You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

मशहूर फ़ैशन डिज़ाइनर रोहित बल का 63 साल की उम्र में हुआ निधन

भारत के जाने माने फ़ैशन डिज़ाइनर रोहित बल का शुक्रवार को निधन हो गया. वो 63 साल के थे और दिल से संबंधित बीमारियों से जूझ रहे थे.

सारांश

  • भारत के जाने माने फ़ैशन डिज़ाइनर रोहित बल का शुक्रवार को निधन हो गया. वो 63 साल के थे और दिल से संबंधित बीमारियों से जूझ रहे थे.
  • पीएम मोदी ने कांग्रेस के वादों को लेकर एक्स पर किए कई पोस्ट
  • कनाडा में पंजाबी सिंगर एपी ढिल्लों के घर पर गोली चलाने के आरोप में अबजीत किंगरा नाम का शख़्स गिरफ़्तार.
  • डोनाल्ड ट्रंप ने लिखी बांग्लादेश में हिंदुओं और दूसरे अल्पसंख्यकों के साथ हुई कथित हिंसा पर एक पोस्ट.
  • दिल्ली के शाहदरा में गोलीबारी की घटना में एक नाबालिग की मौत और एक 10 साल का बच्चा घायल.
  • देवेंद्र राणा की मौत पर पीएम मोदी ने जताया शोक, उमर अब्दुल्लाह ने शेयर की पुरानी तस्वीर.

लाइव कवरेज

अभिषेक पोद्दार, कीर्ति रावत

  1. लास वेगास में जेनिफ़र लोपेज़ के साथ चुनावी रैली करेंगी कमला हैरिस

    अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में प्रचार अभियान के तहत डेमोक्रेटिक उम्मीदवार कमला हैरिस लास वेगास में एक रैली करेंगी.

    कमला हैरिस की इस रैली में मशहूर अमेरिकी सिंगर और अभिनेत्री जेनिफ़र लोपेज़ भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगी.

    इसी बीच अमेरिकी अरबति व्यवसायी और न्यूयॉर्क के पूर्व मेयर माइकल ब्लूमबर्ग ने डेमोक्रेटिक उम्मीदवार कमला हैरिस को अपना समर्थन देने का एलान किया है.

    अपने समर्थन का एलान करते हुए अमेरिकी अरबपति ने कहा,''मैं हर मुद्दे पर कमला हैरिस से सहमत नहीं हूं लेकिन इस हफ़्ते की शुरुआत में मैंने बिना किसी हिचकिचाहट के उनको वोट दिया.”

    माइकल ब्लूमबर्ग ने यह भी कहा, जब पॉलिसी की बात आती है तो ट्रंप और हैरिस दोनों के बीच अंतर करना थोड़ा मुश्किल हो जाता है.

    हाल ही में माइलकल ब्लूमबर्ग ने कमला हैरिस के अभियान का समर्थन करने वाले एक ग़ैर-लाभकारी संगठन को 5 करोड़ डॉलर की रकम का दान दिया था.

    अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव से जुड़ी अन्य ख़बरों को यहां पढ़ें-

  2. दिल्ली के शाहदरा में गोलीबारी में नाबालिग समेत दो लोगों की मौत

    दिवाली की वाली रात को दिल्ली के शाहदरा इलाके में गोलीबारी की एक घटना सामने आई है.

    गोलीबारी की इस घटना में एक नाबालिग समेत दो लोगों की मौत हो गई है. साथ ही एक दस साल के बच्चे को भी गोली लगी है.

    तीनों ही पीड़ित एक ही परिवार के हैं. घटना के बारे में जानकारी देते हुए शाहदरा के डीसीपी प्रशांत गौतम ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया,''रात करीब साढ़े आठ बजे हमें एक पीसीआई कॉल मिली. जिसमें हमें बताया गया कि गोली चली है और कुछ लोगों को गोली लगी है. कॉल के अनुसार जब हम घटना स्थल पर पहुंचे तो हमने पाया कि तीन लोगों को गोली लगी है.''

    पीड़ितों के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने कहा,''एक का नाम आकाश है जिसकी उम्र 40 साल है. एक का नाम ऋषभ है जिसकी उम्र 16 साल है और एक 10 साल के बच्चे कृश शर्मा जो कि आकाश का बेटा है उसे भी गोली लगी है. आकाश और उनके भतीजे ऋषभ की मृत्यु हो गई है. हम आगे की जांच कर रहे हैं.''

