तुर्की के राष्ट्रपति अर्दोआन ने ट्रंप, पुतिन और ज़ेलेंस्की को एक साथ लाने के बारे में क्या कहा?

तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैयप्प अर्दोआन ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच बैठक कराने को लेकर प्रतिक्रिया दी है.

सारांश

लाइव कवरेज

कीर्ति रावत और इफ़्तेख़ार अली

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली को दीजिए इजाज़त.

    कल हम बीबीसी लाइव पेज के ज़रिए दिन भर की बड़ी ख़बरों को लेकर फिर हाज़िर होंगे.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. तुर्की के राष्ट्रपति अर्दोआन ने ट्रंप, पुतिन और ज़ेलेंस्की को एक साथ लाने के बारे में क्या कहा?

    तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैयप्प अर्दोआन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैयप्प अर्दोआन

    तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैयप्प अर्दोआन ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच बैठक कराने को लेकर प्रतिक्रिया दी है.

    राष्ट्रपति अर्दोआन का कहना है कि वो ऐसा माहौल बनाने की कोशिश करेंगे जिसमें ज़ेलेंस्की और पुतिन के बीच सद्भावनापूर्ण बातचीत हो सके.

    उन्होंने कहा, "हमें उम्मीद है कि दोनों नेता इस्तांबुल या अंकारा में मिलने के लिए सहमत होंगे और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी उनके साथ शामिल होंगे."

    तुर्की के राष्ट्रपति ने कहा, "अगर वह इस बात को मानते हैं, तो मैं इस बैठक में उनके साथ आना चाहूंगा और इस तरह इस्तांबुल को शांति केंद्र में बदल दूंगा."

    इससे पहले यूक्रेन और रूस के बीच सोमवार को हुई बातचीत के बाद दोनों देशों ने कई फ़ैसले किए हैं.

    इन फ़ैसलों में युद्धबंदियों की रिहाई, 18 से 25 वर्ष की आयु के सभी लड़ाकों की अदला-बदली, युद्ध में मारे गए लोगों के शवों की अदला बदली शामिल है.

  3. तुर्की में यूक्रेन-रूस के बीच हुई बातचीत के बाद दोनों देशों ने लिया ये फ़ैसला

    रूस-यूक्रेन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, रूस-यूक्रेन जंग को तीन साल से ज़्यादा समय बीत गया है

    तुर्की में यूक्रेन-रूस के बीच सोमवार को हुई बातचीत के बाद दोनों देशों की ओर से पहली प्रतिक्रिया आई है.

    यूक्रेन के रक्षा मंत्री रुस्तम उमेरोव ने कहा है कि यूक्रेन को अब रूस का ज्ञापन मिल गया है और आगे के क़दम तय करने के लिए यूक्रेन एक हफ़्ते का समय लेगा.

    उन्होंने इस बात की पुष्टि की है कि दोनों पक्षों ने 'गंभीर रूप से घायल या बीमार सभी सैनिकों और 18 से 25 वर्ष की आयु के सभी लड़ाकों की अदला-बदली पर सहमति जताई है. साथ ही मारे गए सैनिकों के शव भी लौटाए जाएंगे.'

    रुस्तम उमेरोव ने कहा कि उन्होंने इस महीने के आख़िर में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच संभावित बैठक पर भी चर्चा की है, जिसमें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की भागीदारी भी हो सकती है.

    वहीं रूसी प्रतिनिधिमंडल के नेता व्लादिमीर मेडिंस्की ने कहा कि रूस 6 हज़ार युद्धबंदियों को यूक्रेन को सौंपने के लिए तैयार है.

    साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि मारे गए यूक्रेनी सैनिकों के शवों को अगले सप्ताह लौटा दिया जाएगा.

    व्लादिमीर मेडिंस्की ने कहा है कि रूस ने यूक्रेन को सीमावर्ती क्षेत्र के कुछ हिस्सों में दो से तीन दिन के युद्ध विराम की पेशकश की है ताकि शवों की अदला बदली की जा सके.

  4. श्रेयस अय्यर और हार्दिक पंड्या पर क्यों लगा लाखों रुपए का जुर्माना?

    हार्दिक पंड्या और श्रेयस अय्यर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, क्वालीफ़ायर 2 में पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस को हराया था

    इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 के क्वालीफ़ायर 2 दौरान स्लो ओवर रेट (तय समय पर ओवर ख़त्म नहीं करने) को लेकर पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर और मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या पर जुर्माना लगा है.

