You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

वो इसराइली और फ़लस्तीनियों, दोनों से प्यार करती थी: अमेरिका में मारी गईं सारा मिलग्रिम के पिता ने कहा

अमेरिका में इसराइली दूतावास की अधिकारी सारा मिलग्रिम के पिता रॉबर्ट ने बीबीसी के अमेरिकी मीडिया पार्टनर सीबीएस न्यूज़ को बताया कि उनकी बेटी को इसराइल से और मिडिल ईस्ट में रहने वाले सभी लोगों से प्यार था.

सारांश

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली, आनंद मणि त्रिपाठी और सुरभि गुप्ता

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता को दीजिए इजाज़त.

    कल हम बीबीसी लाइव पेज के ज़रिए दिन भर की बड़ी ख़बरों को लेकर फिर हाज़िर होंगे.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. वो इसराइली और फ़लस्तीनियों, दोनों से प्यार करती थी: अमेरिका में मारी गईं सारा मिलग्रिम के पिता ने कहा

    अमेरिका में इसराइली दूतावास की अधिकारी सारा मिलग्रिम के पिता रॉबर्ट ने बीबीसी के अमेरिकी मीडिया पार्टनर सीबीएस न्यूज़ को बताया कि उनकी बेटी को इसराइल से और मिडिल ईस्ट में रहने वाले सभी लोगों से प्यार था.

    उन्होंने कहा, "सारा ने लंबा वक़्त इसराइल में बिताया और वो फ़लस्तीनियों और इसराइली लोगों को एक दूसरे के क़रीब लाने की दिशा में काम कर रही थीं."

    रॉबर्ट ने बताया कि, 'दो मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद इसराइली एंबेसी में ये उनकी पहली नौकरी थी. उनके बहुत सारे फ़लस्तीनी दोस्त थे. और इसराइली दोस्त भी थे.'

    आज अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में एक यहूदी संग्रहालय के बाहर इसराइली दूतावास की कर्मचारी सारा मिलग्रिम और यारोन लिशेंस्की की गोली मारकर हत्या कर दी गई.

    इस संबंध में हिरासत में लिए गए संदिग्ध 30 साल के एलियास रोड्रिगेज़ को जल्द ही कोर्ट में पेश किया जाएगा.

    पुलिस ने बताया है कि हमलावर "आज़ाद फ़लस्तीन" के नारे लगा रहा था.

  3. कर्नाटक: डीके शिवकुमार बोले, "जी. परमेश्वर ने रान्या राव को 40 लाख रुपये दिए थे, लेकिन ये अपराध कैसे हो गया?", इमरान कुरैशी, बीबीसी हिंदी के लिए

    कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने मीडिया में सूत्रों के हवाले से आई उस ख़बर पर प्रतिक्रिया दी है, जिसमें दावा किया गया था कि, राज्य के गृह मंत्री जी. परमेश्वर से जुड़े शैक्षणिक संस्थानों पर बुधवार को हुई ईडी की छापेमारी का संबंध अभिनेत्री रान्या राव के मामले से है.

    कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा कि, 'गृह मंत्री जी. परमेश्वर के एक शैक्षणिक संस्थान के खातों से अभिनेत्री रान्या राव को उनकी शादी के उपहार के तौर पर 40 लाख रुपये दिए गए थे.'

    प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने बुधवार सुबह श्री सिद्धार्थ इंस्टीट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी और श्री सिद्धार्थ इंस्टीट्यूट ऑफ़ मेडिकल साइंसेज पर छापेमारी की थी. ये इंस्टीट्यूट्स बेंगलुरु से 70 किलोमीटर दूर तुमकूरु में जी. परमेश्वर के परिवार से जुड़ा एक ट्रस्ट चलाता है.

    इसके बाद कई मीडिया रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से ख़बर आई कि ईडी की इस छापेमारी का संबंध अभिनेत्री रान्या राव के 'सोना तस्करी' मामले से है.

    वहीं जी. परमेश्वर ने सूत्रों के हवाले से आ रही ख़बरों पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया था. अब इस पर कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार का बयान आया है.

    डीके शिवकुमार ने संवाददाताओं से कहा, "हां, 40 लाख रुपये दिए गए थे - उन्होंने (परमेश्वर ने) इससे इनकार नहीं किया है. लेकिन यह क्यों दिया गया था? सोना खरीदने के लिए नहीं. यह एक पारिवारिक विवाह के लिए था, जिसमें मैं भी शामिल हुआ था."

