मुझे कैंसर हैः जिमी कार्टर

इमेज स्रोत, Getty
पूर्व अमरीकी राष्ट्रपति जिमी कार्टर ने बताया है कि उन्हें कैंसर है.
कार्टर ने बताया कि हाल ही में हुई लीवर सर्जरी के बाद उन्हें कैंसर होने के बारे में पता चला है.
कैंसर अब उनके अन्य अंगों में भी फैल गया है. 90 वर्षीय कार्टर ने इसी महीने लीवर की सर्जरी कराई थी.
बुधवार को जारी एक बयान में राष्ट्रपति ओबामा ने कार्टर का स्वास्थ्य बेहतर होने की कामना की. व्हाइट हाउस की ओर से बताया गया है कि ओबामा ने बुधवार को कार्टर से बात की.
कार्टर 1981 में राष्ट्रपति पद छोड़ने के बाद से हाल के सालों में अपने कार्टर सेंटर के ज़रिए मानवीय मदद के कार्य कर रहे थे.
राष्ट्रपति पद छोड़ने के तुरंत बाद ही उन्होंने मानवाधिकारों की आवाज़ उठाने के लिए कार्टर सेंटर शुरू किया था.
नोबल पुरस्कार

इमेज स्रोत, AFP
1994 में उन्होंने उत्तरी कोरिया के साथ परमाणु समझौते में मध्यस्तता की थी. हालिया सालों में उन्होंने सीरिया के राष्ट्रपति बशर अल असद से भी मुलाक़ात की थी.
जॉर्जिया से डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता कार्टर 1976 में अमरीका के राष्ट्रपति बने थे.
अंतरराष्ट्रीय संघर्षों के शांतिपूर्ण हल के प्रयासों के लिए उन्हें साल 2002 में नोबेल का शांति पुरस्कार दिया गया था.
फ़रवरी में बीबीसी को दिए एक साक्षात्कार में उन्होंने कहा था कि वो ख़ुश हैं कि वो दुनियाभर में यात्राएं और कार्य कर पा रहे हैं.
कार्टर हाल के दिनों में जुलाई में रिलीज़ हुई अपनी किताब "ए फ़ुल लाइफ़ः रिफ़्लेक्शन एट नाइनटी" के प्रचार में जुटे थे.
<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक करें</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link>. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)</bold>





















