You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

अमेरिका के 'पीस प्लान' पर रूस और यूक्रेन में हलचल, ज़ेलेंस्की बोले- देश को धोखा नहीं दूंगा

अमेरिका का जो 28 बिंदुओं वाला प्रस्ताव सामने आया है उसमें यूक्रेन के पूर्वी दोनेत्स्क क्षेत्र से पीछे हटने, उसकी सैन्य संख्याबल को घटाने और नेटो में कभी शामिल न होने के वादे जैसी शर्तें शामिल हैं.

सारांश

  • नीतीश कुमार की कैबिनेट में पोर्टफ़ोलियो का बंटवारा, पहली बार गृह विभाग बीजेपी के पास
  • दुबई के एयर शो में भारत का लड़ाकू विमान तेजस दुर्घटना का शिकार, पायलट की मौत
  • प्रशांत किशोर ने कहा- दिल्ली में एक घर छोड़कर अपनी सारी संपत्ति दान कर दूंगा
  • भारत सरकार ने शुक्रवार से सभी चार श्रम क़ानूनों को लागू करने की घोषणा कर दी है. इन्हें मौजूदा 29 श्रम क़ानूनों के स्थान पर लागू किया जा रहा है.
  • बांग्लादेश ए सुपर ओवर तक पहुंचे बेहद ही रोमांचक मैच में भारत ए को हराकर एशिया कप राइजिंग स्टार के फ़ाइनल में पहुंचा

लाइव कवरेज

दीपक मंडल, सुरभि गुप्ता

  1. अमेरिका के 'पीस प्लान' पर रूस और यूक्रेन में हलचल तेज़, ज़ेलेंस्की ने कहा- अपने देश को धोखा नहीं दूंगा

    यूक्रेन और रूस के बीच जारी जंग को रोकने के लिए अमेरिका के प्रस्तावित पीस प्लान पर रूस ने कहा है कि उसे अभी तक अमेरिका की ओर से कोई औपचारिक प्रस्ताव नहीं मिला है.

    अमेरिका का जो 28 बिंदुओं वाला प्रस्ताव सामने आया है उसमें यूक्रेन के पूर्वी दोनेत्स्क क्षेत्र से पीछे हटने, उसकी सैन्य संख्याबल को घटाने और नेटो में कभी शामिल न होने के वादे जैसी शर्तें शामिल हैं.

    इस प्रस्ताव के बारे में जब रूसी सरकार के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, "हम कुछ नई चीज़ें देख रहे हैं, लेकिन औपचारिक तौर पर हमारे पास कोई प्रस्ताव नहीं आया है. इन बिंदुओं पर भी कोई ठोस चर्चा नहीं हुई है."

    हालांकि, उन्होंने कहा कि रूस शांति वार्ता के लिए एकदम तैयार है.

    अमेरिका का ये प्रस्ताव ऐसे समय में सामने आया है जब रूस ने पूर्वी यूक्रेन के हिस्सों पर छोटी बढ़त का दावा किया है और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की अपने शीर्ष अधिकारियों पर लगे 10 करोड़ डॉलर के भ्रष्टाचार से जुड़े आरोपों का सामना कर रहे हैं.

    अमेरिका की ओर से लगातार इस प्रस्ताव पर बढ़ते ज़ोर के बीच ज़ेलेंस्की ने देश की जनता को संबोधित किया है. उन्होंने कहा कि वह अपने देश को धोखा नहीं देंगे.

    हालांकि, उन्होंने ये भी कहा कि वह अमेरिका के साथ इस प्रस्ताव पर काफ़ी मशक्कत से काम कर रहे हैं.

    दस मिनट के अपने संबोधन में उन्होंने कहा, "यूक्रेन बेहद मुश्किल परिस्थिति का सामना कर सकता है जहां वह या तो अपना सम्मान चुने या फिर उसे अपना एक ख़ास सहयोगी खोना होगा."

  2. विनोद कुमार शुक्ल ज्ञानपीठ से सम्मानित किए गए, आलोक प्रकाश पुतुल, रायपुर से, बीबीसी हिन्दी के लिए

    हिंदी के शीर्ष कवि-कथाकार विनोद कुमार शुक्ल को आज हिंदी के सर्वोच्च सम्मान ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित किया गया.

    यह पुरस्कार उन्हें उनके रायपुर स्थित निवास पर दिया गया. इस मौके पर उन्होंने अपने पाठकों, समकालीन लेखकों और नई पीढ़ी के प्रति आभार व्यक्त किया.