    रान्या राव को डायरेक्टोरेट ऑफ़ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) ने 3 मार्च को अवैध रूप से 14.8 किलोग्राम सोने की तस्करी के आरोप में गिरफ़्तार किया था. इस सोने की क़ीमत 12 .56 करोड़ रुपये बताई गई थी.

    शिवकुमार ने कहा, "जैसा कि आपने मुझसे पूछा, मैंने उनसे पार्टी प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर पूछा- और यही जी. परमेश्वर ने मुझे बताया. इस पर विवाद क्यों होना चाहिए? वह (रान्या राव) अभियुक्त हो सकती हैं; यह (रान्या का मामला) करोड़ों रुपये का घोटाला है. हम इसमें हस्तक्षेप या समर्थन नहीं करना चाहते. यहां तक ​​कि जी. परमेश्वर भी उनका (रान्या राव का) समर्थन नहीं कर रहे हैं."

    उन्होंने कहा, "उनके (जी. परमेश्वर) के साथ काम करने वाले अधिकारी उनको (रान्या राव को) जानते हैं और हो सकता है कि शादी के दौरान उन्होंने उपहार में मदद की हो."

    डीके शिवकुमार बोले, "इस पर कोई विवाद नहीं है. मैंने जी. परमेश्वर से पूछा. उन्होंने कहा कि उन्होंने शादी के दौरान पैसे दिए थे. यही मुझे पता है."

    उन्होंने कहा, "जी. परमेश्वर जैसे लोग संस्थाएं चलाते हैं और यह ध्यान रखना महत्वपूर्ण है कि हम दान देते हैं. शायद उन्होंने इसे व्यक्तिगत भाव से दिया हो. बीजेपी इसे अपराध कैसे कह सकती है?"

  4. अमेरिका: रिहायशी इलाके में हादसे का शिकार हुआ विमान, कई लोगों की मौत की आशंका

  5. फ़ैज़ अहमद फ़ैज़ की कविता के पाठ पर राजद्रोह के मामले पर आज का कार्टून.

  6. अमेरिका: रिहायशी इलाके में गिरा विमान, कई घरों में लगी आग

    अमेरिका के सैन डिएगो में गुरुवार की सुबह एक प्लेन क्रैश हो गया. ये दुर्घटना एक रिहायशी इलाके में हुई, जिसके बाद कई घरों और कारों में आग लग गई.

    स्थानीय अधिकारियों का कहना है कि गुरुवार की सुबह कोहरे के कारण सैन डिएगो के मर्फी कैन्यन इलाके में एक छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया.

    इस दुर्घटना में लगभग 15 घरों में आग लग गई. कई ब्लॉकों में रहने वाले अन्य लोगों को घर खाली करना पड़ा है.

    अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि इस दुर्घटना में कोई घायल हुआ है या नहीं, या विमान में कौन सवार था.

    फेडरल एविएशन अथॉरिटी का कहना है कि जो विमान क्रैश हुआ है, उस मॉडल के विमान में छह से आठ पैसेंजर सवार हो सकते हैं.

  7. इलाहाबाद हाई कोर्ट ने मोहम्मद ज़ुबैर के ख़िलाफ़ एफ़आईआर रद्द करने से किया इनकार, उमंग पोद्दार,बीबीसी संवाददाता

    इलाहाबाद हाई कोर्ट ने गुरुवार को यति नरसिंहानंद पर ट्वीट (एक्स पर पोस्ट) करने के लिए ऑल्ट न्यूज़ के पत्रकार और फ़ैक्ट-चेकर मोहम्मद ज़ुबैर के ख़िलाफ़ दर्ज एफ़आईआर को रद्द करने से इनकार कर दिया.

    हालांकि, कोर्ट ने जाँच के दौरान उन्हें गिरफ़्तारी से अंतरिम संरक्षण दिया है.

    जस्टिस सिद्धार्थ वर्मा और योगेंद्र कुमार श्रीवास्तव की बेंच ने कहा कि दिसंबर 2024 में मोहम्मद ज़ुबैर को गिरफ़्तारी से दी गई अंतरिम सुरक्षा आरोपपत्र दाखिल होने तक जारी रहेगी.

    लाइव लॉ की रिपोर्ट के मुताबिक़ हाई कोर्ट की बेंच ने कहा कि मामले में निष्पक्ष जाँच की ज़रूरत है.

