दक्षिण कोरिया राष्ट्रपति चुनाव: विपक्ष के ली जे-म्यांग की जीत निश्चित, प्रसारकों का अनुमान

दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति चुनाव में डाले गए मतों की 60 फ़ीसदी गिनती हो गई है.

सारांश

  • यूक्रेन ने रूस को क्राइमिया से जोड़ने वाले पुल को उड़ाने का किया दावा
  • आईपीएल फ़ाइनल: पंजाब किंग्स ने टॉस जीतकर लिया पहले गेंदबाजी का फै़सला
  • राहुल गांधी ने कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में आरएसएस- बीजेपी पर किया तंज़
  • सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने लंदन में यूके सरकार के मंत्रियों से हुई मुलाक़ात पर लंदन के भारतीय उच्चायोग को पत्र लिखा

लाइव कवरेज

दीपक मंडल और कीर्ति रावत

  1. बिहार : चिराग पासवान के विधानसभा चुनाव लड़ने के बारे में क्या बोले अरुण भारती

    चिराग पासवान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, चिराग पासवान (फ़ाइल फ़ोटो)

    केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के बिहार में विधानसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर उनकी पार्टी लोक जनशक्ति (रामविलास) के बिहार प्रभारी अरुण भारती ने प्रतिक्रिया दी है.

    अरुण भारती ने पत्रकारों से कहा, ‘’पार्टी ने 16 मई को चिराग जी को एक प्रस्ताव भेजकर उनसे बिहार विधानसभा का चुनाव लड़ने पर विचार करने के लिए कहा है. वो इस पर गंभीरता से सोच रहे हैं. पार्टी ये भी मानती है कि चूंकि वो समाज के सभी वर्गों के नेता हैं इसलिए ये अच्छा होगा कि वो किसी गैर आरक्षित सीट से चुनाव लड़ें.’’

    उन्होंंने कहा, ‘’चिराग पासवान ने हमेशा ये कहा है कि बिहार उनकी राजनीति का केंद्र है. बिहार उनकी राजनीति का आधार है और बिहारी उनकी प्राथमिकता में सबसे ऊपर हैं. मंत्री पद पर रहते हुए उनका विजन - बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट.’’

    चिराग पासवान हाजीपुर लोक सभा निर्वाचन क्षेत्र से सांसद और मोदी सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं. बिहार में इस साल के आख़िर में विधानसभा चुनाव होंगे.

  2. दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति चुनाव में वोटिंग जारी, क्या होंगी नए नेता की चुनौतियां

    दक्षिण कोरिया

    इमेज स्रोत, EPA

    इमेज कैप्शन, दक्षिण कोरिया के पूर्व राष्ट्रपति यून सुक-योल अपना वोट डालने के बाद रजिस्टर पर दस्तख़त करते हुए

    दक्षिण कोरिया में राष्ट्रपति चुनाव के लिए वोटिंग जारी है. पूर्व राष्ट्रपति यून सुक-योल की ओर से मार्शल लॉ लागू करने के बाद उनके ख़िलाफ़ महाभियोग चलाकर उन्हें हटा दिया गया था.

    स्थानीय समय के मुताबिक़ दोपहर एक बजे तक मतदान 62.1 फ़ीसदी तक पहुंच गया था. 2022 की तुलना में इस समय इससे कम मतदान हुआ था.

    राष्ट्रपति चुनाव में मुख्य मुक़ाबला विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार ली जे म्यूंग और सत्तारूढ़ दल के किम मून सू के बीच है. किम मून यून सुक-योल की कैबिनेट में मंत्री थे.

    कई युवा मतदाताओं का कहना है कि वो देश में एक निर्णायक नेता देखना चाहते हैं.

    दक्षिण कोरिया के नए राष्ट्रपति की सबसे बड़ी चुनौती अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ़ से निपटना होगी.

    ट्रंप ने दक्षिण कोरिया से आने वाले स्टील पर 50 फ़ीसदी टैरिफ़ लगाने का एलान किया है.

    दक्षिण कोरिया अमेरिका को स्टील का निर्यात करने वाला चौथा बड़ा देश है.