    मुंबई और पंजाब के बीच रविवार को अहमदाबाद में आईपीएल का क्वालिफ़ायर 2 खेला गया, जहां पंजाब ने मुंबई को 5 विकेट से हराकर अपनी जगह फ़ाइनल में बनाई.

    लेकिन इस मैच में स्लो ओवर रेट के कारण अय्यर पर 24 लाख रुपए और हार्दिक पंड्या पर 30 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया है.

    आईपीएल की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक़, आईपीएल में पंजाब ने दूसरी बार नियम का उल्लंघन किया है और मुंबई ने तीसरी बार तय समय पर अपने ओवर पूरे नहीं किए हैं.

    साथ ही पंजाब की प्लेइंग इलेवन के बाकी खिलाड़ियों पर 6 लाख रुपये या उनकी मैच फ़ीस का 25 फ़ीसदी (जो भी कम हो) का जुर्माना लगाया गया है. वहीं, मुंबई के खिलाड़ियों पर 12 लाख रुपये या उनकी मैच फ़ीस का 50 फ़ीसदी जुर्माना लगा है.

    आईपीएल के इस सीज़न का फ़ाइनल मुक़ाबला तीन जून यानी मंगलवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स के बीच अहमदाबाद में खेला जाएगा.

  5. भारत में होने वाले महिला वनडे विश्व कप की तारीख़ों का एलान, पाकिस्तान यहां खेलेगा अपने मैच

    भारत-पाकिस्तान मैच

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, आईसीसी के मुताबिक़, अगर पाकिस्तान नॉकआउट स्टेज में पहुंचता है तब ये मुक़ाबले श्रीलंका में खेले जाएंगे. (फ़ाइल फोटो)

    इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने भारत में होने वाले महिला विश्व कप 2025 की तारीख़ों और जगहों का एलान कर दिया है. 12 साल बाद भारत विश्व कप की मेजबानी कर रहा है.

    वनडे विश्व कप का यह 13वां संस्करण 30 सितंबर से लेकर 2 नवंबर तक पांच मैदानों में खेला जाएगा.

    महिला विश्व कप में भाग लेने वाली आठ टीमें भारत, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड, श्रीलंका, बांग्लादेश और पाकिस्तान हैं.

    पहला सेमीफ़ाइनल 29 अक्तूबर को गुवाहाटी या कोलंबो में होगा, जबकि दूसरा सेमीफ़ाइनल अगले दिन 30 अक्तूबर को बेंगलुरु में खेला जाएगा. फ़ाइनल रविवार 2 नवंबर को बेंगलुरु या कोलंबो में आयोजित किया जाएगा.

    आईसीसी के मुताबिक़, अगर पाकिस्तान नॉकआउट स्टेज में पहुंचता है तभी ये मुक़ाबले श्रीलंका में खेले जाएंगे.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    इसके अलावा आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 का भी शेड्यूल जारी किया है.

    यह टूर्नामेंट 24 दिनों तक चलेगा और इंग्लैंड के सात अलग-अलग स्टेडियमों में 33 मैच खेले जाएंगे. यह अब तक का सबसे बड़ा महिला टी-20 विश्व कप है, जिसमें 12 टीमें हिस्सा ले रही हैं.

  6. सिक्किम में ज़मीन धंसने से सेना के तीन जवानों की मौत, छह लापता, प्रभाकर मणि तिवारी, बीबीसी हिंदी के लिए

    सिक्किम में जमीन धंसने से सेना के तीन जवानों की मौत

    इमेज स्रोत, PRO DEFENCE

    इमेज कैप्शन, मलबे में फंसे जवानों की तलाश जारी है.

    सिक्किम में रविवार देर रात ज़मीन धंसने से सेना के कम से कम तीन जवानों की मौत हो गई और छह अन्य लापता हैं. घटना मंगन ज़िले (उत्तरी सिक्किम) के चातेन इलाक़े की है.

    वहां सेना का एक कैंप पहाड़ी से गिरने वाले मलबे की चपेट में आ गया था. मलबे में चार जवान घायल हुए हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बाक़ी जवानों की तलाश जारी है.

    मंगन जिले में चुंगथांग के सब-डिविज़नल पुलिस ऑफ़िसर अरुण थाताल ने पत्रकारों को बताया, "लाचेन नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण ज़मीन धंसने की वजह से सेना का एक कैंप चपेट में आ गया. तीन जवानों के शव बरामद कर लिए गए हैं. लापता जवानों की तलाश की जा रही है."