    ग़ाज़ियाबाद पुलिस ने मोहम्मद ज़ुबैर के ख़िलाफ़ 8 अक्तूबर को एक एफ़आईआर दर्ज की थी. ये एफ़आईआर यति नरसिंहानंद ट्रस्ट की महासचिव उदिता त्यागी ने दर्ज करायी थी.

    त्यागी ने आरोप लगाया था कि ज़ुबैर ने 3 अक्तूबर को यति नरसिंहानंद के पुराने वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर साझा किए थे, जिसकी मंशा मुस्लिम समुदाय को नरसिंहानंद के ख़िलाफ़ भड़काना था.

  8. क्या हमले से पहले पाकिस्तान को सूचना दी गई थी? भारत के विदेश मंत्रालय का जवाब आया

    'ऑपरेशन सिंदूर' के बारे में 'पाकिस्तान को सूचना देने' के विदेश मंत्री एस जयशंकर के बयान को लेकर उठ रहे सवालों पर भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने जवाब दिया है.

    गुरुवार को भारत के विदेश मंत्रालय ने अपनी साप्ताहिक प्रेस ब्रीफ़िंग की. इस दौरान विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल से विदेश मंत्री एस जयशंकर के 'पाकिस्तान को सूचना देने' वाले बयान पर सवाल किया गया.

    उनसे एक पत्रकार ने पूछा, "क्या हमले से पहले पाकिस्तान को सूचना दी गई थी?"

    इस पर रणधीर जायसवाल ने कहा, "हम लोगों ने पाकिस्तान को बताया...एक बार जब हमने उनको मारा...मारने के बाद डीजीएमओ के मार्फ़त (पाकिस्तान को) बताया कि हम लोगों ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत जो हमारा राइट टू रेस्पॉन्ड था वो हमने किया है...तो घटना के बाद (पाकिस्तान को) बताया है."

  9. चीन, पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान के विदेश मंत्रियों के बीच वार्ता पर क्या बोले रणधीर जायसवाल

    भारत के विदेश मंत्रालय की साप्ताहिक प्रेस ब्रीफ़िंग में आज प्रवक्ता रणधीर जायसवाल से चीन, पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान के विदेश मंत्रियों के बीच बीजिंग में हुई त्रिपक्षीय वार्ता पर सवाल किया गया.

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, "हमने कुछ रिपोर्ट देखी हैं. इसके अलावा मुझे (इस बारे में) कुछ और नहीं कहना है."

    बता दें कि 21 मई को बीजिंग में पाकिस्तान के विदेश मंत्री इसहाक़ डार, चीन के विदेश मंत्री वांग यी और अफ़ग़ानिस्तान के कार्यवाहक विदेश मंत्री आमिर ख़ान मुत्तक़ी के बीच त्रिपक्षीय बैठक हुई. इसकी जानकारी पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय की ओर जारी एक प्रेस रिलीज़ में दी गई.

    15 मई को भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने एक्स पर पोस्ट कर जानकारी दी थी कि उनकी अफ़ग़ानिस्तान के कार्यवाहक विदेश मंत्री आमिर ख़ान मुत्तक़ी से फ़ोन पर बात हुई.

    रणधीर जायसवाल ने आज उस बातचीत का ज़िक्र करते हुए कहा, "जहां तक ​​अफ़ग़ानिस्तान के कार्यवाहक विदेश मंत्री के साथ विदेश मंत्री (जयशंकर) की बातचीत का सवाल है, हमने 'एक्स' पर एक रिलीज़ जारी की थी. विदेश मंत्री ने पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा करने के लिए कार्यवाहक विदेश मंत्री को धन्यवाद दिया. साथ ही, वे कई क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को आगे बढ़ाने पर सहमत हुए थे."

  10. भारत और पाकिस्तान के बीच मध्यस्थता को लेकर ट्रंप के दावे पर भारतीय विदेश मंत्री ने क्या कहा

    भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने फिर दोहराया है कि भारत और पाकिस्तान के बीच हालिया संघर्ष की समाप्ति दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से हुई है.

    उनके मुताबिक़ यह अंतरराष्ट्रीय मध्यस्थता, विशेष रूप से संयुक्त राज्य अमेरिका से प्रभावित नहीं थी. ये बातें उन्होंने नीदरलैंड्स के ब्रॉडकास्टर एनओएस के साथ एक इंटरव्यू में कही हैं.

    बता दें कि 20 और 21 मई 2025 को भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर डेनमार्क के दौरे पर थे. इस दौरान उन्होंने नीदरलैंड्स के ब्रॉडकास्टर एनओएस को इंटरव्यू दिया.

    एस जयशंकर ने कहा, "जब दो देश संघर्ष में उलझे होते हैं, तो यह स्वाभाविक है कि दुनिया के देश फोन करके अपनी चिंता जाहिर करते हैं. लेकिन गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई बंद करने के बारे में भारत और पाकिस्तान के बीच सीधे बातचीत हुई थी."

    भारतीय विदेश मंत्री के मुताबिक़ संघर्ष विराम के लिए बातचीत की पहल 10 मई को पाकिस्तानी सेना ने की थी.

    भारत और पाकिस्तान के बीच हुए हालिया संघर्ष को लेकर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बार-बार दावा किया है कि दोनों पक्षों के बीच "युद्ध विराम" में उनकी भूमिका रही.

    वहीं एस जयशंकर ने कहा, "हमने न केवल अमेरिका, बल्कि हमसे बात करने वाले सभी लोगों को एक बात बहुत स्पष्ट कर दी थी कि अगर पाकिस्तान लड़ाई बंद करना चाहता है, तो उन्हें (पाकिस्तान को) हमें बताना होगा. उनके जनरल को हमारे जनरल को फोन करके यह कहना होगा और यही हुआ."

    उन्होंने कहा, "यह पाकिस्तानी सेना ही थी जिसने संदेश भेजा कि वे गोलीबारी बंद करने के लिए तैयार हैं, और हमने उसी के अनुसार जवाब दिया."

  11. इसराइल में ग़ज़ा युद्ध के ख़िलाफ़ किसने उठाई आवाज़?, टॉम बेनेट, बीबीसी संवाददाता

    ग़ज़ा में बढ़ते इसराइली हमलों के बाद इसराइल के भीतर इसके ख़िलाफ़ और लड़ाई के तरीक़ों के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है.

    वामपंथी राजनेता और इसराइल डिफेंस फोर्स (आईडीएफ) के पूर्व डिप्टी कमांडर याइर गोलान ने सोमवार को कहा था, "अगर हम एक समझदार देश की तरह बर्ताव करना शुरू नहीं करते हैं, तो इसराइल भी एक बहिष्कृत देश बन जाएगा जैसा कि कभी दक्षिण अफ्रीका था.."

    उन्होंने इसराइल पब्लिक रेडियोज़ के एक न्यूज़ प्रोग्राम में कहा, "एक समझदार देश नागरिकों के विरुद्ध युद्ध नहीं छेड़ता, शौक के लिए बच्चों की हत्या नहीं करता और जनसंख्या कम करने का लक्ष्य नहीं रखता है."

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने पलटवार करते हुए इन टिप्पणियों को 'अपमान' बताया है.

    वहीं ग़ज़ा में भी कुछ लोगों में हमास को लेकर नाराज़गी है.

    दक्षिणी ग़ज़ा में तीसरे दिन भी फ़लस्तीनी लोगों ने हमास के ख़िलाफ़ सड़कों पर विरोध प्रदर्शन किया.

    हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक़, इसराइल और ग़ज़ा में संघर्ष शुरू होने के बाद से ग़ज़ा में 53 हज़ार से ज़्यादा लोग मारे गए हैं.

  12. इंग्लैंड दौरे के लिए भारत की अंडर-19 क्रिकेट टीम घोषित, वैभव सूर्यवंशी शामिल

    इंग्लैंड दौरे के लिए भारत की अंडर-19 क्रिकेट टीम की घोषणा कर दी गई है. आयुष म्हात्रे टीम के कप्तान होंगे.

    भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के मुताबिक 24 जून से शुरू हो रहे दौरे में भारतीय टीम वॉर्मअप मैच के अलावा पाँच वनडे मैच और मल्टीडे मैच भी खेलेगी.

    टीम में आईपीएल में धमाकेदार प्रदर्शन कर रहे वैभव सूर्यवंशी को भी शामिल किया गया है. अभिज्ञान कुंडु टीम के उपकप्तान होंगे.

    टीम इस प्रकार है- आयुष म्हात्रे, वैभव सूर्यवंशी, विहान मल्होत्रा, एम चवडा, राहुल कुमार, अभिज्ञान कुंडु, हरवंश सिंह, कनिष्क चौहान, खिलन पटेल, हेनिल पटेल, युधाजित गुहा, प्रणव राघवेंद्र, मोहम्मद इन्नान, आदित्य राणा, अमोलजीत सिंह

    अंडर-19 टीम इंग्लैंड दौरे पर अपना आख़िरी मैच 23 जुलाई से खेलेगी.

  13. अमेरिका में इसराइली दूतावास के कर्मियों की हत्या पर विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ये कहा

    अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में दो इसराइली राजनयिकों की हत्या की भारत ने कड़ी निंदा की है.

    भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है, "वॉशिंगटन डीसी में इसराइली राजनयिकों की हत्या की कठोरतम शब्दों में निंदा करता हूं. हमारी भावनाएँ और दुआएं उनके परिवार और साथियों के साथ हैं."

    भारतीय विदेश मंत्री ने लिखा है कि घटना के अपराधी को इंसाफ़ के कठघरे में ज़रूर लाया जाना चाहिए.

    अमेरिका में एक यहूदी संग्रहालय के बाहर इसराइली दूतावास के दो कर्मचारियों की हत्या कर दी गई है. दोनों जल्द ही सगाई करने वाले थे.

    यह गोलीबारी स्थानीय समय के अनुसार रात नौ बजकर पांच मिनट के आसपास एफ स्ट्रीट पर हुई. यह ऐसा क्षेत्र है जहां कई पर्यटक स्थल, संग्रहालय और सरकारी इमारतें हैं. इसमें एफबीआई का फील्ड कार्यालय भी शामिल है.

  14. अपने शैक्षणिक संस्थानों पर ईडी की छापेमारी को लेकर क्या बोले कर्नाटक के गृह मंत्री?, इमरान कुरैशी, बीबीसी हिंदी के लिए

    कर्नाटक की कांग्रेस सरकार में गृह मंत्री डॉ. जी. परमेश्वर ने इस आरोप पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया कि, 'ईडी की उनके शैक्षणिक संस्थानों पर की गई छापेमारी का संबंध अभिनेत्री रान्या राव के मामले से है.'

    प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी की छापेमारी के क़रीब 24 घंटे बाद जी. परमेश्वर ने पत्रकारों से कहा है कि वह मीडिया में आ रही सूत्रों पर आधारित सूचना के संबंध में कुछ भी नहीं कहना चाहते, जिसमें छापेमारी को रान्या राव मामले की जांच से जोड़ा गया है.

    कन्नड़ और तमिल फ़िल्मों की अभिनेत्री रान्या राव को तीन मार्च को डायरेक्टोरेट ऑफ़ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) ने उस समय गिरफ़्तार किया था, जब वो दुबई की फ़्लाइट से बेंगलुरु इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरी थीं.

    डीआरआई की ओर से बताया गया था कि रान्या राव के पास अवैध रूप से 14.8 किलोग्राम सोना था, जिसकी क़ीमत 12 .56 करोड़ रुपये बताई गई.

    इसके बाद उनके घर पर छापेमारी की गई, जिसमें करोड़ों रुपये का सोना और नकदी बरामद हुई. इस मामले में उनके एक साथी और सोने के आभूषण बेचने वाले एक शख़्स को भी गिरफ़्तार किया गया.

    जी. परमेश्वर से जब राज्य में विपक्षी बीजेपी के इस आरोप के बारे में पूछा गया कि उनके शैक्षणिक संस्थानों पर छापेमारी सोने की तस्करी नेटवर्क में ईडी की जांच के दौरान जुटाई गई जानकारी के आधार पर की गई, तो उन्होंने कहा, "मैं इस पर प्रतिक्रिया नहीं देना चाहता कि वे क्या कह रहे हैं."

    उन्होंने कहा, "मैं कोई डिटेल नहीं दे सकता. मैं अधूरी जानकारी नहीं देना चाहता. इससे अटकलें लगाई जाएंगी."

    जब उनसे ईडी सूत्रों के हवाले से मीडिया में आई उन खबरों के बारे में पूछा गया, जिसमें कहा गया था कि रान्या राव के 40 लाख रुपये के क्रेडिट कार्ड बिल का भुगतान उनके श्री सिद्धार्थ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के खाते से किया गया, तो उन्होंने कहा, "यह एक आरोप है. रिपोर्ट (ईडी की) आने दीजिए."

