टेक्सस में बाढ़ से कम से कम 107 लोगों की मौत, दर्जनों लोग अब भी लापता
अमेरिका के टेक्सस में आई बाढ़ में मृतकों की संख्या लगातार बढ़ रही है. अधिकारियों ने पुष्टि की है कि राज्य भर में कम से कम 107 लोगों की मौत हुई है और दर्जनों लोग लापता हैं.
नेपाल और चीन की सीमा पर बाढ़ के कारण एक पुल बह जाने से कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई है जबकि 18 लोग लापता हैं.
इसराइली रक्षा मंत्री इसराइल कात्ज़ ने अपनी सेना को निर्देश दिया है कि वे ग़ज़ा में रह रहे लोगों को क्षेत्र के दक्षिण में शिफ़्ट करने की योजना तैयार करें.
कथित धर्म परिवर्तन के मामलों में अभियुक्त जलालुद्दीन उर्फ़ छांगुर बाबा से जुड़ी संपत्तियों पर चला बुलडोज़र, सीएम योगी बोले- 'ऐसी सज़ा मिलेगी जो उदाहरण बने.'
बीजेपी ने कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे पर देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और उनसे पहले राष्ट्रपति रहे रामनाथ कोविंद के ख़िलाफ़ अभद्र टिप्पणी करने का आरोप लगाया.
लाइव कवरेज
आनंद मणि त्रिपाठी, सुरभि गुप्ता
अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता को दीजिए इजाज़त.
कल हम बीबीसी लाइव पेज के ज़रिए दिन भर की बड़ी ख़बरों को लेकर फिर हाज़िर होंगे.
फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
टेक्सस में बाढ़ से कम से कम 107 लोगों की मौत, दर्जनों लोग अब भी लापता
इमेज स्रोत, Jim Vondruska/Getty Images
इमेज कैप्शन, अधिकारियों ने टेक्सस में आई बाढ़ को लेकर अपडेट दिया है
अमेरिका के टेक्सस में आई बाढ़ में मृतकों की संख्या लगातार बढ़ रही है. अधिकारियों ने पुष्टि की है कि राज्य भर में कम से कम 107 लोगों की मौत हुई है और दर्जनों लोग लापता हैं.
केर काउंटी के शेरिफ़ लैरी लीथा ने बताया कि काउंटी में 87 लोगों की मौत हुई है. इनमें 56 वयस्क और 31 बच्चे शामिल हैं.
केर काउंटी सबसे ज्यादा प्रभावित हुई है, लेकिन टेक्सस की अन्य काउंटियों में भी मौतें हुई हैं, जिससे राज्य में कुल मौतों की संख्या कम से कम 107 हो गई है.
कुछ शवों को उनके रिश्तेदारों को सौंप दिया गया है. वहीं 19 वयस्कों और सात बच्चों के शवों की पहचान अभी बाकी है.
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, बाढ़ के बाद तलाशी अभियान जारी है
वहीं केर की केरविले पुलिस डिपार्टमेंट के जोनाथन लैंब ने बताया कि सुरक्षा के लिहाज़ से कुछ सड़कें बंद कर दी गई हैं. उन्होंने स्थानीय लोगों को गैर-ज़रूरी यात्रा नहीं करने की सलाह दी है.
अधिकारियों का कहना है कि तलाशी और बचाव अभियान जारी है.
छत्तीसगढ़: बीजापुर में आईईडी ब्लास्ट, केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल के तीन जवान घायल, आलोक पुतुल, रायपुर से बीबीसी हिंदी के लिए
इमेज स्रोत, BBC/Alok Putul
इमेज कैप्शन, आईईडी तलाशते जवान
छत्तीसगढ़ के माओवाद प्रभावित बीजापुर में संदिग्ध माओवादियों की ओर से लगाई गई आईईडी की चपेट में आने से सुरक्षाबल के तीन जवान घायल हो गए हैं.
पुलिस ने बताया कि केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल के जवानों की एक टुकड़ी आवापल्ली से बासागुड़ा मार्ग पर निकली हुई थी, जहां कुछ जवान पहले से लगाई गई आईईडी की चपेट में आ गए.
घायलों में से दो जवानों की स्थिति गंभीर बनी हुई है. दोनों जवानों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रवाना किया गया है.
छत्तीसगढ़ में पिछले 16 महीनों से सुरक्षाबलों ने माओवादियों के ख़िलाफ़ बड़ा ऑपरेशन चला रखा है.
गृह मंत्री अमित शाह ने अगले साल 31 मार्च तक पूरे देश से माओवाद को ख़त्म करने की समय सीमा तय की है. यही कारण है कि सुरक्षा बलों ने गश्त बढ़ा दी है.