    इस हादसे पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने दु:ख जताते हुए लिखा, "सिक्किम में सेना के कैंप में भूस्खलन के कारण हमारे जवानों के शहीद होने का समाचार अत्यंत दुखद है. देश हमारे शहीदों और उनके परिजनों का सदैव ऋणी रहेगा."

    भारी बारिश और ज़मीन धंसने की घटनाओं के कारण उत्तर सिक्किम के मंगन इलाके़ को सबसे ज़्यादा नुक़सान हुआ है.

    इमेज स्रोत, PRO DEFENCE

    चातेन लाचेन से क़रीब तीन किलोमीटर दूर है. वहां अक़्सर ज़मीन धंसने की घटनाएं होती रहती हैं. इलाके़ में सेना के कई कैंप हैं.

    सेना के मृत जवानों की पहचान हवलदार लखविंदर सिंह, लांस नायक मुनीश ठाकुर और पोर्टर अभिषेक लखड़ा के तौर पर की गई है.

    यहां इस बात का ज़िक्र करना ज़रूरी है कि भारी बारिश और ज़मीन धंसने की घटनाओं के कारण उत्तर सिक्किम के मंगन इलाके़ को सबसे ज़्यादा नुक़सान हुआ है.

    सोमवार को इस इलाक़े में 31 मई से फंसे क़रीब डेढ़ हज़ार पर्यटकों को सुरक्षित निकाला गया.

    मंगन ज़िले के ज़िलाधिकारी अनंत जैन के मुताबिक़, "अब भी क़रीब डेढ़ सौ पर्यटक लाचेन में फंसे हैं. लेकिन वो होटलों में सुरक्षित हैं."

  7. तुर्की में यूक्रेन-रूस की बातचीत के बीच ज़ेलेंस्की ने क्या चेतावनी दी?

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की

    इमेज स्रोत, Getty Images

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने तुर्की में यूक्रेन-रूस के बीच सोमवार को हो रही बातचीत पर प्रतिक्रिया दी है.

    ज़ेलेंस्की इस समय नेटो के पूर्वी और नॉर्डिक सदस्यों के नेताओं के साथ शिखर सम्मेलन के लिए लिथुआनिया के विलनियस में हैं

    उनका कहना है कि यूक्रेन शांति के लिए ज़रूरी क़दम उठाने के लिए तैयार है.

    उन्होंने कहा, "स्वाभाविक रूप से शुरुआत युद्धविराम और मानवीय कार्रवाई, कै़दियों की रिहाई और अगवा किए गए बच्चों की वापसी होना चाहिए."

    ज़ेलेंस्की ने कहा कि अगर इस्तांबुल में होने वाली बातचीत से 'कुछ हासिल नहीं होता है', तो इसका मतलब है कि रूस पर यूरोपीय संघ और अमेरिका की तरफ़ से 'तुरंत कड़े और नए प्रतिबंध लगाने की ज़रूरत है.'

    उन्होंने कहा, "खासतौर पर वे सबसे कड़े प्रतिबंध जिनके बारे में राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा था."

    रूसी और यूक्रेनी प्रतिनिधिमंडल शांति वार्ता के दूसरे दौर के लिए तुर्की में हैं.

  8. नाइजीरिया में बाढ़ से मची तबाही, 700 से ज़्यादा लोगों के मरने की आशंका

    मोक्वा शहर में

    इमेज स्रोत, TONYE BAKARE/AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, मोक्वा शहर में बाढ़ के कारण अब भी पांच सौ से ज़्यादा लोग लापता हैं

    नाइजीरिया के मोक्वा शहर में गुरुवार को आई बाढ़ में मरने वालों की आधिकारिक संख्या बढ़कर दो सौ से ज़्यादा हो गई है.

    सेंट्रल नाइजर राज्य के इस शहर में 500 से ज़्यादा लोग अभी भी लापता हैं लेकिन स्थानीय अधिकारी मूसा किम्बोकू ने बीबीसी को बताया कि बचाव कार्य बंद कर दिया गया है, क्योंकि अधिकारियों को अब विश्वास नहीं है कि कोई भी अब ज़िंदा है.

    यानी कुल मिलाकर 700 से ज़्यादा लोगों की मौत की आशंका है.

