You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
ईरान में स्विट्ज़रलैंड की राजनयिक की ‘एक ऊंची इमारत से गिरकर मौत’
ईरान की राजधानी तेहरान में स्विट्ज़रलैंड के दूतावास में काम करने वाली एक वरिष्ठ कर्मचारी की एक ऊँची इमारत से गिरकर मौत हो गई है. ईरानी मीडिया ने यह जानकारी दी है.
आपातकालीन सेना के एक प्रवक्ता ने मेहर न्यूज़ एजेंसी को बताया कि 51 वर्षीय महिला स्विस दूतावास में फ़र्स्ट सेक्रेटरी थीं, हालाँकि उन्होंने उनका नाम नहीं बताया है.
उन्होंने बताया कि कामरानिया इलाक़े की पुलिस ने मंगलवार सुबह पैरामेडिक्स को सतर्क किया, लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी.
स्विट्ज़रलैंड के विदेश मंत्रालय ने इसकी पुष्टि की है कि उनकी एक कर्मचारी की एक दुर्घटना में मौत हो गई है.
विदेश मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने कहा- विदेशी मामलों के फ़ेडरल डिपार्टमेंट और इसके प्रमुख फ़ेडरल काउंसलर इग्नाज़ियो कैसिस इस दुखद मौत से स्तब्ध हैं और परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं.
मंत्रालय ने ये भी कहा है कि वे परिजनों और ईरानी अधिकारियों से संपर्क में हैं.
हालाँकि विदेश मंत्रालय ने मृत्यु की परिस्थितियों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है. उसका कहना है कि प्राइवेसी और डेटा प्रोटेक्शन के कारण ऐसा नहीं किया जा रहा है.
ईरान के विदेश मंत्रालय ने भी संवेदना व्यक्त की है. विदेश मंत्रालय का ये कहना है कि मौत की जाँच संबंधित अधिकारी कर रहे हैं और जाँच की जानकारी लोगों को दी जाएगी.
ईरान की समाचार एजेंसी ईरना ने आपातकालीन सेवाओं के हवाले से कहा है कि इस मामले में आत्महत्या की आशंका से इनकार किया गया है.
स्विट्जरलैंड ने ईरान में अमेरिकी राजनयिक हितों का प्रतिनिधित्व किया है, क्योंकि 1979 और इस्लामिक क्रांति के तुरंत बाद अमेरिका और ईरान ने संबंधों को तोड़ दिया था.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)