भारत -इंग्लैंड टेस्ट : इंग्लैंड ने भारत को पांच विकेट से हराया, स़िरीज में 1-0 से आगे

बेन डकेट के शतक और जैक क्रावले तथा जो रूट के अर्द्धशतकों की मदद से इंग्लैंड ने भारत को पहले टेस्ट मैच के पांचवें दिन पांच विकेट से हराया.

सारांश

लाइव कवरेज

आनंद मणि त्रिपाठी और इफ़्तेख़ार अली

  1. भारत -इंग्लैंड टेस्ट : इंग्लैंड ने भारत को पांच विकेट से हराया, स़िरीज में 1-0 से हराया

    जो रूट

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, जो रूट ने पहले स्टोक्स के साथ 49 रन जोड़े और फिर स्मिथ के साथ 71 रनों की साझेदारी कर टीम को जीत दिलाई.

    इंग्लैंड ने भारत के साथ पांच मैचों की टेस्ट सिरीज़ का पहला मैच जीत लिया है.

    इंग्लैंड ने भारत को पांच विकेट से हरा दिया है.

    बेन डकेट के शतक और जैक क्रावले और जो रूट के अर्द्धशतकों की मदद से इंग्लैंड ने भारत को पहले टेस्ट मैच के पांचवें दिन पांच विकेट से हराया.

    इंग्लैंड ने इस तरह पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है.

    इंग्लैंड को आख़िरी दिन जीत के लिए 350 रनों की जरूरत थी.

    बेन डकेट ने इंग्लैंड के लिए 149 रनों की पारी खेली और इंग्लैंड की जीत की बुनियाद रखी.

    उन्होंने पहले विकेट के लिए जैक क्रॉली के साथ मिलकर 188 रनों की साझेदारी की.

    फिर रूट के साथ तीसरे विकेट के लिए 47 रन जोड़े.

    जो रूट ने पहले स्टोक्स के साथ 49 रन जोड़े और फिर स्मिथ के साथ 71 रनों की साझेदारी कर टीम को जीत दिलाई.

    भारत के लिए शार्दुल ठाकुर और प्रसिद्ध कृष्णा ने 2-2 विकेट झटके.

    इस मुकाबले में भारतीय टीम ने पहली पारी में 471 रन बनाए थे. जवाब में इंग्लैंड ने 465 रन बनाए. भारतीय टीम दूसरी पारी में 364 रन बनाने में सफल रही थी.

    भारत के लिए पहली पारी में यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल और ऋषभ पंत ने शतक जड़े. जबकि दूसरी पारी में केएल राहुल और ऋषभ पंत ने शतक जड़ा था.

    बुमराह ने पहली पारी में इंग्लैंड के पांच बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई थी.

  2. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली को दीजिए इजाज़त.

    कल हम बीबीसी लाइव पेज के ज़रिए दिन भर की बड़ी ख़बरों को लेकर फिर हाज़िर होंगे.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  3. ईरान और इसराइल के बीच युद्ध विराम पर भारत ने क्या कहा?

    भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, EPA-EFE/REX/Shutterstock

    इमेज कैप्शन, भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारत ने ईरान और इसराइल के बीच मंगलवार सुबह से शुरू हो चुके युद्ध विराम का स्वागत किया है.

    विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर कहा, "क्षेत्र में टिकाऊ सुरक्षा और स्थिरता की संभावनाओं को लेकर हम गहरी चिंता में हैं, लेकिन ईरान और इसराइल के बीच युद्धविराम की ख़बरों और इसे संभव बनाने में अमेरिका और क़तर की निभाई गई भूमिका का स्वागत करते हैं."

    विदेश मंत्रालय ने कहा, "हम दोहराना चाहते हैं कि क्षेत्र में अनेक संघर्षों को सुलझाने और उनका समाधान निकालने के लिए संवाद और कूटनीति के अलावा कोई विकल्प नहीं है."

    बयान में आगे कहा गया, "भारत इन प्रयासों में अपनी भूमिका निभाने को तैयार है और आशा करता है कि सभी संबंधित पक्ष लंबे समय के लिए शांति और स्थिरता की दिशा में काम करेंगे."

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान और इसराइल के बीच युद्ध विराम की घोषणा की थी, जो दोनों देशों के बीच मंगलवार सुबह से लागू हो चुका है.

