भारत -इंग्लैंड टेस्ट : इंग्लैंड ने भारत को पांच विकेट से हराया, स़िरीज में 1-0 से आगे

बेन डकेट के शतक और जैक क्रावले तथा जो रूट के अर्द्धशतकों की मदद से इंग्लैंड ने भारत को पहले टेस्ट मैच के पांचवें दिन पांच विकेट से हराया.

सारांश

लाइव कवरेज

आनंद मणि त्रिपाठी और इफ़्तेख़ार अली

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, इसराइल ने अमेरिका के युद्ध विराम प्रस्ताव पर दी सहमति

    ईरानी बैलिस्टिक मिसाइल

    इमेज स्रोत, MICHAEL GILADI/Middle East Images/AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, गोलान हाइट्स में क़त्ज़रीन के बाहरी इलाके़ में ज़मीन पर पड़े ईरानी बैलिस्टिक मिसाइल के अवशेषों की जाँच करते इसराइली सैनिक

    इसराइली सरकार ने कहा है कि वह डोनाल्ड ट्रंप के युद्ध विराम प्रस्ताव पर सहमत हो गई है. एक बयान में इसराइली सरकार ने कहा है, "इसराइल युद्ध विराम के किसी भी उल्लंघन का पुरज़ोर जवाब देगा."

    इससे पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में इसराइल और ईरान के बीच युद्ध विराम की घोषणा की थी.

    एक अन्य पोस्ट में ट्रंप ने कहा है, "युद्ध विराम अब शुरू हो गया है. कृपया इसका उल्लंघन न करें!"

    ट्रंप की घोषणा के बाद ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची का बयान आया था.

    अराग़ची ने कहा, "अभी तक किसी भी तरह का 'संघर्ष विराम' या सैन्य कार्रवाई रोकने पर कोई समझौता नहीं हुआ है. लेकिन अगर इसराइली हुकूमत ईरानी समय के मुताबिक़ सुबह 4 बजे तक ईरान के ख़िलाफ़ अपनी ग़ैरक़ानूनी जंग रोक देती है, तो हमारा जवाबी हमला जारी रखने का कोई इरादा नहीं है."

    ईरान के सरकारी मीडिया का कहना है कि युद्ध विराम शुरू होने से पहले 'मिसाइलों का आख़िरी दौर' दागा गया.

    इसराइली एम्बुलेंस सेवा मैगन डेविड एडोम ने जानकारी दी है कि इस हमले में चार लोगों की मौत के अलावा 22 लोग घायल हुए है.

  2. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा शुरू हुआ इसराइल और ईरान के बीच युद्धविराम

    ईरानी हमलों के बाद सक्रिय आपातकालीन कर्मचारी

    इमेज स्रोत, MDA

    इमेज कैप्शन, युद्धविराम लागू होने से पहले ईरान ने इसराइल पर कई मिसाइलें दागी

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में कहा है, "युद्धविराम अब शुरू हो गया है. कृपया इसका उल्लंघन न करें!"

    इससे पहले ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में इसराइल और ईरान के बीच युद्धविराम की घोषणा की थी.

    बीती रात इसराइल ने तेहरान पर कई मिसाइल हमले किए. इसके बाद मंगलवार सुबह ईरान ने भी इसराइल पर मिसाइल दागे. ईरान के हमले में चार लोगों की मौत हुई.

    ईरान के सरकारी मीडिया का कहना है कि युद्धविराम शुरू होने से पहले 'मिसाइलों का आखिरी दौर' दागा गया.

    इसराइली एम्बुलेंस सेवा मैगन डेविड एडोम ने जानकारी दी है कि चार लोगों की मौत के अलावा 22 लोग घायल हुए.

  3. भारत के पूर्व स्पिनर दिलीप दोशी का निधन

    दिलीप दोशी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    भारत के पूर्व स्पिनर दिलीप दोशी का 77 साल की आयु में निधन हो गया. उन्होंने 23 जून को लंदन में आखिरी सांस ली. वह करीब एक दशक से भी अधिक समय से वहां रह रहे थे.

    दिलीप दोशी ने 32 साल की उम्र में टेस्ट क्रिकेट में कदम रखा और चार साल के करियर में ही दोषी ने 100 से अधिक विकेट हासिल किए.

    उन्होंने अपने करियर में 33 टेस्ट मैच और 15 वन डे मैच खिले. टेस्ट मैच में वह छह बार पांच-पांच विकेट लेने में कामयाब रहे.

    भारत की अंतरराष्ट्रीय टीम का 1979 से 1983 के बीच हिस्सा रहे दिलीप दोशी ने अचानक क्रिकेट से दूरी बना ली.

    बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज दिलीप दोशी ने अपने करियर पर 'स्पिन पंच' नाम से एक आत्मकथा भी लिखी है.

  4. इसराइल ने कहा, 'ईरान के मिसाइल हमलों में तीन लोगों की मौत'

    टूटी इमारतों के बीच एक शख्स

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, ईरानी हमले के बाद बेर्शेबा शहर में तबाही

    इसराइल की फ़ायर और रेस्क्यू सर्विस ने बताया है कि ईरान के ताज़ा मिसाइल हमलों में देश के दक्षिणी हिस्से में तीन लोगों की मौत हो गई है.

    इसराइल की आपातकालीन सेवा मैगन डेविड एडोम ने घटनास्थल का विवरण देते हुए कहा, "हमने प्रभावित जगह से घना धुंआ उठते हुए देखा और हम जब हम नज़दीक पहुंचे तो पाया कि वहां कई इमारतों को नुक़सान पहुंचा था."

    "एक इमारत के गेट पर एक बेहोश आदमी को पड़ा देखा. इसके बाद जब इमारत की तलाशी ली गई तो अंदर एक पुरुष और एक महिला बेहोश मिले."

    उन्होंने बताया, "हमने घायलों के लिए एक मेडिकल सेंटर बनाया है और इमारतों से बाहर आने वाले लोगों की जांच कर रहे हैं."

    इसराइली सेना (आईडीएफ़) ने अपनी एक्स पोस्ट में कहा है, "ईरान की ओर से मिसाइल दागे जाने के कारण इसराइली शरण के लिए भाग रहे हैं. पिछले एक घंटे में यह तीसरी बार है, जब उन्हें कहीं ओर शरण लेनी पड़ी है."

    आईडीएफ़ का कहना है कि उनकी ओर से ईरानी मिसाइलों को इंटरसेप्ट किया जा रहा है लेकिन ईरान के मिसाइल हमले रुक नहीं रहे हैं.

    अमेरिका के राष्ट्रपति ने मंगलवार को इसराइल और ईरान के बीच सीज़फायर की घोषणा की थी. इसके बाद ईरान के विदेश मंत्री सईद अब्बास अराग़ची ने कहा है कि अगर इसराइल ने सैन्य अभियान बंद कर दिया, तो "हमारा भी किसी तरह की जवाबी कार्रवाई करने का कोई इरादा नहीं है."

    इसे लेकर फिलहाल इसराइल ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.

  5. ईरान से 292 भारतीय दिल्ली पहुंचे, विदेश मंत्रालय ने क्या बताया

    हाथ में तिरंगा लहराता एक व्यक्ति

    इमेज स्रोत, @MEAIndia

    इमेज कैप्शन, ईरान से भारतीयों का एक और जत्था मंगलवार को दिल्ली पहुंचा

    ईरान से सुरक्षित निकाले गए 292 भारतीयों को लेकर एक विमान मंगलवार को दिल्ली पहुंचा है.

    भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक्स पर इसकी जानकारी दी है.

    जायसवाल ने एक्स पर लिखा, “ईरान से 292 भारतीयों को लेकर एक विमान 24 जून को दिल्ली पहुंचा. इसके साथ ही अब तक 2295 भारतीयों को वहां से सुरक्षित निकाला गया है.”

    ईरान से भारतीयों की सुरक्षित वापसी के लिए भारत सरकार ने अपने अभियान को 'ऑपरेशन सिंधु' का नाम दिया है.

  6. डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, 'इसराइल और ईरान लगभग एक साथ मेरे पास आए और कहा, शांति!'

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इसराइल और ईरान के बीच सीज़फ़ायर को लेकर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ट्रुथ सोशल पर बयान जारी किया है.