    जी. परमेश्वर ने कहा कि जब उन्हें कल (बुधवार को) ईडी की छापेमारी की जानकारी मिली, तो उन्होंने अपने अधिकारियों से कहा कि ईडी अधिकारियों को जितने वर्षों के खाते चाहिए, वे सभी उन्हें उपलब्ध करा दिए जाएं.

    उन्होंने कहा, ''उन्होंने सभी खातों की जांच की है. उनका सत्यापन आज भी जारी है. हम उन्हें पूरा सहयोग दे रहे हैं. छिपाने के लिए कुछ भी नहीं है.''

    उन्होंने कहा, ''मैं कानून का सम्मान करने वाला व्यक्ति हूं. कानून सबके लिए एक जैसा है. अलग-अलग लोगों के लिए अलग-अलग कानून नहीं है."

    उन्होंने कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला और मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के उस बयान पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया जिसमें कहा गया था कि छापेमारी इसलिए हो रही है क्योंकि वह एक दलित नेता हैं.

    उन्होंने कहा, "मुझे आश्चर्य है कि क्या वे किसी की जाति देखकर आते हैं. मुझे नहीं पता कि उन्होंने यह बयान किस संदर्भ में दिया."

  15. अभी तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थें.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगी.

    बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  16. राजस्थान के बीकानेर में पीएम मोदी का भाषण, पाकिस्तान पर क्या बोले?

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को राजस्थान के बीकानेर पहुंचे. उन्होंने इस दौरान कई कार्यों का शिलान्यास किया.

    पीएम मोदी ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "22 अप्रैल को आतंकवादियों ने धर्म पूछकर हमारी बहनों की मांग का सिंदूर उजाड़ दिया था. वह गोलियां पहलगाम में चली थीं, लेकिन उन गोलियों से 140 करोड़ देशवासियों का सीना छलनी हुआ था."

    प्रधानमंत्री ने कहा, "हमारी सरकार ने तीनों सेनाओं को खुली छूट दे दी थी. और तीनों सेनाओं ने ऐसा चक्रव्यूह रचा कि पाकिस्तान को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया."

    उन्होंने कहा, "22 तारीख के हमले के जवाब में हमने 22 मिनट में आतंकियों के नौ सबसे बड़े ठिकाने तबाह कर दिए. दुनिया ने और देश के दुश्मनों ने भी देख लिया कि जब सिंदूर बारूद बन जाता है तो नतीजा क्या होता है."

    पीएम ने कहा, "जो अपने हथियारों पर घमंड करते थे आज वो मलबे के ढेर में पड़े हैं."

    22 अप्रैल को पहलगाम में पर्यटकों पर हमले के बाद छह मई और सात मई की दरमियानी रात भारत ने पाकिस्तान और पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर में हवाई हमले किए थे.

    भारत ने इस कार्रवाई को 'ऑपरेशन सिंदूर' का नाम दिया था. जिसके बाद पाकिस्तान ने भी भारत के कई सीमावर्ती इलाकों में गोलाबारी शुरू कर दी थी और ड्रोन और मिसाइल हमले किए थे.

    भारत और पाकिस्तान के बीच चार दिनों तक चले संघर्ष के बाद शनिवार यानी 10 मई को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दोनों देशों के बीच संघर्ष विराम समझौते की घोषणा की.

    कुछ देर बाद पाकिस्तान ने भी सीज़फ़ायर की बात कही और इसके लिए अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप का शुक्रिया अदा किया.

    वहीं भारत ने भी अपनी सैन्य कार्रवाई रोकने की बात कही थी. हलांकि इस दौरान भारत ने कहीं भी अमेरिका का ज़िक्र नहीं किया.

  17. वेस्ट बैंक में इसराइल की गोलीबारी पर सऊदी अरब ने क्या कहा?

    सऊदी अरब ने वेस्ट बैंक के जेनिन कैंप के दौरे पर गए प्रतिनिधिमंडल पर इसराइली सेना की ओर से की गई गोलीबारी की कड़ी निंदा की है.

    गुरुवार को सऊदी अरब के विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया, "सऊदी अरब वेस्ट बैंक के जेनिन कैंप के दौरे पर गए अरब और दूसरे देशों के राजदूतों और राजनयिक प्रतिनिधिमंडल को निशाना बनाए जाने की घटना की कड़ी निंदा करता है.