इस दौरान माओवादी भी लगातार हमले कर रहे हैं.
इस साल की शुरुआत में ही 6 जनवरी को बीजापुर ज़िले में ही आईईडी विस्फोट में सुरक्षाबलों के 8 जवान और एक ड्राइवर की मौत हो गई थी.
पिछले महीने की 10 तारीख़ को सुकमा ज़िले में संदिग्ध माओवादियों की ओर से किए गए आईईडी विस्फोट में एक एडिशनल एसपी की मौत हो गई थी.
इससे पहले 6 मई को बीजापुर में आईईडी विस्फोट में सीआरपीएफ़ के सहायक कमांडेंट सागर बोराडे को अपना एक पैर गंवाना पड़ा था.
नेपाल और चीन को जोड़ने वाला पुल बाढ़ में बहा, 8 की मौत और 18 लोग लापता
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, नेपाल पुलिस के प्रवक्ता के मुताबिक़ अब तक 57 लोगों को बचाया गया है
नेपाल में अधिकारियों का कहना है कि नेपाल और चीन की सीमा पर बाढ़ के कारण एक पुल बह जाने से कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई है जबकि 18 लोग लापता हैं.
लापता लोगों में छह चीनी नागरिक और तीन नेपाली पुलिसकर्मी शामिल हैं.
नेपाली अधिकारियों का कहना है कि पास के एक हाइड्रो इलेक्ट्रिक प्लांट से कुछ लोगों को बचाया गया है. तलाशी अभियान में मदद के लिए हेलीकॉप्टरों का इस्तेमाल किया जा रहा है.
नेपाल पुलिस के प्रवक्ता बिनोद घिमिरे ने रॉयटर्स को बताया कि पुलिस ने आठ शव बरामद किए हैं, जिनमें से अभी तक किसी की भी पहचान नहीं हो पाई है. उन्होंने बताया कि अब तक 57 लोगों को बचाया गया है.
ग़ज़ा की फ़लस्तीनी आबादी को यहां शिफ़्ट करना चाहते हैं इसराइली रक्षा मंत्री, इयोन वेल्स और डेविड ग्रिटन, बीबीसी न्यूज़
इमेज स्रोत, @Israel_katz
इमेज कैप्शन, इसराइली रक्षा मंत्री इसराइल कात्ज़ ने कहा कि ये काम 60 दिनों के युद्ध विराम के दौरान शुरू होगा (फ़ाइल फ़ोटो)
इसराइल की मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़ इसराइली रक्षा मंत्री इसराइल कात्ज़ ने अपनी सेना को निर्देश दिया है कि वे ग़ज़ा में रह रहे लोगों को क्षेत्र के दक्षिण में शिफ़्ट करने की योजना तैयार करें.
इसराइल कात्ज़ ने सोमवार को पत्रकारों से कहा कि वो रफ़ाह के खंडहरों पर एक शहर बसाना चाहते हैं, जहां शुरू में लगभग छह लाख फ़लस्तीनी और बाद में पूरी 21 लाख आबादी को रखा जाएगा.
उन्होंने कहा कि इसका लक्ष्य लोगों को सुरक्षा जांच के बाद रफ़ाह लाना है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वे हमास के लोग नहीं हैं, और उन्हें बाहर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी.
उन्होंने कहा कि अगर हालात सही रहे, तो ये काम 60 दिनों के युद्ध विराम के दौरान शुरू होगा, जिस पर इसराइल और हमास बातचीत करने की कोशिश कर रहे हैं.
एक इसराइली मानवाधिकार वकील ने इसकी निंदा करते हुए कहा कि यह "मानवता के विरुद्ध अपराध की एक योजना" है.
गोपाल खेमका हत्याकांड पर बिहार पुलिस की प्रेस कॉन्फ़्रेंस, साज़िश के बारे में क्या बताया
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, पटना के वरिष्ठ एसपी कार्तिकेय शर्मा ने गोपाल खेमका हत्याकांड की जांच के बारे में जानकारी दी है
बिहार की राजधानी पटना के व्यापारी गोपाल खेमका की हत्या के मामले में मंगलवार को पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की.
बिहार पुलिस ने बताया है कि इस मामले में घटनास्थल पर मिले सुराग और सीसीटीवी सर्विलांस के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई.
पटना के सीनियर एसपी कार्तिकेय शर्मा ने कहा, "जहां पर घटना हुई थी, वहां के सीसीटीवी फ़ुटेज चेक किए गए...जांच करते हुए हम अभियुक्त के घर तक पहुंचे. वहां छानबीन के दौरान एक मोटरसाइकिल मिली."