  3. आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने आईपीएल के फ़ाइनल से पहले क्या कहा

    रजत पाटीदार

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार फाइनल से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में सवालों के जवाब देते हुए

    आईपीएल 2025 के फाइनल से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान रजत पाटीदार ने कहा है कि उनकी टीम विराट कोहली के लिए ट्रॉफी जीतना चाहेगी.

    पाटीदार ने कहा, ‘’उन्होंने वर्षों से भारतीय टीम और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से काफी कुछ किया है.’’

    टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक़ पाटीदार फाइनल मैच की पूर्व संध्या पर अहमदाबाद में आयोजित प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा, ‘’जब आप फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु जैसी टीम का नेतृत्व कर रहे हैं तो उम्मीदें काफी बढ़ जाती हैं. लेकिन मैं उसी पर फोकस करता हूं जो मेरे नियंत्रण में है. मैं वर्तमान में रहना पसंद करता हूं. कप्तानी का ये सफ़र मेरे लिए काफी कुछ सिखाने वाला रहा है.‘’

    आईपीएल 2025 के फाइनल में आज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स के बीच मुक़ाबला होगा. इस मैच में सभी की निगाहें विराट कोहली पर होंगी. उन्होंने हाल में ही टेस्ट फॉर्मेट से संन्यास लिया है.

  4. पूर्वोत्तर के राज्यों में बाढ़ से हालात गंभीर, अब तक 34 लोगों की मौत

    असम

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, असम के नगांव में बाढ़ में फंसे लोग

    देश के पूर्वोत्तर राज्यों में बाढ़ की गंभीरता कम होती नहीं दिखाई दे रही है.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़ अब तक यहां बाढ़ से 34 लोगों की मौत हो चुकी है.

    सिक्किम में हजारों टूरिस्ट बाढ़ में फंसे हुए हैं. मेघालय में लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए सेना के बचाव दल का काम चल रहा है. यहां 500 लोगों के बाढ़ में फंसने की ख़बर है.

    मणिपुर फायर सर्विस, असम राइफल्स, एसडीआरएफ़ और एनडीआरएफ़ बाढ़ से घिरे लोगों को बचाने की कोशिश में लगे हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ मणिपुर में 56 हजार लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं. यहां 10 हजार से ज्यादा मकान बाढ़ से ध्वस्त हो गए हैं.

  5. पाकिस्तान ने महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप के लिए भारत आने से किया इनकार, जानिए कहां होंगे मैच

    क्रिकेट

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारत और पाकिस्तान की महिला क्रिकेट टीमों ने आख़िरी बार टी-20 वर्ल्ड कप मैच अक्टूबर 2024 में दुबई में खेला था.

    महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के मैच भारत के बजाय अब श्रीलंका में खेले जाएंगे.

    भारत ने इस साल की शुरुआत में पुरुषों की चैंपियंस ट्रॉफी के लिए पाकिस्तान में खेलने से इनकार कर दिया था. इसके बाद आईसीसी ने दोनों देशों की ओर से आयोजित टूनामेंट्स के लिए ‘न्यूट्रल वेन्यू’ की शुरुआत की थी.

    पाकिस्तान के गृह मंत्री ने अप्रैल में कहा था कि पाकिस्तान की महिला टीम भारत नहीं जाएगी. अब भारत को यह व्यवस्था करनी है कि पाकिस्तान के मैच कहां होंगे.

    भारत इस साल 30 सितंबर से 2 नवंबर तक होने वाले महिला क्रिकेट के विश्व कप की मेजबानी कर रहा है. ये मैच भारत और श्रीलंका में होंगे.

    भारत में ये मैच बेंगलुरू, गुवाहाटी, इंदौर और विशाखापट्टनम में होंगे जबकि श्रीलंका में ये मैच कोलंबों में होंगे.

    श्रीलंका में पाकिस्तान के सात ग्रुप मैच होंगे. इनमें भारत और इंग्लैंड के ख़िलाफ़ होने वाले उसके मैच शामिल हैं.

    श्रीलंका में सेमीफाइनल भी होगा. अगर पाकिस्तान फाइनल में पहुंचता है तो ये मैच भी श्रीलंका में ही होगा.

  6. सलमान ख़ुर्शीद ने क्यों कहा, देशभक्त होना इतना कठिन क्यों है?