    उन्होंने कहा, "जब हिन्दी भाषा सहित दूसरी भाषाओं पर संकट की बात कही जा रही है, तो मुझे पूरी उम्मीद है नई पीढ़ी हर भाषा का सम्मान करेगी. हर विचारधारा का सम्मान करेगी. किसी भाषा या अच्छे विचार का नष्ट होना, मनुष्यता का नष्ट होना है."

    पिछले कई वर्षों से विनोद कुमार शुक्ल बच्चों और किशोरों के लिए भी लिखते रहे हैं.

    ज्ञानपीठ सम्मान समारोह के दौरान उन्होंने अपनी एक प्रसिद्ध कविता 'सबके साथ हो गया हूं' का पाठ भी किया. उनका पहला कविता-संग्रह ‘लगभग जय हिन्द’ 1971 में प्रकाशित हुआ था.

    अब तक मिले सम्मान

    अपने लंबे रचनात्मक सफ़र में उन्हें साहित्य अकादमी पुरस्कार, गजानन माधव मुक्तिबोध फ़ेलोशिप, रज़ा पुरस्कार, शिखर सम्मान, राष्ट्रीय मैथिलीशरण गुप्त सम्मान, दयावती मोदी कवि शेखर सम्मान, हिंदी गौरव सम्मान, मातृभूमि पुरस्कार, साहित्य अकादमी का महत्तर सदस्य सम्मान और 2023 का पेन-नाबोकोव पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है.

  3. लागू हुए चार नए श्रम क़ानून, कामकाजी घंटों से लेकर वेतन तक क्या कुछ बदलेगा?

    भारत सरकार ने आज से सभी चार श्रम क़ानूनों को लागू करने की घोषणा कर दी है. पीआईबी की प्रेस रिलीज़ के मुताबिक़, ''इन क़ानूनों को मौजूदा 29 श्रम क़ानूनों के स्थान पर लागू किया जा रहा है.''

    इन 29 क़ानूनों में चार क़ानून वेतन और पारिश्रमिक वाले प्रावधानों से संबंधित हैं. नौ क़ानून सामाजिक सुरक्षा प्रावधानों से और 13 क़ानून पेशेगत सुरक्षा, स्वास्थ्य और कामकाजी सुविधाओं से जुड़े हैं. बाक़ी बचे तीन क़ानूनी प्रावधान उद्योग धंधों से संबंधित हैं.

    सरकार का दावा है कि इन बदलावों से संगठित और असंगठित दोनों क्षेत्रों के कामगारों को फ़ायदा होगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस फ़ैसले को ऐतिहासिक बताते हुए एक्स पर पोस्ट किया है.

    प्रधानमंत्री मोदी ने अपने पोस्ट में लिखा, ''श्रमिक भाई-बहनों के लिए ऐतिहासिक दिन है. हमारी सरकार ने चार लेबर कोड लागू कर दिए हैं. आज़ादी के बाद यह श्रमिकों के हित में किया गया सबसे बड़ा रिफ़ॉर्म है. यह देश के कामगारों को बहुत सशक्त बनाने वाला है. इससे जहां नियमों का पालन करना बहुत आसान होगा, वहीं ‘ईज़ ऑफ डूइंग बिजनेस’ को बढ़ावा मिलेगा.''

    सीपीआई(एम) ने किया विरोध

    कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ़ इंडिया (मार्क्सवादी) ने सरकार के इस फ़ैसले का विरोध करते हुए एक बयान जारी किया है. बयान में कहा गया है कि ये नए कानून कर्मचारियों के ख़िलाफ़ और मालिकों के हित में हैं.

    इसी साल जुलाई के महीने में भी भारत की दस केंद्रीय ट्रेड यूनियनों और फ़ेडरेशनों के फ़ोरम ने इस चार लेबर कोड्स के ख़िलाफ़ देशव्यापी आम हड़ताल का आह्वान किया था. ट्रेड यूनियनों का कहना था कि चार लेबर कोड्स के ज़रिए जिन 29 श्रम क़ानूनों को बदला गया है वो कॉरपोरेट सेक्टर को फ़ायदा पहुंचाने के लिए किया गया है.

  4. नीतीश कुमार के कैबिनेट मंत्रियों को मिले पोर्टफ़ोलियो, पहली बार गृह विभाग बीजेपी के पास

    बिहार में नीतीश कुमार की नई सरकार के शपथग्रहण के अगले ही दिन विभागों का भी बंटवारा हो गया है, जिसमें सबसे महत्वपूर्ण ये रहा कि इस बार गृह विभाग सीएम नीतीश के पास नहीं है.

    बल्कि अब गृह विभाग राज्य के डिप्टी सीएम और बीजेपी नेता सम्राट चौधरी के पास आ गया है. वहीं नीतीश कुमार के पास सामान्य प्रशासन, मंत्रिमंडल सचिवालय, निगरानी, निर्वाचन जैसे विभाग हैं.