"हमने अभियुक्तों के कपड़े, जूते और मास्क बरामद किए. उस घर पर मौजूद एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए लाया गया. उनका नाम उमेश यादव है. गहन पूछताछ के दौरान उन्होंने इस घटना में संलिप्त होने की बात स्वीकार की."
पुलिस ने बताया कि उमेश यादव के घर से 59 राउंड गोलियां बरामद की गईं.
एसपी ने दावा किया कि करीब डेढ़ महीने पहले ये साजिश रची गई थी.
उन्होंने बताया कि इस मामले में जिस संदिग्ध विकास उर्फ़ राजा की एनकाउंटर में मौत हुई, वो पहले भी कई मामलों में जेल जा चुके थे. विकास के ख़िलाफ़ 9 गंभीर मामलों में केस दर्ज है, जिसमें हत्या, डकैती और हथियार सप्लाई करने जैसे मामले हैं.
कार्तिकेय शर्मा ने कहा, "उमेश यादव का अब तक कोई अपराधिक इतिहास नहीं मिला है लेकिन जिस तरह से ये कार्य किया गया है और जिस तरह के हथियार का इस्तेमाल किया गया है, वो आम इंसान के लिए संभव नहीं है. इनका अपराधिक इतिहास निकाला जा रहा है."
उन्होंने बताया कि इस मामले में दो लोगों को गिरफ़्तार किया गया है और आगे की जांच जारी है.
बता दें कि गोपाल खेमका की पिछले हफ़्ते शुक्रवार रात पटना में उनके घर के बाहर बाइक सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी.
ब्रेकिंग न्यूज़, एक्स बोला- ‘सरकार ने रॉयटर्स समेत दो हज़ार अकाउंट्स ब्लॉक करने को कहे थे’
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, एक्स ने कहा है कि सरकार ने ही रॉयटर्स का अकाउंट ब्लॉक और अनब्लॉक करने के लिए कहा था
भारत में रॉयटर्स, टीआरटी और ग्लोबल टाइम्स जैसे अंतरराष्ट्रीय मीडिया संस्थान
के एक्स अकाउंट पर रोक लगाने के मामले पर सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ने अपना जवाब
दिया है.
एक्स ने अपने ग्लोबल गवर्नमेंट अफ़ेयर्स हैंडल पर बताया है कि 3 जुलाई 2025
को भारत सरकार ने उसे आईटी एक्ट के सेक्शन 69ए के तहत भारत में 2355 अकाउंट्स को
ब्लॉक करने का आदेश दिया था.
इस पोस्ट में एक्स ने बताया है, “इन अकाउंट्स में रॉयटर्स और रॉयटर्स वर्ल्ड के अकाउंट्स शामिल थे. इसका
अनुपालन न करने से आपराधिक दायित्व का ख़तरा रहता है. इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना
प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने बिना कोई कारण बताए एक घंटे के अंदर तुरंत कार्रवाई करने
की मांग की थी और अगली सूचना तक अकाउंट्स को ब्लॉक रखने को कहा था.”
“सार्वजनिक आक्रोश के बाद सरकार ने रॉयटर्स और रॉयटर्स वर्ल्ड
के अकाउंट अनब्लॉक करने के लिए कहा.”
इसके बाद एक्स ने कहा है, “हम ब्लॉक करने
के इन आदेशों के कारण भारत में चल रहे प्रेस सेंसरशिप के बारे में बहुत चिंतित
हैं. एक्स सभी उपलब्ध क़ानूनी विकल्पों पर विचार कर रहा है. एक्स को इन कार्यकारी
आदेशों के ख़िलाफ़ क़ानूनी चुनौती देने को लेकर भारतीय क़ानून ने प्रतिबंधित किया हुआ
है. हम प्रभावित यूज़र्स से अपील करते हैं कि वे कोर्ट के ज़रिए क़ानूनी उपाय
हासिल करें.”
वहीं बीते हफ़्ते इन
अकाउंट्स को ब्लॉक करने की ख़बरें सामने आने के बाद ऐसी रिपोर्ट्स सामने आई थीं जिनमें
सरकार के एक प्रवक्ता ने कहा था कि रॉयटर्स का अकाउंट रोकने के लिए भारत सरकार की
तरफ़ से कोई क़ानूनी मांग नहीं की गई है. उन्होंने बताया था कि सरकार एक्स के साथ
संपर्क में है.
गोपाल खेमका मर्डर मामले में संदिग्ध के एनकाउंटर पर क्या बोले मनोज झा
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, आरजेडी नेता मनोज झा ने बिहार की क़ानून-व्यवस्था पर सवाल उठाया है
बिहार की राजधानी पटना के व्यापारी गोपाल खेमका की हत्या के एक संदिग्ध के एनकाउंटर में मारे जाने पर आरजेडी ने सवाल खड़ा किया है.
