You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
कोरोना की 'तीसरी लहर', पेरिस में एक महीने का लॉकडाउन- आज की बड़ी ख़बरें
फ्रांस में कोरोना वायरस की 'तीसरी लहर' की वजह से राजधानी पेरिस में एक महीने का लॉकडाउन किया जा रहा है.
पेरिस के साथ देश के 15 अन्य इलाकों में भी शुक्रवार आधी रात से लॉकडाउन किया जा रहा है.
फ्रांस के प्रधानमंत्री जीन कैस्टेक्स ने कहा है कि ये लॉकडाउन पहले के लॉकडाउन की तरह सख़्त पाबंदियों वाला नहीं होगा.
फ्रांस में बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 35,000 नए मामले सामने आए हैं.
प्रधानमंत्री जीन कैस्टेक्स का कहना है कि देश में कोरोना वायरस संक्रमण की 'तीसरी लहर' तेज़ी से बढ़ सकती है.
स्वास्थ्य मंत्री ओलिविर वेरन का कहना है कि पेरिस में हालात अधिक ख़राब हो रहे हैं जहां 1200 लोग इंटेनसिव केयर यूनिट्स में भर्ती हैं, जबकि पिछले साल नवंबर में इससे आधे से भी कम मरीज़ भर्ती थे.
नए सिरे से लॉकडाउन के बीच ग़ैर-ज़रूरी काम-धंधे पूरी तरह बंद कराएं जाएंगे, लेकिन स्कूल खुले रहेंगे. वैध कारण के बिना लोग देश में एक जगह से दूसरी जगह नहीं जा पाएंगे. हालांकि लोग अपने घर के छह मील के दायरे में आ-जा सकेंगे.
फ्रांस की सरकार की इस बात के लिए आलोचना होती रही है कि उसने वैक्सीन लगाने में देरी की है.
ऑक्सफोर्ड-एस्ट्राज़ेनेका वैक्सीन सुरक्षित है: ईयू एजेंसी
यूरोपीय संघ के दवा नियामकों ने अपनी एक समीक्षा में निष्कर्ष दिया है कि ऑक्सफोर्ड-एस्ट्राज़ेनेका कोविड-19 वैक्सीन न केवल 'सुरक्षित और प्रभावी' है बल्कि इसके फ़ायदे, जोख़िम से कहीं अधिक हैं.
यूरोपियन मेडिसिंस एजेंसी (ईएमए) ने यह समीक्षा तब की है जब यूरोपीय संघ के 13 देशों ने ऑक्सफोर्ड-एस्ट्राज़ेनेका वैक्सीन के इस्तेमाल पर रक्त के थक्कों संबंधी आशंकाओं के मद्देनज़र फ़िलहाल रोक लगा दी है.
ईएमए ने पाया है कि ऑक्सफोर्ड-एस्ट्राज़ेनेका वैक्सीन के साथ रक्त के थक्कों का 'ख़तरा नहीं है.' हालांकि ईएमए ने ये भी कहा है कि वो ऐसी किसी संभावित आशंका के लिए अध्ययन जारी रखेगा.
इससे पहले विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा था कि ऑक्सफोर्ड-एस्ट्राज़ेनेका वैक्सीन का इस्तेमाल जारी रखा जाना चाहिए और वैक्सीनेशन की मुहिम पर कोई असर नहीं पड़ना चाहिए.
ऑक्सफोर्ड-एस्ट्राज़ेनेका वैक्सीन पर यूरोपीय संघ के कई देशों में रोक ऐसे समय लगाई गई है जब यूरोप का एक बड़ा हिस्सा कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों से जूझ रहा है.
मुकेश अंबानी सुरक्षा मामले में सचिन वाज़े की इस्तेमाल की एक और कार ज़ब्त
राष्ट्रीय जाँच एजेंसी एनआईए ने गुरुवार को मुंबई में एक और लग्ज़री कार को ज़ब्त किया है जिसे कथित तौर पर मुंबई के निलंबित पुलिस अधिकारी सचिन वाज़े ने इस्तेमाल किया था.
समाचार एजेंसी पीटीआई ने एनआईए के एक अधिकारी के हवाले से बताया है कि ये टोयोटा लैंड क्रूज़र प्राडो कार ठाणे से सटे साकेत में सचिन के घर के बाहर पार्क की हुई थी.
एनआईए ने सचिन वाज़े को शनिवार रात को दक्षिण मुंबई में उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर के बाहर विस्फोटक जिलेटिन छड़ों से लदी एक लग्ज़री कार की बरामदगी के सिलसिले में गिरफ़्तार किया था.
25 फ़रवरी की इस घटना को लेकर मचे हंगामे के बाद महाराष्ट्र सरकार ने बुधवार को शहर के पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह को एक कम महत्वपूर्ण समझे जाने वाले होमगार्ड विभाग भेज दिया.
एनआईए ने मंगलवार को मुंबई में एक काली मर्सीडिज़ कार भी बरामद की जिसपर मुकेश अंबानी के घर के बाहर लगी गाड़ी का नंबर प्लेट लगा था. 27 साल के एक ट्रैवल ऑपरेटर ने बताया कि उसने एक वेबसाइट की मार्फ़त अपनी कार बेच दी थी और वो सचिन वाज़ को नहीं जानता.
आंदोलन कर रहे किसानों को दी जाए कोरोना की वैक्सीन- राकेश टिकैत
किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा है कि दिल्ली की सीमाओं पर महीनों से कृषि कानून के खिलाफ़ आंदोलन कर रहे किसानों को कोरोना की वैक्सीन मिलनी चाहिए.
वह ख़ुद भी ये वैक्सीन लगवाएंगे.
इस वक़्त देश में रोज़ाना कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं. हालांकि बढ़ते कोरोना मामलों के बीच टीकाकरण की योजनाएं भी जारी है. इस वक्त टीकारण योजना अपने दूसरे स्टेज पर है. जिसमें 60 वर्ष या उससे ऊपर की आयु के लोगों और खास तरह की बीमारियों से जूझ रहे 45 वर्ष के लोगों को टीका दिया जा रहा है.
14 मार्च तक भारत में कोविड-19 वैक्सीन की 2.9 करोड़ से ज़्यादा डोज़ लगाई गई. जिनमें से 18 प्रतिशत को दूसरी डोज़ दी जा चुकी है. बुधवार को प्रधानमंत्री मोदी मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक की और इस बात कर खास ज़ोर दिया कि किसी भी सूरत में वैक्सीन की बर्बादी नहीं होनी चाहिए.
किसान आंदोलन: सत्यपाल मलिक ने बताया- बीजेपी को कहां है नुक़सान
मेघालय के गवर्नर सत्यपाल मलिक ने एक बार फिर किसान आंदोलन का समर्थन किया है और सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी पर सवाल उठाये हैं.
न्यूज़ चैनल एनडीटीवी को दिये इंटरव्यू में सत्यपाल मलिक ने कहा कि उनका बोलना सरकार और पार्टी के काम आएगा.
पिछले दिनों भी सत्यपाल मलिक ने किसान आंदोलन का समर्थन किया था. उन्होंने कहा कि किसानों को अगर नहीं लगेगा कि हम भी उनके हमदर्द हैं, तो हमें बहुत नुक़सान हो जाएगा.
इंटरव्यू में सत्यापल मलिक ने कहा, "अगर एक कुतिया भी मर जाती है, तो भी सरकारें उसके लिए संवेदना संदेश भेजती हैं. 250 किसान मर गए हैं बॉर्डर पर, कोई बोला नहीं है."
सत्यपाल मलिक पर ये आरोप लग रहे हैं कि वे गवर्नर पद पर रहते हुए राजनीतिक बयानबाज़ी कर रहे हैं.
इस पर उन्होंने कहा, "पार्टी के लीडर्स या सरकार को अगर ये लगेगा कि मैं उनके लिए नुक़सानदेह हूँ, तो मुझे एक मिनट नहीं लगेगा मैं छोड़कर वापस आ जाऊँगा और फिर बोलूँगा."
उन्होंने ये भी कहा कि अगर सरकार का यही रुख़ रहा, तो पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा में बीजेपी को बड़ा नुक़सान हो सकता है, लेकिन उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही मसले का हल निकल जाएगा.
सत्यपाल मलिक ने कहा, "मैं इस राय पर हूँ कि इसका हल जल्द से जल्द निकलेगा और निकल जाएगा. क्योंकि दोनों के विचारों में कोई बहुत अंतर नहीं है. मैं अनाधिकारिक रूप से दोनों पक्षों से बात कर रहा हूँ कि ये जल्द से जल्द हल हो जाए."
केंद्र सरकार के तीन कृषि क़ानूनों को लेकर किसान दिल्ली से बॉर्डर पर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं.
उनका विरोध प्रदर्शन 100 दिनों से ज़्यादा समय से चल रहा है. किसान इन क़ानूनों को वापस लेने की मांग कर रहे हैं, जबकि सरकार का कहना है कि ये क़ानून किसानों के फ़ायदे के लिए है.
भारत में दिसंबर के बाद कोरोना संक्रमण के रिकॉर्ड मामले
भारत में दिसंबर 2020 के बाद से पहली बार बीते 24 घंटों में सबसे अधिक कोरोना वायरस संक्रमण के मामले सामने आए हैं.
स्वास्थ्य मंत्रालय के गुरुवार को सुबह सामने आए आंकड़ों के अनुसार, एक दिन में 35,871 संक्रमण के नए मामले सामने आए हैं. इसके बाद देश में कुल मामलों की संख्या 1.14 करोड़ पहुंच गई है.
बुधवार को देश में 28,903 नए संक्रमण के मामलों का पता चला था जो आज से 24 फ़ीसदी कम था.
इसके अलावा बीते 24 घंटों में इस संक्रमण के कारण 172 लोगों की मौत हुई है. भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के कारण अब तक 1,59,216 लोगों की मौत हो चुकी है.
कोविड-19 का संक्रमण महाराष्ट्र में तेज़ी से फैल रहा है. बुधवार को महाराष्ट्र में 23,179 नए मामले सामने आए थे.
अमेरिका की संपर्क की 'कोशिशों' को उत्तर कोरिया ने बताया 'घटिया चाल'
अमेरिका की नई सरकार के उत्तर कोरिया से संपर्क करने के कई असफल प्रयासों के दावों को उत्तर कोरिया ने 'घटिया चाल' बताया है.
उत्तर कोरिया के विदेश मंत्रालय की पहली उप-मंत्री छो सोन होई ने कहा है कि अमेरिका की किसी भी पहल का तब तक जवाब नहीं दिया जाएगा, जब तक वह अपनी शत्रुतापूर्ण नीतियों को छोड़ता नहीं है.
उन्होंने अमेरिका के राष्ट्रपति बाइडन की सरकार पर आरोप लगाया कि वह उत्तर कोरिया को लेकर ग़लत बातें फैलाा रहा है.
उत्तर कोरिया का यह बयान तब आया है, जब अमेरिकी विदेश मंत्री और रक्षा मंत्री दक्षिण कोरिया के दौरे पर हैं.
प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान दोनों ने उत्तर कोरिया के कारण क्षेत्रीय ख़तरे पर बल देते हुए कहा कि वे इसको लेकर प्रतिबद्ध हैं.
विदेश मंत्री ब्लिंकन ने कहा कि राष्ट्रपति बाइडन उत्तर कोरिया को लेकर पूरी नीति को आने वाले सप्ताह में जारी करेंगे.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)