    मोक्वा के ज़िला प्रमुख मुहम्मदु अलीयू ने कहा कि इस क्षेत्र में बीमारी को रोकने के प्रयास में अधिकारी जल्द ही बाढ़ के कारण फंसे शवों को बाहर निकालना शुरू करेंगे.

    बताया जा रहा है कि यह बाढ़ पिछले 60 वर्षों में इस क्षेत्र की सबसे भीषण बाढ़ है.

    इससे पहले आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी ने बताया था कि मोक्वा शहर के टिफ़िन माज़ा और अंगुवान हौसावा ज़िले में इस बाढ़ से सबसे ज़्यादा नुक़सान हुआ है.

    नाइजीरिया को 2022 में भी भयंकर बाढ़ का सामना करना पड़ा, जिसमें लगभग 13 लाख लोगों को अपने घर छोड़ने पड़े और 600 से ज़्यादा लोगों की जान चली गई थी.

  9. दिल्ली के ओखला में 'अवैध ढांचों' को गिराने को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने क्या कहा?

    सुप्रीम कोर्ट

    इमेज स्रोत, ANI

    दिल्ली के ओखला में कथित अवैध ढांचों को तोड़े जाने के प्रस्ताव के ख़िलाफ़ दायर की गई याचिका पर सुप्रीम कोर्ट जुलाई में सुनवाई करेगा.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई ने ये जानकारी दी.

    इस पर ओखला से आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक अमानतुल्लाह ख़ान ने पत्रकारों से बात करते कहा, "सुप्रीम कोर्ट से आज हमें यह राहत मिली है."

    उन्होंने कहा, "मैं वहां का विधायक हूं और मैं यह बात जानता हूं कि मेरे इस इलाक़े को बने हुए 40 साल हो गए."

    ओखला विधायक ने कहा, "यह ग़लत तरीक़े से डीडीए ने पिक एंड चूज़ वाला रास्ता अपनाया है और उसने ग़लत रिपोर्टिंग की है. इस मामले को अब जुलाई में सुना जाएगा और उसमें हमें पूरी राहत मिलेगी."

    उन्होंने कहा, "लोग आशियाना बड़ी मुश्किल से बनाते हैं और इसे बनाने में ज़माना लग जाता है. और ये लोग उजाड़ने चले आते हैं."

    पीटीआई के मुताबिक़, 7 मई को सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) को निर्देश दिया था कि वह ओखला गांव में बने अवैध निर्माण और अतिक्रमण के ख़िलाफ़ क़ानूनी रूप से कार्रवाई करे.

    डीडीए और दिल्ली सरकार ने इस फ़ैसले के बाद ओखला गांव में खसरा नंबर 279 पर अवैध निर्माण तोड़ने के लिए 15 दिन का नोटिस जारी किया था.

  10. हेनरिक क्लासेन ने सिर्फ़ सात साल खेलने के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट से लिया संन्यास

    हेनरिक क्लासेन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, बल्लेबाज़ हेनरिक क्लासेन ने साल 2018 में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था

    साउथ अफ़्रीका क्रिकेट टीम के बल्लेबाज़ हेनरिक क्लासेन ने सोमवार को इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है.

    उन्होंने अपने संन्यास का एलान सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म इंस्टाग्राम पर किया है.

    उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा, "आज मेरे लिए एक दुख भरा दिन है, क्योंकि मैं यह घोषणा कर रहा हूं कि मैंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया है."

    क्लासेन ने कहा, "मेरे और मेरे परिवार के भविष्य के लिए क्या सबसे बेहतर होगा यह तय करने में मुझे काफी समय लगा. यह वाकई एक बहुत ही मुश्किल फैसला था, लेकिन अब मैं इसके साथ पूरी तरह से संतुष्ट हूं."

    उन्होंने 60 वनडे मैचों में 43.69 की औसत से 2141 रन बनाए, जिसमें उनका हाई स्कोर 174 रहा.

    टी20 के 58 अंतरराष्ट्रीय मैचों में उन्होंने 141.85 के स्ट्राइक रेट से 1000 रन बनाए.

    इससे पहले, क्लासेन ने टेस्ट क्रिकेट में सिर्फ़ चार मैच खेलने के बाद जनवरी 2024 में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया था.