आरजेडी सांसद मनोज झा ने कहा, "मैं समझता हूं कि एनकाउंटर कई सच छुपा लेता है. एनकाउंटर में कई दफ़ा सत्य का भी एनकाउंटर हो जाता है. वो पूरे तार पता चलने चाहिए."
"बिहार का कोई ज़िला नहीं है, जहां प्रतिदिन हत्या, डकैती, बलात्कार जैसी चीज़ें न हो रही हों. सरकार नाम की कोई चीज़ नहीं है."
उधर, बिहार पुलिस ने एक बयान में कहा है कि एनकाउंटर के दौरान "एक कुख्यात अपराधी विकास उर्फ राजा मारा गया."
गोपाल खेमका की हत्या के मामले पर बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा, "उमेश यादव ने हत्या की और इसकी जांच हो रही है. सारे खुलासे हो चुके हैं. जिन लोगों ने भी इसका समर्थन किया है. सबको जेल के अंदर सड़ना होगा."
एनकाउंटर को लेकर चौधरी ने कहा, "पुलिस पूरी तरह स्वतंत्र है. कोई अगर पुलिस को जवाब दे रहा है तो पुलिस को भी जवाब देने की छूट है."
गोपाल खेमका की पिछले हफ़्ते शुक्रवार रात पटना में उनके घर के बाहर बाइक सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी.
बेंगलुरु: एक्स गर्लफ़्रेंड पर युवक को किडनैप कराने का आरोप, रेणुकास्वामी हत्याकांड से हो रही तुलना, इमरान क़ुरैशी, बेंगलुरु से बीबीसी हिंदी के लिए
इमेज स्रोत, @blrcitypoliceofficial
इमेज कैप्शन, बेंगलुरु के पुलिस कमिश्नर सीमांत कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ़्तार किए गए अभियुक्तों को ज़मानत मिल गई है
बेंगलुरु में एक युवक को कथित तौर पर किडनैप कर, उसे निर्वस्त्र कर पीटने का मामला सामने आया है. इस मामले की तुलना रेणुकास्वामी हत्याकांड से की जा रही है, जिसके अभियुक्तों में कन्नड़ एक्टर दर्शन थुगुदीपा का भी नाम है.
रेणुकास्वामी हत्याकांड से अलग, इस हालिया मामले में 19 साल के विष्णु (बदला हुआ नाम) 12 लोगों के समूह के हमले में बच गए. उन्होंने बेंगलुरु नॉर्थ पुलिस को इसकी शिकायत दर्ज कराई है.
पूरी घटना कथित तौर पर विष्णु की एक्स-गर्लफ़्रेंड के कहने पर हुई, जो उसके फ़ोन से अपने अंतरंग वीडियो और तस्वीरें डिलीट कराना चाहती थी.
पुलिस ने क्या बताया
पुलिस के मुताबिक़, विष्णु पर हमला उनकी एक्स-गर्लफ़्रेंड के कहने पर किया गया. उसने अपनी एक क़रीबी दोस्त से कहा था कि वह नहीं चाहती कि उसके मौजूदा बॉयफ्रेंड को विष्णु के लिए गए पुराने वीडियो और तस्वीरों के बारे में पता चले.
विष्णु ने कथित तौर पर पुराने वीडियो और तस्वीरें हटाने से इनकार कर दिया था.
पुलिस के मुताबिक़, प्लान के तहत एक्स-गर्लफ़्रेंड ने विष्णु को मिलने के लिए बुलाया था. जब विष्णु उससे मिलने गया, तो कुछ लोगों ने उसे जबरन कार में बैठाया और उसका फ़ोन लेने के लिए उसके घर ले गए. बताया जा रहा है कि अभियुक्तों में एक अभियुक्त हेमंत ने विष्णु के फ़ोन से तस्वीरें और वीडियो डिलीट कर दिए हैं.
इसके बाद विष्णु को एक सुनसान जगह पर ले जाया गया, जहां उसके कपड़े उतार दिए गए और लाठी-डंडों से उस पर हमला किया गया. पुलिस ने इस मामले में किडनैपिंग, आपराधिक धमकी और जानबूझकर चोट पहुंचाने का मामला दर्ज किया है.
पकड़े गए अभियुक्तों को ज़मानत मिली
बेंगलुरु के पुलिस कमिश्नर सीमांत कुमार सिंह ने बताया, "दो अभियुक्तों को छोड़कर बाक़ी सभी को गिरफ़्तार कर लिया गया है. हम अन्य दो अभियुक्तों को भी पकड़ लेंगे. फ़िलहाल अभियुक्तों को अंतरिम ज़मानत मिल गई है."
