 लोगों की मौत, बीजेपी-कांग्रेस क्या कह रही हैं?

    कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई और मौजूदा उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई और मौजूदा उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार

    बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर बुधवार को हुई भगदड़ में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई. इस घटना के बाद कर्नाटक में विपक्ष लगातार राज्य सरकार पर लापरवाही का आरोप लगा रहा है.

    कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के सांसद बसवराज बोम्मई ने पत्रकारों से बात करते हुए इस हादसे की जांच कराने की मांग की है.

    उन्होंने कहा, "यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण घटना है. इस हादसे और गैरज़िम्मेदार सरकार की वजह से 11 लोगों की मौत हो गई और 60 से ज़्यादा लोग घायल हो गए."

    कर्नाटक में मौजूदा सरकार को 'अहंकारी' बताते हुए बोम्मई ने कहा, "इनमें कोई मानवता नहीं है. हम मांग करते हैं कि इस घटना की जांच किसी हाई कोर्ट के मौजूदा जज से कराई जाए, जिसमें इस घटना की योजना बनाने और इसकी अनुमति देने वालों से पूछताछ की जानी चाहिए. "

    उधर, कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने बीजेपी पर इस हादसे को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाया है.

    उन्होंने कहा, "ऐसा नहीं होना चाहिए था और हमें इतनी बड़ी भीड़ की उम्मीद नहीं थी. स्टेडियम की क्षमता 35 हज़ार है लेकिन वहां 3 लाख से ज़्यादा लोग थे."

    उपमुख्यमंत्री ने कहा, "हम इस घटना के लिए माफी मांगते हैं, लेकिन फिर भी हम तथ्य जानना चाहते हैं."

  5. ब्रेकिंग न्यूज़, ट्रंप ने ईरान, अफ़ग़ानिस्तान समेत इन देशों के लोगों की अमेरिका यात्रा पर लगाया बैन

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 12 देशों के लोगों की अमेरिका की यात्रा पर प्रतिबंध लगाया है. व्हाइट हाउस के मुताबिक ट्रंप ने ट्रैवल बैन से संबंधित एक आदेश पर हस्ताक्षर किए हैं.

    इन देशों में अफ़ग़ानिस्तान, म्यांमार, चाड, रिपब्लिक ऑफ़ कांगो, इक्वेटोरियल गिनी, इरिट्रिया, हैती, ईरान, लीबिया, सोमालिया, सूडान और यमन शामिल हैं.

    इसके अलावा सात और देश हैं जिनके नागरिकों पर आंशिक ट्रैवल बैन लगाए गए हैं, जिनमें बुरुंडी, क्यूबा, लाओस, सिएरा लियोन, टोगो, तुर्कमेनिस्तान और वेनेजुएला हैं.

    अमेरिका का कहना है कि ये प्रतिबंध अमेरिकियों को 'ख़तरनाक विदेशी तत्वों' से बचाने के लिए लगाए गए हैं.

    यह घोषणा सोमवार, 9 जून से प्रभावी होगी.

    ट्रंप की ओर से ऐसी घोषणा दूसरी बार की गई है जब उन्होंने कुछ देशों से यात्रा पर प्रतिबंध लगाने का आदेश दिया है.

    अपने पहले कार्यकाल में ट्रंप ने साल 2017 में इसी तरह के आदेश पर हस्ताक्षर किए थे.

  6. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां यहां क्लिक करें.

    बीबीसी हिंदी की कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर भी क्लिक कर सकते हैं.