मानसून सत्र: लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित
इमेज स्रोत, @sansad_tv
इमेज कैप्शन, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश और लोकसभा स्पीकर ओम बिरला
संसद के दोनों सदनों यानी लोकसभा और राज्यसभा में बुधवार की कार्यवाही शुरू होते ही हंगामा शुरू हो गया.
हंगामे को देखते हुए लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 12.00 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है.
लोकसभा में हंगामा होने पर स्पीकर ओम बिरला ने कहा, "सदन चर्चा और संवाद के लिए है, नारेबाजी के लिए नहीं."
डोनाल्ड ट्रंप के भारत-पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष रुकवाने के दावे पर कांग्रेस ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे
कांग्रेस ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की 'भारत और पाकिस्तान के बीच हुए सैन्य संघर्ष को रोकने की' टिप्पणी पर प्रतिक्रिया दी है.
कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "ट्रंप ने 25वीं बार अपनी बात दोहराई."
कांग्रेस ने पूछा, "नरेंद्र मोदी ने व्यापार के लिए देश के सम्मान का समझौता क्यों किया?."
दरअसल, अमेरिका राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर दावा किया है कि भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष को उन्होंने रुकवाया. दोनों देशों के बीच संघर्ष परमाणु युद्ध में बदल सकता था.
उन्होंने व्हाइट हाउस में कहा, "हमने भारत और पाकिस्तान के अलावा कांगो डेमोक्रेटिक रिपब्लिक और रवांडा के बीच युद्ध रुकवाए."
ट्रंप ने भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष का ज़िक्र करते हुए कहा, "उन्होंने पांच विमान मार गिराए. मैंने उन्हें फोन किया और कहा, ‘सुनो, अब और व्यापार नहीं.' वो दोनों शक्तिशाली परमाणु संपन्न देश हैं और कौन जानता है कि इसका क्या नतीजा होता. मैंने इसे रुकवा दिया."
ममता बनर्जी बोलीं, 'जगदीप धनखड़ का स्वास्थ्य बिल्कुल ठीक है'
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने जगदीप धनखड़ के उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफ़ा देने पर टिप्पणी की है
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा है कि उनका मानना है कि जगदीप धनखड़ का स्वास्थ्य बिल्कुल ठीक है.
बनर्जी ने राज्य सचिवालय नबान्न में कहा, "राजनीतिक दल यह तय नहीं कर सकते कि धनखड़ ने इस्तीफ़ा क्यों दिया."
उन्होंने कहा, " इस मुद्दे पर मुझे कोई टिप्पणी नहीं करनी है. मुझे लगता है कि उनका स्वास्थ्य बिल्कुल ठीक है."
जगदीप धनखड़ ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफ़ा दे दिया है.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को सोमवार को भेजे अपने इस्तीफ़े में धनखड़ ने कहा कि वह ‘स्वास्थ्य देखभाल को प्राथमिकता देने’ के लिए तत्काल प्रभाव से पद छोड़ रहे हैं.
भारत ने यूएन में पहलगाम हमले और पाकिस्तान पर क्या कहा?
इमेज स्रोत, @IndiaUNNewYork/ X
इमेज कैप्शन, संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पर्वतनेनी हरीश (फाइल फोटो)
संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पर्वतनेनी हरीश ने पहलगाम हमले का जिक्र किया है.
पर्वतनेनी हरीश ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में कहा, "सीमा पार आतंकवाद को बढ़ावा देकर अच्छे पड़ोसी और अंतरराष्ट्रीय संबंधों की भावना का उल्लंघन करने वाले देशों को इसकी गंभीर क़ीमत चुकानी होगी."
उन्होंने बताया, "हमने पहलगाम हमले के बाद ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया. पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में आतंकी कैंपों को निशाना बनाया."
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए हमले में 26 लोगों की मौत हो गई थी.
पर्वतनेनी हरीश ने कहा, "भारतीय उपमहाद्वीप में एक ओर भारत का परिपक्व लोकतंत्र, उभरती अर्थव्यवस्था और समावेशी समाज है. दूसरी ओर कट्टरता और आतंकवाद में डूबा पाकिस्तान है, जो आईएमएफ के कर्ज पर चल रहा है."
"हम जब अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा को बढ़ावा देने पर चर्चा कर रहे हैं तो यह समझना ज़रूरी है कि कुछ बुनियादी सिद्धांतों का सार्वभौमिक रूप से सम्मान किया जाना चाहिए. इनमें से एक बेहद महत्वपूर्ण सिद्धांत आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति है."
"परिषद के सदस्य (पाकिस्तान) के लिए यह उचित नहीं है कि वह ऐसे कार्यों में लिप्त होकर उपदेश दे, जो अंतरराष्ट्रीय समुदाय को अस्वीकार्य हैं."
