आईसीसी महिला वर्ल्ड कप: भारत को 4 रन से हराकर इंग्लैंड सेमीफाइनल में

इमेज स्रोत, Getty Images
आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 का 20वां मैच भारत और इंग्लैंड के बीच इंदौर के होल्कर क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया, जिसे इंग्लैंड ने चार रनों से जीत लिया है.
एक समय ऐसा लग रहा था कि भारत यह मैच आसानी से जीत लेगा, लेकिन स्मृति मंधाना के आउट होते ही पारी की रफ़्तार धीमी पड़ गई.
इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 50 ओवरों में 8 विकेट के नुक़सान पर 288 रनों का स्कोर भारत के सामने रखा था.
289 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए, भारतीय टीम की शुरुआत में जल्दी विकेट गिरे, लेकिन सलामी बल्लेबाज़ स्मृति मंधाना और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पारी को संभाला.
इंग्लैंड की कप्तान हीथर नाइट ने शानदार शतक जड़ते हुए 91 गेंदों पर 109 रन बनाए, जबकि एमी जोन्स ने 56 रन का योगदान दिया.
भारतीय गेंदबाजों में, दीप्ति शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट लिए, जबकि श्री चरणी ने 2 विकेट चटकाए.
हरमनप्रीत कौर 70 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि स्मृति मंधाना ने बेहतरीन बल्लेबाज़ी करते हुए 88 रन बनाए.
गेंदबाज़ी में कमाल करने वालीं दीप्ति शर्मा ने बल्लेबाज़ी में भी अपना बेहतरीन प्रदर्शन दिखाया. उन्होंने 57 गेंदों पर 50 रन बनाए.



