    दूसरे डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा के ज़िम्मे राजस्व एवं भूमि सुधार और खान एवं भूतत्व विभाग आए हैं.

    स्वास्थ विभाग मंगल पांडे के पास ही रहा है. वहीं, शिक्षा और सूचना प्रौद्योगिकी विभाग सुनील कुमार को मिला है.

    नए चेहरों में से एक श्रेयसी सिंह को सूचना प्रावैधिकी और खेल, दीपक प्रकाश को पंचायती राज विभाग की ज़िम्मेदारी दी गई है.

    अल्पसंख्यक कल्याण और श्रम संसाधन विभाग मोहम्मद जमा ख़ान को दिया गया है और रमा निषाद को पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग सौंपा गया है.

    किन्हें मिला कौनसा विभाग:

    • विजय कुमार चौधरी: जल संसाधन, भवन मंत्री
    • दिलीप जायसवाल : उद्योग मंत्री
    • श्रवण कुमार: ग्रामीण विकास कार्य, परिवहन मंत्री
    • अशोक चौधरी: ग्रामीण कार्य मंत्री
    • विजेंद्र यादव : ऊर्जा मंत्री
    • लेशी सिंह: खाद्य उपभोक्ता मंत्री
    • नितिन नवीन: पथ निर्माण, नगर विकास एवं आवास
    • मदन सहनी: समाज कल्याण मंत्री
    • संतोष सुमन: लघु जल संसाधन मंत्री
    • रामकृपाल यादव :कृषि मंत्री
    • संजय टाइगर : श्रम संसाधन विभाग
    • अरुण शंकर प्रसाद : पर्यटन, कला संस्कृति मंत्री
    • सुरेंद्र मेहता: पशु एवं मतस्य विभाग
    • नारायण प्रसाद: आपदा प्रबंधन विभाग
    • लखेन्द्र पासवान :अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री
    • संजय सिंह: लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग
    • प्रमोद कुमार चंद्रवंशी: सहकारिता विभाग, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन
    • संजय पासवान :गन्ना उद्योग विभाग
  5. ब्रेकिंग न्यूज़, बांग्लादेश ए सुपर ओवर तक पहुंचे बेहद ही रोमांचक मैच में भारत ए को हराकर एशिया कप राइजिंग स्टार के फ़ाइनल में पहुंचा

    एसीसी मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2025 के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में बांग्लादेश ए क्रिकेट टीम ने भारत ए को हरा दिया है.

    इस जीत के साथ ही बांग्लादेश ए ने टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बना ली है.

    भारत ए और बांग्लादेश ए के बीच खेला गया ये बेहद ही रोमांचक मुकाबला सुपर ओवर तक पहुंचा.

    लेकिन सुपर ओवर में भारतीय टीम ने अपने दोनों विकेट बिना कोई रन बनाए ही गंवा दिए.

    बांग्लादेश ने भी सुपर ओवर में पहली गेंद पर विकेट गंवा दिया था.

    सुयश शर्मा ने दूसरी गेंद वाइड फेंकी और बांग्लादेश ने मैच में जीत दर्ज कर ली.

    दोहा के वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट गंवाकर 194 रन बनाए.

    भारत ए ने भी 20 ओवर में छह विकेट गंवाकर 194 रन बनाए और स्कोर बराबर होने की वजह ये मैच सुपर ओवर तक पहुंचा.

    भारत के लिए प्रियांश आर्य ने 23 गेंद में 44 रन की पारी खेली. वहीं वैभव सूर्यावंशी ने 15 गेंद में चार छक्कों और दो चौकों की मदद से 38 रन बनाए.

    टूर्नामेंट का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला आज ही पाकिस्तान ए और श्रीलंका ए के बीच खेला जाएगा. इस मुकाबले के विजेता की टक्कर 23 नवंबर को टूर्नामेंट के फाइनल में बांग्लादेश ए से होगी.

  6. दीपक प्रकाश को नीतीश कैबिनेट में शामिल किए जाने के बचाव में उतरे पिता उपेंद्र कुशवाहा, कहा- ज़रूरी था

    उपेंद्र कुशवाहा ने अपने बेटे दीपक प्रकाश को नीतीश कैबिनेट में मंत्री बनाए जाने के बाद से जारी आलोचनाओं पर प्रतिक्रिया दी है.

    राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) के अध्यक्ष कुशवाहा ने एक्स पर एक लंबे पोस्ट में लिखा कि कल से पार्टी के निर्णय को लेकर पक्ष और विपक्ष में आ रही प्रतिक्रियाएं उत्साहवर्द्धक भी हैं और आलोचनात्मक भी हैं.