    बयान में कहा गया, "सऊदी अरब अंतरराष्ट्रीय समुदाय, विशेष रूप से सुरक्षा परिषद के स्थायी सदस्यों से अपील करता है कि वे क़ब्जे़ वाले फ़लस्तीनी क्षेत्रों में आम नागरिकों, राजनयिक मिशनों और राहत संगठनों के ख़िलाफ़ इसराइल के अंतरराष्ट्रीय नियमों के उल्लंघनों को तुरंत रोकने के लिए तत्काल कदम उठाएं."

    इससे पहले, फ़लस्तीनी विदेश मंत्रालय का कहना था कि प्रतिनिधिमंडल को 'जानबूझकर निशाना बनाया गया', लेकिन आईडीएफ का कहना है कि प्रतिनिधिमंडल अपने स्वीकृत मार्ग से भटक गया था, जिसके लिए सैनिकों ने उन्हें दूर रखने के लिए चेतावनी के रूप में गोलियां चलाईं.

  18. अब पाकिस्तान ने भारतीय उच्चायोग के एक कर्मचारी को देश छोड़ने को कहा

    भारत और पाकिस्तान के बीच रिश्तों में तनाव जारी है. पाकिस्तान ने इस्लामाबाद स्थित भारतीय उच्चायोग के एक कर्मचारी को देश छोड़ने को कहा है.

    संबंधित भारतीय कर्मचारी को 24 घंटे के भीतर पाकिस्तान छोड़ने को कहा गया है. पाकिस्तान विदेश मंत्रालय ने भारतीय उच्चायोग के प्रभारी को तलब कर उन्हें इस फ़ैसले की जानकारी दी.

    भारतीय कर्मचारी को 24 घंटे के अंदर भारत छोड़ने के लिए कहा गया है.

    इससे पहले 21 मई को भारत सरकार ने पाकिस्तानी उच्चायोग के एक और अधिकारी को 'अवांछित व्यक्ति' घोषित कर दिया था.

    भारत के विदेश मंत्रालय की ओर से जारी प्रेस रिलीज़ के मुताबिक़ पाकिस्तान उच्चायोग से ये सुनिश्चित करने को कहा गया है कि भारत में कोई भी पाकिस्तानी राजनयिक या अधिकारी किसी भी तरह से अपने विशेषाधिकारों और दर्जे का दुरुपयोग न करे.

  19. जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों की चरमपंथियों के साथ मुठभेड़

    जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में सुरक्षाबलों और चरमपंथियों के बीच मुठभेड़ की ख़बर है.

    भारतीय सेना ने बताया है, "जम्मू-कश्मीर पुलिस के साथ साझा अभियान में सुरक्षा बलों ने चटरू इलाके में आतंकवादियों को घेर लिया है. सेना और सुरक्षाबलों का संयुक्त अभियान अभी जारी है."

    भारतीय सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है.

    भारतीय सेना की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि 'आतंकियों' के ख़िलाफ़ अभियान जारी है और मौके पर अतिरिक्त सुरक्षाबल भी भेजे जा रहे हैं.

  20. उत्तर प्रदेश में आंधी से 14 लोगों की मौत, सीएम ने अधिकारियों को दिए ये निर्देश

    उत्तर प्रदेश समेत देश भर के कई इलाकों में बुधवार शाम आए तूफान ने न सिर्फ़ माल का नुक़सान किया है, बल्कि इस आंधी में कई लोगों की जान भी गई है.

    बीबीसी संवाददाता सैयद मोज़िज़ इमाम के मुताबिक़, उत्तर प्रदेश में तूफान के कारण कम से कम 14 लोगों की जान चली गई है.

    मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के 47 ज़िलों के लिए अलर्ट जारी किया है.

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर पोस्ट में कहा है कि संबंधित अधिकारियों को पूरी तत्परता से राहत कार्य संचालित करने के निर्देश दिए हैं.

    बुधवार आए तूफ़ान से न सिर्फ़ उत्तर प्रदेश बल्कि दिल्ली के कई इलाक़े भी प्रभावित हुए हैं.

    राजधानी दिल्ली के कई इलाक़ों में पेड़ गिरने से कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे कई इलाक़ों में यातायात बाधित हुआ और मेट्रो सेवाएं भी प्रभावित हुईं.