  4. राजस्थान: एड शूट करने उदयपुर आई फ्रांस की युवती से रेप, अभियुक्त फ़रार, मोहर सिंह मीणा, बीबीसी हिंदी के लिए

    राजस्थान में फ़्रांस की युवती से रेप की घटना

    इमेज स्रोत, Mohar Singh Meena

    इमेज कैप्शन, रेप सर्वाइवर रविवार को ही उदयपुर आई थीं

    राजस्थान के उदयपुर में बडगांव पुलिस थाने में फ़्रांस की एक युवती के साथ रेप का मामला सामने आया है. युवती ने इसकी एफ़आईआर दर्ज करवाई है.

    उदयपुर पुलिस अधीक्षक (एसपी) योगेश गोयल ने बीबीसी हिन्दी को फ़ोन पर बताया है, "फ़्रांस की एक युवती रविवार को एड शूट करने उदयपुर आई थी, जिसके साथ रेप की घटना हुई है. फ़रार अभियुक्त की तलाश की जा रही है. अभियुक्त राजस्थान के चित्तौड़गढ़ का रहने वाला है."

    बडगांव पुलिस थाना प्रभारी पूरण राजपुरोहित ने बीबीसी से कहा, "हम अभियुक्त की तलाश कर रहे हैं. युवती ने सोमवार को दर्ज कराई एफ़आईआर में रेप के आरोप लगाए हैं. हमने युवती के बयान लेकर मेडिकल टेस्ट कराए हैं. फ़ॉरेंसिक और मेडिकल रिपोर्ट का इंतज़ार है."

    इस पूरे मामले पर राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर निशाना साधा है.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "उदयपुर में फ़्रांस की महिला के साथ हुआ दुष्कर्म पूरी दुनिया में राजस्थान की बिगड़ती क़ानून व्यवस्था की पोल खोल रहा है. पूरे प्रदेश में महिलाएं स्वयं को असुरक्षित महसूस करती हैं, लेकिन भाजपा सरकार को कोई फ़र्क़ नहीं पड़ रहा है.”

    पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, "फ़्रेंच महिला के साथ दुष्कर्म ऐसे वक़्त हुआ है जब हाल ही में अमेरिका ने अपने देश की महिला यात्रियों को अपराध की घटनाओं के कारण भारत यात्रा के दौरान छह राज्यों में सावधान रहने की ट्रैवल एडवाइज़री जारी की है और इसका कारण रेप की वारदातों को तेज़ी से बढ़ता हुआ बताया है. ऐसा न हो राजस्थान भी आने वाले दिनों में ऐसी एडवाइज़री का हिस्सा न बन जाए."

  5. पाकिस्तान ने ईरान और इसराइल के बीच हुए युद्धविराम पर कही ये बात

    पाकिस्तान के विदेश मंत्री इसहाक़ डार

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के विदेश मंत्री इसहाक़ डार ने युद्धविराम का स्वागत किया है

    पाकिस्तान के विदेश मंत्री इसहाक़ डार ने इसराइल और ईरान के बीच हुए युद्धविराम पर प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "मैं बेहद ख़ुश हूं और पाकिस्तान आज ईरान और इसराइल के बीच हुए युद्धविराम का गर्मजोशी से स्वागत करता है."

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान और इसराइल के बीच युद्धविराम की घोषणा की थी, जो दोनों देशों के बीच मंगलवार सुबह से लागू हो चुका है.

    इसहाक़ डार ने लिखा, "हम उन सभी लोगों की सराहना करते हैं जिन्होंने इस महत्वपूर्ण पहल को संभव बनाने में अहम भूमिका निभाई और आशा करते हैं कि यह सकारात्मक क़दम क्षेत्र में स्थायी शांति और स्थिरता में योगदान देगा."

    उन्होंने कहा, "पाकिस्तान का दृढ़ विश्वास है कि सभी विवादों का समाधान संयुक्त राष्ट्र चार्टर और अंतरराष्ट्रीय क़ानून के सिद्धांतों के मुताबिक़ किया जाना चाहिए, जिसमें देशों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान करना भी शामिल है."

  6. ईपीएफ़ओ ने पीएफ़ एडवांस को लेकर किया ये बड़ा एलान

    ईपीएफ़ओ

    इमेज स्रोत, Getty Images

    केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मांडविया ने मंगलवार को घोषणा की कि कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफ़ओ) खातों से एडवांस निकासी के ऑटो-सेटलमेंट की सीमा को बढ़ा दिया गया है.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में इसकी जानकारी दी है.

