थाईलैंड शूटिंग: 'सड़कों पर लाशें' बिछाने वाले जवान को मार गिराया गया

थाईलैंड शूटिंग

इमेज स्रोत, Getty Images

प्रकाशित
पढ़ने का समय: 4 मिनट

थाईलैंड के नाखोन रत्चासिमा शहर में 26 लोगों की जान लेने वाले जवान को सुरक्षाबलों ने मार गिराया है. थाई पुलिस ने ये जानकारी दी.

शहर में खुलेआम गोली चलाने से पहले शनिवार को जकरापंत थॉम्मा ने अपने कमांडिंग ऑफिसर की हत्या कर दी थी और मिलिट्री कैंप से हथियार भी चुराए थे.

नाखोन रात्चासिमा जिसे कोराट के नाम से भी जाना जाता है, शहर में संदिग्ध हमलावर ने सड़कों पर घूम घूमकर और एक शॉपिंग सेंटर में भी गोलियां चलाईं.

हमलावर ने सोशल मीडिया पर कुछ चीज़ें पोस्ट भी की थीं. आखिरकार सुरक्षाबलों ने उसे एक बिल्डिंग में घेरने के बाद मार गिराया.

थाईलैंड के प्रधानमंत्री प्रयुथ चान-ओचा ने रविवार को बताया की घटना में मरने वालों की संख्या बढ़ कर 26 हो गई है. पहले 20 लोगों की मौत की ख़बर थी.

थाईलैंड शूटिंग

इमेज स्रोत, SPOKESMAN TO THE PRIME MINISTER'S OFFICE

प्रधानमंत्री का बयान

इस घटना में 57 लोग जख्मी हुए हैं.

प्रधानमंत्री ने अस्पताल में भर्ती लोगों से मुलाक़ात के बाद कहा, "थाईलैंड में यह बिल्कुल ग़लत है और मैं चाहता हूं कि यह आखिरी घटना हो."

उन्होंने कहा कि हमलावर को लगता था कि एक प्रॉपर्टी डील में उसके साथ धोखा हुआ है और उसी से परेशान होकर उसने ये कदम उठाया.

जन स्वास्थ्य मंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने रविवार सुबह फ़ेसबुक पर एक पोस्ट लिखकर सुरक्षाबलों को उत्तरपूर्वी थाई इलाके में उनके एक्शन के लिए बधाई दी.

"हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस और सेना का शुक्रिया. हमलावर को मार गिराया गया."

थाईलैंड शूटिंग

इमेज स्रोत, Reuters

शॉपिंग सेंटर में क्या हुआ?

स्थानीय समयानुसार रात के तीन बज रहे थे जब पहली गोली की आवाज़ सुनाई दी. उस वक़्त सुरक्षाबल के जवान हमलावर को काबू करने की कोशिश में थे.

बहुत से लोगों को तत्काल सेंटर से बाहर निकाला गया लेकिन इस बात की आशंका जताई जा रही थी कि सेंटर में बड़ी संख्या में लोग बंधक हो सकते हैं.

स्थानीय समयानुसार रविवार सुबह 9:30 बजे (अंतरराष्ट्रीय समयानुसार देर रात 2 बजे से) पुलिस ने पुष्टि कर दी कि हमलावर को गोली मार दी गई है लेकिन अब तक इस बात की ज़्यादा जानकारी नहीं है कि इस ऑपरेशन को अंजाम कैसे दिया गया.

पहले ऐसी रिपोर्ट्स मिली थीं कि 32 वर्षीय हमलावर ने बिल्डिंग के पिछले हिस्से से भागने की कोशिश की थी.

संदिग्ध हमलावर की मां को भी शॉपिंग सेंटर लाया गया था ताकि उसे सरेंडर के लिए मनाया जा सके.

छोड़िए X पोस्ट
X सामग्री की इजाज़त?

इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

चेतावनी: तीसरे पक्ष की सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

पोस्ट X समाप्त

'सड़कों पर लाशें'

वहां से बाहर निकली एक महिला ने बीबीसी को बताया कि उसने और बाकियों ने पहले खुद को चौथी मंजिल के बाथरूम में छुपाया.

उसके बाद वो लोग दूसरी मंजिल में पहुंचे और रेस्टोरेंट में टेबल के नीचे छुपे रहे.

इस दौरान उन्होंने कम से कम चार बार गोली चलने की आवाज़ सुनी और थोड़ी देर बाद सुरक्षाबल वहां आते दिखे जिन्होंने सभी को बाहर निकाला.

इसी इलाके में रहने वाले और पेशे से इंग्लिश टीचर चार्ली क्रोवसन ने बीबीसी को बताया कि अमूमन शांत रहने वाले शहर में 'सड़कों पर लाशें' पड़ी हुई थीं.

उन्होंने कहा कि कई घंटों तक चले हमले में उनकी प्रेमिका का एक स्टूडेंट भी मारा गया है.

थाईलैंड शूटिंग

इमेज स्रोत, Wasawat Lukharang / BBC Thai

कैसे हुआ हमला?

दि बैंकॉक पोस्ट के मुताबिक, स्थानीय समयानुसार शनिवार दोपहर साढ़े तीन बजे सुआथम फिथाक मिलिट्री कैंप में कमांडिंग ऑफिसर कर्नल अनंथारोट क्रासे की हत्या कर दी गई.

हमले में कर्नाल अनंथारोट की सास और एक अन्य जवान को भी मार दिया गया.

कैंप से वाहन चोरी कर भागने से पहले संदिग्ध हमलावर ने भारी मात्रा में हथियार भी चुराए.

इसे बाद शाम करीब 6 बजे टर्मिनल 21 पर पहुंचने से पहले हमलावर ने कई जगहों पर अंधाधुंध फायरिंग की.

स्थानीय मीडिया की ओर से जारी किए गए कई वीडियो में हमलावर को गाड़ी से उतरकर इधर-उधर भाग रहे लोगों पर गोली चलाते देखा गया.

शॉपिंग सेंटर में लगे सीसीटीवी फुटेज में हमलावर को एक राइफल के साथ देखा गया.

थाईलैंड शूटिंग

इमेज स्रोत, EPA

हमलावर ने सोशल मीडिया पर क्या लिखा?

हमले के दौरान उसने कई बार सोशल मीडिया पर चीज़ें पोस्ट कीं और एक पोस्ट में यह भी पूछा था कि क्या उसे सरेंडर कर देना चाहिए?

इसके पहले हमलावर ने एक पिस्तौल के साथ तीन गोलियों की तस्वीर पोस्ट की थी और लिखा था, "रोमांच पैदा करने का समय आ गया है" और "कोई भी मौत से बच नहीं सकता."

फ़ेसबुक ने अब इस पेज को हटा दिया है.

फ़ेसबुक ने अपने बयान में कहा, "हम पीड़ितों, उनके परिवारों और थाईलैंड में इस त्रासदी को झेलने वाले समुदाय के प्रति संवेदना जताते हैं. फ़ेसबुक पर ऐसे लोगों के लिए कोई जगह नहीं है जो इस तरह की वारदात को अंजाम देते हैं, ना ही हम लोगों को ऐसी घटनाओं का समर्थन करने या तारीफ करने की अनुमति देते हैं."

स्पोर्ट्स विमेन ऑफ़ द ईयर

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)