लाइव, शहबाज़ शरीफ़ ने स्विट्ज़रलैंड में हुई अमेरिका-ईरान वार्ता को बताया 'सफल'

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने कहा है कि स्विट्ज़रलैंड के बर्गेनस्टॉक में 'इस्लामाबाद मेमोरेंडम ऑफ़ अंडरस्टैंडिंग' के तहत पहली बार आयोजित वार्ता 'सफलतापूर्वक' ख़त्म हो गई है.

सारांश

छोड़कर वीडियो आगे बढ़ें
  • नीट (यूजी) 2026 की दोबारा परीक्षा हुई
  • पीएम मोदी ने कोलकाता में मनाया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
  • प्रदर्शनकारियों का जंतर-मंतर से हटने से इनकार
  • समंदर नीला क्यों दिखाई देता है
  • मैक्रों
  • जेडी वेंस
  • ट्रंप
  • भाई- बहन

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा, सुमंत सिंह, शिवांगी जायसवाल

  1. शहबाज़ शरीफ़ ने स्विट्ज़रलैंड में हुई अमेरिका-ईरान वार्ता को बताया 'सफल'

    जेडी वेंस और शहबाज़ शरीफ़

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, शहबाज़ शरीफ़ ने 'सार्थक संवाद की ओर प्रतिबद्धता' के लिए अमेरिका और ईरान के वार्ताकारों की तारीफ़ की

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने कहा है कि स्विट्ज़रलैंड के बर्गेनस्टॉक में 'इस्लामाबाद मेमोरेंडम ऑफ़ अंडरस्टैंडिंग' के तहत पहली बार आयोजित वार्ता 'सफलतापूर्वक' ख़त्म हो गई है.

    उन्होंने कहा कि इस बैठक के दौरान 'चर्चाएं सकारात्मक और सार्थक माहौल' में हुईं और इनमें 'उत्साहजनक प्रगति' हुई.

    पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने एक्स पर एक पोस्ट कर ये सब बातें कहीं.

    उन्होंने यह भी बताया कि इस बातचीत में '60 दिनों के भीतर अंतिम समझौते की दिशा में एक रोडमैप तैयार करने, राजनीतिक निगरानी के लिए एक उच्चस्तरीय कमेटी बनाने और आगे की तकनीकी वार्ताओं को शुरू करने पर सहमति' बनी.

    शहबाज़ शरीफ़ ने 'सार्थक संवाद की ओर प्रतिबद्धता' के लिए अमेरिका और ईरान के वार्ताकारों की तारीफ़ की.

    इसके अलावा उन्होंने मध्यस्थ देश क़तर और बैठक के मेजबान देश स्विट्ज़रलैंड का भी आभार जताया.

  2. ब्रेकिंग न्यूज़, लखनऊ में एक कोचिंग सेंटर में आग, डिप्टी सीएम ने क्या बताया

    लखनऊ के कोचिंग सेंटर में आग

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, पीटीआई के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना का संज्ञान लिया है

    उत्तर प्रदेश के लखनऊ में एक निजी कोचिंग सेंटर में आग लगने की घटना सामने आई है. यह घटना अलीगंज स्थित पुरनिया इलाके में हुई है.

    उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा है कि कोचिंग सेंटर के अंदर काफी धुआं भर जाने के कारण बचाव कार्य के लिए दीवार तोड़ी गई और सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है.

    उन्होंने अंदर फंसे लोगों की संख्या को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी है.

    ब्रजेश पाठक ने बताया, "अलीगंज की कोचिंग सेंटर में आग लगी है. सभी बच्चों को सुरक्षित बचाया जाए, यह प्राथमिकता है. ज़्यादातर बच्चों को निकाल लिया गया है. मात्र दो-तीन या तीन-चार बच्चे हैं. ऐसा बच्चों के साथियों का कहना है कि अंदर वॉशरूम में बंद कर लिए थे."

    एएनआई से बातचीत में एक प्रत्यक्षदर्शी युवक ने बताया कि उसने कुछ लोगों को आग से बचने के लिए इमारत से कूदते हुए देखा.

    डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि इमारत से कूदने की वजह से कुछ स्टूडेंट्स घायल हुए हैं और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है.

    पीटीआई के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना का संज्ञान लिया है और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं.

    हालांकि, आग लगने के कारणों को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. मौके पर दमकल विभाग की टीम तैनात है.

    लखनऊ के कोचिंग सेंटर में आग

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा है कि बिल्डिंग से कूदने से कुछ लोग घायल हुए हैं
  3. भारत भूषण तिवारी के एनकाउंटर केस में सुप्रीम कोर्ट ने तुरंत सुनवाई से किया इनकार

    भरत भूषण तिवारी

    इमेज स्रोत, Bharat Bhushan Tiwari/Facebook

    इमेज कैप्शन, भरत भूषण तिवारी की भोजपुर पुलिस के साथ एनकाउंटर में मौत हो गई थी.

    सुप्रीम कोर्ट ने बिहार के भारत भूषण तिवारी के पुलिस एनकाउंटर केस में तुरंत सुनवाई से इनकार कर दिया है.

    कानूनी मामलों की रिपोर्टिंग करने वाली समाचार वेबसाइट बार एंड बेंच के मुताबिक़, सर्वोच्च अदालत ने इस मामले में सीबीआई जांच की मांग वाली जनहित याचिका को तुरंत सुनवाई के लिए सूचीबद्ध करने से इनकार कर दिया है.

    जस्टिस नागरत्ना की अदालत ने सोमवार को वकील से कहा कि वे इस मामले को रजिस्ट्री के सामने रखें.

    इस जनहित याचिका में यह भी मांग की गई है कि जिन पुलिसकर्मियों पर भारत भूषण तिवारी की हत्या का आरोप है, उनके ख़िलाफ़ केस दर्ज किया जाए.

    साथ ही, इस मामले की स्वतंत्र जांच के लिए एक विशेषज्ञ समिति बनाई जाए, जिसकी अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश करें.

    दरअसल भोजपुर (आरा) पुलिस ने 17 जून को भरत भूषण तिवारी नाम के व्यक्ति का एनकाउंटर किया था, इससे एक दिन पहले पुलिस ने उन्हें 'मानसिक अस्वस्थ' बताया था.

    भोजपुर के एसपी की ओर से जारी प्रेस रिलीज़ के मुताबिक़, "पुलिस टीम द्वारा खुद और लोगों की सुरक्षा के लिए गोली चलाई गई थी जो भरत भूषण के पांव में लगी."

    हालांकि, गोली लगने से पहले भरत भूषण ने अपने फ़ेसबुक अकांउट से जो लाइव किया था, उसमें यह दिख रहा है कि उन्होंने अपनी पिस्टल पुलिस की तरफ फेंक दी थी.

    बीबीसी इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता.

  4. राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर बोले केजरीवाल- 'हर सनातनी दुखी, मैं दर्शन के लिए जाऊंगा'

    अरविंद केजरीवाल

    इमेज स्रोत, Sonu Mehta/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि वो शुक्रवार को दर्शन के लिए राम मंदिर जाएंगे (फ़ाइल फ़ोटो)

    अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी का मामला सामने आने के बाद दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि वो वहां दर्शन करने जाएंगे.

    आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "अयोध्या श्री राम मंदिर में चढ़ावा चोरी से हर सनातनी बेहद दुखी है. शुक्रवार को मैं दर्शन के लिए श्री राम मंदिर जाऊंगा."

    इससे पहले रविवार को केजरीवाल ने आरोप लगाया था कि 'राम मंदिर से करोड़ों रुपये के चंदे की चोरी हो गई', लेकिन इस पर अब तक कोई एफ़आईआर नहीं हुई है.

    अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में कहा था, "अयोध्या के राम मंदिर से करोड़ों रुपए के चंदे की चोरी हो गई. बताया जा रहा है कि लगभग 200 करोड़ रुपए का तो कैश ही चोरी हो गया और कई हीरे-जवाहरात के बक्से चोरी हो गए और एक भी एफ़आईआर नहीं हुई है.''

    उन्होंने कहा, "यूपी पुलिस, ईडी और सीबीआई ने कोई एफ़आईआर नहीं की. केंद्र में और यूपी में, दोनों जगह इनकी (बीजेपी) सरकारें हैं. कोई रेड नहीं, कोई गिरफ़्तारी नहीं."

    इस मामले पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि एसआईटी गठित हो गई है और 15 दिन में 'दूध का दूध और पानी का पानी' हो जाएगा.

  5. नमस्कार!

    अब तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह और बीबीसी संवाददाता शिवांगी जायसवाल आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  6. ईरानी सांसद बोले- होर्मुज़ स्ट्रेट अमेरिका का कैसीनो नहीं, इस पर अंतिम फ़ैसला हम करेंगे

    इब्राहिम अज़ीज़ी
    इमेज कैप्शन, ईरानी संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति समिति के प्रमुख इब्राहिम अज़ीज़ी

    अमेरिका से चल रही बातचीत के दौरान एक ईरानी सांसद ने कहा है कि होर्मुज़ स्ट्रेट पर अंतिम फ़ैसला ईरान करेगा.

    संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति समिति के प्रमुख इब्राहिम अज़ीज़ी ने कहा है कि होर्मुज़ स्ट्रेट ईरानी संप्रभुता का प्रतीक है.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "तुम (अमेरिका) धमकी दो, हम कार्रवाई करेंगे. होर्मुज़ स्ट्रेट न तो तुम्हारा पर्सनल कैसीनो है और न ही आधुनिक समुद्री डाकुओं का अड्डा."

    उन्होंने कहा, "यह ईरानी संप्रभुता का प्रतीक है और इस बारे में अंतिम फ़ैसला ईरान की जनता और उसकी बहादुर सेना के हाथ में है."

    गौरतलब है कि इससे पहले ईरान ने लेबनान में चल रही झड़पों के बाद शनिवार को होर्मुज़ स्ट्रेट बंद करने का दावा किया. हालांकि, अमेरिका ने इस दावे को ख़ारिज किया था.

  7. फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप 2026: बेल्जियम और ईरान के बीच ड्रॉ हुआ मुक़ाबला

    ईरान के फैंस

    इमेज स्रोत, ATTA KENARE / AFP via Getty Images

    फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप 2026 में बेल्जियम और ईरान के बीच खेला गया ग्रुप-जी का मुक़ाबला ड्रॉ पर ख़त्म हुआ.

    लॉस एंजेलिस स्टेडियम में दोनों टीमों ने जीत के लिए पूरी कोशिश की, लेकिन शानदार मज़बूत गोलकीपिंग और डिफ़ेंस के कारण दोनों ही टीमें गोल नहीं कर सकीं.

    इस ड्रॉ के साथ ही बेल्जियम और ईरान को अभी भी इस विश्व कप में अपनी पहली जीत का इंतज़ार है. दोनों ही टीमें अभी तक कोई मैच नहीं जीत पाई हैं.

    ईरान के गोलकीपर अलीरज़ा बेइरनवैंड ने शानदार प्रदर्शन किया और एक भी गोल नहीं होने दिया.

    दूसरी ओर, बेल्जियम के थिबाउट कोर्टोइस का भी बेहतरीन प्रदर्शन रहा, उन्होंने भी अपनी टीम के ख़िलाफ़ एक भी गोल नहीं होने दिया.

    मैच के दौरान ईरान के फैंस काफ़ी उत्साहित नज़र आए, उनकी कुछ तस्वीरें भी सामने आई हैं.