    मनसुख मांडविया के मुताबिक़, ऑटो-सेटलमेंट की सीमा को एक लाख रुपये से बढ़ाकर पांच लाख रुपये कर दिया गया है.

    इस कदम से ईपीएफओ के सदस्य अगर 5 लाख रुपये तक की एडवांस निकासी का आवेदन करते हैं, तो उनका पैसा तीन दिन के अंदर मिल जाएगा.

    इससे पहले यह सुविधा सिर्फ़ एक लाख रुपये तक के लिए थी.

  7. ट्रंप ने ईरान में सत्ता परिवर्तन को लेकर अब क्या कहा?

    ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान और इसराइल के बीच युद्धविराम की घोषणा की थी, जो दोनों देशों के बीच मंगलवार सुबह से लागू हो चुकी है

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान में सत्ता परिवर्तन को लेकर प्रतिक्रिया दी है.

    नीदरलैंड्स के हेग में नेटो शिखर सम्मेलन के लिए जाते समय एयर फ़ोर्स वन विमान में पत्रकारों से उन्होंने बात की है.

    राष्ट्रपति ट्रंप से जब पत्रकारों ने पूछा, क्या वह ईरान में सत्ता परिवर्तन देखना चाहते हैं?

    तब उन्होंने कहा, "नहीं, मैं ऐसा नहीं चाहता. मैं चाहता हूं कि सब कुछ जितनी जल्दी हो सके शांत हो जाए."

    ट्रंप ने कहा, "सत्ता परिवर्तन के लिए अराजकता की ज़रूरत होती है और आदर्श रूप से हम इतनी अराजकता नहीं देखना चाहते."

    जब ईरान और इसराइल के बीच संघर्ष शुरू हुआ था, तब अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई को लेकर कहा था कि "हम उन्हें अभी हटाने नहीं जा रहे हैं, कम से कम अभी तो नहीं."

  8. क़तर ने ईरान और इसराइल के बीच हुए युद्ध विराम पर क्या कहा?

    क़तर के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माजेद अल-अंसारी (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, क़तर के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माजेद अल-अंसारी (फ़ाइल फ़ोटो)

    क़तर ने इसराइल और ईरान के बीच हुए युद्ध विराम समझौते का स्वागत किया है. दोनों देशों के बीच युद्ध विराम की घोषणा अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने की थी.

    क़तर के विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर कहा, "क़तर उम्मीद करता है कि यह समझौता क्षेत्र और इससे बाहर के संघर्षों को सुलझाने के लिए संवाद और कूटनीति अपनाने की दिशा में एक सार्थक क़दम साबित होगा."

    विदेश मंत्रालय ने कहा, "ईरान की ओर से क़तर की संप्रभुता और एयरस्पेस का उल्लंघन क्षेत्र में एक ख़तरनाक तनाव का हिस्सा है, जिसे रोकने के लिए ईमानदार और सामूहिक प्रयासों की ज़रूरत है."

    साथ ही विदेश मंत्रालय ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रयासों के लिए उनकी सराहना की.

    इससे पहले ट्रंप ने ईरान और इसराइल के बीच युद्धविराम की घोषणा की थी, जो दोनों देशों के बीच मंगलवार सुबह से लागू हो चुका है.

    ईरान और इसराइल के बीच युद्धविराम समझौते की मध्यस्थता अमेरिका और क़तर ने की थी.

  9. दिनभर- पूरा दिन, पूरी ख़बर मानसी दाश और संदीप राय से

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  10. ईरान में इसराइल के अब तक के हमलों में कितने लोग मारे गए?

    ईरान और इसराइल तनाव

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में इसराइल और ईरान के बीच युद्ध विराम की घोषणा की थी

    ईरान के स्वास्थ्य मंत्री ने कहा है कि 13 जून से अब तक इसराइली हमलों में 606 लोग मारे गए हैं. यह जानकारी ईरान की सरकारी मीडिया ने दी है.

    स्वास्थ्य मंत्री मोहम्मद रज़ा ज़फ़रग़नी के मुताबिक़, इसराइली हमलों में पांच हज़ार से ज़्यादा लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है.

    मंत्री ने यह भी कहा कि ईरान में पिछले 24 घंटों में सबसे भीषण हमले हुए हैं, जिनमें 107 लोग मारे गए हैं.

    सरकारी प्रतिबंधों के कारण, बीबीसी के पत्रकार ईरान के अंदर से रिपोर्टिंग नहीं कर सकते.

    संघर्ष पर नज़र रखने वाले मानवाधिकार समूह, ह्यूमन राइट्स एक्टिविस्ट्स इन ईरान ने कहा है कि मरने वालों की संख्या आधिकारिक आंकड़े से लगभग दोगुनी है.

  11. ट्रंप ने इसराइल से जताई नाराज़गी, ईरान पर हमले रोकने को लेकर कही ये बात

    ट्रंप

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, ईरान और इसराइल के बीच युद्धविराम समझौते की मध्यस्थता अमेरिका और क़तर ने की थी

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह इसराइल से 'खुश नहीं' हैं. हेग में नेटो शिखर सम्मेलन में जाने से पहले ट्रंप ने पत्रकारों से बात करते हुए ये बात कही है.

    उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि एक रॉकेट समय सीमा (युद्ध विराम शुरू होने) के बाद दागा गया था और अब इसराइल ऐसी कार्रवाई नहीं करेगा. इन लोगों को शांत होना चाहिए."

    उन्होंने युद्ध विराम का हवाला देते हुए कहा, "मुझे यह बिल्कुल पसंद नहीं आया कि इसराइल ने समझौता होने के तुरंत बाद हमला कर दिया. उन्हें हमला करने की ज़रूरत नहीं थी."

    ट्रंप ने कहा, "दो देश हैं जो इतने लंबे समय से और इतनी भीषण लड़ाई लड़ रहे हैं कि उन्हें पता ही नहीं है कि वे क्या कर रहे हैं."

    साथ ही ट्रंप ने इसराइल से कहा है कि वह ईरान पर हमले रोके.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में लिखा, "इसराइल, बम मत गिराओ. अगर आप ऐसा करते हैं, तो यह घोर उल्लंघन होगा. अपने पायलटों को अभी घर वापस बुलाओ."

    इससे पहले ट्रंप ने ईरान और इसराइल के बीच युद्धविराम की घोषणा की थी, जो दोनों देशों के बीच मंगलवार सुबह से लागू हो चुका है.

    इसराइली सेना ने दावा किया है कि ईरान ने युद्धविराम समझौते का उल्लंघन किया है, हालांकि ईरान ने इन आरोपों से इनकार किया है.

  12. ईरान और इसराइल के बीच युद्ध विराम की घोषणा के बाद से अब तक क्या हुआ?

    ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई और इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई और इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू (फ़ाइल फ़ोटो)

    इसराइल और ईरान के बीच युद्ध विराम की घोषणा के बाद भी दोनों देश एक-दूसरे पर आरोप लगाते दिख रहे हैं.

    इसराइल का कहना है कि ईरान ने सीज़फ़ायर का उल्लंघन किया है, जबकि ईरान ने इन दावों से इनकार किया है.

    अब तक क्या-क्या हुआ?

    • भारतीय समयानुसार सुबह 10:38 बजे अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया कि ईरान और इसराइल के बीच युद्ध विराम लागू हो गया है.
    • इस ऐलान के एक घंटे बाद ही इसराइल ने कहा कि वह अमेरिका के सीज़फ़ायर प्रस्ताव पर सहमत हो गया है, जबकि ईरान ने पहले कहा था कि इसराइल अगर हमले रोकता है तो हम भी ऐसा करेंगे.
    • भारतीय समयानुसार दोपहर एक बजे इसराइली सेना ने कहा कि उसने ईरान की ओर से दागी गई मिसाइलों की पहचान कर ली है और उन्हें उत्तरी इसराइल के ऊपर रोक दिया है.
    • ईरान ने किसी भी तरह की मिसाइल दागने से इनकार किया है, लेकिन आईडीएफ़ ने कहा है कि इसराइल 'ताक़त से जवाब देगा.'
    • सीज़फ़ायर शुरू होने से पहले दोनों पक्षों के बीच रात भर भारी हमले हुए. ईरान के सरकारी मीडिया का कहना है कि इसराइल की ओर से दागी गई मिसाइलों ने राजधानी और अन्य शहरों को निशाना बनाया है, इसमें कम से कम नौ लोग मारे गए हैं, जिनमें एक परमाणु वैज्ञानिक भी शामिल है.
    • इसराइल के बेर्शेबा शहर में कम से कम चार लोग मारे गए और 22 घायल हुए हैं.
  13. 'क़तर से कोई लेना-देना नहीं'- ईरान ने ऐसा क्यों कहा?

    ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई (फ़ाइल फ़ोटो)

    ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा है कि सोमवार को अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हुए हमले का क़तर से कोई लेना-देना नहीं है.

    मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बक़ाएई का कहना है कि ईरान की कार्रवाई 'आत्मरक्षा का क़दम' थी.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "क़तर और अन्य पड़ोसी देशों के संबंध में ईरान अपनी अच्छे पड़ोसी की नीति के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है."

    उन्होंने कहा, "हम यह संकल्प लेते हैं कि ईरान के विरुद्ध अमेरिकी/इसराइली आपराधिक आक्रामकता और दुर्भावनापूर्ण नीतियों के कारण हमारे और क्षेत्र के भाईचारे वाले देशों के बीच फूट नहीं डलने देंगे."

    वहीं, क़तर ने सोमवार को अमेरिका के सैन्य ठिकानों पर ईरानी हमले की निंदा करते हुए संयुक्त राष्ट्र महासचिव को एक पत्र लिखा है.

  14. ईरान से दोहरा ख़तरा अब ख़त्म: इसराइल

    इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इसराइली सरकार ने कहा है कि उसने ईरान पर अपने हमलों के "उद्देश्यों को प्राप्त" करने के बाद डोनाल्ड ट्रंप के युद्ध विराम प्रस्ताव पर सहमति दी है.

    एक बयान में इसराइली सरकार ने कहा है, "इसराइल युद्ध विराम के किसी भी उल्लंघन का पुरज़ोर जवाब देगा." बयान के अनुसार, इसराइल ने ईरान से परमाणु हथियारों और बैलिस्टिक मिसाइलों के दोहरे ख़तरे को ख़त्म कर दिया है.

    इस बयान में यह भी कहा गया है कि इसराइल ने ईरान के "सैन्य नेतृत्व को काफी क्षति पहुंचाई और ईरानी सरकार के दर्जनों ठिकानों को बर्बाद कर दिया और "एक अन्य वरिष्ठ परमाणु वैज्ञानिक को मारा है".

    बयान में कहा गया है, "इसराइल अमेरिकी समर्थन और ईरानी परमाणु ख़तरे को समाप्त करने में भागीदारी के लिए राष्ट्रपति ट्रंप को धन्यवाद देता है."

    इसराइल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक्स पर लिखा है, "प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने सोमवार रात को रक्षा मंत्री, आईडीएफ चीफ ऑफ स्टाफ और मोसाद के निदेशक के साथ सुरक्षा कैबिनेट की बैठक बुलाई. इस बैठक में रिपोर्ट दी गई कि इसराइल ने ऑपरेशन राइजिंग लायन के सभी उद्देश्यों सहित बहुत कुछ हासिल कर लिया है."

    यह भी लिखा है, "ऑपरेशन राइजिंग लायन से, इसराइल ने ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल कीं और खुद को दुनिया की प्रमुख शक्तियों की पहली पंक्ति में रखा. यह इसराइल के लोगों और हमारे सैनिकों के लिए एक बड़ी सफलता है."

  15. ईरान-अमेरिका संघर्ष: ट्रंप के युद्धविराम की घोषणा के बाद बदलेंगे मध्य पूर्व के हालात?

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

    बीबीसी हिन्दी के इस ख़ास कार्यक्रम को फे़सबुक पर देखने के लिए यहां क्लिक करें

  16. इसराइल के इस आरोप पर ईरान ने क्या जवाब दिया?

    इसराइल के रक्षा मंत्री इसराइल कात्ज़

    इमेज स्रोत, EPA-EFE/REX/Shutterstock

    इमेज कैप्शन, इसराइल के रक्षा मंत्री इसराइल कात्ज़

    इसराइली सेना ने दावा किया है ईरान ने उनके देश पर मिसाइल हमला किया है, हालांकि ईरान ने इस आरोप से इनकार किया है.

    ईरान की सरकारी मीडिया ने इसराइल के इन आरोपों का खंडन किया है. ईरान ने इन खबरों से इनकार किया है कि उसने सीज़फ़ायर शुरू होने के बाद इसराइल पर मिसाइलें दागी हैं.

    इसराइल के रक्षा मंत्री इसराइल कात्ज़ ने एक बयान जारी किया, जिसमें कहा गया है कि इसराइली सेना को आदेश दिया गया है कि ईरान की ओर से सीज़फ़ायर के उल्लंघन के जवाब में तेहरान में सरकार से जुड़े ठिकानों पर ज़ोरदार हमले किए जाएं.

    इससे पहले, ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में इसराइल और ईरान के बीच युद्धविराम की घोषणा की थी. जिसके बाद इसराइली सरकार ने कहा था कि वह डोनाल्ड ट्रंप के युद्ध विराम प्रस्ताव पर सहमत है.

    ईरान के विदेश मंत्री सईद अब्बास अराग़ची ने कहा था कि अगर इसराइल ने सैन्य अभियान बंद कर दिया, तो "हमारा भी किसी तरह की जवाबी कार्रवाई करने का कोई इरादा नहीं है."

  17. अभी तक बीबीसी संवाददाता आनंद मणि त्रिपाठी आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  18. इसराइल और ईरान के बीच युद्ध विराम को लेकर कांग्रेस ने क्या कहा?

    कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश(फ़ाइल फ़ोटो)

    इसराइल और ईरान को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सीज़फ़ायर एलान के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने एक्स पर पोस्ट लिखा है.

    उन्होंने लिखा, "राष्ट्रपति ट्रंप ने अमेरिका-इसराइल द्वारा ईरान के खिलाफ छेड़े गए युद्ध में सीज़फ़ायर की घोषणा की है."

    "लेकिन ग़ज़ा में अब भी कोई युद्धविराम नहीं हुआ है. वहां इसराइल द्वारा किया जा रहा नरसंहार लगातार जारी है."

    "पिछले 18 महीनों से फ़लस्तीनियों पर टूट रही इस भयावह त्रासदी पर प्रधानमंत्री मोदी की घोर चुप्पी ने भारत की नैतिक और राजनीतिक साख को ठेस पहुंचाई है."

  19. ऋषभ पंत को आईसीसी ने लगाई फटकार, जानिए पूरा मामला

    विकेटकीपर बल्लेबाज़ ऋषभ पंत

    इमेज स्रोत, Getty Images

    हेडिंग्ले में इंग्लैंड के ख़िलाफ़ चल रहे पहले टेस्ट के दौरान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज़ ऋषभ पंत को फटकार लगाई है.

    इस टेस्ट की दोनों पारियों में शतक लगाने वाले ऋषभ पंत अपनी पारी को लेकर चर्चा में हैं. उन्होंने इस टेस्ट की दोनों पारियों में शतक लगाकर कई रिकॉर्ड भी बनाए हैं.

    लेकिन उन्हें अपने व्यवहार के कारण आईसीसी ने फटकार लगाई है. मामला इंग्लैंड की पहली पारी के दौरान का है, जब हैरी ब्रुक्स और बेन स्टोक्स बल्लेबाज़ी कर रहे थे.

    ऋषभ पंत गेंद को लेकर अंपायर से बहस करते देखे गए. लेकिन अंपायर्स ने गेंद को देखने बाद उसे बदलने से मना कर दिया. इसके बाद अंपायर्स के सामने ही गेंद को ज़मीन पर पटकते हुए पंत ने अपनी नाराज़गी दिखाई.

    पंत के ख़िलाफ़ अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं हुई, क्योंकि आईसीसी के मैच रेफ़री रिची रिचर्डसन के सामने अपनी ग़लती मान ली थी. बाद में आईसीसी रेफ़री ने पंत को फटकार लगाकर छोड़ दिया.

  20. ईरान का दावा, 'इसराइल के हमले में नौ लोग मारे गए'

    एविन जेल

    इमेज स्रोत, NIKAN/Middle East Images/AFP via Getty Images

    ईरान के स्थानीय अधिकारियों ने बताया है कि मंगलवार सुबह उत्तरी ईरान में हुए हमले में कम से कम नौ लोग मारे गए और चार घर तबाह हो गए.

    ईरान में गिलान प्रांत के गवर्नर कार्यालय का कहना है कि अस्तानेह-ये अशरफियेह शहर पर हुए इस हमले में 33 लोग घायल भी हुए हैं, इसे उन्होंने 'आतंकवादी' हमला बताया है.

    ईरानी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, हमले के पीछे इसराइल का हाथ है.

    गिलान के उप-गवर्नर का कहना है कि मारे गए या घायल हुए लोगों में 16 महिलाएं और बच्चे शामिल हैं.

    कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, "मृतकों में परमाणु वैज्ञानिक मोहम्मद रज़ा सिद्दीक़ी भी शामिल हैं. इसराइली सेना ने भी रात में एक वरिष्ठ परमाणु वैज्ञानिक की हत्या का ज़िक्र किया है."