You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

भारतीय सेना ने कहा- जम्मू-कश्मीर के सांबा में दिखे संदिग्ध ड्रोन

भारतीय सेना ने सोमवार को कहा है कि जम्मू-कश्मीर के सांबा क्षेत्र में कुछ संदिग्ध ड्रोन देखे गए हैं.

सारांश

लाइव कवरेज

कीर्ति रावत और सुरभि गुप्ता

  1. इसराइली-अमेरिकी बंधक एडन अलेक्ज़ेंडर को रिहा करेगा हमास

    हमास ने कहा है कि वो इसराइली-अमेरिकी बंधक एडन अलेक्ज़ेंडर को रिहा करेगा. एडन अलेक्ज़ेंडर ग़ज़ा में ज़िंदा बचे आख़िरी अमेरिकी नागरिक हैं जिन्हें हमास ने बंधक बनाया है.

    ये क़दम हमास युद्धविराम के समझौते की कोशिशों के तहत उठा रहा है.

    हमास का ये फ़ैसला उस समय आया है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप मंगलवार को मध्य पूर्व के दौरे पर जाने वाले हैं.

    हमास का कहना है कि इससे ग़ज़ा के लोगों तक मानवीय मदद पहुंचाने में मदद मिलेगी.

    पिछले 70 दिनों से इसराइल ने ग़ज़ा के लिए मानवीय मदद को रोक कर रखा है.

    इससे पहले हमास के एक सीनियर अधिकारी ने बीबीसी को बताया था कि फ़लस्तीनी सैन्य समूह क़तर में अमेरिकी प्रशासन के एक अधिकारी के साथ सीधी बातचीत कर रहे हैं.

    वहीं इसराइल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि अमेरिका ने उन्हें एडन अलेक्ज़ेंडर की रिहाई की जानकारी पहले ही दे दी थी.

    राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर एडन अलेक्ज़ेंडर की रिहाई की पुष्टि की.

    एडन अलेक्ज़ेंडर का जन्म इसराइल के तेल अवीव में हुआ था, लेकिन उनकी परवरिश अमेरिका के न्यू जर्सी में हुई थी.

    21 साल के अलेक्ज़ेंडर एक विशेष सैन्य यूनिट में ग़ज़ा सीमा पर काम कर रहे थे, तब 7 अक्टूबर को हमास ने उन्हें पकड़ लिया था.

  2. पोप लियो ने अपने पहले संबोधन में 'और युद्ध न करने' की अपील की

    कैथोलिक ईसाइयों के सबसे बड़े धर्मगुरु पोप लियो ने रविवार को वेटिकन सिटी से पहली बार लोगों को संबोधित किया.

    अपने पहले संबोधन में उन्होंने दुनिया के ताकतवर देशों से ‘और युद्ध न करने’ की अपील की.

    दुनिया में चल रहे संघर्षों पर बात करते हुए पोप लियो ने यूक्रेन में शांति, ग़ज़ा में युद्धविराम की बात की. इसी के साथ उन्होंने भारत -पाकिस्तान के बीच हुए संघर्षविराम का भी स्वागत किया.

    उन्होंने कहा कि उन्हें ग़ज़ा में हो रही घटनाओं से गहरा दुख पहुंचा है.

    पोप लियो ने भारत-पाकिस्तान के बीच स्थायी समझौते की उम्मीद जताई और यूक्रेन के लिए एक "सच्ची, वास्तविक और टिकाऊ शांति" की कामना की.

    पोप लियो को पोप फ़्रांसिस के निधन के बाद कैथोलिक चर्च का नया पोप चुना गया है.

    उन्होंने रविवार को अपने भाषण में पोप फ़्रांसिस की तरह ही शांति की अपील की और कहा, "दुनिया के सभी ताकतवर लोग सुनें, अब और युद्ध नहीं."

    "दूसरे विश्व युद्ध को ख़त्म हुए 80 साल हो गए, लेकिन अब हम दुनिया के छोटे-छोटे हिस्सों में तीसरे विश्व युद्ध की त्रासदी का सामना कर रहे हैं."

  3. छत्तीसगढ़ में रायपुर के पास सड़क हादसे में 13 की मौत, आलोक पुतुल, रायपुर से, बीबीसी हिंदी के लिए

    छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से लगभग 30 किलोमीटर दूर बंगोली में एक सड़क दुर्घटना में 13 लोगों की मौत हो गई.