    ईरान के फैंस

    इमेज स्रोत, ATTA KENARE / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, लॉस एंजेलिस स्टेडियम में मौजूद ईरानी फैंस
    ईरान के फैंस

    इमेज स्रोत, ATTA KENARE / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, बेल्जियम और ईरान की टीमें इस विश्व कप में अभी तक कोई मैच नहीं जीत पाई हैं
    ईरान के फैंस

    इमेज स्रोत, ATTA KENARE / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरान के गोलकीपर अलीरज़ा बेइरनवैंड ने शानदार प्रदर्शन किया
  8. एनटीए ने नीट री-एग़्ज़ाम के पेपर लीक का दावा करने वाले वीडियो पर ये कहा

    अभ्यर्थी

    इमेज स्रोत, Ritesh Shukla/Getty Images

    इमेज कैप्शन, नीट री-एग़्ज़ाम 21 जून 2026 को आयोजित की गया (फ़ाइल फ़ोटो)

    नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने सोशल मीडिया पर चल रहे उस वीडियो को फ़र्ज़ी बताया है, जिसमें दावा किया गया था कि नीट री-एग़्ज़ाम का पेपर लीक हुआ है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, एक बयान में एजेंसी ने कहा कि परीक्षा पूरी सुरक्षा और निगरानी के बीच सफलतापूर्वक कराई गई.

    पीआईबी फ़ैक्ट चेक ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "सोशल मीडिया पर एक वीडियो सर्कुलेट हो रहा है, जिसमें दावा किया गया है कि नीट री-एग़्ज़ाम का पेपर परीक्षा से पहले टेलीग्राम पर लीक हुआ था. यह दावा फ़र्ज़ी है."

    उल्लेखनीय है कि नीट की परीक्षा पहले 3 मई 2026 को आयोजित की गई थी लेकिन पेपर लीक के आरोपों के बाद एनटीए ने इसे 12 मई 2026 को रद्द कर दिया था.

    इसके बाद री-एग़्ज़ाम 21 जून 2026 को आयोजित की गया.

  9. तमिलनाडु: अमोनिया गैस रिसाव से मरने वालों की संख्या बढ़कर पांच हुई

    एंबुलेंस

    इमेज स्रोत, Handout

    इमेज कैप्शन, पुलिस इस हादसे की जांच कर रही है

    तमिलनाडु में तिरुवल्लूर के पास एक निजी कंपनी में अमोनिया गैस रिसाव से मरने वालों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है.

    तमिलनाडु विधानसभा में यह जानकारी देते हुए श्रम मंत्री परवेज़ ने कहा कि सभी मृतक महिला कर्मचारी थीं.

    मंत्री ने बताया कि अमोनिया गैस रिसाव से 74 लोग प्रभावित हुए और इनमें से 42 को सरकारी और निजी अस्पतालों के आईसीयू में भर्ती किया गया है.

    मंत्री के भाषण से पहले डीएमके और एआईएडीएमके समेत कई दलों ने अमोनिया गैस रिसाव हादसे पर विधानसभा में चर्चा की मांग की.

    स्पीकर जेसीटी प्रभाकर ने इसे स्वीकार नहीं किया और कहा कि सदस्य इस पर तब बोल सकते हैं जब उन्हें मौक़ा दिया जाएगा.

    पुलिस इस हादसे की जांच कर रही है.

    इस बीच, ज़िला प्रशासन ने अमोनिया गैस रिसाव से प्रभावित निजी कंपनी कर्मचारियों के लिए एक विशेष मेडिकल कैंप का आयोजन किया है.

  10. बॉलीवुड अभिनेता पंकज त्रिपाठी के भाई पर हमला, पटना एम्स में भर्ती, सीटू तिवारी, बीबीसी संवाददाता

    एंबुलेंस

    इमेज स्रोत, Santosh Kumar/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, पुलिस ने बताया कि अभिनेता पंकज त्रिपाठी के भाई पर ज़मीन विवाद के कारण हमला हुआ (प्रतीकात्मक तस्वीर)

    बॉलीवुड अभिनेता पंकज त्रिपाठी के भाई विजेंद्र नाथ तिवारी पर रविवार शाम उनके घर के बाहर धारदार हथियार से हमला हुआ. पुलिस के मुताबिक़ यह हमला ज़मीन विवाद के कारण हुआ.