ये पूछे जाने पर कि अभियुक्तों को ज़मानत कैसे मिली, इस पर सीमांत सिंह ने कहा, "हम इस पर टिप्पणी नहीं कर सकते कि उन्हें ज़मानत क्यों मिली. लेकिन हम मामले की जांच कर चार्जशीट दाख़िल करेंगे."
सभी अभियुक्त छात्र हैं, सिवाय एक अभियुक्त के, जो लैब टेक्नीशियन है. बेंगलुरु नॉर्थ के डिप्टी पुलिस कमिश्नर सैदुलु अदावथ ने बीबीसी हिंदी से कहा, "यह एक अजीब मामला है."
रेणुकास्वामी हत्याकांड
फ़ार्मेसी कंपनी में काम करने वाले रेणुकास्वामी (33) की हत्या अभिनेत्री पवित्रा गौड़ा को कथित तौर पर अश्लील संदेश भेजने के कारण की गई थी. पवित्रा गौड़ा को दर्शन थुगुदीपा का क़रीबी बताया जाता है.
दर्शन कन्नड़ सिनेमा के काफ़ी चर्चित अभिनेता हैं. दर्शन, पवित्रा गौड़ा और अन्य 15 अभियुक्त फ़िलहाल ज़मानत पर हैं.
बीजेपी ने कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे पर लगाया राष्ट्रपति मुर्मु के बारे में अभद्र टिप्पणी करने का आरोप
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, बीजेपी ने कांग्रेस पार्टी से सवाल किया है कि क्या उसके अध्यक्ष खड़गे माफ़ी मांगेंगे
बीजेपी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और उनसे पहले राष्ट्रपति रहे रामनाथ कोविंद के ख़िलाफ़ अभद्र टिप्पणी करने का आरोप लगाया है.
बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा, "क्या मल्लिकार्जुन खड़गे लिखित में अपनी अशोभनीय, अभद्र टिप्पणी के लिए भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से माफ़ी मांगेंगे? क्या राहुल गांधी और कांग्रेस के तमाम कार्यकर्ता खड़गे के बयान की निंदा करेंगे और क्या उन्हें पार्टी से निकाला जाएगा?"
सोमवार को छत्तीसगढ़ में एक रैली को संबोधित करते हुए मल्लिकार्जुन खड़गे ने देश की वर्तमान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का नाम लिया था.
खड़गे ने कहा था, "बीजेपी बातें तो बड़ी-बड़ी बोलेगी कि मुर्मु जी को भारत का राष्ट्रपति बना दिया. कोविंद को राष्ट्रपति बनाया. हां भाई, बनाया है. किस लिए बनाया है? हमारी संपत्ति छीनने के लिए बनाया. हमारे जंगल छीनने के लिए बनाया. हमारा जल रोकने के लिए बनाया."
खड़गे के बयान की निंदा करते हुए बीजेपी के प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि इससे पहले भी कांग्रेस के कई नेताओं ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु पर अभद्र टिप्पणी की थी.
छांगुर बाबा की संपत्ति पर बुलडोज़र चलने के बाद यूपी के मंत्री ने किए ये दावे
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, अनिल राजभर उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं
कथित तौर पर धर्म परिवर्तन कराने के कई मामलों के अभियुक्त जलालुद्दीन उर्फ़ छांगुर बाबा से जुड़ी संपत्तियों पर
बुलडोज़र कार्रवाई किए जाने पर उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने बयान
दिया है.
उन्होंने कहा, “जलालुद्दीन
उर्फ़ छांगुर बाबा ने धर्म परिवर्तन कराकर अकूत संपत्ति कमाई है. मुझे लगता है, अभी तो
ये शुरुआत है. ग़लत तरीक़े से संपत्ति कमाई गई है और बहन-बेटियों का जीवन बर्बाद किया
गया है. मैं समझता हूं कि राष्ट्रद्रोह जैसा गुनाह उसने किया है.”
“इस तरह से संपत्ति अर्जित करने पर तो बुलडोज़र
चलना ही है और सरकार कार्रवाई कर रही है. अभी 18 लोगों के नाम सामने आए हैं जिसमें एक धर्म विशेष के पूर्व मंत्री का नाम भी
सामने आ रहा है.”
“अभी भी मालूम नहीं कितनी संपत्तियों का पता लगना
है. 40 देशों के
नेटवर्क के साथ जिस तरह से देश के ख़िलाफ़ ये घिनौनी साज़िश देश की सीमा से बाहर
हो रही है उसका ये उदाहरण है.”
वहीं जलालुद्दीन उर्फ़ छांगुर बाबा को लेकर मंगलवार को उत्तर प्रदेश
के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी एक्स पर
पोस्ट किया.