    ट्रंप ने पोस्ट में कहा, "इसराइल और ईरान लगभग एक साथ मेरे पास आए और 'शांति' की अपील की. मुझे यह पता था कि अब शांति का समय आ गया है. दुनिया और मध्य पूर्व ही असली विजेता हैं!"

    उन्होंने लिखा है, "दोनों देश भविष्य में जबरदस्त प्रेम, शांति और समृद्धि देखेंगे. उन्हें बहुत कुछ हासिल करना है और अगर वे धर्म और सत्य के मार्ग से भटक गए तो उन्हें बहुत कुछ खोना पड़ेगा."

    ट्रंप ने लिखा है,"इसराइल और ईरान का भविष्य असीमित संभावानाओं से भरा हुआ है."

  7. इसराइली सेना ने कहा, 'ईरान ने इसराइल की ओर दागी कई मिसाइलें'

    मिसाइल हमला

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, ईरान से इसराइल की ओर दागी गई मिसाइल (फ़ाइल फोटो)

    इसराइली सेना (आईडीएफ़) ने अब से कुछ देर पहले एक्स पर जानकारी दी है कि ईरान की ओर मिसाइलें दागे जाने के बाद वो अलर्ट पर है.

    आईडीएफ़ ने एक बयान में कहा, "कुछ देर पहले हमने ईरान से इसराइल की ओर दागी गई मिसाइलों की पहचान की. ख़तरे को रोकने के लिए रक्षात्मक प्रणाली सक्रिय कर दी गई है."

    बयान में लोगों को निर्देश दिया गया है कि वे सुरक्षित स्थान पर चले जाएं और अगले आदेश तक वहीं रहें. यह ख़बर ऐसे वक़्त में आई है जब ट्रंप ने इसराइल और ईरान के बीच युद्धविराम की घोषणा की है.

    ट्रंप की घोषणा के बाद ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची का बयान आया था.

    अराग़ची ने बताया, "अभी तक किसी भी तरह का 'संघर्ष विराम' या सैन्य कार्रवाई रोकने पर कोई समझौता नहीं हुआ है. लेकिन अगर इसराइली हुकूमत ईरानी समय के मुताबिक़ सुबह 4 बजे तक ईरान के ख़िलाफ़ अपनी ग़ैरक़ानूनी जंग रोक देती है, तो हमारा जवाबी हमला जारी रखने का कोई इरादा नहीं है."

  8. तेहरान पर सुबह चार बजे तक जारी रहे इसराइली हमले, स्थानीय लोगों ने क्या बताया?, ग़ोंचेह हबीबियाज़ाद,बीबीसी संवाददाता

    ईरान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरान में शाहरान तेल डिपो पर इसराइली हमले के बाद आसमान में आग और धुआं उठता हुआ.(15 जून)

    ईरान की राजधानी तेहरान पर बीती रात इसराइल ने ज़ोरदार हमले किए हैं. तेहरान के एक निवासी ने कहा है कि शहर के लोगों एक और रात बिना नींद के गुज़ारी है.

    लोगों का कहना है कि उन्होंने रात भर ज़ोरदार विस्फोटों की आवाज़ें सुनीं. इससे पहले इसराइल ने शहर के अलग-अलग इलाकों को 'तुरंत' खाली करने के लिए तीन चेतावनियां जारी की थीं.

    ईरान में इंटरनेट सेवा अब भी बाधित है, जिससे स्थानीय लोगों को चेतावनियों की जानकारी हासिल करने में मुश्किल हो रही है.

    एक अन्य निवासी ने बीबीसी को बताया, "आख़िर हमें इतनी देर तक क्यों जागते रहना चाहिए, इतना तनाव क्यों सहना पड़े, सिर्फ यह देखने के लिए कि हमारे साथ क्या होने वाला है? मैं सदमे में हूं. अब मैं हर उस आवाज़ से डर जाता हूं जो मुझे सुनाई देती है."

    ईरान के सरकारी टीवी ने बताया है कि रिपोर्टों के मुताबिक देश के कुछ हिस्सों में आज रात, 13 जून के बाद सबसे तीव्र हवाई हमले हुए हैं.