    उन्होंने लिखा, "मेरे ऊपर परिवारवाद का आरोप लगाया गया है. मेरा पक्ष है कि अगर आपने हमारे निर्णय को परिवारवाद की श्रेणी में रखा है, तो ज़रा समझिए मेरी विवशता को. पार्टी के अस्तित्व व भविष्य को बचाने व बनाए रखने के लिए मेरा यह कदम ज़रूरी ही नहीं अपरिहार्य था. मैं तमाम कारणों का सार्वजनिक विश्लेषण नहीं कर सकता."

    उपेंद्र कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश नीतीश कुमार की सरकार में एक चौंकाने वाला नाम थे क्योंकि उन्होंने न तो विधानसभा चुनाव लड़ा और न ही वह विधान परिषद के सदस्य ही हैं.

    उपेंद्र कुशवाहा ने लिखा, "पूर्व में पार्टी के विलय जैसा अलोकप्रिय और एक तरह से लगभग आत्मघाती निर्णय भी लेना पड़ा था. जिसकी तीख़ी आलोचना बिहार भर में हुई. उस वक्त भी बड़े संघर्ष के बाद आप सभी के आशीर्वाद से पार्टी ने सांसद, विधायक सब बनाए. लोग जीते और निकल लिए. झोली खाली की खाली रही. शून्य पर पहुंच गए. पुनः ऐसी स्थिति न आए, सोचना ज़रूरी था."

    उन्होंने बेटे को मंत्री बनाए जाने के बचाव में लिखा, "दीपक प्रकाश, विद्यालय की कक्षा में फेल विद्यार्थी नहीं है. मेहनत से पढ़ाई कर के कंप्यूटर साइंस में इंजीनियरिंग की डिग्री ली है, पूर्वजों से संस्कार पाया है उसने. इंतज़ार कीजिए, थोड़ा वक्त दीजिए उसे. अपने को साबित करने का. कर के दिखाएगा. अवश्य दिखाएगा."

    उन्होंने आख़िर में लिखा, "वैसे भी किसी भी व्यक्ति की पात्रता का मूल्यांकन उसकी जाति या उसके परिवार से नहीं, उसकी काबिलियत और योग्यता से होना चाहिए."

  7. आरजेडी ने लगाया वंशवादी राजनीति करने का आरोप, बीजेपी ने दिया ये जवाब

    राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने बिहार में एनडीए पर वंशवादी राजनीति करने का आरोप लगाया है. इस पर बीजेपी ने प्रतिक्रिया दी है.

    बीजेपी नेता शाहनवाज़ हुसैन ने कहा, "बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में एक अच्छी सरकार बनी है. सबसे अनुभव वाले मुख्यमंत्री बिहार के पास हैं और सबसे अनुभव वाले मंत्री भी बने हैं. बहुत से युवा चेहरे भी हैं."

    "आरजेडी के पास कोई और बात नहीं है, तो वो परिवारवाद का आरोप लगा रही है. ये कहना कि 10 मंत्री परिवार के हैं, ये पूरी तरह गलत है. बहुत से मंत्री हैं, जो पहले से मंत्री थे."

    "जिनके पिता बीजेपी और जेडीयू में काम करते थे, उनके बच्चे अगर पार्टी में काम नहीं करेंगे तो कहां करेंगे? क्या लालटेन पकड़ेंगे? आरजेडी बेवजह सवाल उठा रही है."

    नीतीश कुमार ने कल बिहार के सीएम पद की शपथ ली. उनके साथ 26 लोगों को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई. इनमें से कई लोगों पर निशाना साधते हुए आरजेडी ने एक्स पर पोस्ट किया कि वे किन राजनेताओं के रिश्तेदार हैं.

  8. कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार बोले- गुटबाज़ी मेरे खून में नहीं है

    कर्नाटक के कई कांग्रेसी विधायक दिल्ली में शीर्ष नेताओं से मिलने आए हैं. वहीं इसी के साथ कर्नाटक के सीएम पद को लेकर भी अटकलें चल रही हैं. बीजेपी दावा कर रही है कि कर्नाटक में सरकार दो धड़ों में बंट गई है.

    हालांकि, इन अटकलों को लेकर बेंगलुरु में सवाल किए जाने पर कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने कहा, "सीएम (सिद्धारमैया) ने कहा है कि वो 5 साल पूरे करेंगे. मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं. हम सब उनके साथ काम करेंगे."