    पीटीआई की ख़बर के मुताबिक़ पीड़ित शाहदरा के फर्श बाज़ार इलाके में अपने घर के बाहर दिवाली मना रहे थे, तभी रात करीब आठ बजे उन पर हमला किया गया.

  3. भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच मुंबई में तीसरा टेस्ट मैच आज से, भारत पहले ही हार चुका है सिरीज़

    भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच तीसरा टेस्ट मैच शुक्रवार को सुबह साढ़े नौ बजे से मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में शुरू होगा.

    न्यूज़ीलैंड की टीम भारतीय दौरे पर है. जहां तीन टेस्ट मैचों की सिरीज़ को मेहमान टीम 2-0 से पहले ही अपने नाम कर चुकी है.

    इसी के साथ घरेलू ज़मीन पर टीम इंडिया को 12 सालों बाद पहली टेस्ट सिरीज़ में हार का सामना करना पड़ा था.

    इस टेस्ट सिरीज़ का पहला टेस्ट मैच बेंगलुरु में खेला गया था. जिसे न्यूज़ीलैंड की टीम ने 8 विकेट से जीता था.

    दूसरा टेस्ट मैच पुणे में खेला गया था जिसमें न्यूज़ीलैंड को 113 रनों से जीत मिली थी.

    सिरीज़ में क्लीन स्वीप से बचने के अलावा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फ़ाइनल में प्रवेश के लिए भी भारतीय टीम के लिए यह मैच जीतना ज़रूरी है.

    भारतीय टीम लगातार दो बार टेस्ट चैंपियनशिप के फ़ाइनल में अपनी जगह बना चुकी है. लेकिन इस टेस्ट सिरीज़ में हार के साथ ही भारत के लिए राहें थोड़ी मुश्किल होती दिख रही हैं.

    हालांकि भारत अभी भी 62.820 अंकों के साथ टेस्ट चैंपियनशिप की तालिका में पहले नंबर पर बना हुआ है.

    पहली टेस्ट चैंपियनशिप के फ़ाइनल में भारत को न्यूज़ीलैंड के हाथों ही हार का सामना करना पड़ा था.

    कीवी टीम की बात करें तो यह टीम टेस्ट चैंपियनशिप की तालिका में 50 अंकों के साथ पांचवे नंबर पर है.

  4. डोनाल्ड ट्रंप ने बांग्लादेशी हिंदुओं, भारत और पीएम मोदी को लेकर क्या लिखा

    पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति और रिपब्लिकन पार्टी के राष्ट्रपति उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप ने बांग्लादेश में हिंदुओं और दूसरे अल्पसंख्यकों के साथ हुई कथित हिंसा पर एक पोस्ट लिखी है.

    डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में लिखा, '' मैं बांग्लादेश में हिंदुओं, ईसाइयों और अन्य अल्पसंख्यकों के खिलाफ़ बर्बर हिंसा की कड़ी निंदा करता हूँ. भीड़ उन पर हमला कर रही है, लूटपाट कर रही है जो कि पूरी तरह से अराजकता की स्थिति है.''

    अपनी पोस्ट में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार कमला हैरिस और मौजूदा अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन को घेरे में लेते हुए ट्रंप ने लिखा, ''मेरे कार्यकाल में ऐसा कभी नहीं हुआ होता. कमला और जो (जो बाइडन) ने अमेरिका समेत पूरी दुनिया में हिंदुओं की अनदेखी की है. वे इसराइल से लेकर यूक्रेन और हमारी अपनी दक्षिणी सीमा तक तबाही मचा चुके हैं, लेकिन हम अमेरिका को फिर से मज़बूत बनाएंगे और ताकत के ज़रिए शांति वापस लाएंगे.''

    ट्रंप ने लिखा, “हम कट्टरपंथी वामपंथियों के धर्म-विरोधी एजेंडे के ख़िलाफ़ हिंदू अमेरिकियों की भी रक्षा करेंगे. हम आपकी आज़ादी के लिए लड़ेंगे. मेरे प्रशासन के तहत, हम भारत और मेरे अच्छे दोस्त, प्रधानमंत्री मोदी के साथ अपनी महान साझेदारी को भी मज़बूत करेंगे.''

