असम के कार्बी आंगलोंग ज़िले में फिर हिंसा भड़की, इंटरनेट सर्विस बंद

असम के कार्बी आंगलोंग ज़िले में मंगलवार को दूसरे दिन फिर से भड़की हिंसा के बाद इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह और सुरभि गुप्ता

  1. अब इस लाइव ब्लॉग को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता को दीजिए इजाज़त.

    कल सुबह एक नए लाइव ब्लॉग के साथ फिर मिलेंगे. तब तक के लिए आप बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर कुछ अहम ख़बरों को उनके साथ दिए लिंक पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.

  2. असम के कार्बी आंगलोंग ज़िले में फिर हिंसा भड़की, दो लोगों की मौत, इंटरनेट सर्विस बंद, दिलीप कुमार शर्मा, गुवाहाटी से बीबीसी हिन्दी के लिए

    असम के कार्बी आंगलोंग ज़िले में लगातार दूसरे दिन भी हिंसा जारी रही

    इमेज स्रोत, Sushanta Roy

    इमेज कैप्शन, असम के कार्बी आंगलोंग ज़िले में लगातार दूसरे दिन भी हिंसा जारी रही

    असम के कार्बी आंगलोंग ज़िले में मंगलवार को दूसरे दिन फिर से भड़की हिंसा के बाद इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं.

    असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "मैं वेस्ट कार्बी आंगलोंग की स्थिति पर करीब से नजर रख रहा हूं. यह बहुत दुख की बात है कि आज की अशांति में दो लोगों की जान चली गई."

    "शांति बनाए रखने के लिए कल खेरोनी में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए जाएंगे. हम सामान्य स्थिति बहाल करने और बातचीत के ज़रिए मुद्दों को सुलझाने के लिए सभी संबंधित लोगों के साथ लगातार संपर्क में हैं."

    वहीं, ज़िले में तैनात एक अधिकारी ने बताया कि प्रदर्शनकारियों के दो गुटों के बीच हुई झड़प में कम से कम आठ लोग घायल हुए हैं. इलाके में तैनात पुलिस को भीड़ पर काबू पाने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा और आंसू गैस के गोले दागने पड़े.

    दरअसल, पिछले 6 दिसंबर से खेरोनी थाने के अंतर्गत फेलांगपी में स्थानीय आदिवासी लोग भूख हड़ताल पर बैठे हुए हैं. ये लोग मुख्य रूप से क्षेत्र में सरकारी तौर पर तय चारागाह आरक्षित भूमि और विलेज ग्रेज़िंग रिज़र्व की ज़मीन से कथित अवैध बसावटों को हटाने की मांग कर रहे हैं.

    असम सरकार के गृह और राजनीतिक विभाग ने एक आधिकारिक आदेश में बताया कि लोगों में 'शांति और स्थिरता' बनाए रखने और स्थिति को और खराब होने से रोकने के लिए इंटरनेट सेवाओं को कुछ समय के लिए सस्पेंड कर दिया गया है. फ़िलहाल इंटरनेट सेवा को वेस्ट कार्बी आंगलोंग और कार्बी आंगलोंग दोनों ही ज़िले में सस्पेंड किया गया है.

    इससे पहले प्रदर्शनकारियों ने सोमवार को खेरोनी थाना क्षेत्र में स्थित बीजेपी के नेतृत्व वाली कार्बी आंगलोंग स्वायत्तशासी परिषद के मुख्य कार्यकारी सदस्य तुलिराम रोंगहांग के घर को आग लगा दी थी.

    ज़िला प्रशासन ने इलाके में बढ़ते तनाव को देखते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 लगाई थी लेकिन बावजूद इसके मंगलवार को फिर से हिंसा भड़क गई.

    असम के पुलिस महानिदेशक हरमीत सिंह सोमवार शाम से प्रभावित इलाकों में कैंप कर रहे हैं. पुलिस महानिदेशक ने स्थानीय मीडिया से कहा कि प्रदर्शनकारियों के साथ झड़पों में 34 पुलिसकर्मी घायल हुए और कुछ गाड़ियों में भी आग लगाई गई हैं.

    पुलिस महानिदेशक ने खेरोनी में पत्रकारों से कहा, "हम पर दो तरफ़ से हमला किया गया. एक आईपीएस अधिकारी समेत 34 पुलिसकर्मी घायल हुए है. मुझे कंधे पर चोट लगी है."

    कार्बी आंगलोंग भारतीय संविधान की छठी अनुसूची के तहत गठित एक स्वायत्त क्षेत्र है और विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि आरक्षित ज़मीन पर अन्य राज्यों से आए 'बाहरी लोगों' ने कब्ज़ा कर रखा है.