    कई विधायकों के दिल्ली आने के सवाल पर डीके शिवकुमार ने कहा, "गुटबाज़ी मेरे खून में नहीं है. सभी 140 विधायक मेरे विधायक हैं. सीएम (सिद्धारमैया) ने तय किया कि वह सरकार और कैबिनेट में फेरबदल करेंगे. इसलिए, वे सभी मंत्री बनने में दिलचस्पी रखते हैं. इसलिए ज़ाहिर सी बात है कि वे दिल्ली जाकर नेताओं से मिलेंगे."

    उन्होंने कहा, "मैं किसी को नहीं ले गया. उनमें से कुछ लोग मल्लिकार्जुन खड़गे से मिले. वे सीएम से भी मिले. क्या गलत है? यह उनकी ज़िंदगी है. किसी ने उन्हें बुलाया नहीं है, वे अपनी मर्ज़ी से जा रहे हैं. वे अपनी मौजूदगी दिखाना चाहते थे कि वे सबसे आगे हैं, काम कर सकते हैं और उन्हें ज़िम्मेदारी चाहिए."

    वहीं बीजेपी नेता और कर्नाटक विधानसभा में विपक्ष के नेता आर अशोक ने कहा, "कर्नाटक में सरकार दो पार्टियों में बंट गई हैं- एक का नेतृत्व सिद्धारमैया कर रहे हैं और दूसरी का नेतृत्व डीके शिवकुमार कर रहे हैं."

    उन्होंने कहा, "सरकार अब बंट गई है...जिन विधायकों ने सिद्धारमैया को चुना था, वे अब चाहते हैं कि उन्हें सीएम पद से हटा दिया जाए. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन से शिकायत की गई है...सिद्धारमैया के पास अब बहुमत नहीं है, उन्हें इस्तीफा देना होगा."

  9. पाकिस्तान: फ़ैसलाबाद की एक फैक्ट्री में विस्फोट, कम से कम 15 लोगों की मौत, बीबीसी उर्दू

    पाकिस्तान में पंजाब प्रांत के फ़ैसलाबाद शहर में एक कारखाने में हुए विस्फोट में कम से कम 15 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है. ये जानकारी बचाव अभियान में जुटे अधिकारियों ने दी है.

    इमरजेंसी सर्विस के प्रवक्ता फ़ारूक अहमद ने कहा, "शुरुआती जांच से पता चलता है कि ये विस्फोट गैस रिसने के कारण हुआ."

    उन्होंने बताया कि विस्फोट से कारखाने के पास के नौ घर प्रभावित हुए हैं. मृतकों में तीन मज़दूर हैं और बाकी स्थानीय लोग बताए जा रहे हैं.

    पंजाब प्रांत की मुख्यमंत्री मरियम नवाज़ ने पीड़ितों और उनके परिवार के प्रति अपनी संवेदना जताई है.

  10. वियतनाम में लगातार बारिश से बाढ़, कम से कम 41 लोगों की मौत, केली एनजी, बीबीसी न्यूज़

    वियतनाम की सरकारी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक़, मध्य वियतनाम में लगातार बारिश और बाढ़ के कारण बीते एक हफ़्ते में कम से कम 41 लोगों की मौत हो गई है, जबकि नौ लोग लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है.

    रिपोर्ट के मुताबिक़, बाढ़ में 52 हज़ार से ज़्यादा घर डूब गए हैं और पांच लाख घरों और दुकानों में बिजली नहीं है. बाढ़ से प्रभावित इलाकों से हज़ारों लोगों को निकाला गया है.

    पिछले तीन दिनों में कई इलाकों में डेढ़ मीटर से ज़्यादा बारिश हुई है. हाल के महीनों में वियतनाम में बहुत खराब मौसम रहा है. कालमेगी और बुआलोई तूफ़ान से भी काफी तबाही मची है.

    सरकारी अनुमान के मुताबिक़ जनवरी से अक्तूबर के बीच प्राकृतिक आपदाओं से वियतनाम में दो अरब डॉलर का नुकसान हुआ है.

  11. प्रशांत किशोर ने कहा- दिल्ली में एक घर छोड़कर अपनी सारी संपत्ति दान कर दूंगा

    जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने कहा है कि वो दिल्ली में अपने परिवार के लिए एक घर को छोड़कर, पिछले 20 वर्षों में कमाई गई अपनी पूरी संपत्ति पार्टी को दान कर देंगे.

    बिहार में पश्चिम चंपारण के भितिहरवा में उन्होंने कहा, "जिन लोगों को लालच देकर दस हजार रुपये की पहली किस्त दी गई थी अब उन सभी लोगों तक पहुंचना और यह सुनिश्चित करना जन सुराज की ज़िम्मेदारी है कि वे सरकारी सिस्टम में न उलझें."