उन्होंने लिखा, “प्रारंभिक जांच में सामने आया
है कि आरोपी जलालुद्दीन की गतिविधियां समाज विरोधी ही नहीं, बल्कि
राष्ट्र विरोधी भी हैं. आरोपी और उसके गिरोह से जुड़े सभी अपराधियों की संपत्तियां
ज़ब्त की जाएंगी और उन पर सख़्त क़ानूनी कार्रवाई की जाएगी.”
मनसे के प्रदर्शन पर फडणवीस ने दिया बयान, कहा- 'इस तरह के प्रयोग यहां नहीं चलेंगे'
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, मराठी भाषा विवाद को लेकर मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा है कि इस तरह का प्रयोग महाराष्ट्र में नहीं चल सकता है
ठाणे के मीरा भयंदर इलाके़ में भाषा विवाद को लेकर व्यापारियों के विरोध प्रदर्शन के जवाब में प्रदर्शन कर रहे मनसे कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया है.
मीरा भयंदर में मनसे को मोर्चा निकालने की इज़ाजत नहीं दिए जाने के संदर्भ में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने प्रतिक्रिया दी है.
उन्होंने कहा, "महाराष्ट्र एक लोकतांत्रिक राज्य है यहां कोई भी मोर्चा अनुमति लेकर अपना मोर्चा निकाल सकता है."
उन्होंने कहा कि पुलिस तब मोर्चा निकालने की अनुमति देती है, जब कहीं कोई भगदड़ जैसी स्थिति या फिर यातायात में समस्या न खड़ी हो. अगर ऐसा कुछ नज़र आता है तो पुलिस रूट बदलने के लिए कहती है.
उन्होंने बताया कि इस संदर्भ में 'मैंने पुलिस कमिश्नर से पूछा तो उन्होंने जानकारी दी कि उन्हें रूट बदलने के लिए कहा गया था, लेकिन वे इसी रूट पर अड़े हुए थे और इसलिए पुलिस ने उन्हें अनुमति नहीं दी.'
फडणवीस ने यह भी कहा, "मैं महाराष्ट्र के मिज़ाज को जानता हूं. इस तरह के प्रयोग यहां नहीं चलेंगे. मराठी आदमी बड़े दिल का है."
उन्होंने कहा कि भारत पर जब आक्रमण हुआ तो मराठी आदमी ने केवल महाराष्ट्र का विचार नहीं किया बल्कि पूरे भारत का विचार किया, इसलिए मराठी आदमी छोटा या संकुचित नहीं सोच सकता है.
बिहार: मूल निवासी महिलाओं को नौकरियों में मिलेगा 35 प्रतिशत आरक्षण
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, बिहार की नीतीश कुमार सरकार ने बिहार युवा आयोग की भी घोषणा की है (सांकेतिक तस्वीर)
बिहार सरकार ने मंगलवार को प्रदेश की मूल निवासी महिलाओं के लिए 35 फ़ीसदी आरक्षण देने का ऐलान किया है.
बिहार के मुख्य सचिव एस सिद्धार्थ ने बताया है कि, "बिहार राज्य के सभी सरकारी सेवा संवर्गों में सभी स्तर के और सभी प्रकार के पदों पर सीधी नियुक्ति में राज्य की मूल निवासी महिला को 35 फ़ीसदी आरक्षण दिया जाएगा."
इसके साथ ही बिहार सरकार ने बिहार युवा आयोग बनाने की घोषणा की थी.
मुख्य सचिव ने बताया, "बिहार युवा आयोग में एक अध्यक्ष, दो उपाध्यक्ष और सात सदस्य होंगे, जिनकी अधिकतम उम्र सीमा 45 वर्ष होगी."
अभी तक बीबीसी संवाददाता आनंद मणि त्रिपाठी आपतक ख़बरें पहुंचा रहे थे.
अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगी.
बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
छांगुर बाबा की संपत्ति पर चला बुलडोज़र, सीएम योगी बोले- 'ऐसी सज़ा मिलेगी जो उदाहरण बने'
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, बलरामपुर के उतरौला में कथित अतिक्रमण पर बुलडोज़र की कार्रवाई की गई है
कथित तौर
पर धर्म परिवर्तन कराने के कई मामलों के अभियुक्त जलालुद्दीन उर्फ़ छांगुर बाबा से
जुड़ी संपत्तियों पर उत्तर प्रदेश के बलरामपुर ज़िले में मंगलवार को प्रशासन ने
बुलडोज़र चलाया.