  3. कैथोलिक बिशप्स कॉन्फ़्रेंस ऑफ़ इंडिया ने क्रिसमस मना रहे लोगों पर हमलों की निंदा की, इमरान क़ुरैशी, बीबीसी हिन्दी के लिए

    कैथोलिक बिशप्स कॉन्फ़्रेंस ऑफ़ इंडिया

    इमेज स्रोत, CBCI

    इमेज कैप्शन, सीबीसीआई ने गृह मंत्री अमित शाह से 'कानून को सख़्ती से लागू करने और ईसाई समुदायों को सुरक्षा सुनिश्चित करने' का आग्रह किया है

    क्रिसमस के सीज़न में देश के कुछ राज्यों में ईसाइयों पर हमले की कैथोलिक बिशप्स कॉन्फ़्रेंस ऑफ़ इंडिया (सीबीसीआई) ने कड़ी आलोचना की है.

    मध्य प्रदेश के जबलपुर में बीजेपी की ज़िला पदाधिकारी अंजू भार्गव पर क्रिसमस कार्यक्रम में एक दृष्टिबाधित महिला से बदसलूकी का आरोप है. कैथोलिक बिशप्स कॉन्फ़्रेंस ऑफ़ इंडिया ने इस घटना पर हैरानी जताई है.

    वहीं छत्तीसगढ़ में ईसाइयों के ख़िलाफ़ 24 दिसंबर को बंद का आह्वान करने वाले पोस्टरों की भी कैथोलिक बिशप्स कॉन्फ़्रेंस ऑफ़ इंडिया ने कड़ी आलोचना की है.

    सीबीसीआई ने एक बयान में कहा, "कैथोलिक बिशप्स कॉन्फ़्रेंस ऑफ़ इंडिया क्रिसमस सीज़न में हमारे देश के कई राज्यों में ईसाइयों पर लक्षित हमलों में खतरनाक वृद्धि पर गहरी पीड़ा जाहिर करता है."

    "छत्तीसगढ़ में नफ़रत भरे डिजिटल पोस्टरों का सर्कुलेशन भी परेशान करने वाला है, जिसमें कथित तौर पर 24 दिसंबर 2025 को ईसाइयों के ख़िलाफ़ बंद का आह्वान किया गया है, जो तनाव बढ़ा सकता है और आगे हिंसा भड़का सकता है."

    केरल में, सिरो मालाबार चर्च ने रविवार रात पलक्कड़ ज़िले के पुडुस्सेरी में युवा कैरल गायकों के एक समूह पर हुए हमले और देश के अन्य हिस्सों में हुई घटनाओं को 'बेहद चिंताजनक' बताया है.

    वहीं कैथोलिक बिशप्स कॉन्फ़्रेंस ऑफ़ इंडिया ने कहा, "ये लक्षित घटनाएं, खासकर शांतिपूर्ण कैरल गायकों और चर्चों में प्रार्थना के लिए जुटे लोगों के ख़िलाफ़, भारत के संविधान द्वारा धर्म की स्वतंत्रता और बिना किसी डर के जीने और पूजा करने के अधिकार की गारंटी को कमजोर करती हैं."

    कैथोलिक बिशप्स कॉन्फ़्रेंस ऑफ़ इंडिया ने राज्य और केंद्र सरकारों से नफ़रत और हिंसा फैलाने वाले सभी व्यक्तियों और संगठनों के ख़िलाफ़ तुरंत कार्रवाई करने की अपील की है.

    सीबीसीआई ने अपने बयान में गृह मंत्री अमित शाह से 'कानून को सख़्ती से लागू करने और ईसाई समुदायों को सुरक्षा सुनिश्चित करने' का आग्रह किया है.

    सिरो-मालाबार चर्च के मेजर आर्कबिशप मार राफ़ेल थट्टिल ने एक बयान में कहा, "यह राज्य का कर्तव्य है कि वह सभी धार्मिक चरमपंथी प्रवृत्तियों को सख़्ती से नियंत्रित करे जो कानून को अपने हाथ में लेते हैं."

    "हमें सभी नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए और ऐसा माहौल बनाना चाहिए जहां वे बिना किसी डर के रह सकें. सभी को धार्मिक त्योहारों को शांति से मनाने का समान अधिकार है, चाहे वे अल्पसंख्यक हों या बहुसंख्यक. अब समय आ गया है कि देश एकजुट हो और धर्म के नाम पर फूट डालने की सभी कोशिशों का विरोध करे."

    पलक्कड़ पुलिस ने कैरल गीत गायकों को पीटने के आरोप में अश्विन नाम के एक व्यक्ति को गिरफ़्तार किया है.

    असिस्टेंट सुपरिटेंडेंट ऑफ़ पुलिस राजेश कुमार ने बीबीसी हिन्दी को बताया, "वह एक अपराधी है जिसके ख़िलाफ़ पहले भी मामले दर्ज हुए हैं."

    पुलिस ने बीएनएस की धारा 192 (दंगा भड़काने के इरादे से जानबूझकर उकसाना), 115 (2) (जानबूझकर चोट पहुंचाना) और 110 (गैर इरादतन हत्या का प्रयास) के तहत मामले दर्ज किए हैं.

  4. बांग्लादेश: दीपू चंद्र दास के परिवार से मिले अंतरिम सरकार के शिक्षा सलाहकार

    बांग्लादेश में हिन्दू युवक दीपू चंद्र दास की हत्या का मामला

    इमेज स्रोत, X/@ChiefAdviserGoB

    इमेज कैप्शन, शिक्षा सलाहकार सीआर अबरार ने मंगलवार को मैमनसिंह में दीपू चंद्र दास के पिता रबीलाल दास से मुलाकात की

    बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने हिन्दू युवक दीपू चंद्र दास की हत्या के मामले में एक्स पर एक पोस्ट किया है.

    उनकी पोस्ट में जानकारी दी गई है कि अंतरिम सरकार के शिक्षा सलाहकार सीआर अबरार ने मंगलवार को दीपू चंद्र दास के परिवार से मुलाकात की.

    ये भी बताया गया है कि इस मामले में 12 लोगों को गिरफ़्तार किया गया है और जांच जारी है.

    बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख सलाहकार मोहम्मद यूनुस के कार्यालय ने मैमनसिंह में फ़ैक्ट्री मज़दूर दीपू चंद्र दास की हत्या पर गहरा दुख जताया है और उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना जाहिर की है.

    उन्होंने पोस्ट किया, "सरकार की ओर से, शिक्षा सलाहकार प्रोफ़ेसर सीआर अबरार ने मंगलवार को मैमनसिंह में शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की और इस मुश्किल समय में सरकार की सहानुभूति और समर्थन का भरोसा दिया."

    बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख सलाहकार मोहम्मद यूनुस

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख सलाहकार मोहम्मद यूनुस के कार्यालय ने दीपू चंद्र दास की हत्या पर दुख जताया है

    मोहम्मद यूनुस ने बताया कि शिक्षा सलाहकार ने दीपू चंद्र दास के पिता रबीलाल दास और अन्य लोगों से बात की.

    उन्होंने लिखा, "शिक्षा सलाहकार ने दोहराया कि यह हत्या एक जघन्य आपराधिक कृत्य था और बांग्लादेशी समाज में इसकी कोई जगह नहीं है. उन्होंने कहा कि आरोप, अफ़वाहें या विश्वास में मतभेद कभी भी हिंसा का बहाना नहीं हो सकते, और किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है."

  5. भारत-श्रीलंका टी20 सिरीज़ का दूसरा मुक़ाबला, टीम इंडिया के सामने 129 रन का टारगेट

    हरमनप्रीत कौर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी

    भारत-श्रीलंका टी20 इंटरनेशनल पांच मैचों की सिरीज़ के दूसरे मैच में श्रीलंकाई टीम ने टीम इंडिया के सामने 129 रन का लक्ष्य रखा है.

    ये मैच आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में खेला जा रहा है. टीम इंडिया ने टॉस जीतकर श्रीलंका के ख़िलाफ़ पहले गेंदबाजी करने का फ़ैसला किया था.

    श्रीलंका की टीम ने 9 विकेट के नुकसान पर 128 रन बनाए हैं.

    इस सिरीज़ का पहला टी20 मैच भी विशाखापत्तनम में 21 दिसंबर को खेला गया था. इस मैच में भारतीय टीम ने श्रीलंका की टीम को 8 विकेट से हराया था.

    श्रीलंका की टीम ने 6 विकेट के नुकसान पर 121 रन बनाए थे. वहीं टीम इंडिया ने 14.4 ओवर में ही दो विकेट के नुक़सान पर 122 रन का अपना टारगेट हासिल कर लिया था.

    पहले टी20 मैच में जेमिमा रॉड्रिग्स प्लेयर ऑफ़ द मैच रही थीं.

  6. विमेंस प्रीमियर लीग 2026: दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी करेंगी जेमिमा रॉड्रिग्स

    जेमिमा रॉड्रिग्स

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, जेमिमा रॉड्रिग्स अब तक विमेंस प्रीमियर लीग के 27 मैच खेल चुकी हैं

    दिल्ली कैपिटल्स ने मंगलवार को विमेंस प्रीमियर लीग के 2026 सीज़न के लिए अपने कप्तान की घोषणा की. दिल्ली कैपिटल्स ने भारत की स्टार खिलाड़ी जेमिमा रॉड्रिग्स को कप्तान बनाया है.

    दिल्ली कैपिटल्स की ओर से जारी प्रेस रिलीज़ में कहा गया है कि जेमिमा रॉड्रिग्स विमेंस प्रीमियर लीग के पहले सीज़न से ही टीम का एक अहम हिस्सा रही हैं. तब उन्हें ऑक्शन में सबसे पहले चुना गया था.

    प्रेस रिलीज़ में लिखा गया, "25 साल की इस खिलाड़ी ने हाल ही में भारत की ऐतिहासिक आईसीसी महिला विश्व कप जीत में अहम भूमिका निभाई. उनके शानदार नाबाद 127 रनों की बदौलत भारत ने सेमीफ़ाइनल में ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ 339 रन का टारगेट चेज़ किया."

    रॉड्रिग्स ने विमेंस प्रीमियर लीग के 27 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 137.67 के शानदार स्ट्राइक रेट से 507 रन बनाए हैं.

  7. दिनभर: भारत में बांग्लादेश विरोध की आवाज़ तेज़

    - हिंदू युवक की हत्या के विरोध में भारत में कई जगह बांग्लादेश के ख़िलाफ़ प्रदर्शन

    - थम गई 'दीवार में एक खिड़की रहती थी' के लेखक ज्ञानपीठ से सम्मानित हिन्दी के प्रसिद्ध साहित्यकार विनोद कुमार शुक्ल की लेखनी.

    दिनभर- पूरा दिन, पूरी ख़बर सुनिए मोहन लाल शर्मा और मानसी दाश से.

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  8. अगर आप हमारे लाइव पेज से अभी जुड़ रहे हैं तो अब तक की अहम ख़बरें जानिए

    - उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा की एक कोर्ट ने राज्य सरकार की उस अर्ज़ी को ख़ारिज कर दिया है, जिसमें 2015 के दादरी लिंचिंग केस में सभी अभियुक्तों के ख़िलाफ़ केस वापस लेने की बात कही गई थी. यहां पढ़ें पूरी ख़बर.

    - रायपुर के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ने कहा है कि हिन्दी के शीर्ष कवि-कथाकार विनोद कुमार शुक्ल का निधन हो गया है. वे पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ थे और इसी अस्पताल में भर्ती थे. यहां पढ़ें पूरी ख़बर.

    - इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने घोषणा की है कि भारतीय क्रिकेटर दीप्ति शर्मा आईसीसी महिला टी20 इंटरनेशनल बॉलिंग रैंकिंग में नंबर एक पोज़िशन पर पहुंच गई हैं. यहां पढ़ें पूरी ख़बर.

    - विश्व हिंदू परिषद, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और हिंदू जागरण मंच समेत संघ से जुड़े कई संगठनों के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को कोलकाता स्थित बांग्लादेश के उप उच्चायोग दफ़्तर के सामने विरोध प्रदर्शन किया. यहां पढ़ें पूरी ख़बर.

    - न्यूज़ीलैंड के विदेश मंत्री विंस्टन पीटर्स ने हाल ही में घोषित भारत-न्यूज़ीलैंड फ़्री ट्रेड एग्रीमेंट (एफ़टीए) की कड़ी आलोचना की है. उन्होंने कहा कि वह इस समझौते को 'न तो फ़्री और न ही फ़ेयर' मानते हैं. यहां पढ़ें पूरी ख़बर.

  9. विनोद कुमार शुक्ल के निधन पर पीएम मोदी ने जताया दुख

    पीएम मोदी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया कि विनोद कुमार शुक्ल को साहित्य जगत में उनके योगदान के लिए हमेशा याद किया जाएगा

    हिन्दी के शीर्ष कवि-कथाकार विनोद कुमार शुक्ल के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संवेदना जताई है.

    पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया, "ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित प्रख्यात लेखक विनोद कुमार शुक्ल जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ है. हिन्दी साहित्य जगत में अपने अमूल्य योगदान के लिए वह हमेशा स्मरणीय रहेंगे. शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों और प्रशंसकों के साथ हैं."

    वहीं सीएम साय ने एक्स पर पोस्ट किया, "महान साहित्यकार विनोद कुमार शुक्ल जी का निधन एक बड़ी क्षति है. 'नौकर की कमीज़', 'दीवार में एक खिड़की रहती थी' जैसी चर्चित कृतियों से साधारण जीवन को गरिमा देने वाले विनोद जी छत्तीसगढ़ के गौरव के रूप में हमेशा हम सबके हृदय में विद्यमान रहेंगे."

    "संवेदनाओं से परिपूर्ण उनकी रचनाएँ पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेंगी. उनके परिजन एवं पाठकों-प्रशंसकों को संवेदना."

    रायपुर के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ने कहा है कि हिन्दी के शीर्ष कवि-कथाकार विनोद कुमार शुक्ल का निधन हो गया है. वह पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ थे और इसी अस्पताल में भर्ती थे.

  10. मोहम्मद अख़लाक मॉब लिंचिंग: अभियुक्तों के ख़िलाफ़ केस वापस लेने की यूपी सरकार की अर्ज़ी पर कोर्ट का फ़ैसला आया, उमंग पोद्दार, बीबीसी संवाददाता

    मोहम्मद अख़लाक मॉब लिंचिंग मामला

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, 28 सितंबर, 2015 को भीड़ ने मोहम्मद अख़लाक के घर पर हमला कर दिया था

    उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा की एक कोर्ट ने राज्य सरकार की उस अर्ज़ी को ख़ारिज कर दिया है, जिसमें 2015 के दादरी लिंचिंग केस में सभी अभियुक्तों के ख़िलाफ़ केस वापस लेने की बात कही गई थी.

    मोहम्मद अख़लाक की हत्या और उनके बेटे दानिश को गंभीर रूप से घायल करने के मामले में फ़िलहाल 18 लोगों को अभियुक्त बनाया गया है.

    28 सितंबर, 2015 को भीड़ ने मोहम्मद अख़लाक के घर पर हमला कर दिया था. आरोप था कि उन्होंने अपने घर में बीफ़ रखा था. भीड़ के हमले में मोहम्मद अख़लाक की मौत हो गई थी.

    मोहम्मद अख़लाक के परिवार के वकील मोहम्मद यूसुफ़ सैफ़ी ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी को बताया, "कोर्ट ने कहा है कि सरकार की अर्ज़ी बेबुनियाद है. अब कोर्ट ने आदेश दिया है कि केस की सुनवाई रोज़ाना की जाए."

    उन्होंने आगे कहा, "हमें कोर्ट से न्याय की उम्मीद थी और हमें न्याय मिला."

    अब इस केस की सुनवाई 6 जनवरी को होगी, जहां ट्रायल जारी रहेगा. अब तक इस केस में एक गवाह से पूछताछ हो चुकी है. कोर्ट के आदेश की लिखित कॉपी अभी तक जारी नहीं हुई है.

  11. कार्टून: कौन किसान?

    राष्ट्रीय किसान दिवस पर आज का कार्टून

    राष्ट्रीय किसान दिवस पर आज का कार्टून.

  12. भारतीय क्रिकेटर दीप्ति शर्मा आईसीसी महिला टी20 इंटरनेशनल बॉलिंग रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचीं

    भारतीय क्रिकेटर दीप्ति शर्मा

    इमेज स्रोत, Pankaj Nangia/Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारतीय महिला टीम के इस साल वर्ल्ड कप चैंपियन बनने में दीप्ति शर्मा की अहम भूमिका रही

    इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने घोषणा की है कि भारतीय क्रिकेटर दीप्ति शर्मा आईसीसी महिला टी20 इंटरनेशनल बॉलिंग रैंकिंग में नंबर एक पोज़िशन पर पहुंच गई हैं.

    आईसीसी ने एक्स पर पोस्ट किया, "भारत की दिग्गज खिलाड़ी दीप्ति शर्मा के लिए यह एक ऐतिहासिक पल है, क्योंकि वह आईसीसी महिला टी20 इंटरनेशनल बॉलिंग रैंकिंग में नंबर एक पर पहुंच गई हैं."

    केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने दीप्ति शर्मा को बधाई दी है.

    उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया, "आईसीसी महिला टी20 इंटरनेशनल बॉलिंग रैंकिंग में करियर की सर्वश्रेष्ठ नंबर 1 पोज़िशन पर पहुंचने के लिए दीप्ति शर्मा को बधाई! उनका कौशल और मैच जिताने वाले प्रदर्शन लाखों लोगों को प्रेरित करते रहेंगे. भारतीय क्रिकेट के लिए यह एक गर्व का पल है."

    भारतीय महिला टीम के इस साल वर्ल्ड कप चैंपियन बनने में दीप्ति शर्मा की अहम भूमिका रही. उन्होंने इस टूर्नामेंट में न केवल गेंद से बल्कि बल्ले से भी कमाल दिखाया और कई रिकॉर्ड अपने नाम किए.

  13. विनोद कुमार शुक्ल का निधन, रायपुर के अस्पताल में थे भर्ती, आलोक पुतुल, रायपुर से बीबीसी हिन्दी के लिए

    हिन्दी के शीर्ष कवि-कथाकार विनोद कुमार शुक्ल

    इमेज स्रोत, ALOK PUTUL

    इमेज कैप्शन, पिछले महीने ही विनोद कुमार शुक्ल को ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित किया गया था (फ़ाइल फ़ोटो)

    रायपुर के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ने कहा है कि हिन्दी के शीर्ष कवि-कथाकार विनोद कुमार शुक्ल का निधन हो गया है. वे पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ थे और इसी अस्पताल में भर्ती थे.

    पिछले ही महीने उन्हें हिन्दी साहित्य के सर्वोच्च सम्मान, ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित किया गया था.

    छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में 1 जनवरी 1937 को जन्मे विनोद कुमार शुक्ल, लगभग नौ दशक के जीवन-सफर के साथ, हिन्दी साहित्य में ऐसे लेखक के रूप में प्रतिष्ठित थे, जो बहुत धीमे बोलते थे लेकिन जिनकी साहित्यिक आवाज़ दूर-दूर तक सुनाई देती थी.

    मध्यमवर्गीय, साधारण और लगभग अनदेखे रह जाने वाले जीवन को उन्होंने अपनी कविताओं, कहानियों और उपन्यासों में अद्भुत कोमलता और सूक्ष्मता के साथ जगह दी. उनके यहाँ एक साधारण कमरा, एक खिड़की, घास का छोटा-सा टुकड़ा, एक पेड़ भी, पूरे ब्रह्मांड की तरह खुल जाता है.

    हिन्दी के शीर्ष कवि-कथाकार विनोद कुमार शुक्ल

    इमेज स्रोत, ALOK PUTUL

    इमेज कैप्शन, हिन्दी के शीर्ष कवि-कथाकार विनोद कुमार शुक्ल (फ़ाइल फ़ोटो)

    उनका पहला कविता-संग्रह ‘लगभग जय हिन्द’ 1971 में प्रकाशित हुआ, जिसके साथ ही उनकी विशिष्ट भाषिक बनावट, चुप्पी और भीतर तक उतरती संवेदनाएँ हिन्दी कविता के परिदृश्य में दर्ज होने लगीं.

    इसके बाद ‘वह आदमी चला गया नया गरम कोट पहिनकर विचार की तरह’, ‘सब कुछ होना बचा रहेगा’, ‘अतिरिक्त नहीं’, ‘कविता से लंबी कविता’, ‘आकाश धरती को खटखटाता है’, ‘पचास कविताएँ’, ‘कभी के बाद अभी’, ‘कवि ने कहा’, ‘चुनी हुई कविताएँ’ और ‘प्रतिनिधि कविताएँ’ जैसे संग्रहों ने उन्हें समकालीन हिन्दी कविता के सबसे मौलिक स्वरों में शामिल कर दिया.

    कथा-साहित्य में उनके उपन्यास ‘नौकर की कमीज़’ ने 1979 में हिन्दी कहानी और उपन्यास की धारा को एक अलग मोड़ दिया.

    इस उपन्यास पर बाद में मणि कौल ने फ़िल्म भी बनाई. आगे चलकर ‘खिलेगा तो देखेंगे’, ‘दीवार में एक खिड़की रहती थी’, ‘हरी घास की छप्पर वाली झोपड़ी और बौना पहाड़’, ‘यासि रासा त’ और ‘एक चुप्पी जगह’ के माध्यम से उन्होंने लोकआख्यान, स्वप्न, स्मृति, मध्यवर्गीय जीवन और मनुष्य की जटिल आकांक्षाओं को एक विशिष्ट कथा-शिल्प में रूपांतरित किया.

    उनके कहानी संग्रह ‘पेड़ पर कमरा’, ‘महाविद्यालय’, ‘एक कहानी’ और ‘घोड़ा और अन्य कहानियाँ’ जैसे संग्रहों में दर्ज हैं, जहाँ घरेलू, सूक्ष्म और अक्सर उपेक्षित जीवन-कण अद्भुत कथा-समृद्धि के साथ सामने आते हैं.

    उनकी अनेक रचनाएँ भारतीय और विदेशी भाषाओं में अनूदित हुई हैं.

    अपने लंबे रचनात्मक सफ़र में उन्हें साहित्य अकादमी पुरस्कार, गजानन माधव मुक्तिबोध फ़ेलोशिप, रज़ा पुरस्कार, शिखर सम्मान, राष्ट्रीय मैथिलीशरण गुप्त सम्मान, दयावती मोदी कवि शेखर सम्मान, हिन्दी गौरव सम्मान, मातृभूमि पुरस्कार, साहित्य अकादमी का महत्तर सदस्य सम्मान और 2023 का पैन-नाबोकोव पुरस्कार से सम्मानित किया गया था.

  14. कोलकाता में बांग्लादेश के उप उच्चायोग दफ़्तर के सामने प्रदर्शन, पुलिस का लाठीचार्ज, प्रभाकर मणि तिवारी, कोलकाता से बीबीसी हिन्दी के लिए

    कोलकाता में प्रदर्शन

    इमेज स्रोत, SANJAY DAS

    इमेज कैप्शन, मौके पर भारी तादाद में पुलिस वालों को तैनात किया गया है

    विश्व हिंदू परिषद, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और हिंदू जागरण मंच समेत संघ से जुड़े कई संगठनों के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को कोलकाता स्थित बांग्लादेश के उप उच्चायोग दफ़्तर के सामने विरोध प्रदर्शन किया.

    यह लोग बांग्लादेश के मैमनसिंह में दीपू चंद्र दास नाम के एक युवक की सामूहिक पिटाई और उनकी मौत का विरोध कर रहे थे. प्रदर्शन के दौरान पुलिस वालों के साथ उनकी धक्का-मुक्की हुई. भीड़ पर काबू पाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा.

    पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि फ़िलहाल स्थिति नियंत्रण में है. मौके पर भारी तादाद में पुलिस वालों को तैनात किया गया है.

    विश्व हिंदू परिषद के एक प्रवक्ता ने दावा किया कि लाठीचार्ज की वजह से कई लोग घायल हो गए हैं. उनका कहना था कि पुलिस ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर लाठीचार्ज किया.

    इन संगठनों के कार्यकर्ता जुलूस की शक्ल में कोलकाता के बेकबागान इलाके में स्थित उप उच्चायोग के दफ़्तर की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन पुलिस ने उससे पहले ही उनको रोक दिया.

    उसके बाद प्रदर्शकारी पुलिस वालों से भी भिड़ गए. बाद में भीड़ पर काबू पाने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया. इसके अलावा दर्ज़नों लोगों को हिरासत में भी ले लिया गया है.

    इन संगठनों का कहना था कि वो ज्ञापन देने के लिए वहां जा रहे थे.

    पुलिस के साथ भिड़ंत के कारण इलाके में तनाव बढ़ने के बाद बीजेपी के कई नेता भी मौके पर पहुंचे. उत्तर कोलकाता ज़िला बीजेपी प्रमुख तमोघ्न घोष ने मौके पर पत्रकारों से कहा, "हम पुलिस के लाठीचार्ज के विरोध और हिंदू संगठनों के समर्थन में यहां आए हैं."

