ईरान-इसराइल संघर्ष के बीच संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की इमरजेंसी बैठक बुलाई गई

न्यूयॉर्क में शनिवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की इमरजेंसी बैठक बुलाई गई है. ये बैठक बहरीन, कोलंबिया, चीन, रूस और फ़्रांस की अपील पर बुलाई गई है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह, सुरभि गुप्ता

  1. इसराइली हमलों के बीच पाकिस्तान समेत इन देशों ने ईरान के लिए जारी की एडवाइज़री

    ईरान में इसराइली हमले

    इमेज स्रोत, Fars/BBC Persian

    इमेज कैप्शन, ईरान में कई जगह धमाके की आवाज़ें आई हैं

    पाकिस्तान ने एक एडवाइज़री जारी कर अपने नागरिकों को ईरान न जाने की सलाह दी है. इसके साथ ही ईरान में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों को भी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

    पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने अपनी एडवाइज़री में कहा, "बचाव और सुरक्षा के लिए पाकिस्तान के नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे अपनी ग़ैर-ज़रूरी यात्राओं के लिए ईरान जाने से परहेज़ करें."

    "ईरान में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों को सावधानी बरतने, सजग रहने, ग़ैर-ज़रूरी यात्राओं को कम से कम करने और पाकिस्तानी मिशन से निरंतर संपर्क में रहने की सलाह दी जाती है."

    पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने यह एडवाइज़री ऐसे वक्त पर जारी की है जब कुछ ही देर पहले ईरान में इसराइली हमलों की पुष्टि हुई.

    बीबीसी फ़ारसी सेवा के मुताबिक़, इससे पहले कनाडा ने अपने नागरिकों को तुरंत ईरान छोड़ने को कहा और इसराइल के तेल अवीव स्थित अपने मिशन से कुछ कर्मचारियों को वापस देश बुलाया.

    बेल्जियम ने भी अपने नागरिकों से इसराइल और लेबनान की यात्रा न करने की सलाह दी है.

  2. यूथ कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब को एआई समिट में प्रदर्शन मामले में मिली ज़मानत

    उदय भानु चिब

    इमेज स्रोत, X/@IYC

    इमेज कैप्शन, उदय भानु चिब को पुलिस हिरासत के चार दिन पूरे होने के बाद जज के सामने पेश किया गया था (फ़ाइल फ़ोटो)

    यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब को भारत मंडपम में आयोजित 'एआई इम्पैक्ट समिट' में विरोध प्रदर्शन के मामले में शुक्रवार देर रात ज़मानत मिल गई.

    दिल्ली पुलिस ने यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के टी-शर्ट उतारकर प्रदर्शन करने के आरोप में अध्यक्ष उदय भानु चिब को गिरफ़्तार किया था. यह प्रदर्शन 20 फ़रवरी को हुआ था.

    औपचारिक तौर पर गिरफ़्तारी से पहले चिब से इस प्रदर्शन के सिलसिले में पूछताछ की गई थी.

    उन्हें ज़मानत मिलने पर यूथ कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, "आधी रात में पुलिस ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट के सामने अध्यक्ष उदय भानु चिब की सात दिनों की पुलिस रिमांड बढ़ाने की अर्ज़ी दी, जिसे न्यायपालिका ने नकारते हुए उन्हें ज़मानत पर रिहा करने का फ़ैसला सुनाया."

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट की ड्यूटी मजिस्ट्रेट वंशिका मेहता ने आधी रात को अपने आवास पर सुनवाई के बाद 50 हज़ार रुपये के ज़मानती बॉन्ड और अन्य शर्तों पर उदय भानु चिब को ज़मानत दी.

    चिब को पुलिस हिरासत के चार दिन पूरे होने के बाद रात करीब 12.30 बजे जज के सामने पेश किया गया था.

  3. पाकिस्तान ने अफ़ग़ानिस्तान में '37 जगहों' पर हवाई हमले करने का किया दावा

    अफ़ग़ान तालिबान के लड़ाके

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अफ़ग़ान तालिबान ने शुक्रवार शाम पाकिस्तान पर हमले की पुष्टि की (सांकेतिक तस्वीर)

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तारड़ ने दावा किया है कि पाकिस्तानी सेना ने अपने अभियान के तहत अब तक अफ़ग़ान तालिबान को भारी नुक़सान पहुंचाया है.

    उन्होंने दावा किया कि 28 फ़रवरी की सुबह तक अफ़ग़ान तालिबान के 331 सदस्यों की मौत हुई है और 500 से अधिक लोग घायल हुए हैं.

    इसके अलावा उन्होंने अफ़ग़ान तालिबान बलों की 104 चौकियों को नष्ट करने और 22 पर क़ब्ज़ा करने का दावा किया है.

    अताउल्लाह तारड़ ने कहा कि पाकिस्तानी सेना ने अफ़ग़ानिस्तान में 37 जगहों पर हवाई हमला किया है. उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी सेना का अभियान अब भी जारी है.

    वहीं, अफ़ग़ानिस्तान की तालिबान सरकार की ओर से शनिवार को हमलों को लेकर कोई अपडेट नहीं आया है.

    इससे पहले, तालिबान सरकार के अधिकारियों ने बीबीसी से पुष्टि की कि शुक्रवार शाम (27 फ़रवरी) पाकिस्तानी पक्ष पर हमले फिर से शुरू किए गए.

    बीबीसी पश्तो के मुताबिक़, अफ़ग़ानिस्तान में तालिबान सरकार के एक प्रवक्ता अब्दुल हक़ फ़िदा ने बताया कि "रमज़ान की छुट्टियों के बाद खोस्त में अभियान फिर से शुरू हो गए हैं और लड़ाई जारी है."

  4. अरविंद केजरीवाल के कोर्ट से डिस्चार्ज होने पर किरेन रिजिजू क्या बोले

    किरेन रिजिजू

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, किरेन रिजिजू ने पीएम मोदी पर केजरीवाल की टिप्पणियों पर भी प्रतिक्रिया दी है (फ़ाइल फ़ोटो)

    दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को दिल्ली की राउज़ एवेन्यू कोर्ट ने शुक्रवार को डिस्चार्ज कर दिया.

    इसके बाद केजरीवाल ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की निंदा की और केंद्रीय एजेंसियों के 'दुरुपयोग' का आरोप लगाया.

    उन्होंने यह भी आरोप लगाया, "प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह ने मिलकर आम आदमी पार्टी को ख़त्म करने की साज़िश रची."

    कोर्ट के आदेश पर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने शनिवार को प्रतिक्रिया दी.

    किरेन रिजिजू ने कहा, "यह तो प्रक्रिया है. जब किसी भी कोर्ट का कोई भी आदेश होता है, अगर वह ग़लत होता है तो उसे बड़ी अदालत या बेंच में सही किया जाता है."

    उन्होंने पीएम मोदी पर केजरीवाल की टिप्पणियों पर भी प्रतिक्रिया दी है.

    रिजिजू ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी जी को गाली देकर वह (केजरीवाल) न्यूज़ में रहना चाहते हैं."

  5. ट्रंप अमेरिकी सेना से जुड़ी एआई डेवलपर कंपनी को लेकर लेंगे यह बड़ा फ़ैसला, केली हेज़ और लिली जमाली

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, एंथ्रोपिक का व्हाइट हाउस के साथ विवाद चल रहा है

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को कहा कि वह सभी संघीय एजेंसियों को तुरंत एआई डेवलपर एंथ्रोपिक की तकनीक का इस्तेमाल बंद करने का निर्देश देंगे.

    ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, "हमें इनकी ज़रूरत नहीं है, हम इनके साथ काम नहीं करना चाहते और हम इनके साथ फिर से काम नहीं करेंगे."

    एंथ्रोपिक का व्हाइट हाउस के साथ विवाद चल रहा है. कंपनी ने अमेरिकी सेना को अपने एआई टूल्स तक बिना किसी रोक-टोक के पहुंच देने की मांग को मानने से इनकार कर दिया था.

    इसके बाद अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा कि उन्होंने एंथ्रोपिक को "सप्लाई चेन के लिए जोखिम" माना है.

    यह दर्जा मिलने पर एंथ्रोपिक ऐसी पहली अमेरिकी कंपनी बन जाएगी, जिसे सार्वजनिक रूप से इस तरह का लेबल दिया जाएगा.

    कंपनी ने शुक्रवार रात कहा कि वह "किसी भी 'सप्लाई चेन रिस्क' के दर्जे को अदालत में चुनौती देगी."

  6. पूर्व उप-राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ उज्जैन पहुंचे, अब क्या कहा

    जगदीप धनखड़

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, पिछले साल जुलाई में जगदीप धनखड़ ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए उप-राष्ट्रपति पद से इस्तीफ़ा दे दिया था (फ़ाइल फ़ोटो)

    पूर्व उप-राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने शनिवार को उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन किए और भस्म आरती में शामिल हुए.

    समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए उन्होंने कहा कि हर किसी को 'अहं, अहंकार, ईर्ष्या, दुर्भावना और प्रतिकार की भावना' से ऊपर उठना चाहिए.

    इससे पहले पूर्व उप-राष्ट्रपति धनखड़ ने गुरुवार को अपने इस्तीफ़े के कारणों पर बयान दिया था.

    उन्होंने कहा था, "मैंने जब कहा कि मैं पद त्याग रहा हूं तो मैंने कभी यह नहीं कहा कि मैं बीमार हूं. मैंने कहा मैं स्वास्थ्य को अहमियत दे रहा हूं."

    पिछले साल जुलाई में जगदीप धनखड़ ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए उप-राष्ट्रपति पद से इस्तीफ़ा दे दिया था.

  7. एपस्टीन फ़ाइल्स: हिलेरी क्लिंटन के बाद बिल क्लिंटन की गवाही, पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति ने क्या बताया, एना फैगाय, नादा तौफ़िक और कै पिग्लियुची

    बिल क्लिंटन

    इमेज स्रोत, Alex Kent/Getty

    इमेज कैप्शन, बिल क्लिंटन से पहले उनकी पत्नी और अमेरिका की पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने भी गवाही दी है (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन ने कांग्रेस (अमेरिकी संसद) की एक समिति से कहा कि एपस्टीन से जुड़े मामले में उन्होंने "कुछ नहीं देखा" और "कुछ भी ग़लत नहीं किया."

    न्यूयॉर्क में बंद कमरे में पूरे दिन चली इस सुनवाई में पूर्व राष्ट्रपति से फ़ाइनेंसर जेफ़री एपस्टीन से जुड़ी हाल में जारी फ़ाइलों में उनके नाम आने को लेकर सवाल किए गए.

    इनमें एक तस्वीर भी शामिल है, जिसमें बिल क्लिंटन एक अज्ञात व्यक्ति के साथ हॉट टब में दिखाई दे रहे हैं.

    उनकी गवाही ऐसे समय आई जब एक दिन पहले उनकी पत्नी और अमेरिका की पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने समिति से कहा था कि उन्हें भी एपस्टीन के अपराधों की "कोई जानकारी नहीं थी."

    इन फ़ाइलों में नाम आने का मतलब ग़लत काम में शामिल होना नहीं है और एपस्टीन मामले में अब तक सामने आए पीड़ितों में से किसी ने भी क्लिंटन दंपती पर किसी प्रकार के दुराचार का आरोप नहीं लगाया है.

    बिल क्लिंटन ने कहा कि अगर उन्हें "ज़रा भी अंदेशा" होता कि एपस्टीन क्या कर रहा है, तो वह उससे संबंध तोड़ लेते और उसके विमान में कभी यात्रा नहीं करते.