बलरामपुर
के डीएम पवन अग्रवाल ने कहा है कि जैसा कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है कि
सरकारी ज़मीन पर अतिक्रमण को हटाया जाए उसी के मद्देनज़र ये कार्रवाई की जा रही
है, और अवैध क़ब्ज़े को हटाकर सरकारी भूमि को मुक्त कराया जा रहा है.
बलरामपुर
के एसपी विकास कुमार ने मीडिया से कहा कि छांगुर बाबा और उनके साथियों ने अवैध अतिक्रमण कर ये इमारत बनाई थी, यह सरकारी ज़मीन पर बनी थी. नियमों का पालन करते हुए इसे ध्वस्त
किया जा रहा है. पुलिस बल को भारी संख्या में यहां तैनात किया गया है.
वहीं
जलालुद्दीन उर्फ़ छांगुर बाबा को लेकर मंगलवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री
योगी आदित्यनाथ ने भी एक्स पर पोस्ट किया.
उन्होंने
लिखा, “प्रारंभिक
जांच में सामने आया है कि आरोपी जलालुद्दीन की गतिविधियां समाज विरोधी ही नहीं, बल्कि
राष्ट्र विरोधी भी हैं. आरोपी
और उसके गिरोह से जुड़े सभी अपराधियों की संपत्तियां ज़ब्त की जाएंगी और उन पर सख़्त
क़ानूनी कार्यवाही की जाएगी.”
“राज्य में शांति, सौहार्द और महिलाओं की सुरक्षा को भंग करने वालों के लिए
कोई स्थान नहीं है. उन्हें क़ानून के अनुसार ऐसी सज़ा दी जाएगी, जो समाज के लिए एक उदाहरण बने.”
बिहार युवा आयोग के गठन को सीएम नीतीश कुमार की कैबिनेट ने दी मंज़ूरी
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, सीएम नीतीश कुमार ने कहा है कि इस आयोग का उद्देश्य युवाओं को दक्ष और आत्मनिर्भर बनाना है
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार युवा आयोग के
गठन की मंज़ूरी की घोषणा की है.
उन्होंने सोशल मीडिया वेबसाइट एक्स पर पोस्ट किया है कि ‘बिहार के युवाओं को
अधिक से अधिक रोज़गार
के अवसर उपलब्ध कराने,
उन्हें प्रशिक्षित करने और सशक्त और सक्षम बनाने के उद्देश्य से
राज्य सरकार ने बिहार युवा आयोग के गठन का निर्णय लिया है और आज कैबिनेट द्वारा
बिहार युवा आयोग के गठन की मंज़ूरी भी दे दी गई है.’
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बताया है कि आयोग में एक
अध्यक्ष, दो उपाध्यक्ष और सात सदस्य होंगे जिनकी अधिकतम उम्र सीमा 45 वर्ष होगी.
उन्होंने अपनी पोस्ट में बताया, “यह आयोग इस बात की
निगरानी करेगा कि राज्य के स्थानीय युवाओं को राज्य के भीतर निजी क्षेत्र के रोज़गारों में प्राथमिकता मिले, साथ ही राज्य के
बाहर अध्ययन करने वाले और काम करने वाले युवाओं के हितों की भी रक्षा हो.”
“राज्य
सरकार की इस दूरदर्शी पहल का उद्देश्य है कि इस आयोग के माध्यम से युवा आत्मनिर्भर, दक्ष और रोज़गारोन्मुखी
बनें ताकि उनका भविष्य सुरक्षित हो.”
शिशुओं और बच्चों के लिए तैयार पहली मलेरिया वैक्सीन जल्द यहां होगी इस्तेमाल
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, अब तक युवा बच्चों के इस्तेमाल के लिए बनी वैक्सीन से ही छोटे बच्चों का इलाज होता था
शिशुओं और बच्चों के उचित इलाज के लिए मलेरिया
की पहली वैक्सीन के इस्तेमाल को अनुमति दे दी गई है.
इस वैक्सीन को कुछ ही हफ़्तों
में अफ़्रीका में इस्तेमाल किए जाने की उम्मीद है.
अभी तक छोटे बच्चों और शिशुओं का बड़े बच्चों
के लिए बनाई गई वैक्सीन से इलाज किया जाता था.
लेकिन इसके ओवरडोज़ की वजह से उनके
लिवर पर असर पड़ने का ख़तरा रहता था क्योंकि लिवर छोटी उम्र में विकसित हो रहा
होता है.
नई वैक्सीन को बड़े पैमाने पर ग़ैर लाभ के
सिद्धांत पर देशों को दिया जाएगा. इस वैक्सीन को दवा कंपनी नोवार्टिस ने विकसित
किया है.
अफ़्रीका में हर साल पांच साल से कम आयु के
छह लाख से अधिक बच्चों की मौत मलेरिया से होती है.
लालू जी के दौर में जंगलराज था, अब अपराधियों को बख़्शा नहीं जाता है: शाहनवाज़ हुसैन
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, बीजेपी नेता शाहनवाज़ हुसैन ने कहा है कि कोई अपराधी अपराध करेगा तो उसका एनकाउंटर भी होगा
बिहार की राजधानी पटना के व्यापारी गोपाल खेमका की हत्या के एक संदिग्ध की पुलिस मुठभेड़ में मौत को लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेता शाहनवाज़ हुसैन ने प्रतिक्रिया दी है.
शाहनवाज़ हुसैन ने पीटीआई से बातचीत करते हुए कहा, "बिहार में क़ानून का राज है, सुशासन है, नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की सरकार अपराध और अपराधियों से कोई समझौता नहीं करती."
उन्होंने कहा, "आज ही सुबह-सुबह एनकाउंटर हुआ है जो गोपाल खेमका की हत्या में शामिल था क्योंकि अपराधियों को बख़्शा नहीं जाता है."
उन्होंने कहा कि 'लालू जी के दौर में जंगलराज था और इसमें कांग्रेस भी शामिल थी. तब अपराधियों से समझौता रहता था, तालमेल रहता था. आज कोई तालमेल नहीं है.'
शाहनवाज़ हुसैन ने कहा, "अगर कोई अपराधी अपराध करेगा तो उसका एनकाउंटर भी होगा और गिरफ़्तारी भी होगी."
उन्होंने कहा, "आज बिहार की पुलिस को मैं बधाई देता हूं, जिसने गोपाल खेमका के हत्यारों का एनकाउंटर भी किया है और गिरफ़्तारी भी की है."
निशिकांत दुबे के बयान पर संजय राउत ने महाराष्ट्र सीएम से किया सवाल
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, संजय राउत ने कहा है कि अगर हिंदी पर रोक लगाई जाएगी तो वह कैसे बात कर पाएंगे
बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे के आपत्तिजनक बयान पर शिवसेना
(यूबीटी) नेता संजय राउत ने उनकी निंदा की है.
संजय राउत ने कहा है कि उन्हें ‘महाराष्ट्र
के मुख्यमंत्री और उनकी कैबिनेट पर आश्चर्य है कि महाराष्ट्र और मराठी मानुष के
बारे में घटिया बातें करने वाले पर सब चुप बैठे हैं.’
इसके
साथ ही संजय राउत ने कहा कि “किसी
भी हिंदी भाषी के ऊपर कभी हमला नहीं हुआ. मैं हिंदी में बात कर रहा हूं और अगर
हिंदी पर रोक लगाएंगे तो हम कैसे बात करेंगे.”
बीजेपी
सांसद निशिकांत दुबे ने सोमवार को मराठी भाषा विवाद पर बयान दिया था.
उन्होंने दावा करते हुए कहा था कि महाराष्ट्र के पास कोई प्राकृतिक संपदा नहीं है जबकि बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़ के
पास ये सब है.
इसके साथ ही उन्होंने कहा था कि हिंदी भाषी लोगों के साथ मारपीट की जा रही है.
टेक्सस में आई बाढ़ की वजह से मरने वालों का आंकड़ा 100 से अधिक हुआ, एंजेलिका कासस, बीबीसी न्यूज़
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, टेक्सस में बाढ़ के बाद ख़राब मौसम के कारण बचाव एवं तलाशी अभियान में परेशानी आ रही है
अमेरिका के टेक्सस राज्य में अचानक आई बाढ़ में 100 से अधिक
लोगों की मौत हो गई है. इसके अलावा बड़ी संख्या में लोग लापता हैं.
वहीं क्रिश्चियन ऑल-गर्ल्स समर कैंप, कैंप मिस्टिक ने इस
बात की पुष्टि की है कि मृतकों में कम से कम 27 लड़कियां और कर्मचारी शामिल हैं. कैंप से अभी भी दस
लड़कियां और एक काउंसलर लापता हैं.
ऑस्टिन अमेरिकन-स्टेट्समैन की रिपोर्ट के अनुसार, कैंप
मिस्टिक के सह-मालिक और निदेशक रिचर्ड ईस्टलैंड की बच्चों को बचाने की कोशिश में
मृत्यु हो गई.
केर
काउंटी में ग्वाडालूप नदी में बाढ़ से कम से कम 84 लोगों की मौत हुई है. इनमें 28 बच्चे और 56
वयस्क शामिल हैं.
काउंटी शेरिफ कार्यालय ने बताया है कि 22 वयस्कों
और 10 बच्चों
की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है.
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ घंटों में इस
क्षेत्र में तूफ़ान आ सकता है,
जिससे राहत कार्य प्रभावित हो सकते हैं.