    हमले में घायल विजेंद्र नाथ तिवारी को पहले गोपालगंज सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें पटना एम्स रेफ़र कर दिया. फ़िलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है.

    गोपालगंज के एसडीपीओ सदर-2 राजेश कुमार ने बीबीसी को बताया, “हमले में एक व्यक्ति शामिल था जिसकी गिरफ़्तारी हो चुकी है. यह विवाद ज़मीन को लेकर हुआ था.”

    पंकज त्रिपाठी मूल रूप से गोपालगंज के रहने वाले हैं. हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विजेंद्र नाथ तिवारी उनके सगे भाई हैं या रिश्तेदारी में आते हैं.

  11. डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर जॉर्जिया मेलोनी पर निशाना साधा

    डोनाल्ड ट्रंप और जॉर्जिया मेलोनी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के बीच हाल ही में विवाद सामने आया था. इसके बाद डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर मेलोनी की आलोचना की है.

    ट्रंप ने कहा कि हम इटली की दशकों से रक्षा करते आए हैं, लेकिन जब परीक्षा की घड़ी आती है तो वह हमारे साथ नहीं होता.

    डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर सोमवार को लिखा, "नेटो पर खरबों डॉलर खर्च करने के बाद भी इटली और उसकी प्रधानमंत्री ईरान के परमाणु ख़तरे को लेकर हमारे साथ खड़े होने की सोच भी नहीं रखते."

    उन्होंने लिखा, "दशकों से हम उनकी रक्षा करते हैं, लेकिन जब परीक्षा का वक़्त आता तो वे हमारी और दुनिया की रक्षा के लिए मौजूद नहीं होते. यह अच्छा नहीं है."

    दरअसल, यह विवाद तब शुरू हुआ जब ट्रंप ने एक इतालवी टीवी चैनल से कहा कि जी-7 शिखर सम्मेलन में मेलोनी ने उनके साथ तस्वीर खिंचवाने के लिए 'मिन्नत' की थी.

    उनके इस बयान पर विवाद इतना बढ़ गया कि इटली के विदेश मंत्री एंटोनियो तायानी ने इस सप्ताहांत अपनी अमेरिका की यात्रा रद्द कर दी.

    मेलोनी ने बीते शुक्रवार एक वीडियो जारी कर कहा कि उन्हें ट्रंप के बयान से 'हैरानी' हुई और ये टिप्पणियां 'पूरी तरह मनगढ़ंत' हैं.

  12. क़तर के गैस प्लांट में बड़ा धमाका, 54 घायल हुए और 18 लोग लापता

    रास लाफ़ान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, क़तर की रास लाफ़ान इंडस्ट्रियल सिटी (फ़ाइल फ़ोटो)

    क़तर के रास लाफ़ान इंडस्ट्रियल सिटी में स्थित एक गैस प्लांट में बड़ा धमाका हो गया. इस हादसे में 54 लोग घायल हुए और 18 लोग लापता हैं.

    क़तर प्रशासन के अनुसार रास लाफ़ान इंडस्ट्रियल सिटी में एक धमाका हुआ और फिर बड़े पैमाने पर आग लग गई. कंपनी ने कहा कि इमरजेंसी टीमें तुरंत मौके पर भेजी गईं और थोड़े समय बाद आग पर क़ाबू पा लिया गया.

    क़तर के गृह मंत्रालय ने बयान में कहा कि धमाके में 54 लोग घायल हुए हैं, जबकि 18 लोग लापता हैं और उनकी तलाश की जा रही है.

    मंत्रालय के अनुसार, धमाका एक 'तकनीकी हादसे' की वजह से हुआ. इससे गैस का कोई ऐसा रिसाव नहीं हुआ, जो आम लोगों की सुरक्षा के लिए ख़तरा बने.

    गृह मंत्रालय ने कहा, "क़तर इंटरनेशनल सर्च एंड रेस्क्यू ग्रुप, सिविल डिफ़ेंस टीमों के साथ मिलकर लापता लोगों की तलाश कर रहा है."

    यह नहीं बताया गया कि धमाके से उस प्लांट को कोई नुकसान हुआ या नहीं, जो क़तर के घरेलू बाज़ार में गैस सप्लाई करता है.

    इस बीच एक चश्मदीद ने रॉयटर्स को बताया कि धमाके की तेज़ आवाज़ राजधानी दोहा में भी सुनी गई.

  13. मध्य पूर्व के देशों की यात्रा पर जाएंगे अमेरिकी विदेश मंत्री, इन मुद्दों पर होगी चर्चा

    मार्को रुबियो

    इमेज स्रोत, Chip Somodevilla/Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने बताया है कि विदेश मंत्री मार्को रुबियो दो दिन की मध्य पूर्व यात्रा पर जाने वाले हैं.

    मंत्रालय के मुताबिक़, 23 जून से शुरू होने वाली इस यात्रा के दौरान रुबियो संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), कुवैत और बहरीन जाएंगे.

    इस यात्रा के दौरान रुबियो कई क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे, जिनमें अमेरिका और ईरान का समझौता भी शामिल है.

    इसके अलावा, होर्मुज़ स्ट्रेट से जहाज़ों की सुरक्षित आवाजाही को लेकर भी बातचीत करेंगे.

    अमेरिकी विदेश मंत्री बहरीन में खाड़ी सहयोग परिषद के सदस्यों से भी मिलेंगे और वहां मौजूद देशों के साथ मिलकर ज़रूरी मुद्दों पर बात करेंगे.

    दूसरी ओर, स्विट्ज़रलैंड में ईरान और अमेरिका की बातचीत का पहला सत्र खत्म हो गया है. इसके बारे में पाकिस्तान और क़तर ने जानकारी साझा की है.

  14. अमेरिका से बातचीत के बीच ईरानी विदेश मंत्री ने पाकिस्तान की तारीफ़ में क्या कहा

    अब्बास अराग़ची

    इमेज स्रोत, Fabrice Coffrini / POOL / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिका और ईरान की बातचीत में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ बतौर मध्यस्थ शामिल हुए हैं

    ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने कहा है कि पाकिस्तान और क़तर की लगातार कोशिशों से लेबनान में लड़ाई खत्म करने में बड़ी प्रगति हुई है.

    यह बयान ऐसे समय में आया है जब पाकिस्तान ने बताया है कि स्विट्ज़रलैंड में अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत का पहला राउंड ख़त्म हो गया है.

    पाकिस्तान और क़तर ने बतौर मध्यस्थ एक साझा बयान जारी किया है, जिसमें कहा गया है एक हाई लेवल कमेटी बनाई जाएगी, जो पूरी बातचीत पर नज़र बनाए रखेगी.

    बयान में बताया गया, "वार्ताकार इस कमेटी को लगातार रिपोर्ट देंगे. साथ ही, अलग-अलग टीमें बनाई जाएंगी, जो ख़ास मुद्दों पर काम करेंगी- जैसे परमाणु कार्यक्रम, ईरान पर लगे प्रतिबंध, निगरानी और विवाद सुलझाने के तरीक़े."

    दोनों देशों ने अपने साझा बयान में जानकारी दी कि सब देशों ने मिलकर तय किया कि एक 'डी-कॉन्फ्लिक्शन' सेल बनाई जाएगी. इसमें लेबनान भी शामिल होगा, इसे क़तर और पाकिस्तान जैसे मध्यस्थ देश चलाएंगे.

    अब्बास अराग़ची ने इस बयान को सोशल मीडिया पर रिपोस्ट करते हुए लिखा, "पाकिस्तान और क़तर की लगातार कोशिशों से लेबनान युद्ध ख़त्म करने में बड़ी प्रगति हुई है. तेल और पेट्रोकेमिकल बेचने पर लगी रोक हटा दी गई है, नाकेबंदी ख़त्म कर दी गई है, कुछ फ़्रीज़ हुई संपत्ति वापस कर दी गई है और ईरान के लिए बड़े पुनर्निर्माण और डेवलपमेंट प्लान कर दिए गए हैं."