  11. मध्य प्रदेश के उज्जैन में सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर मौलाना पर एफ़आईआर, जानिए क्या है मामला, शुरैह नियाज़ी, भोपाल से बीबीसी हिन्दी के लिए

    सांकेतिक तस्वीर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर

    मध्य प्रदेश के उज्जैन ज़िले में एक मौलाना पर विवादित पोस्ट शेयर करने के आरोप में एफ़आईआर दर्ज की गई है.

    महिदपुर में मौलाना तुरब अली के ख़िलाफ़ एफ़आईआर की गई है. उन पर आरोप है कि उन्होंने अपने फेसबुक पेज पर पाकिस्तान के एक मौलाना के वीडियो पोस्ट किए, जो ईद के दौरान होने वाली कुर्बानी से जुड़ी बातें कह रहे थे.

    उन पर हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप है.

    अखंड हिंदू सेना के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज प्रजापत ने पुलिस में शिकायत की थी.

    महिदपुर थाना प्रभारी, नरेंद्र बहादुर सिंह परिहार के अनुसार, उन्हें अखंड हिंदू सेना के मनोज प्रजापत का आवेदन मिला, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि पाकिस्तान के वीडियो मौलाना द्वारा वायरल किए जा रहे है.

    "उसके बाद मौलाना पर एफ़आईआर दर्ज की गई. मौलाना घर पर नहीं मिले और वह फरार है."

    मौलाना के सोशल मीडिया अकाउंट और अपलोड किए गए वीडियो को जांच के लिए साइबर सेल भेज दिया गया है.

    शिकायतकर्ता मनोज प्रजापत का आरोप है, मौलाना ने वीडियो शेयर करके सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास किया है.

  12. अभी तक बीबीसी संवाददाता कीर्ति रावत आप तक ख़बरें पहुंचा रही थीं.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  13. चिराग पासवान ने बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने पर क्या कहा?

    केंद्रीय मंत्री और लोकजनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष चिराग पासवान (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान (फ़ाइल फ़ोटो)

    केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने बिहार विधानसभा 2025 चुनाव लड़ने पर मीडिया से बात की.

    उन्होंने कहा, "पार्टी की जो भी राय होगी, मैं उसका ज़रूर पालन करूंगा. फ़िलहाल इस पर और चर्चा होनी बाक़ी है."

    अगले कुछ महीनों में बिहार में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं, जिसको लेकर ये कयास लगाए जा रहे हैं कि चिराग आगामी चुनाव लड़ सकते हैं.

    चिराग पासवान बिहार के हाजीपुर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से सांसद हैं.

  14. अन्ना यूनिवर्सिटी यौन उत्पीड़न मामले में कोर्ट ने अभियुक्त को उम्रक़ैद की सज़ा सुनाई

    प्रदर्शनकारी छात्र

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, यौन उत्पीड़न का मामला सामने आने के बाद छात्र संगठनों ने यूनिवर्सिटी के बाहर विरोध प्रदर्शन भी किया था

    तमिलनाडु की अन्ना यूनिवर्सिटी की एक छात्रा के यौन उत्पीड़न के मामले में चेन्नई के एक सेशंस कोर्ट ने सोमवार को फ़ैसला सुनाया.

    कोर्ट ने अभियुक्त ए ज्ञानशेखरन को कम से कम 30 साल के आजीवन कारावास और 90,000 जुर्माने की सज़ा सुनाई है.

    यह फ़ैसला जज एम राजलक्ष्मी ने सुनाया है.

    लाइव लॉ के मुताबिक़, 28 मई को कोर्ट ने ज्ञानशेखरन को चेन्नई के अन्ना यूनिवर्सिटी कैंपस में दूसरे साल की एक इंजीनियरिंग छात्रा के यौन उत्पीड़न का दोषी पाया.

    कोर्ट ने ज्ञानशेखरन को भारतीय न्याय संहिता की यौन उत्पीड़न, अपहरण और हिंसा से जुड़ी धाराओं और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66ई के तहत दोषी क़रार दिया है.

    इसके अलावा, कोर्ट ने अभियुक्त को तमिलनाडु महिलाओं के उत्पीड़न की रोकथाम अधिनियम की धारा 4 के तहत भी दोषी पाया.

    अभियुक्त ज्ञानशेखरन के वकील बीआर जयप्रकाश नारायण ने कोर्ट के फ़ैसले को आर्टिकल 14 का उल्लंघन बताया.