    यह दुर्घटना रविवार देर रात हुई. दुर्घटना में मरने वाले सभी लोग, एक बच्चे के जन्म के बाद आयोजित छठी उत्सव से लौट रहे थे.

    ज़िले के कलेक्टर गौरव सिंह ने बीबीसी को बताया, "खरोरा के बाना गांव में एक पारिवारिक कार्यक्रम से लोग लौट रहे थे. सभी मृतक एक माजदा गाड़ी में सवार थे, जो एक बड़े ट्रेलर गाड़ी से टकरा गई. अभी तक 13 लोगों की मौत की ख़बर है."

    इस दुर्घटना में एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रुप से घायल हुए हैं, जिन्हें रायपुर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

    पुलिस ने मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया है.

    पुलिस के मुताबिक, रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र के चटौद गांव से लगभग 50 लोग खरोरा थाना क्षेत्र के बाना गांव में एक पारिवारिक आयोजन में गए हुए थे.

    देर रात वापसी के दौरान यह हादसा हुआ. हादसा इतना भयावह था कि लोगों के शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए थे. हादसे के कारण रायपुर-खरोरा मार्ग काफ़ी देर तक बंद रहा.

  4. पाकिस्तान सेना ने माना उनके एक विमान को पहुँचा था 'मामूली नुकसान'

    पाकिस्तानी सेना ने रविवार की देर रात को प्रेस कॉन्फ़्रेंस की. इस प्रेस कॉन्फ़्रेंस में उन्होंने यह स्वीकार किया कि भारत-पाकिस्तान संघर्ष के दौरान उनके एक विमान को थोड़ा नुकसान पहुंचा है.

    हालांकि पाकिस्तानी सेना ने इस विमान के बारे में ज़्यादा जानकारी नहीं दी.

    भारत और पाकिस्तान ने शनिवार को आपसी सहमति से ज़मीन, हवा और समुद्र पर सभी तरह की फायरिंग और सैन्य कार्रवाई तुरंत रोकने का फै़सला लिया था.

    उन्होंने बताया कि पाकिस्तान का सिर्फ़ एक विमान थोड़ा-बहुत क्षतिग्रस्त हुआ है. प्रवक्ता ने इससे अधिक कोई जानकारी नहीं दी.

    एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की हिरासत में कोई भी भारतीय पायलट नहीं है और इस तरह की सभी ख़बरें 'फ़ेक सोशल मीडिया रिपोर्ट्स' पर आधारित हैं.

  5. ज़ेलेंस्की ने कहा पुतिन से सीधी बातचीत के लिए तैयार, तुर्की में करेंगे इंतज़ार

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जे़लेंस्की ने कहा है कि वह गुरुवार को तुर्की के इस्तांबुल में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से 'व्यक्तिगत रूप से' बातचीत करने के लिए तैयार हैं ताकि युद्ध को खत्म करने की बातचीत हो सके.

    यह बयान उन्होंने एक्स पर तब दिया जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन से तुर्की में रूस के साथ सीधी बातचीत के प्रस्ताव को स्वीकार करने की मांग की.

    जे़लेंस्की ने एक्स पर लिखा, "अब और जानें गंवाने का कोई मतलब नहीं है. मैं गुरुवार को पुतिन का तुर्की में इंतजार करूंगा, खुद."

    जे़लेंस्की पहले ही साफ कर चुके हैं कि यूक्रेन रूस से बातचीत को तैयार है, लेकिन इसके लिए पहली शर्त है कि पहले सीज़फ़ायर लागू किया जाए.

    पुतिन की सीधी बातचीत की पेशकश ट्रंप के बयान के बाद सामने आई.

    ट्रंप ने रविवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था कि यूक्रेन को यह प्रस्ताव तुरंत स्वीकार कर लेना चाहिए, ताकि यह साफ हो सके कि शांति समझौते की कोई संभावना है या नहीं.

    उन्होंने लिखा था, "कम से कम यह तो पता चलेगा कि कोई समझौता हो सकता है या नहीं. अगर नहीं हो सकता, तो अमेरिका और यूरोपीय देश जान सकेंगे कि अब उन्हें क्या करना चाहिए. अभी बातचीत करो."

    शनिवार रात रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने यूक्रेन को "गंभीर बातचीत" का न्योता दिया था.

    रूस-यूक्रेन युद्ध साल 2022 में तब शुरू हुआ था जब रूस ने यूक्रेन पर हमला किया था.

  6. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता कीर्ति रावत अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगी.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें. कल की कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.