    सलमान ख़ुर्शीद

    इमेज स्रोत, AFP

    इमेज कैप्शन, सलमान ख़ुर्शीद (फ़ाइल फ़ोटो)

    कांग्रेस नेता और पूर्व विदेश मंत्री सलमान ख़ुर्शीद ने कहा है ये निराश करने वाला है कि जब वो ‘आतंकवाद के ख़िलाफ़’ विदेश में मिशन पर हैं तो घर में कुछ लोग उनकी ‘राजनीतिक वफ़ादारी’ का हिसाब करने में लगे हैं.

    उन्होंने मलेशिया की यात्रा के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा,’’मैं आतंकवाद के ख़िलाफ़ भारत के संदेश देने के लिए मिशन पर हूं, लेकिन घर पर लोग मेरी ‘राजनीतिक वफ़ादारी’ का हिसाब कर रहे हैं.’’

    उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, ‘’लोग ऐसी बातें करते रहते हैं कि आप उस शिष्टमंडल में क्या कर रहे हैं जिसमें बीजेपी के लोग हैं. आप वहां क्या कर रहे हैं. आप यहां कर रहे हैं. हम यहां वो कर रहे हैं जो देश के लिए ज़रूरी है. इससे कोई फ़र्क नहीं पड़ता कि आप किस पार्टी से हैं. आज एक आवाज़ में देश के समर्थन में बोलने की ज़रूरत है और हम वही कर रहे हैं.’’

    उन्होंने कहा, ‘’जब मैं कहता हूं देशभक्त होना इतना कठिन क्यों हैं तो ये सवाल उनसे पूछा जाना चाहिए जो ट्वीट कर ऐसी बातें कहते रहते हैं जो मेरे हिसाब से देश के लिए कुछ करने वालों को निराश करती है.’’

    सलमान ख़ुर्शीद पाकिस्तान के साथ सैन्य संघर्ष के बाद दुनिया भर में ‘आतंकवाद के ख़िलाफ़’ समर्थन जुटाने के लिए भेजे गए भारत के सर्वदलीय शिष्टमंडल में शामिल हैं.

  7. यूएन ने कहा, ग़ज़ा में भोजन लेने गए लोगों पर गोलियां चलने की जांच हो

    इसराइल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने रविवार को ग़ज़ा में सहायता सामग्री बांटने के दौरान फ़लस्तीनियों के मारे जाने की घटना की जांच कराने की अपील की है.

    कहा जा रहा है कि ये लोग इसराइली सेना की फ़ायरिंग में मारे गए हैं.

    संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस एक बयान में कहा, "मैं रविवार को ग़ज़ा में भोजन और सहायता सामग्री लेने के लिए आए फ़लस्तीनियों की मौत और उनके घायल होने से दुखी हूं."

    चश्मदीदों ने बताया कि इसराइल और अमेरिका की ओर समर्थन प्राप्त ग़ज़ा ह्यूमनेटेरियन फाउंडेशन की ओर से चल रहे सहायता सामग्री वितरण केंद्र में उन पर गोलियां चलाई गईं.

    रेडक्रॉस ने कहा है इसके अस्पतालों से 179 लोगों के हताहत होने की सूचना है. इनमें से 21 की मौत हो चुकी है. वहीं हमास संचालित सिविल डिफेंस एजेंसी ने इन मौतों की संख्या 31 बताई है.

    ग़ज़ा में कई हफ्तों की नाकेबंदी के बाद पिछले दिनों ग़ज़ा ह्यूमनेटेरियन फ़ाउंडेशन ने भोजन और दूसरी सहायता सामग्री बांटनी शुरू की गई थी.

    हालांकि इस पर ये आरोप लगाया जा रहा है इसकी नीतियां मानवता विरोधी हैं.

  8. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां यहां क्लिक करें.

    बीबीसी हिंदी की कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर भी क्लिक कर सकते हैं.

    - अमेरिका: 'फ़्री फ़लस्तीन' का नारा लगाकर भीड़ पर हमला करने वाला शख़्स कौन है?

    - हज के बारे में पांच ख़ास बातें जो शायद आपको ना पता हों

    - बांग्लादेश की टीम के आगे पाकिस्तानी क्रिकेट टीम से ज़रदारी बोले- 'सियासत हम पर छोड़ दें'