    समाचार एजेंसी पीटीआई को बयान देते हुए वकील बीआर जयप्रकाश नारायण ने कहा, "कोर्ट का ये फ़ैसला मूलभूत अधिकारों के ख़िलाफ़ है और ये आर्टिकल 14 का उल्लंघन करता है."

    "हम 30 साल की सज़ा के ख़िलाफ़ अपील करेंगे. जैसे ही हमें फ़ैसले की कॉपी और वैध दस्तावेज़ मिलेंगे, हम अपील दायर करेंगे."

  15. ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर ग्लेन मैक्सवेल ने वनडे क्रिकेट से लिया संन्यास

    ग्लेन मैक्सवेल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर ग्लेन मैक्सवेल ने सोमवार को वनडे क्रिकेट से संन्यास लेने का एलान किया.

    मैक्सवेल ने फ़ाइनल वर्ड पॉडकास्ट पर अपने रिटायरमेंट को लेकर कहा, "मुझे लगता है अब समय आ गया है कि मेरी जगह किसी और को मौका दिया जाए,ताकि वो खिलाड़ी उस पोजिशन को संभाल सके और 2027 वर्ल्ड कप के लिए ख़ुद को तैयार कर सके."

    "उम्मीद है कि उसे इतना समय ज़रूर मिलेगा कि वह उस भूमिका में अच्छा प्रदर्शन कर सके."

    मैक्सवेल ने 149 वनडे मैच खेले और 3990 रन बनाए. उनका उच्चतम स्कोर 201 रन (नाबाद) रहा. अपने वनडे क्रिकेट करियर की शुरुआत मैक्सवेल ने साल 2012 में अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ खेले गए मैच से की थी.

    मैक्सवेल ने वनडे करियर में 77 विकेट भी हासिल किए.

    ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर ग्लैन मैक्सवेल
  16. भारत में पूर्वोत्तर के राज्य असम में बाढ़ से भारी तबाही, देखें तस्वीरें

    बाढ़

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, असम के नागांव ज़िले के कामपुर में भारी बारिश की वजह से कई जगहों पर बाढ़ और भूस्खलन के हालात बन गए हैं

    भारत में पूर्वोत्तर के राज्य असम में बीते कुछ दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण कई इलाक़ों में बाढ़ आ गई है.

    असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से 31 मई की शाम को जारी की गई एक रिपोर्ट में बाढ़ से असम के 12 जिलों में 175 गांवों के डूबने की जानकारी दी गई है.

    बाढ़

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, असम के लखीमपुर में बाढ़ की वजह से कई स्थानीय लोग अपने घरों को छोड़कर ऊंचे इलाक़ों में चले गए हैं और अस्थायी टेंट लगाकर रह रहे हैं
    बाढ़

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, असम में आई बाढ़ से सबसे ज़्यादा नुक़सान लखीमपुर ज़िले में हुआ है, जिला प्रशासन ने लखीमपुर में दस से अधिक राहत शिविर खोले हैं
    बाढ़

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारी बारिश की वजह से असम राज्य की राजधानी गुवाहाटी में आई बाढ़ से लोग परेशान हैं
    बाढ़

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, असम में भारी बारिश के कारण आई बाढ़ से सड़क और रेल परिवहन सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं
  17. जेईई एडवांस 2025 के टॉपर रजित गुप्ता ने क्या कहा

    जेईई एडवांस 2025 के टॉपर रजित गुप्ता

    इमेज स्रोत, ANI/SCREENSHOT

    इमेज कैप्शन, जेईई एडवांस 2025 के टॉपर रजित गुप्ता

    जेईई एडवांस 2025 के नतीजे आ गए हैं, इसमें राजस्थान में कोटा के रजित गुप्ता ने टॉप किया है.

    रजित गुप्ता ने 360 में से 332 अंकों के साथ पहली रैंक हासिल की है.

    नतीजे आने के बाद रजित गुप्ता ने समाचार एजेंसी पीटीआई से बात की.

    उन्होंने कहा, "अगर आप किसी कारणवश पढ़ने के लिए कोटा न आ पाए तो अपने टीचर से सलाह ज़रूर लें कि मुझे कैसे और क्या पढ़ना है."

    उन्होंने कहा कि इस पूरे समय में उनके माता- पिता ने उनका पूरा सहयोग किया.