    डोनाल्ड ट्रंप ने दिवाली की शुभकामनाएं देते हुए यह बातें लिखीं. उन्होंने यह भी लिखा, "मुझे उम्मीद है कि रोशनी का त्योहार बुराई पर अच्छाई की जीत की ओर ले जाएगा.''

    इसी साल जून के महीने में बांग्लादेश में आरक्षण विरोधी आंदोलनों की वजह से स्थितियां बिगड़ गई थीं. यहां तक कि तत्कालीन बांग्लादेशी प्रधानमंत्री शेख़ हसीना को भी देश छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा था.

    आंदोलनों के कुछ समय बाद बांग्लादेश में मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व में अंतरिम सरकार का गठन हुआ था.

    उसी समय बांग्लादेश की अधिकतर जगहों पर अल्पसंख्यकों ख़ास तौर पर हिंदू समुदाय के ख़िलाफ़ हिंसा की कई ख़बरें सामने आई थीं.

  5. दिवाली की अगली सुबह दिल्ली में कैसा रहा वायु प्रदूषण का हाल

    दिवाली के ठीक अगले दिन यानी शुक्रवार को दिल्ली में हवा की गुणवत्ता का स्तर 'बहुत ख़राब' की श्रेणी में दर्ज किया गया.

    केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की वेबसाइट पर मौजूद आंकड़ों के मुताबिक़ दिल्ली में सबसे ज़्यादा प्रदूषित हवा आनंद विहार इलाके में रही. शुक्रवार सुबह छह बजे आनंद विहार में एक्यूआई 395 दर्ज किया गया.

    यह हवा की गुणवत्ता का 'बहुत ख़राब' स्तर है. आनंद विहार के अलावा भी दिल्ली में अधिकतर जगहों पर एक्यूआई 300 से 400 के बीच में ही दर्ज किया गया.

    दिल्ली में दिवाली के वक़्त पटाखों पर नियंत्रण को लेकर गुरुवार को प्रायवरण मंत्री गोपाल राय ने भी बयान दिया था.

    उन्होंने कहा था, "कुछ जगहों पर एक्यूआई कुछ ज़्यादा बढ़ा हुआ है, लेकिन आज की रात (दिवाली वाले दिन की) काफ़ी अहम है.”

    पटाखों पर प्रतिबंध

    पटाखों पर बैन के बावजूद भी बिकने की घटनाओं पर पर्यावरण मंत्री ने कहा था,“जहां पर भी इस तरह की घटनाएं संज्ञान में आ रही हैं. वहां पर सभी टीमें मिल कर काम कर रही हैं.”

    हालांकि दिल्ली में गुरुवार को हवा की गुणवत्ता का स्तर 'गंभीर' श्रेणी में दर्ज किया गया था. वायु प्रदूषण के चलते सुबह के समय लोगों को धुंध का सामना भी करना पड़ रहा है.

    साथ ही हवा में मौजूद छोटे धूल के कड़ों को काबू करने के लिए सड़कों पर लगातार एंटी स्मॉग वाहनों की सहायता से पानी का छिड़काव भी किया जा रहा है.

    दिल्ली में प्रदूषण से जुड़ी अन्य ख़बरें पढ़ें-

  6. नमस्कार

    आज सुबह छह बजे से दोपहर के दो बजे तक बीबीसी संवाददाता अभिषेक पोद्दार आप सभी तक बड़ी ख़बरों को पहुंचाएंगे.

    साथ ही बीबीसी हिंदी के होम पेज पर जाने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    कल के लाइव पन्ने की ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें-

    - आईपीएल 2025: एमएस धोनी, रोहित शर्मा और विराट कोहली हुए रिटेन, 23 करोड़ में इस खिलाड़ी को टीम ने अपने पास रखा- इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें.

    - अमित शाह पर कनाडा के मंत्री के दावे पर अमेरिका का आया बयान, अजित डोभाल की बातचीत पर भी बोला व्हाइट हाउस- इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें.

    -भारत-चीन के बीच लद्दाख में एलएसी को लेकर जो समझौता हुआ उसके क्या मायने हैं?- इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें.

    -एक अनोखी भाषा जो सिर्फ़ दो लोग बोलते हैं, जुड़वाँ भाइयों ने कैसे किया ये कमाल- इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें.