नए साल का जश्न मनाने के अलग-अलग तरीके... दाल खाना, प्लेट तोड़ना और 108 बार घंटी बजाना

प्रकाशित

दुनिया भर में लोगों की नए साल को मनाने की तरह-तरह की परंपराएं हैं. कहीं लोग परिवार के साथ वक़्त बिताते हैं तो कहीं दाल या अंगूर खाने, प्लेट तोड़ने से लेकर भालू जैसे कपड़े पहनने का रिवाज़ है.

चाहे सोलर ईयर की हों या चीनी नववर्ष की, नए साल की सभी परंपराएं आने वाले साल को बेहतर बनाने के लिए होती हैं.

इस लेख में हम अलग-अलग देशों में लोगों की परंपराओं के बारे में बता रहे हैं.

दाल खाने की परंपरा

ब्राज़ील में नए साल की पूर्व संध्या पर दाल खाने का रिवाज़ है. वहां के लोगों के लिए दाल धन का प्रतीक है और इसे खाने का मतलब है कि नए साल में क़िस्मत उनके साथ होगी, जो इसे खाएगा.

आतिशबाज़ी से स्वागत

नए साल का जश्न मनाने के सबसे पसंदीदा तरीक़ों में से आतिशबाज़ी एक है.

हालांकि दुनिया भर में कोरोना की पाबंदियों के चलते इस बार मौज-मस्ती के लिए जुटने वाली भीड़ कम रही है और लोगों ने दूर से ही आतिशबाज़ी का मज़ा लिया.

न्यूज़ीलैंड, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा और ब्राज़ील जैसे देशों के ऑकलैंड, सिडनी, टोरंटो और रियो डी जनेरियो जैसे शहरों में नए साल के जश्न में सड़कों और इमारतों को रोशनी सो नहलाया जाता है. इस मौक़े पर होने वाली आतिशबाज़ी देखने के लिए हजारों लोग जुटते हैं.

प्लेट तोड़ना

अगर आप घर में घुसते हैं और टूटी प्लेट या टूटी प्लेट के टुकड़े देखते हैं, तो आप कल्पना कर सकते हैं कि क्या हुआ होगा.

डेनमार्क में सौभाग्य के लिए आधी रात के बाद प्लेट तोड़ने का रिवाज़ है.

अगर आप डेनमार्क में होते तो आप अगले 12 महीने तक अपने दोस्त के घर पर अच्छा समय गुज़रने के लिए शायद वहां एक प्लेट जरूर तोड़ते.

क्रिस्टल बॉल

न्यूयॉर्क टाइम्स स्क्वायर वह जगह है, जहां नए साल का मुख्य समारोह आयोजित किया जाता है. इस जानेमाने चौक में मशहूर क्रिस्टल बॉल के नीचे आने की रस्म का सभी को इंतज़ार रहता है.

साल के आख़िरी लम्हों में क्रिस्टल बॉल पोल से नीचे आने के साथ-साथ नए साल की उल्टी गिनती चलती रहती है.

न्यूयॉर्क की इस पुरानी परंपरा को अपनाते हुए दूसरे अमेरिकी शहरों ने भी अपने-अपनी परंपराएं बना ली हैं. उदाहरण के लिए इंडियाना के विन्सेनेस शहर में नए साल के मौक़े पर तरबूज़ को ऊंचाई से फेंकने का रिवाज़ है.

अंगूर खाना

स्पेन में नया साल आने की खुशी में लोगों के हाथ मेज़ पर रखे अंगूरों की तरफ़ बढ़ने लगते हैं. आधी रात होने पर यहां जब घड़ी की सूई रात के 12 बजाती है, और घंटा 12 बार बजता है, तो हर घंटी के साथ अंगूर का दाना खाने का रिवाज़ है.

मान्यता है कि ये 12 अंगूर आने वाले 12 महीनों के लिए सौभाग्य लेकर आएंगे.

भालू की पोशाक पहनना

रोमानिया में भूत-प्रेतों को दूर भगाने के लिए भालू की पोशाक पहनने का रिवाज़ है.

रोमानिया की किंवदंती में भालू की एक ख़ास जगह है और वह लोगों की हिफ़ाज़त करता है और उन्हें सेहतमंद रखता है.

घंटी बजाना

जापान और दक्षिण कोरिया जैसे कुछ देशों में नए साल की शुरुआत पर घंटी बजाई जाती है.

जापान में 108 बार घंटी बजाई जाती है. इसलिए इस दिन आप वहां बहुत ज़्यादा शोर सुनेंगे.

बौद्ध धर्म के अनुसार माना जाता है कि इंसान की 108 सांसारिक बुराइयां होती हैं, जैसे गुस्सा, शक़ करना और वासना जो हमें सच्ची ख़ुशी हासिल करने से रोकती हैं. मंदिर की हर घंटी एक बुरी ख़्वाहिश को ख़त्म करती है और आपको बेहतर इंसान बनाती है.

फ़र्नीचर फेंकना

दक्षिण अफ़्रीका के जोहान्सबर्ग में लोग नए साल की शुरुआत उन चीज़ों से छुटकारा पाने के साथ करते हैं, जिनकी अब ज़रूरत नहीं है. लोग पुराने फ़र्नीचर को खिड़की से फेंक कर ऐसा करते हैं.

खाली सूटकेस लेकर चलना

दक्षिण अमेरिका के कुछ देशों में नए साल की पूर्व संध्या पर आप लोगों को खाली सूटकेस के साथ सड़कों पर चलते हुए देख सकते हैं.

कुछ लोगों का मानना ​​है कि खाली सूटकेस के साथ जाने का मतलब है कि उनका साल रोमांच और उल्लास से भरा होगा.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)