  18. इरफ़ान पठान ने मुंबई इंडियंस की हार पर क्या कहा

    मुंबई इंडियंस

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 के क्वालिफ़ायर -2 में मुंबई इंडियंस के पंजाब किंग्स से हारने के बाद भारतीय पूर्व क्रिकेटर इरफ़ान पठान ने प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, "बुमराह- नंबर 1, सूर्यकुमार यादव- टी20 के नंबर 1 बल्लेबाज़, रोहित शर्मा- कप्तान के तौर पर 5 ट्रॉफ़ियां, हार्दिक पंड्या- शानदार ऑलराउंडर,सैंटनर- बेहतरीन लेफ़्ट आर्म स्पिनर, ट्रेंट बोल्ट- पहले ओवर में सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज़."

    "इतने सारे मैंच विनर्स होने के बावजूद भी मुंबई इंडियन आईपीएल ट्रॉफ़ी नहीं जीत पाई. मुंबई के फ़ैन्स ज़रूर काफ़ी निराश होंगे. मुंबई इंडियन मैनेजमेंट इस पर गहराई से विचार ज़रूर करेगा. ऐसी टीम जिसमें इतने स्टार खिलाड़ी हों, टी20 क्रिकेट में बहुत कम देखने को मिलती है."

    पंजाब किंग्स ने आईपीएल के क्वालिफायर-2 मुकाबले में मुंबई इंडियंस को पांच विकेट हराकर फाइनल में जगह बना ली है.

    मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट पर 203 रन बनाए थे, जिसके जवाब में पंजाब ने 19 ओवर में पांच विकेट पर 207 रन बनाकर जीत दर्ज की.

    इस मैच में मुंबई इंडियंस के कप्तान श्रेयस अय्यर ने नाबाद अर्धशतक बनाया.

  19. गुकेश ने नॉर्वे शतरंज टूर्नामेंट के छठे राउंड में मैग्नस कार्लसन को हराया

    शतरंज के वर्ल्ड चैंपियन गुकेश दोम्माराजू (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, शतरंज के वर्ल्ड चैंपियन गुकेश दोम्माराजू (फ़ाइल फ़ोटो)

    नॉर्वे शतरंज टूर्नामेंट 2025 के छठे राउंड में वर्ल्ड चैंपियन गुकेश दोम्माराजू में पूर्व वर्ल्ड चैंपियन मैग्नस कार्लसन को हरा दिया.

    यह पहली बार है कि गुकेश ने मैग्नस कार्लसन को क्लासिकल टाइम कंट्रोल में हराया है.

    यह मुकबला नॉर्वे के स्टवान्गर में हुआ.

    इस टूर्नामेंट के पहले राउंड की बाज़ी में गुकेश दोम्माराजू को मैग्नस कार्लसन के ख़िलाफ़ हार का सामना करना पड़ा था.

    गुकेश शतरंज की दुनिया में सबसे कम उम्र में वर्ल्ड चैंपियनशिप बनने वाले खिलाड़ी हैं.

    वह भारत के चेन्नई के रहने वाले है.

  20. अमेरिका के कोलोराडो में हुई घटना को इसराइली विदेश मंत्री ने 'यहूदी विरोधी' बताया

    इसराइल के विदेश मंत्री गिदोन सार

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इसराइल के विदेश मंत्री गिदोन सार (फ़ाइल फ़ोटो)

    इसराइल के विदेश मंत्री गिदोन सार ने अमेरिका के कोलोराडो में हुई घटना पर अपनी प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने इस घटना को यहूदी-विरोधी हमला बताया और कहा कि वह इस घटना से बहुत हैरान हैं.

    गिदोन सार ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, "कोलोराडो के बोल्डर में यहूदियों को निशाना बनाकर किया गया यह हमला बेहद दुखद और यहूदी-विरोधी है."

    "मैं हमले में घायल हुए लोगों के लिए प्रार्थना करता हूं."

    उन्होंने यह भी कहा कि मीडिया में फैल रही झूठी बातों ने इस नफ़रत को बढ़ावा दिया है.

    गिदोन सार ने बताया कि उन्होंने अमेरिका में इसराइली राजदूत और लॉस एंजेलिस स्थित महावाणिज्य दूतावास से बात भी की है.

    इस बीच, एफ़बीआई इस घटना की जांच आतंकी हमले के तौर पर कर रही है, लेकिन वहीं बोल्डर पुलिस ने अब तक इसे आतंकी हमला नहीं कहा है.

    बोल्डर पुलिस ने इस घटना को लेकर लोगों से बिना पूरी जानकारी के किसी नतीजे पर न पहुंचने की अपील की है.