You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
लंदन: मस्जिद में चाकू से हमला, एक गिरफ़्तार
सेंट्रल लंदन की एक मस्जिद में चाकू से हमला हुआ है. हमले में 70 साल के एक बुजुर्ग बुरी तरह घायल हो गए हैं. इस मामले में एक संदिग्ध हमलावर को गिरफ़्तार किया गया है.
हमला रीजेंट पार्क के पास लंदन सेंट्रल मस्जिद में गुरुवार को भारतीय समयानुसार रात 8:40 के लगभग हुआ.
घायल व्यक्ति को आपात सेवाओं की मदद से अस्पताल में पहुंचा दिया गया है और वो ख़तरे से बाहर हैं.
मामले की जांच चल रही है. मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से बताया कि जांचकर्ता इसे आतंकी घटना नहीं मान रहे हैं.
मस्जिद के अंदर की तस्वीरों को देखने से पता चलता है कि पुलिस अधिकारियों ने एक लाल रंग की हूडी (टोपी वाली टीशर्ट) और जींस पहने एक व्यक्ति को नीचे गिराकर दबोच लिया है. तस्वीरों में वो शख़्स नंगे पांव दिख रहा है.
एक वीडियो में एक प्लास्टिक की कुर्सी के नीचे ज़मीन पर चाकू रखा हुआ भी दिख रहा है. हमले के चश्मदीद अबी वातिक (59 साल) का कहना है कि संदिग्ध हमलावर पिछले कई महीनों से रोज़ इस मस्जिद में आता था.
उन्होंने बताया, "वो पीड़ित बुजुर्ग के पीछे खड़े होकर प्रार्थना कर रहा था और अचानक उसने उन्हें चाकू मार दिया. इस दौरान हमलावर बिल्कुल ख़ामोश रहा."
हमलावर की उम्र 29 साल बताई जा रही है. हमले के बाद मस्जिद में मौजूद लोगों ने उसे पुलिस के पहुंचने तक पकड़े रखा.
लंदन एंबुलेंस सेवा का कहना है कि घायल बुजुर्ग को ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया. मस्जिद ने अपने आधिकारिक बयान में बताया है कि घायल व्यक्ति का नाम मुअज़्ज़न है और वो नमाज़ के लिए अजान देते हैं.
एंबुलेंस सेवा के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया गया, "हमने घटनास्थल एक एंबुलेंस क्रू, एक कार और डॉक्टर भेजे. हमने घायल का मौके पर ही इलाज किया और फिर उन्हें ट्रॉमा सेंटर ले गए.
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने ट्वीट करके हमले की निंदा की है.
उन्होंने लिखा, "मैं लंदन सेंट्रल मस्जिद में हुए हमले के बारे में सुनकर बेहद दुखी हूं. ये बहुत ही चिंताजनक है कि ऐसे अपराध को अंजाम दिया गया, ख़ासकर एक ऐसी जगह पर जहां लोग प्रार्थना करते हैं. घायलों और हमले में प्रभावित लोगों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं."
लंदन के मेयर सादिक़ ख़ान ने कहा कि मेट्रोपॉलिटन पुलिस मस्जिद के आस-पास के इलाकों में ज़्यादा सुरक्षा का इंतज़ाम करेगी. उन्होंने ट्वीट किया, "लंदन में रहने वाले हर व्यक्ति को अपने प्रार्थनस्थल में सुरक्षित महसूस करने का अधिकार है. मैं लंदन में रहने वाले हर समुदाय को ये भरोसा दिलाना चाहता हूं कि इस शहर में हिंसा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा."
मुस्लिम काउंसिल ऑफ़ ब्रिटेन के मिक़दाद वर्सी ने कहा कि उन्हें मस्जिद के भीतर मौजूद लोगों से पता चला कि हमले को तब अंजाम दिया गया जब दोपहर की नमाज़ की तैयारियां चल रही थीं.
उन्होंने कहा, "ये बेहद चिंताजनक है. हाल में हुए अन्य हमलों को देखें तो पता चलता है कि मुसलमान ख़तरे में हैं."
मस्जिद के सलाहकार अयाज़ अहमद ने कहा कि ये हमला जानलेवा भी हो सकता था.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)