    प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच भिड़ंत के कारण पार्क सर्कस इलाके में काफ़ी देर तक ट्रैफ़िक जाम की स्थिति रही.

  15. भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच हुए फ्री ट्रेड एग्रीमेंट का विरोध क्यों कर रहे हैं न्यूज़ीलैंड के विदेश मंत्री?

    न्यूज़ीलैंड के विदेश मंत्री विंस्टन पीटर्स

    इमेज स्रोत, Nhac NGUYEN / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, न्यूज़ीलैंड के विदेश मंत्री विंस्टन पीटर्स ने कहा कि यह न्यूज़ीलैंड के लिए एक बुरी डील है

    न्यूज़ीलैंड के विदेश मंत्री विंस्टन पीटर्स ने हाल ही में घोषित भारत-न्यूज़ीलैंड फ़्री ट्रेड एग्रीमेंट (एफ़टीए) की कड़ी आलोचना की है. उन्होंने कहा कि वह इस समझौते को 'न तो फ़्री और न ही फ़ेयर' मानते हैं.

    भारत के वित्त मंत्रालय की ओर से जारी प्रेस रिलीज़ के मुताबिक़ भारत और न्यूज़ीलैंड ने 22 दिसंबर, 2025 को भारत-न्यूज़ीलैंड मुक्त व्यापार समझौते (एफ़टीए) पर बातचीत पूरी की.

    हालांकि, न्यूज़ीलैंड के विदेश मंत्री विंस्टन पीटर्स ने भारत के साथ इस फ़्री ट्रेड एग्रीमेंट का विरोध किया है.

    विंस्टन पीटर्स न्यूज़ीलैंड की दक्षिणपंथी राजनीतिक पार्टी 'न्यूज़ीलैंड फ़र्स्ट' के नेता भी हैं, जो 'नेशनल पार्टी' के साथ गठबंधन सरकार में है.

    उन्होंने 22 दिसंबर को एक्स पर पोस्ट किया, "दुर्भाग्य से, न्यूज़ीलैंड फ़र्स्ट आज घोषित भारत मुक्त व्यापार समझौते का विरोध करती है."

    उन्होंने लिखा, "अफ़सोस की बात है कि यह न्यूज़ीलैंड के लिए एक बुरी डील है. इसमें बहुत ज़्यादा रियायतें दी गई हैं, ख़ासकर इमिग्रेशन के मामले में, और न्यूज़ीलैंड के लोगों को बदले में उतना नहीं मिल रहा है."

    "न्यूज़ीलैंड फ़र्स्ट ने अपने गठबंधन पार्टनर से कहा कि वे भारत के साथ जल्दबाज़ी में कोई खराब डील न करें...हमने यह भी बताया कि हमें लगता है कि नेशनल पार्टी के लिए भारत के साथ ऐसी डील साइन करना समझदारी नहीं होगी, जब उस डील के लिए संसद में बहुमत निश्चित न हो."

    विंस्टन पीटर्स ने आगे लिखा, "हम भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर को लंबे समय से जानते हैं, और एक अंतरराष्ट्रीय राजनेता और न्यूज़ीलैंड-भारत संबंधों के समर्थक के तौर पर हम उनका बहुत सम्मान करते हैं. हमने इस मामले पर न्यूज़ीलैंड फ़र्स्ट का रुख़ मंत्री जयशंकर को बता दिया है."

  16. अरावली को लेकर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने बीजेपी पर साधा निशाना, क्या कहा?

    अरावली की पहाड़ियां (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अरावली की पहाड़ियां (फ़ाइल फ़ोटो)

    कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने अरावली को लेकर बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है.

    अरावली पहाड़ियों पर विवाद को लेकर पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव के बयान पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा, "मुझे नहीं लगता कि वे ग्रीन अरावली की बात कर रहे हैं, वे क्लीन अरावली की बात कर रहे हैं, बस उन्हें हटा दो."

    "वे माइनिंग माफ़िया, रियल एस्टेट माफ़िया के हाथों में खेल रहे हैं और वे पूरे इलाके में पर्यावरण का संतुलन बिगाड़ रहे हैं, जो इस देश का एक बहुत बड़ा हिस्सा है. वे थार के रेगिस्तान और दिल्ली, हरियाणा और कई दूसरे इलाकों के बीच बनी प्राकृतिक दीवार को खत्म कर रहे हैं."

    सुप्रीम कोर्ट की ओर से अरावली पहाड़ियों की परिभाषा बदलने के बाद लगभग पूरे उत्तर भारत में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए हैं.

    अरावली पहाड़ियों की 'नई परिभाषा' पर हो रहे विरोध के बीच पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने इस मामले में कुछ लोगों पर भ्रामक बातें करने का आरोप लगाया है.

  17. बांग्लादेश में मीडिया पर हुए हमले को लेकर एडिटर्स गिल्ड ऑफ़ इंडिया ने जारी किया बयान

    19 दिसंबर, 2025 को हमले के बाद द डेली स्टार अख़बार के ऑफ़िस का हाल

    इमेज स्रोत, Abdul Goni / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, 19 दिसंबर, 2025 को हमले के बाद द डेली स्टार अख़बार के ऑफ़िस का हाल

    एडिटर्स गिल्ड ऑफ़ इंडिया ने हाल ही में बांग्लादेश की मीडिया को निशाना बनाए जाने पर एक बयान जारी किया है.