    उन्होंने कहा, "15 जनवरी के बाद, हम हर घर जाएंगे और उनका फ़ॉर्म भरवाएंगे ताकि उन्हें 2 लाख रुपये मिल सके. यह बिहार नव निर्माण संकल्प अभियान शुरू किया जाएगा."

    "मैं बिहार की जनता से वादा करता हूं कि आने वाले पाँच साल में मैं अपनी कमाई का कम से कम 90 फ़ीसदी हिस्सा जन सुराज की इस पहल को दान करूँगा. साथ ही, दिल्ली में अपने परिवार के लिए एक घर को छोड़कर, पिछले 20 वर्षों में कमाई गई अपनी पूरी संपत्ति को भी मैं इस पहल में दान कर रहा हूँ."

    उन्होंने कहा, "यह पहल पैसों की कमी के कारण नहीं रुकेगी. मैं बिहार के लोगों से भी आग्रह करता हूं कि वे कम से कम एक हज़ार रुपये जन सुराज को दान करें."

    जन सुराज पहली बार चुनावी मैदान में उतरी थी, लेकिन उसे बिहार विधानसभा चुनाव में एक भी सीट नहीं मिल पाई.

  12. अभी तक बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल आप तक इस लाइव ब्लॉग के ज़रिये ताज़ा ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    अब बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाएंगी.

    आप बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

    - फ़ातिमा बॉश बनीं मिस यूनिवर्स, इन्हें लेकर इवेंट में हुआ काफ़ी विवाद

    - धर्मस्थला मामला: एसआईटी ने शिकायतकर्ता के ख़िलाफ़ दाखिल की रिपोर्ट

    - नीतीश कुमार मुश्किलों के बावजूद बिहार में इतने प्रासंगिक क्यों हैं?

    - दीपक प्रकाश: ना एमएलए ना एमएलसी, फिर भी नीतीश सरकार में मंत्री बने उपेंद्र कुशवाहा के बेटे

  13. दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ दूसरे टेस्ट में नहीं खेलेंगे शुभमन गिल

    भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ गुवाहाटी में होने वाले दूसरे टेस्ट मैच में नहीं खेलेंगे.

    बीसीसीआई ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा है, ‘’कप्तान शुभमन गिल, जिन्हें दक्षिण अफ्रीका के ख़िलााफ़ पहले टेस्ट के दौरान गर्दन में चोट लगी थी, गुवाहाटी में होने वाले दूसरे टेस्ट से बाहर हो गए हैं.उनकी गैरमौजूदगी में ऋषभ पंत दूसरे टेस्ट में टीम की कप्तानी करेंगे.''

    गिल को कोलकाता टेस्ट मैच में भारत की पहली पारी के दौरान शॉट खेलते हुए गर्दन में चोट लग गई थी. इससे उन्हें जकड़न हो गई थी. उन्हें अस्पताल ले गया था.

    वह बीते बुधवार को टीम के साथ गुवाहाटी के लिए रवाना नहीं हुए थे जहां शनिवार से दूसरा टेस्ट मैच शुरू हो रहा है.

    गुरुवार को वह गुवाहाटी पहुंचे, लेकिन अब टीम ने उन्हें रिलीज कर दिया है.

  14. यूक्रेन को मिला रूस के साथ ‘पीस प्लान’ का फ्रेमवर्क, क्या बोले ज़ेलेंस्की

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा है रूस के साथ युद्ध ख़त्म करने के ड्राफ़्ट पीस प्लान पर वो ईमानदारी से काम करने के लिए तैयार हैं.

    कई अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक़, इस योजना के तहत यूक्रेन को पूर्वी यूक्रेन के डोनबास के उन हिस्सों को छोड़ना होगा जो अभी भी उसके नियंत्रण में हैं. इसके अलावा उसे अपनी सेना घटानी होगी और नेटो में शामिल न होने का वादा भी करना होगा.

    यह साफ़ नहीं है कि इस योजना को तैयार करने में यूक्रेन किस हद तक शामिल था.

    हालांकि व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट ने कहा कि अमेरिका ने “दोनों पक्षों के साथ समान रूप से बातचीत की है.”

    एक अलग बयान में ज़ेलेंस्की के दफ़्तर ने कहा कि यूक्रेन ने “युद्ध को न्यायपूर्ण तरीके से समाप्त करने के लिए योजना के प्रावधानों पर काम करने पर सहमति व्यक्त की है.”

