You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
हैरी और मेगन ने शाही उपाधि और शाही उत्तरदायित्व छोड़े
बकिंगम पैलेस ने घोषणा की है कि प्रिंस हैरी और मेगन अब अपनी शाही उपाधियों का इस्तेमाल नहीं करेंगे और शाही उत्तरदायित्वों के लिए अब उन्हें जनता से आने वाला पैसा भी नहीं मिलेगा.
राजकुमार या राजकुमारी समेत शाही परिवार के कुछ सदस्यों को 'हिज़/हर रॉयल हाइनेस' कहकर पुकारा जाता है.
बयान के मुताबिक, "ससेक्स के ड्यूक और डचेस अब शाही परिवार के औपचारिक सदस्य नहीं रहेंगे, इसलिए वो अपनी शाही उपाधि इस्तेमाल नहीं करेंगे."
हाल ही में प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी मेगन ने शाही परिवार से अलग होने की इच्छा जताते हुए कहा था कि हमलोग शाही परिवार के वरिष्ठ सदस्य की हैसियत से हटना चाहते हैं. जोड़े की इस इच्छा को ब्रिटेन की महारानी एलिज़बेथ ने रज़ामंदी दे दी है.
महीने की शुरुआत में प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी ने कहा था कि वो संस्था में "एक नई प्रगतिशील भूमिका" चाहते हैं, जहां वो आर्थिक तौर पर स्वतंत्र हों और ब्रिटेन और उत्तरी अमरीका में बराबर समय बिता सकें.
पिछले साल दोनों ने अपनी शादी, ज़िंदगी और मीडिया अटेंशन की मुश्किलों के बारे में भी खुलकर बात की थी.
ड्यूक ने कहा था कि उन्हें डर है कि उनकी पत्नी भी "उन शक्तिशाली ताकतों" की पीड़ित ना बन जाएं, जिनकी वजह से उनकी मां की मौत हो गई थी.
बकिंगम पैलेस के बयान में ये भी कहा गया है कि इसके बाद दंपती अब महारानी का औपचारिक प्रतिनिधित्व भी नहीं करेगा.
ससेक्स के ड्यूक और डचेस ने कहा है कि वो अपने ब्रिटेन के घर, फ्रॉगमोर कॉटेज के रिनोवेशन पर खर्च हुए 24 लाख पाउंड लौटाना चाहते हैं. उनका कहना है कि ये करदाताओं का पैसा है, जिसे अब वो वापस करना चाहते हैं.
दरअसल सोमवार को शाही परिवार के वरिष्ठ सदस्यों ने दंपत्ति के भविष्य को लेकर बातचीत की, जिसके बाद बकिंघम पैलेस की ओर से बयान जारी किया गया है.
बयान के मुताबिक़ नई व्यवस्था इस साल वसंत से लागू हो जाएगी.
इसके बाद महारानी ने कहा कि "हैरी, मेगन और आर्ची (उनका बेटा) हमेशा हमारे परिवार के प्रिय सदस्य रहेंगे."
उन्होंने कहा, "मैं समझती हूं कि पिछले दो सालों में कड़ी निगरानी की वजह से उन्हें चुनौतियों का सामना करना पड़ा. मैं उनकी ज़्यादा स्वतंत्र जीवन जीने की इच्छा का समर्थन करती हूं."
हालांकि बकिंगम पैलेस ने कहा है कि वो इस बारे में टिप्पणी नहीं करेगा कि आने वाले वक्त में दंपत्ति के लिए किस तरह की सुरक्षा व्यवस्था होगी.
पैलेस ने कहा है कि शाही दंपत्ति समझते हैं कि उन्हें शाही उत्तरदायित्वों से पीछे हटना होगा, जिसमें आधिकारिक सैन्य पद भी शामिल हैं.
बयान में ये भी कहा गया है कि "ससेक्स के ड्यूक और डचेस ने कहा है कि भले ही वो महारानी का औपचारिक प्रतिनिधित्व नहीं करेंगे, लेकिन हमेशा मर्यादाओं को ध्यान में रखकर ही आगे बढ़ेंगे."
महारानी के बयान के बाद ससेक्सरॉयल.कॉम नाम की उनकी नई वेबसाइट को अपडेट कर दिया गया है.
बीबीसी के शाही मामलों के संवाददाता जॉनी डेमंड लिखते हैं-
महारानी ने कहा है कि "वो हमेशा हमारे परिवार के सबसे प्रिय सदस्य रहेंगे."
लेकिन अब उनके पास कोई शाही उपाधि नहीं होगी. शाही उत्तरदायित्व नहीं होगा. कोई सैन्य पद नहीं होगा. कोई टूर नहीं. उन्हें जनता का कोई पैसा नहीं मिलेगा.
हैरी और मेगन शाही परिवार के सदस्य तो रहेंगे, लेकिन रॉयल नहीं रहेंगे.
पहले बात हो रही थी कि उनके पास कुछ शाही उत्तरदायित्व रह सकते हैं, वो ब्रिटेन और कनाडा में अपना आधा-आधा वक्त बीता सकते हैं.
लेकिन हितों के विरोधाभास और टकराव बहुत अधिक थे.
अभी भी और जानकारी बाहर आना बाक़ी हैऔर सारी चीज़ों की एक साल बाद फिर से समीक्षा की जाएगी.
लेकिन हैरी और मेगन के लिए एक नई ज़िंदगी इंतज़ार कर रही है - सेलेब्रिटी की. जहां एक अलग तरह की रॉयल्टी होगी.
बीबीसी के शाही संवाददाता निकोलस विचहेल कहते हैं कि अब भी कई सवालों के जवाब नहीं मिले हैं. जैसे ब्रिटेन और कनाडा में दंपती का टैक्स और आप्रवासन स्टेटस क्या होगा.
संवाददाता के मुताबिक शाही अधिकारियों ने ये साफ नहीं किया है कि क्या मेगन अब भी ब्रिटेन की नागरिकता चाहती हैं.
उन्होंने कहा कि वो ब्रिटेन और उत्तरी अमरीका में रहना चाहते हैं. इसे माना जा रहा है कि वो अपना अधिकतर वक्त उत्तरी अमरीका में बिताएंगे.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)