जापान: आग लगाकर स्टूडियो में 26 लोगों की जान ली

आग लगी मंजिल

इमेज स्रोत, Reuters

प्रकाशित

जापान के क्योटो शहर में एक एनिमेशन स्टूडियो में संदिग्ध आगजनी के बाद कम से कम 26 लोगों की मौत हो गई है और दर्जनों लोग घायल हुए हैं.

स्थानीय मीडिया के अनुसार पुलिस का कहना है कि एक व्यक्ति क्योटो एनिमेशन स्टूडियो के अंदर गुरुवार सुबह गया था.

41 साल के संदिग्ध व्यक्ति ने आग लगाने से पहले पेट्रोल छिड़का था. ब्रॉडकास्टर एनएचके का कहना है कि कई लोग अब भी लापता हैं.

हालांकि संदिग्ध को पकड़ लिया गया है. उसे भी हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है.

जापान के प्रधानमंत्री शिंजो अबे ने कहा है कि ये घटना बहुत ही भयावह है. उन्होंने मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त की है.

स्थानीय समय के अनुसार गुरुवार को आग लगभग 10.30 बजे (भारतीय समय 01.35) तीन मंजिला इमारत में लगी.

आग लगी मंजिल

स्थानीय मीडिया का कहना है कि पुलिस को घटनास्थल पर चाकू भी मिले. अभी ये साफ़ नहीं हो पाया है कि संदिग्ध और कंपनी के बीच क्या रिश्ता है.

वहां मौजूद लोगों ने बताया कि एक बहुत बड़ा धमाका हुआ, जिसकी वजह से पूरी बिल्डिंग धुएं से भर गई.

ऐसा माना जा रहा है कि अभी बिल्डिंग की ऊपरी मंजिल पर और लोग फंसे हो सकते हैं जो पूरी तरह धुएं से भरी हुई है.

समाचार एजेंसी एफएपी को अग्निशमन विभाग के प्रवक्ता ने कहा, ''कई लोग दूसरी मंजिल तक भागने में असमर्थ रहे हैं.''

जापानी अधिकारियों ने कहा कि कम से कम 26 लोग मारे गए हैं.

एक अग्निशमन के अधिकारी ने संवाददाताओं को बताया कि कम से कम 10 पीड़ितों को दूसरी मंजिल तक आने वाली सीढ़ियों पर पाया गया.

फ़िलहाल 36 लोग अस्पताल में हैं और कुछ गंभीर हालत में हैं. अग्निशमन अधिकारी का कहना है कि आग लगने के समय लगभग 70 लोग बिल्डिंग में थे.

संदिग्ध व्यक्ति कौन है?

रिपोर्ट में कहा गया है कि वह संदिग्ध कोई पूर्व कर्मचारी नहीं है और उसका स्टूडियो से कोई संबंध नहीं है.

कुछ जापानी अख़बारों की रिपोर्ट कहती है कि संदिग्ध आग लगने के बाद बिल्डिंग के पास वाले स्टेशन की ओर भागा लेकिन वो ज़मीन पर ही गिर गया.

समाचार एजेंसी क्योदो को 59 वर्षीय की एक महिला ने बताया वो वहीं पास में थी, "एक व्यक्ति गिरा हुआ था जिसके बाल जल चुके थे. वहां ख़ून से सने पैरों के निशान भी थे."

क्योटो एनिमेशन स्टूडियो

क्योटो एनिमेशन को क्योएनी(KyoAni) नाम से जाना जाता है जो 1981 में बनी थी.

इसमें जापान की फेमस एनिमेशन सीरीज़ 'के-ऑन', द मेलांकॉली ऑफ हरूही सुजुमिया, अ साइलेंट वॉयस समेत (2016 में) कई बड़ी एनिमेशन फ़िल्मों और सीरीज़ का निर्माण इसी स्टूडियो के द्वारा किया गया है.

क्योएनी की एक वेब सीरिज़ एवार्गार्डन नेटफ्लिक्स पर भी दिखाई गई.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)