    उन्होंने आगे लिखा, "लेकिन पहला और असली इम्तिहान है लेबनान डी-कॉन्फ्लिक्शन सेल."

    उल्लेखनीय है कि डी-कॉन्फ्लिक्शन सेल का काम यह देखना होगा कि लेबनान में लड़ाई बंद करने का जो समझौता हुआ है, उसका सही पालन हो.

  15. विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप 2026: साउथ अफ़्रीका ने भारत को हराया, प्वाइंट्स टेबल में इस स्थान पर पहुंची टीम

    हरमनप्रीत कौर

    इमेज स्रोत, George Wood/Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारत ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट गंवाकर 158 रन बनाए (फ़ोटो: हरमनप्रीत कौर)

    भारत को विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में पहली दफ़ा हार का सामना करना पड़ा है.

    इंग्लैंड के मैनचेस्टर में रविवार को हुए मुक़ाबले में साउथ अफ़्रीका ने भारतीय टीम के ख़िलाफ़ 6 विकेट से जीत दर्ज की.

    भारत ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट गंवाकर 158 रन बनाए.

    शेफ़ाली वर्मा ने सिर्फ़ 15 गेंदों में 31 रन बनाए. स्मृति मंधाना ने 12 गेंदों में 17 रन बनाए. भारत ने पावरप्ले के दौरान 59 रन बनाए.

    जवाबी पारी में साउथ अफ़्रीका ने 19.1 ओवर में 4 विकेट खोकर स्कोर चेज़ कर लिया.

    साउथ अफ़्रीका के लिए मारिजान कैप ने 45 गेंदों में नाबाद 81 रन की पारी खेली. कैप ने गेंदबाज़ी करते हुए भी दो विकेट लिए थे. उन्हें प्लेयर ऑफ़ द मैच चुना गया.

    भारत प्वाइंट्स टेबल में दो जीत के साथ चार अंक लेकर दूसरे स्थान पर है.

  16. पाकिस्तान ने बताया स्विट्ज़रलैंड में ईरान-अमेरिका की बातचीत में क्या तय हुआ

    शहबाज़ शरीफ़

    इमेज स्रोत, Nathan Howard / POOL / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, क़तर और पाकिस्तान ने साझा बयान जारी किया है (फ़ोटो: शहबाज़ शरीफ़)

    स्विट्ज़रलैंड के बर्गेनस्टॉक रिसॉर्ट में अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता चल रही है. क़तर और पाकिस्तान मध्यस्थ की भूमिका निभा रहे हैं. इस बैठक को 'लेक ल्यूसर्न समिट' कहा जा रहा. अब इसको लेकर क़तर और पाकिस्तान ने एक साझा बयान जारी किया.

    पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय की ओर से जारी किए गए इस बयान में कहा गया है कि उच्च स्तरीय वार्ता का पहला सत्र खत्म हो गया है.

    साझा बयान में बताया गया है, "समझौते के आधार पर सबने मिलकर तय किया कि एक हाई लेवल कमेटी बनाई जाएगी. यह कमेटी पूरी बातचीत पर नज़र रखेगी और देखेगी कि सब सही दिशा में चल रहा है. वार्ताकार इस कमेटी को लगातार रिपोर्ट देंगे. साथ ही, अलग-अलग टीमें बनाई जाएंगी, जो ख़ास मुद्दों पर काम करेंगी- जैसे परमाणु कार्यक्रम, ईरान पर लगे प्रतिबंध, निगरानी और विवाद सुलझाने के तरीक़े."