    इसमें कहा गया है, "एडिटर्स गिल्ड ऑफ़ इंडिया बांग्लादेश में जाने-माने मीडियाकर्मियों और मीडिया संस्थानों पर हुए हमले, तोड़फोड़ और आगजनी की कड़ी निंदा करता है."

    बयान में अंग्रेज़ी भाषा के न्यूज़ पेपर न्यू एज़ के संपादक और एडिटर्स काउंसिल के प्रेसिडेंट नूरुल कबीर पर हमला किए जाने प्रोथोम आलो न्यूज़ पेपर और द डेली स्टार के कार्यालयों पर किए गए हमले का ज़िक्र किया गया है.

    इन हमलों को 'बांग्लादेश में मीडिया के ख़िलाफ़ हिंसा और उसे डराने-धमकाने की गतिविधियों में एक गंभीर और जानलेवा बढ़ोतरी' बताया गया है.

  18. भारत ने दित्वाह तूफ़ान से हुए नुक़सान से निपटने के लिए श्रीलंका के लिए पैकेज का एलान किया

    एस जयशंकर और अनुरा कुमारा दिसानायके

    इमेज स्रोत, X/DrSJaishankar

    इमेज कैप्शन, भारत ने श्रीलंका के लिए 45 करोड़ अमेरिकी डॉलर के रीकंस्ट्रक्शन पैकेज का एलान किया

    भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर पड़ोसी देश श्रीलंका के दौरे पर हैं. इस दौरान उन्होंने श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके और प्रधानमंत्री हरिनी अमरासूर्या से मुलाक़ात की.

    श्रीलंका में चक्रवाती तूफ़ान दित्वाह से निपटने के लिए विदेश मंत्री जयशंकर ने भारत की ओर से मदद का एलान किया.

    उन्होंने बताया, "ऑपरेशन सागर बंधु' के तहत भारत, श्रीलंका को 45 करोड़ अमेरिकी डॉलर का रीकंस्ट्रक्शन पैकेज देने के लिए प्रतिबद्ध है."

    विदेश मंत्री के मुताबिक़ इस पैकेज में सड़क, रेलवे और पुल कनेक्टिविटी की बहाली, पूरी तरह से नष्ट और आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए घरों का निर्माण, स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्रों के लिए सहयोग और कृषि क्षेत्र के लिए सहयोग शामिल है.

    नवंबर महीने के आख़िर में चक्रवाती तूफ़ान दित्वाह की वजह से श्रीलंका में भारी नुक़सान हुआ था. तूफ़ान की वजह से देशभर में 150 से अधिक मौतें हुई थीं.

    श्रीलंका के डिज़ास्टर मैनेजमेंट सेंटर के मुताबिक़, इस तूफ़ान के कारण मची तबाही में 20 हज़ार से अधिक घर नष्ट हो गए थे. एक लाख से अधिक लोगों को सरकारी राहत शिविरों में भेजा गया था.

  19. अब तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगी.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  20. कनाडा ने इसराइल के कब्ज़े वाले वेस्ट बैंक में नई बस्तियों को मंजूरी देने के फ़ैसले की निंदा की

    अनीता आनंद

    इमेज स्रोत, Katherine KY Cheng/Getty

    इमेज कैप्शन, अनीता आनंद ने कहा कि बस्तियों का विस्तार अंतरराष्ट्रीय क़ानून के ख़िलाफ़ है (फ़ाइल फ़ोटो)

    कनाडा ने इसराइल की ओर से कब्ज़े वाले वेस्ट बैंक में 19 नई बस्तियों को मंज़ूरी देने के फ़ैसले की कड़ी निंदा की है.

    कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद ने कहा, "बस्तियों का लगातार विस्तार अंतरराष्ट्रीय क़ानून के ख़िलाफ़ है और 20 सूत्रीय शांति योजना को ख़तरे में डालता है."

    अनीता आनंद ने कहा, "ऐसे क़दम साफ़ तौर पर दो-राष्ट्र समाधान की संभावनाओं को कमज़ोर करते हैं और इसराइल और फ़लस्तीन के लोगों के लिए शांति और सुरक्षा के अंतिम उद्देश्य को नुक़सान पहुंचाते हैं."

    इसराइल की सुरक्षा कैबिनेट ने हाल ही में कब्ज़े वाले वेस्ट बैंक में 19 नई बस्तियों को मान्यता देने का फ़ैसला किया है.

    अति-दक्षिणपंथी नेता और वित्त मंत्री बेज़लेल स्मोट्रिच ने रक्षा मंत्री इसराइल काट्ज़ के साथ मिलकर यह प्रस्ताव रखा था. स्मोट्रिच ने कहा कि यह फ़ैसला फ़लस्तीनी राज्य की स्थापना को रोकने से जुड़ा है.

    सऊदी अरब ने भी इसराइल के इस क़दम की निंदा की है.