    इस योजना के बारे में फाइनेंशियल टाइम्स और एक्सिओस की ओर छापी गई रिपोर्ट के मुताबिक़ यूक्रेन की अपनी सेना को छह लाख सैनिकों तक सीमित करना होगा. वहीं यूरोपीय लड़ाकू विमान पोलैंड में तैनात किए जाएंगे.

    योजना में कहा गया है कि यूक्रेन को “भरोसेमंद सुरक्षा गारंटी” दी जाएगी, हालांकि इनके बारे में ज्यादा ब्योरा नहीं दिया गया है.

    ड्राफ्ट पीस प्लान में कहा गया है कि रूस को “वैश्विक अर्थव्यवस्था में दोबारा शामिल किया जाएगा” और इसके लिए उसपर लगे प्रतिबंधों को हटाया जाएगा.

    साथ ही ये भी कहा गया है कि रूस को दुनिया की सबसे शक्तिशाली देशों के मंच जी7 में दोबारा शामिल होने के लिए बुलाया जाएगा, जिससे वो जी8 बन सके.

  15. बिहार में उपमुख्यमंत्री पद मांगने के सवाल पर क्या बोले चिराग

    केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने कहा है कि उन्हें बहुत कुछ मिला है. वो लालची नहीं हैं और जितना मिला है, उससे खुश हैं.

    बिहार में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की ओर से उपमुख्यमंत्री पद की मांग करने से जुड़े सवाल पर चिराग पासवान ने कहा, ''मैंने वो समय भी देखा जब मेरे पास मुट्ठी भर लोग थे. मेरी पार्टी का एक विधायक भी नहीं था. एक सांसद वाली पार्टी पर प्रधानमंत्री ने भरोसा किया था. हमारी पार्टी तोड़ दी गई थी. लेकिन हमारे प्रधानमंत्री ने हम पर भरोसा जताया और हमें विधानसभा में 29 सीटें लड़ने के लिए दी गईं. हमारे 19 उम्मीदवार जीते.''

    उन्होंने कहा, ''हमें तो इतना मिला है कि अगर मैं कुछ और मांगूं तो लालची कहलाऊंगा.''

    बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए ने 243 सीटों में से 202 सीटों पर जीत हासिल की है. बीजेपी को सबसे ज्यादा 89, जनता दल यूनाइटेड को 85 और लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) ने 19 सीटें जीती हैं.''

  16. ऑस्ट्रेलियाई पेसर मिचेल स्टार्क ने एशेज में पूरे किए 100 विकेट, इस धुरंधर का तोड़ा रिकार्ड

    एशेज सिरीज़ के तहत पर्थ में ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे पहले मैच में ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने अपने खाते में एक ख़ास उपलब्धि दर्ज़ करा ली है.

    वह एशेज में 100 विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में शामिल हो गए हैं.

    35 वर्षीय स्टार्क एशेज में 22 मैच खेल चुके हैं. उन्होंने 43 पारियों में 26.65 की औसत से 100 विकेट लिए हैं.

    इसके साथ ही स्टार्क ने अपने टेस्ट डेब्यू के बाद से टेस्ट मैच की पहली इनिंग के पहले ओवर में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने के रिकार्ड भी अपने खाते में दर्ज करा लिया है.

    इससे पहले ये रिकार्ड इंग्लैंड के जेम्स एंडरसन के नाम था. एंडरसन ने पहले ओवर में छह विकेट चटकाए थे. जबकि मिचेल स्टार्क के विकेटों की संख्या 7 हो गई है.

    मौजूदा मैच में मिचेल स्टार्क अब तक पांच विकेट ले चुके हैं. जबकि इंग्लैंड की पहली पारी 172 रनों पर सिमट गई है.

  17. पीएम मोदी के जी-20 सम्मेलन में शामिल होने को लेकर कांग्रेस क्या कह रही है?

    कांग्रेस ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी-20 शिखर सम्मेलन में इसलिए जा रहे हैं क्योंकि अमेरिका इसका बहिष्कार कर रहा है और वहां अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से उनका सामना नहीं होगा.

    वरिष्ठ कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "पीएम मोदी जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग ले रहे हैं. वे इस यात्रा को पूरी सहजता के साथ इसलिए कर पा रहे हैं क्योंकि अमेरिका इस शिखर सम्मेलन का बहिष्कार कर रहा है."

    उन्होंने लिखा, "याद कीजिए कि कुछ दिन पहले प्रधानमंत्री मोदी कुआलालंपुर में होने वाले भारत-आसियान सम्मेलन में इसलिए नहीं गए थे क्योंकि वहां उनका आमना-सामना राष्ट्रपति ट्रंप से होना था."