दरअसल, पाकिस्तान को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएसी) की अध्यक्षता जुलाई महीने के लिए मिली है.
अमेरिका-जापान व्यापार समझौते की ट्रंप की घोषणा के बाद जापान के निक्केई में उछाल
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, जापान के शेयर बाज़ार में शुरुआती उछाल देखा जा रहा है (प्रतीकात्मक तस्वीर)
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा अमेरिका-जापान व्यापार समझौते की घोषणा के बाद जापान के निक्केई 225 इंडेक्स में शुरुआती कारोबार के दौरान 2.5 प्रतिशत से अधिक की बढ़त दर्ज की गई.
टोयोटा, निसान और होंडा जैसी प्रमुख कार कंपनियों के शेयरों में भी उछाल देखने को मिला.
जापान के मीडिया संस्थान एनएचके की रिपोर्ट के अनुसार, समझौते के तहत जापानी कार निर्माताओं पर अमेरिका में लगने वाले मौजूदा टैरिफ़ में कटौती की जाएगी.
इसकी पुष्टि करते हुए जापान के प्रधानमंत्री शिगेरू इशिबा ने कहा है कि अब जापानी कार कंपनियों को अमेरिका में निर्यात पर 15 प्रतिशत टैरिफ़ देना होगा, जो पहले 25 प्रतिशत था.
कुछ देर पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में लिखा कि प्रस्तावित समझौते के तहत जापान अमेरिका में 550 अरब डॉलर का निवेश करेगा और 15 प्रतिशत पारस्परिक शुल्क देगा.
उन्होंने कहा कि जापान, अमेरिका के सबसे बड़े व्यापारिक साझेदारों में से एक है.
यूरोपीय संघ और ऊर्जा सुरक्षा पर भारत ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, MEA
इमेज कैप्शन, भारतीय विदेश सचिव विक्रम मिसरी
भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने कहा है कि भारत के लोगों के लिए ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की 'सर्वोच्च प्राथमिकता' है.
ईयू ने हाल ही में रूस के ऊर्जा क्षेत्र को निशाना बनाते हुए नए प्रतिबंधों की श्रृंखला जारी की थी, जिसमें भारत की यह रिफ़ाइनरी भी शामिल हो गई है.
उन्होंने कहा है कि ऊर्जा संबंधी मुद्दों पर ‘दोहरे मानदंड’ नहीं अपनाना महत्वपूर्ण है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ब्रिटेन और मालदीव यात्रा को लेकर हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा, "हम पहले भी कह चुके हैं कि ऊर्जा मामलों में दोहरा मापदंड नहीं अपनाया जाना चाहिए. वैश्विक ऊर्जा बाज़ार की वास्तविक स्थिति को स्पष्ट नज़रिये से समझना ज़रूरी है कि आपूर्तिकर्ता कहां स्थित हैं और ऊर्जा कहां से आ रही है."
विक्रम मिसरी ने आगे कहा, "किसे, किस समय ऊर्जा की ज़रूरत है, मुझे लगता है कि इन बातों को पर्याप्त रूप से नहीं समझा गया है."
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप बोले, 'जापान के साथ हुआ व्यापार समझौता'
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ जापान के प्रधानमंत्री
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की है कि अमेरिका और जापान एक बड़े व्यापार समझौते पर सहमत हुए हैं.
जापान, अमेरिका के सबसे बड़े व्यापारिक साझेदारों में से एक है.
डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में लिखा है कि प्रस्तावित समझौते के तहत जापान अमेरिका में 550 अरब डॉलर का निवेश करेगा और 15 फ़ीसदी पारस्परिक शुल्क (रेसिप्रोकल टैरिफ़) देगा.
उन्होंने बताया है कि जापान अपनी अर्थव्यवस्था को अमेरिकी सामान के लिए खोलेगा. इनमें कार, ट्रक, चावल और कुछ कृषि उत्पाद शामिल हैं.
हालाँकि, जापान ने अमेरिका के साथ समझौता होने की पुष्टि अभी तक नहीं की है. बीबीसी ने अमेरिका में स्थित जापान के दूतावास से संपर्क किया है, लेकिन अभी कोई जवाब नहीं आया है.
डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में मंगलवार को कहा, "मैंने इतिहास के सबसे बड़े व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं. यह शायद जापान के साथ सबसे बड़ा समझौता है."
हाल ही में ट्रंप ने चेतावनी दी थी कि अगर एक अगस्त से पहले जापान के साथ समझौता नहीं होता तो उस पर 25 फ़ीसदी टैरिफ़ लगाया जाएगा.
नमस्कार!
बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है.
मैं बीबीसी संवाददाता अश्वनी पासवान अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.
कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.
हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.