    तेहरान के कुछ निवासियों ने बीबीसी को बताया कि सुबह क़रीब चार बजे से विस्फोटों की आवाज़ें बंद हो गई थीं.

    ईरान के विदेश मंत्री सईद अब्बास अराग़ची ने एक्स पर पोस्ट कर बताया कि इसराइली हमला रोकने की समय सीमा सुबह चार बजे तय की गई थी.

    उन्होंने सशस्त्र बलों का सुबह 4 बजे तक इसराइली आक्रमण का जवाब देने" के लिए धन्यवाद दिया.

  9. ट्रंप ने की इसराइल और ईरान के बीच सीज़फायर की घोषणा, ईरान ने दिया ये जवाब

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, THE WHITE HOUSE

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर इसराइल और ईरान के बीच 'पूर्ण' युद्धविराम की घोषणा की है.

    फ़िलहाल इस घोषणा पर इसराइल की कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन ईरानी विदेश मंत्री ने कहा है कि अगर इसराइल हमले रोकता है, तो वे भी जवाबी कार्रवाई बंद कर देंगे.

    अपने बयान में ट्रंप ने कहा कि अगले 24 घंटे में युद्ध आधिकारिक रूप से समाप्त हो जाएगा.

    ट्रंप ने पोस्ट में कहा, "यह एक ऐसा युद्ध है जो वर्षों तक चल सकता था और पूरे मध्य पूर्व को नष्ट कर सकता था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ और कभी नहीं होगा."

    अमेरिकी राष्ट्रपति ने इस इसराइल-ईरान संघर्ष को '12 दिवसीय युद्ध' कहा है.

    ईरान की प्रतिक्रिया

    ईरान के विदेश मंत्री सईद अब्बास अराग़ची ने कहा है कि अगर इसराइल ने सैन्य अभियान बंद कर दिया, तो "हमारा भी किसी तरह की जवाबी कार्रवाई करने का कोई इरादा नहीं है."

    सईद अब्बास अराग़ची ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि अगर इसराइल अब अपना 'अवैध आक्रमण' रोक देता है, तो ईरान की ओर से भी 'प्रतिक्रिया जारी रखने का कोई इरादा नहीं है.'

    उन्होंने कहा, "अभी तक किसी भी युद्धविराम या सैन्य अभियानों की समाप्ति पर कोई समझौता नहीं हुआ है. हालांकि, इसराइली शासन अगर ईरान के समयानुसार सुबह चार बजे से हमला रोक देता है, तो हमारी ओर से भी कोई जवाबी कार्रवाई नहीं होगी."

    अराग़ची ने कहा, "हमारे सैन्य अभियान को बंद करने पर अंतिम निर्णय बाद में लिया जाएगा."

    एक वरिष्ठ अमेरिकी प्रशासनिक अधिकारी ने बीबीसी के अमेरिकी समाचार सहयोगी सीबीएस को बताया कि इसराइल और ईरान दोनों ही युद्धविराम पर सहमत हो गए हैं.

    सीबीएस की रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप ने प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू से सीधी बातचीत की और इसराइल ने इस बात पर सहमति जताई कि जब तक ईरान कोई हमला नहीं करता है, वे युद्धविराम पर कायम रहेंगे.

    सीबीएस के मुताबिक, वरिष्ठ ईरानी अधिकारियों ने भी पुष्टि की है कि ईरान युद्धविराम पर सहमत हो गया है.

    वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी ने बताया कि अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, विदेश मंत्री मार्को रुबियो और विशेष दूत स्टीव विटकॉफ ने ईरानी अधिकारियों से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष दोनों माध्यमों से बातचीत की, जिसके बाद युद्धविराम संभव हो पाया.

    प्रतिनिधि सभा में रिपब्लिकन स्पीकर माइक जॉनसन ने ट्रंप की युद्धविराम घोषणा पर प्रतिक्रिया दी है. जॉनसन ने एक्स पर लिखा, "शक्ति के माध्यम से शांति."

  10. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता आनंद मणि त्रिपाठी अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    बीबीसी हिंदी की कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर भी क्लिक कर सकते हैं.