कनाडा: पुलिस की वर्दी पहने संदिग्ध ने 16 लोगों की जान ली, कई जगहों पर हुई गोलीबारी

इमेज स्रोत, RCMP NOVA SCOTIA
कनाडा के नोवा स्कॉटिया प्रांत में पुलिस की वर्दी पहने एक बंदूक़धारी ने कम से कम 16 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी है. मारे जाने वालों में एक महिला पुलिस अधिकारी भी शामिल है.
कनाडाई पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हमले के बाद तकरीबन 12 घंटे तक संघर्ष जारी रहा. संघर्ष में हमलावर की भी मौत हो गई है.
ये हमला शनिवार को कनाडा के ग्रामीण कस्बे पोर्टचर में शनिवार को शुरू हुआ. इसके बाद यहां लोगों को घरों में बंद रहने के लिए कहा गया है. इससे पहले पुलिस ने कहा था कि संदिग्ध हमलावर पुलिस की कार चला रहा था.
बंदूक़धारी ने पूरे नोव स्कॉटिया में अलग-अलग जगहों पर गोलियां चलाईं. पुलिस ने रविवार को कहा, "अभी कुल मौतों का सही आधिकारिक आँकड़ा देने की कोशिश की जा रही है. आशंका है कि पीड़ितों की संख्या और ज़्यादा हो सकती है."
हमले में मारे गए लोगों में रॉयल कनैडियन माउंटेड पुलिस कॉन्स्टेबल (RCMP) हेइदी स्टीवेन्सन भी शामिल थीं. स्टीवेन्सन पिछले 23 वर्षों से पुलिसबल का हिस्सा थीं.
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट X समाप्त, 1
नोवा स्कॉटिया के आरसीएमपी कमांडिंग ऑफ़िसर असिस्टेंट कमिश्नर ली बर्जरमैन ने अपने फ़ेसबुक पोस्ट में कहा, "हेइदी ने अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए और लोगों की रक्षा करते हुए अपनी जान गंवा दी.
दो बच्चों ने अपनी मां को खो दिया और एक पति ने अपने पत्नी को. माता-पिता ने अपनी बेटी को खो दिया और कई लोगों ने अपने बेहतरीन दोस्त और सहकर्मी को खो दिया."
सीबीसी न्यूज़ की रिपोर्ट के अनुसार आरसीएमपी कमिश्नर ब्रेंडा लुकी ने कहा, "मुझे लगता है कि हमलावर शुरुआत में किसी मक़सद के साथ गोलियां चला रहा था और बाद में अंधाधुंध हमला करने लगा."
कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने कहा है कि ये 'भयावह' स्थिति है. नोवा स्कॉटिया के प्रमुख स्टीफ़न मैक्नील ने संवाददाताओं से कहा, "ये इस प्रांत के इतिहास में हुई अब तक की सबसे ज़्यादा बेवजह हिंसा है."
पुलिस का कहना है कि उन्हें शनिवार को सबसे पहले जो अलर्ट मिला वो बंदूक़ से हुई हिंसा के बारे में था. नोवा स्कॉटिया पुलिस ने अपने ट्विटर हैंडल पर दी गई जानकारी में हमलावर को 51 वर्षीय गैब्रिएल वोर्टमैन बताया है.

इमेज स्रोत, Reuters
ट्वीट में कहा गया है, "वो रॉयल कनैडियन माउंटेज पुलिस का हिस्सा नहीं था लेकिन शायद उसने पुलिस की यूनिफ़ॉर्म पहन रखी थी. उसकी कार और आरसीएमपी की कार में अंतर है. संदिग्ध की कार के पीछे 28B11 है. अगर आपको कहीं इस तरह की कार दिखे तो 911 पर तुरंत फ़ोन करें. "
पुलिस ने ये भी बताया कि हमलावर पहले कार में सवार था और बाद में 'सिल्वर रंग की छोटी शेवरल एसयूवी' में सवार हो गया. हमलावर की मौत कैसे हुई, इस बारे में पुलिस ने कोई ख़ास जानकारी नहीं दी है.
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट X समाप्त, 2
कनाडा में बंदूक रखने के नियम काफ़ी कड़े हैं और पड़ोसी देश अमरीका के उलट यहां 'मास शूटिंग' कम ही होती है.
इससे पहले साल 2019 में दो भगोड़े किशोरों ने तीन लोगों को मारने की बात कबूली थी.
साल 1989 में क्यूबेक के एक कॉलेज में गोलीबारी हुई थी जिसमें 14 महिलाओं की मौत हो गई थी. इस वाकये में हमलावर ने क्लास से सभी युवकों को बाहर भेजकर गोली चलाई थी.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)
























