You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
क्रिकेट विश्व कप 2019: श्रीलंका ने वेस्ट इंडीज को 23 रनों से हराया
क्रिकेट विश्वकप में सोमवार को चेस्टर ली स्ट्रीट के रिवरसाइड ग्राउंड पर खेले गए मैच में श्रीलंका ने वेस्ट इंडीज़ को 23 रनों से हरा दिया.
श्रीलंका ने अविष्का फर्नांडो की शतकीय पारी की मदद से 339 रनों का लक्ष्य दिया था मगर वेस्ट इंडीज़ की टीम निर्धारित 50 ओवरों में 315 रन ही बना पाई.
वेस्ट इंडीज़ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला किया था. अब तक खेले गए मैचों में श्रीलंका को उसके बल्लेबाज़ों ने थोड़ा निराश किया था मगर इस मैच में वे लय में आते नज़र आए.
अविष्का फर्नांडो की 103 गेंदों पर 104 रनों की शतकीय पारी की मदद से श्रीलंका ने 50 ओवरों में छह विकेट खोकर 338 रन बनाए जो टूर्नामेंट में उसका उच्चतम स्कोर है.
वेस्ट इंडीज़ की ओर से जेसन होल्डर ने सबसे ज़्यादा दो विकटें लीं.
रोमांच के पल
लक्ष्य बड़ा था मगर वेस्ट इंडीज़ के बल्लेबाज़ों ने आख़िरी ओवरों तक टीम को मैच में बनाए रखा. भले ही टीम का टॉप ऑर्डर कुछ ख़ास नहीं कर पाया मगर निकोलस पूरन और फैबिनयन एलन ने टीम को संभाला.
लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्ट इंडीज की टीम की उम्मीदें आखिर तक बनी रहीं लेकिन 44वें ओवर में एलन के रन आउट होते ही बाज़ी फिर पलट गई.
इसके बाद 47वें ओवर में एंजेलो मैथ्यूज ने निकोलस पूरन का विकेट लेकर श्रीलंका की जीत पक्की कर ली.
50 ओवरों में वेस्ट इंडीज़ की टीम 9 विकेट खोकर 315 रन ही बना पाई. श्रीलंका के लिए मलिंगा ने सबसे ज़्यादा तीन विकेट लिए.
टूर्नामेंट में श्रीलंका की यह तीसरी जीत है मगर इसका उसे कोई फ़ायदा नहीं हुआ क्योंकि वह और वेस्ट इंडीज़ दोनों पहले ही सेमीफ़ाइनल की रेस से बाहर हो चुके थे.
अपने नौवें वनडे मैच में 11 चौकों और 4 छक्कों की मदद से शतक लगाने वाले अविष्का फर्नांडो प्लेयर ऑफ़ द मैच चुने गए.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)