    साझा बयान

    इमेज स्रोत, X/foreignofficepk

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय की ओर से जारी किया गया बयान

    बयान में आगे कहा गया है, "यह तय किया गया है कि अगले 60 दिनों में अंतिम समझौते तक पहुंचने के लिए एक योजना (रोडमैप) बनाई जाएगी. इस रोडमैप के आधार पर तुरंत तकनीकी बातचीत शुरू होगी. सभी पक्षों के बीच एक सीधी बातचीत की लाइन (कम्युनिकेशन लाइन) बनाई गई है. इसका मक़सद है कि कोई ग़लतफ़हमी या टकराव न हो और जहाज़ों को होर्मुज़ स्ट्रेट से सुरक्षित तरीक़े से गुज़रने दिया जा सके."

    दोनों देशों ने अपने साझा बयान में जानकारी दी कि सब देशों ने मिलकर तय किया कि एक 'डी-कॉन्फ्लिक्शन' सेल बनाई जाएगी.

    इसमें लेबनान भी शामिल होगा, इसे क़तर और पाकिस्तान जैसे मध्यस्थ देश चलाएंगे. इसका काम यह देखना होगा कि लेबनान में लड़ाई बंद करने का जो समझौता हुआ है, उसका सही पालन हो.

  17. डोनाल्ड ट्रंप की धमकी पर ईरानी संसद के स्पीकर ग़ालिबाफ़ ने दी कड़ी प्रतिक्रिया, माया डेविस, मैलोरी मोएंच और बीबीसी वेरिफ़ाई

    मोहम्मद बग़र ग़ालिबाफ़

    इमेज स्रोत, URS FLUEELER / POOL / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरान के मुख्य वार्ताकार और संसद के स्पीकर मोहम्मद बग़र ग़ालिबाफ़

    अमेरिका और ईरान के बीच जंग खत्म करने के लिए स्विट्ज़रलैंड में बातचीत चल रही है. इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को धमकी दी, जिस पर ईरान के मुख्य वार्ताकार और संसद के स्पीकर मोहम्मद बग़र ग़ालिबाफ़ की प्रतिक्रिया भी आई है.

    दरअसल, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को ट्रुथ सोशल पर लिखा, "अगर ईरान ने लेबनान में इसराइल से लड़ रहे हिज़्बुल्लाह को नहीं रोका तो अमेरिका हमला करेगा."

    ईरान ने इस चेतावनी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह लड़ने के लिए तैयार है.

    ईरान के मुख्य वार्ताकार और संसद के स्पीकर मोहम्मद बग़र ग़ालिबाफ़ ने ट्रंप का जवाब देते हुए कहा, "क्या उन्हें लगता है कि अगर उनकी धमकियों का कोई असर होता, तो वो आज इस हालत में होते? चाहे वो जितनी बातें करें, असली कार्रवाई हम ही करते हैं."

    दरअसल, अमेरिका और ईरान के बीच बीते हफ़्ते साइन हुई डील में यह शर्त थी कि लेबनान समेत हर मोर्चे पर युद्ध रोकना होगा. हालांकि, इसके बावजूद दक्षिणी लेबनान में हिज़्बुल्लाह और इसराइली सेना के बीच लड़ाई तेज़ हो गई है.

    लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक़, इसराइल के हवाई हमलों में दर्जनों लेबनानी नागरिक मारे गए, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं.

    इस बढ़ते तनाव के चलते अमेरिका ने शुक्रवार को इसराइल और हिज़्बुल्लाह के बीच नया युद्धविराम घोषित किया. लेकिन झड़पें और हवाई हमले जारी रहने पर ईरान ने शनिवार को कहा कि उसने होर्मुज़ स्ट्रेट बंद कर दिया है. हालांकि, जहाज़ों की आवाजाही के आंकड़े बताते हैं कि वहां से जहाज़ गुजर रहे हैं.

    दूसरी ओर, रविवार रात अमेरिकी राजनयिक ने बताया कि स्विट्ज़रलैंड में दोनों पक्षों की चर्चा का मक़सद ईरान की उलझन भरी बातों को साफ़ करना है. इसमें होर्मुज़ स्ट्रेट खोलना, लेबनान में लड़ाई रोकना और परमाणु समझौते के कुछ हिस्से शामिल हैं.

  18. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.