    उन्होंने अपने ओपनिंग स्टेटमेंट में कहा, "मैं ख़ुद उसे अधिकारियों के हवाले कर देता."

  8. बोलीविया में सेना का कार्गो विमान क्रैश, कम से कम 11 की मौत, जारोस्लाव लुकीव, बीबीसी न्यूज़

    एल आल्टो एयरपोर्ट

    इमेज स्रोत, Bloomberg via Getty Images

    इमेज कैप्शन, हादसे के बाद एयरपोर्ट को बंद कर दिया गया है

    मीडिया रिपोर्ट्स में दमकल अधिकारियों के हवाले से बताया जा रहा है कि बोलीविया के दूसरे सबसे बड़े शहर एल आल्टो में एक सैन्य कार्गो विमान क्रैश हो गया है.

    इस हादसे में कम से कम 11 लोगों की मौत हुई है.

    बोलीविया के एयर ट्रैफ़िक कंट्रोल अथॉरिटी ने कहा कि यह घटना शुक्रवार को स्थानीय समयानुसार शाम 06:20 बजे घटी, जब विमान सांता क्रूज़ शहर से यात्रा कर एल आल्टो अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतर रहा था.

    हादसे के बाद एयरपोर्ट को बंद कर दिया गया है और घटना की जांच शुरू कर दी गई है.

    बताया जा रहा है कि विमान रनवे से फिसलकर पास के एक हाईवे पर पहुंच गया और वहां मौजूद वाहनों से टकरा गया.

  9. परमाणु कार्यक्रम पर बातचीत के बाद ट्रंप ईरान से 'नाख़ुश', बताई वजह, माया डेविस, बीबीसी न्यूज़

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Celal Gunes/Anadolu via Getty

    इमेज कैप्शन, पिछले हफ़्ते अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा था कि दुनिया को 10 दिनों में पता चल जाएगा कि ईरान समझौते पर राज़ी होगा या कुछ 'बुरी चीज़ें' होंगी

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर अमेरिका के साथ हुई हालिया बातचीत के बाद वह ईरान से ख़ुश नहीं हैं.

    हालांकि, उन्होंने कहा है कि उन्होंने अभी यह फ़ैसला नहीं किया है कि वह ईरान पर हमला करेंगे या नहीं.

    ट्रंप ने कहा, "मुझे यह बात पसंद नहीं आई कि वे हमें वह देने के लिए तैयार नहीं हैं जो हमें चाहिए. इसलिए मैं ख़ुश नहीं हूं."

    अमेरिकी राष्ट्रपति ने अमेरिका और ईरान के बीच जिनेवा में हुई बातचीत पर यह पहली टिप्पणी की है. गुरुवार को हुई यह बातचीत बिना किसी समझौते के समाप्त हो गई.

    अमेरिकी राष्ट्रपति ने ज़ोर देकर कहा कि वह ईरान के ख़िलाफ़ सैन्य बल का इस्तेमाल नहीं करना चाहते, लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि कभी-कभी "आपको करना पड़ता है."

    ईरान पर संभावित अमेरिकी हमलों की आशंका को लेकर शुक्रवार को कई देशों ने क्षेत्र में मौजूद अपने नागरिकों के लिए चेतावनी जारी की.

    ब्रिटेन ने तेहरान स्थित अपने दूतावास से अस्थायी रूप से कर्मचारियों को हटा लिया और अपनी ट्रैवल एडवाइज़री जारी की. चीन, भारत और कनाडा सहित कई देशों ने संभावित संघर्ष को देखते हुए अपने नागरिकों से जल्द से जल्द ईरान छोड़ने की अपील की है.

    जर्मनी और फ़्रांस ने इसराइल की यात्रा को लेकर एडवाइज़री जारी की. इस बीच, अमेरिका ने ईरान में मौजूद अपने नागरिकों से "तुरंत" देश छोड़ने को कहा.

  10. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.