    उन्होंने लिखा, "अगला जी-20 शिखर सम्मेलन एक साल बाद अमेरिका में होगा. तब तक शायद अमेरिका के साथ भारत की ट्रेड (या) डील हो जाएगी. लेकिन जिस तरह राष्ट्रपति ट्रंप पिछले सात महीनों में 61 बार यह दावा कर चुके हैं कि उन्होंने 'ऑपरेशन सिंदूर' को रोका था, कल्पना कीजिए कि आने वाले बारह महीनों में वे यह दावा कितनी बार और दोहराएंगे."

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को जोहान्सबर्ग (दक्षिण अफ़्रीका) की यात्रा पर रवाना हुए. मोदी यहां 21 नवंबर से लेकर 23 नवंबर तक आयोजित हो रहे 20वें जी-20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे.

  18. पश्चिम बंगाल और झारखंड में 40 से ज़्यादा ठिकानों पर ईडी की तलाशी

    प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी झारखंड और पश्चिम बंगाल में कथित कोयला माफियाओं के ख़िलाफ़ 40 से अधिक ठिकानों पर तलाशी अभियान चला रहा है. ईडी का ये अभियान शुक्रवार को जारी था.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ईडी के सूत्रों से हवाला बताया है कि मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम यानी पीएमएलए के तहत ये ये कार्रवाई की जा रही है

    ईडी झारखंड में कोयला चोरी और तस्करी से जुड़ी जांच के लिए के लगभग 18 जगहों पर तलाशी अभियान चला रहा है.

    इसके अलावा पश्चिम बंगाल में दुर्गापुर, पुरुलिया, हावड़ा और कोलकाता में तलाशी अभियान चल रहा है.

  19. बंगाल की खाड़ी में साइक्लोन का अलर्ट, अंडमान में भारी बारिश की चेतावनी

    बंगाल की खाड़ी में साइक्लोन की आशंका के बीच मौसम विज्ञान विभाग ने अंडमान और निकोबार द्वीप में भारी बारिश की चेतावनी दी है.

    साइक्लोन एक ऐसे क्षेत्र के चारों ओर बनता है, जहां वायुमंडल का दबाव आसपास के क्षेत्रों की तुलना में कम होता है.

    यह बादल छाने और बारिश जैसी मौसमी गतिविधियों का कारण बन सकता है, लेकिन यह एक शक्तिशाली तूफ़ान की तुलना में कम गंभीर होता है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने एक अधिकारी के हवाले से बताया कि यह चक्रवात का दबाव 21 नवंबर से तेज़ होने की आशंका है.

    मौसम विभाग के मुताबिक़, निकोबार द्वीप में एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश (7 से 20 सेमी. के बीच) होने की बहुत अधिक संभावना है, जबकि अंडमान में भी भारी बारिश (7-11 सेमी. के बीच) होने की उम्मीद है.

    अधिकारी ने कहा, “24 और 25 नवंबर को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज़ हवा (40-50 किलोमीटर प्रति घंटा) और बिजली गिरने की भी बहुत अधिक संभावना है.”

    उधर, अंडमान सागर में सतही हवा की रफ़्तार 35-45 किमी प्रति घंटा, जो झोंकों में 55 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, के साथ तेज़ मौसम की स्थिति बनने की संभावना है.

  20. आरजेडी ने शपथ लेने वाले इन 10 लोगों पर क्यों साधा निशाना

    राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने बिहार में मंत्री पद की शपथ लेने वाले एनडीए के विधायकों पर निशाना साधा है.

    आरजेडी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, ‘’ जो लोग महागठबंधन पर वंशवादी राजनीति करने का आरोप लगाते थे वही वंशवादी राजनीति कर रहे हैं’’

    आरजेडी ने शपथ लेने वाले दस विधायकों का नाम लेते हुए बताया है कि वो किन नेताओंं के रिश्तेदार हैं.

    उन्होंने जीतन राम मांझी, सम्राट चौधरी, उपेंद्र कुशवाहा, श्रेयसी सिंह, रमा निषाद, दीपक प्रकाश, विजय चौधरी, अशोक चौधरी, नितिन नवीन, अनिल कुमार और लेशी सिंह का ज़िक्र करते हुए बताया है कि वो किन राजनेताओं के रिश्तेदार हैं.

    आरजेडी ने तंज़ करते हुए लिखा है, ‘’ ईश्वर की शपथ लेता हूं कि मैं परिवारवाद के घोर विरोधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी के विशेष स्नेह एवं आशीर्वाद से बिहार की राजनीति से परिवारवाद को समाप्त करके एक नए बिहार का निर्माण करूंगा.’’

    बिहार में एनडीए की जीत के बाद कल नीतीश कुमार के अलावा 26 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली थी.