जेएमएम के बिहार चुनाव नहीं लड़ने के फ़ैसले पर कांग्रेस नेता ने क्या कहा?

झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के बिहार विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने के एलान पर कांग्रेस नेता ने प्रतिक्रिया दी है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह और इफ़्तेख़ार अली

  1. ग़ज़ा में हमले के बाद इसराइल ने युद्धविराम पर लौटने की कही बात

    ग़ज़ा में हमले

    इमेज स्रोत, AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, ग़ज़ा में रविवार को हुए इसराइली हमले के दौरान धुआं उठता दिखाई दिया

    इसराइली सेना (आईडीएफ़) ने कहा है कि वह ग़ज़ा में युद्धविराम फिर से लौटेगी. आईडीएफ़ ने रविवार को हमास पर युद्धविराम समझौते के उल्लंघन का आरोप लगाया था और ग़ज़ा में हवाई हमले किए थे.

    आईडीएफ़ ने कहा था कि रफ़ाह में उसके सैनिकों पर 'आतंकवादियों' ने 'एंटी-टैक मिसाइल दागी और गोलीबारी' की. इस हमले में दो सैनिकों की मौत हुई.

    वहीं, हमास ने कहा कि इसराइली नियंत्रण वाले इलाक़े में किसी भी झड़प के बारे में उसे 'कोई जानकारी नहीं है'.

    हमास ने कहा कि वह युद्धविराम के लिए प्रतिबद्ध है. उसने इसराइल पर उल्लंघन का आरोप लगाते हुए कहा कि ये हमले "स्थिति को पूरी तरह से बिगाड़ सकते हैं".

    रविवार शाम को इसराइली सेना ने कहा कि उसने पूरे ग़ज़ा में हमास के ठिकानों पर हमला किया. अस्पताल के सूत्रों ने कहा कि इसमें 44 लोगों की मौत हुई है.

  2. हांगकांग: रनवे से फिसलकर विमान समुद्र में गिरा, दो लोगों की मौत

    समुद्र में गिरा विमान

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, विमान में मौजूद चारों क्रू मेंबर ज़िंदा बच गए हैं

    हांगकांग इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक कार्गो विमान रनवे से फिसलकर समुद्र में जा गिरा. इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है.

    स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, मरने वाले दो लोग ज़मीन पर काम करने वाले स्टाफ़ थे. विमान के उनके वाहन से टकराने के बाद, वाहन समुद्र में जा गिरा था. विमान भी फिसलकर समुद्र में गिर गया.

    विमान में मौजूद चारों क्रू मेंबर जीवित बच गए हैं, उन्हें अस्पताल ले जाया गया है.

    यह हादसा स्थानीय समयानुसार सोमवार सुबह 3:40 बजे हुआ. एमिरेट्स की फ़्लाइट ईके9788 दुबई से हांगकांग आ रही थी. यह विमान तुर्की की कार्गो एयरलाइन एयर एसीटी का बोइंग 747-481 विमान है.

    इस हादसे को लेकर एयरपोर्ट अथॉरिटी सोमवार सुबह 10:00 बजे (स्थानीय समयानुसार) प्रेस कॉन्फ़्रेंस करने वाला है.

  3. दिवाली पर प्रधानमंत्री मोदी समेत दुनियाभर के नेताओं ने दीं शुभकामनाएं

    नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, Kin Cheung - WPA Pool/Getty

    इमेज कैप्शन, पीएम मोदी ने सभी से भारतीय उत्पाद ख़रीदने की अपील की (फ़ाइल फ़ोटो)

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी देशवासियों को दिवाली की शुभकामनाएं दी हैं. उन्होंने सभी के जीवन में सुख-समृद्धि की कामना की.

    पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, "सभी देशवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं. प्रकाश का यह पावन पर्व हर किसी के जीवन को सुख-समृद्धि और सौहार्द से आलोकित करे, यही कामना है."

    इससे पहले पीएम मोदी ने रविवार को अपील करते हुए कहा कि सभी लोग 'भारतीय उत्पाद ख़रीदें' और दूसरों को भी ऐसा करने के लिए 'प्रेरित करें'.

    आज (20 अक्तूबर) भारत समेत दुनियाभर में दिवाली का त्योहार मनाया जा रहा है. इस मौक़े पर दुनियाभर के नेता दिवाली की शुभकामनाएं दे रहे हैं.

    श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी एल्बनीज़, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के शासक शेख़ मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने भी दिवाली की शुभकामनाएं दी हैं.

    संबंधित कहानियां:

  4. नमस्कार!

    बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.